31 जनवरी : नवादा की मुख्य खबरें

0

दीवार काटकर डीजे दुकान से लाखों की चोरी

– विरोध में चार घण्टे तक फुलडीह मोड़ पर रहा कौआकोल-रोह मुख्य पथ जाम

नवादा : भीषण ठंड में जहां एक ओर पुलिस पूरी तरह सख्ती बरतने का दावा कर रही है,वहीं दूसरी ओर सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताते हुए व प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए अज्ञात चोरों ने शुक्रवार की रात्रि एक टेंट व डीजे की दुकान का दीवार काटकर लाखों की संपत्ति लूटकर आराम से चलते बने। घटना के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पुलिसिया व्यवस्था के प्रति नाराजगी जताते हुए कौआकोल-रोह मुख्य पथ पर फुलडीह मोड़ के पास चार घण्टे से भी अधिक समय तक जाम कर यातायात सेवा बाधित कर दी।

swatva

प्राप्त जानकारी के अनुसार कौआकोल प्रखंड क्षेत्र के फुलडीह मोड़ पर अवस्थित संजीव कुमार एवं शैलेश कुमार की संयुक्त एसके डीजे साउंड की दुकान का दीवार काटकर चोरों ने लाखों रुपये की सामाग्री की चोरी कर आराम से चलते बने। बता दें पूर्व में भी लगभग एक वर्ष पहले इसी दुकान में चोरों द्वारा चोरी करने का प्रयास किया गया था। घटना के बाद दुकानदारों में काफी नाराजगी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच आरंभ की है ।

15 लीटर महुआ शराब के साथ साइकिल सवार गिरफ्तार

नवादा : जिले के कौआकोल पुलिस ने गुप्त सूचना पर रानी बाजार गांव से एक साइकिल पर लगभग 15 लीटर महुआ शराब बिक्री करने के उद्देश्य लेकर जा रहे धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि जोगाचक गांव निवासी मुकेश राऊत साइकिल पर एक बोरा में प्लास्टिक के अलग अलग थैली में लगभग 15 लीटर महुआ शराब रखकर ले जा रहा था। गुप्त सूचना पर उसे रानी बाजार में गिरफ्तार किया गया। जिसके बाद उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

केंचुआ खाद उत्पादन का दिया गया प्रशिक्षण

नवादा : कृषि विज्ञान केंद्र,ग्राम निर्माण मंडल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा के सौजन्य से शनिवार को वन विभाग के कर्मियों एवं वन नर्सरी श्रमिकों को केंचुआ खाद उत्पादन को ले एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उदघाटन ग्रामीण निर्माण मंडल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा के प्रधान मंत्री अरविंद कुमार एवं नवादा डीएफओ अवधेश कुमार ओझा ने संयुक्त रूप से किया।

प्रशिक्षण में शामिल लोगों को सम्बोधित करते हुए केवीके के वैज्ञानिक कल्पना सिन्हा ने कहा कि केंचुआ खाद के प्रयोग से मिट्टी की संरचना और बनावट में सुधार आता है। यह मिट्टी की जल धारण करने की क्षमता बढ़ाता है। इसमें सिंचाई का पानी कम लगता है तथा मिट्टी को हल्का करता है एवं पौधों का संतुलित विकास करता है। इसमें उपलब्ध पोषक तत्व पौधों के रोगों से लड़ने की क्षमता को बढ़ाता है। इसी कारण पौधों में रोग कम लगता है और कीटनाशक के प्रयोग की जरूरत नहीं होती है।

इसके प्रयोग से सब्जियों फलों एवं अनाज की गुणवता में वृद्धि होती है। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने लोगों को केंचुआ खाद बनाने की विधि बताई। मौके पर कौआकोल रेंजर मानवेंद्र नाथ चौधरी,कृषि वैज्ञानिक डॉ० जयवंत कुमार सिंह,डॉ० धनंजय कुमार,विकास कुमार,रौशन कुमार,पिंटू पासवान,श्रवण रविदास आदि मौजूद थे।

शिक्षिका को दी गयी विदाई

नवादा : जिले के हिसुआ नगर पंचायत क्षेत्र के राजकीय बुनियादी विद्यालय बगोदर की वरीय शिक्षिका श्रीमती उषा कुमारी को 60 वर्ष पूरा हो जाने के कारण विदाई समारोह आयोजित कर शिक्षकों और छात्रों द्वारा विदाई दी गई। उन्हें अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वे 31 जनवरी रविवार को अवकाश ग्रहण कर रहीं हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के सहायक शिक्षक उपेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि हिसुआ के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कुमोद नारायण , संजय कुमार, बीरेंद्र कुमार, अरबिंद कुमार, पूर्व के संजय कुमार, तुलसी चौधरी, रामानंद प्रसाद, के अलावा इस विद्यालय के शिक्षक प्रभाकर, कुमारी कल्पना, अभय कुमार, राकेश कुमार, कुणाल ज्ञानेन्दू, समेत आसपास के बहुतेरे शिक्षक शामिल रहे। समारोह में प्रखंड प्रमुख ललिता देवी, मुखिया कार्यानंद राम, विद्यालय सचिव व अध्यक्ष शामिल रहे। सबों ने उनके कार्यकलापों की भूरी- भूरी प्रशंसा करते हुए उनके दीर्घायु की कामना की।

ग्रास रूट के कार्यकर्ताओं को पार्टी के सिद्धांत की जानकारी होनी जरूरी:- डा जायसवाल

नवादा : भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा है कि ग्रास रूट यानि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीति व सिद्धांत की जानकारी होनी जरूरी है। वे 30 जनवरी शनिवार को नवादा में पार्टी कार्यालय सभागार में नवादा, नालंदा व शेखपुरा जिला के प्रमुख कार्यकर्ताओं क्षेत्रीय प्रशिक्षक प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर रहे थे। डॉ. जायसवाल ने 2014 के बाद भारत की राजनीति में बदलाव-भाजपा और हमारा दायित्व, व्यक्तित्व विकास और सोशल मीडिया के उपयोग विषय पर कार्यकर्ताओं को पाठ पढ़ाया।

कहा कि भाजपा काफी मजबूत संगठन की पार्टी है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ता हैं। सभी को पार्टी के सिद्धांत और विचार की जानकारी होना जरुरी है। इसलिए 4 से 14 फरवरी तक प्रखंड-मंडल स्तर पर आयोजित होने वाले शिविर में इसकी जानकारी कार्यकर्ताओं को देंगे। कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में विश्व में भारत का डंका बज रहा है। हर क्षेत्र में विकास हुए हैं। जिसे जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। विकास को आम जनों तक पहुंचाने में सोशल मीडिया की भूमिका अहम है। कहा कि पंचायत चुनाव में पार्टी सीधे चुनाव नहीं लड़ रही है। फिर भी चुनाव लड़ने वाले अपने समर्पित कार्यकर्ताओं को पार्टी सहयोग करेगी। विपक्ष के मानव शृंखला पर तंज कसते हुए कहा कि पटना से नवादा आने के क्रम में 150-200 लोग खड़े मिले।

प्रदेश अध्यक्ष के पूर्व प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने किया था। प्रथम सत्र को उन्होंने संबोधित किया। भाजपा की कार्यपद्धति और संगठन संरचना में कार्यकर्ताओं की भूमिका विषय पर उन्होंने चर्चा की। प्रशिक्षण को पूर्व मंत्री डॉ. प्रेम कुमार,क्षेत्रीय प्रभारी सुशील कुमार चौधरी, जिला प्रभारी अनिल स्वामी, वारिसलीगंज विधायक अरुणा देवी, पूर्व विधायक अनिल सिंह, पूर्व विधायक कन्हैया कुमार, प्रदेश मंत्री अजय यादव, प्रदेश मंत्री डॉ. पूनम शर्मा समेत पार्टी के कई नेताओं ने संबोधित किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना ने आगत अतिथियों का स्वागत किया। मौके पर नालंदा जिलाध्यक्ष रामसागर सिंह, शेखपुरा जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार, नवादा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, प्रो. विजय कुमार सिन्हा, विनय कुमार, वीरेंद्र सिंह, नालंदा प्रभारी नवीन केसरी, रामानुज कुमार, अरविंद कुमार गुप्ता, जितेंद्र पासवान, प्रताप रंजन, गौरी रानी, विजय पांडेय, नरेश वर्मा आदि मौजूद थे ।

अग्निकांड की घटना में सामान जलकर खाक

नवादा : जिले के गोविन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के भवनपुर पंचायत की कोरिऔना में होटल में हुई अग्नि कांड की घटना में हजारों रूपये मूल्य से अधिक का सामान जलकर खाक हो गया। रात होने के कारण स्थानीय लोगों का सहयोग नहीं मिलने से सामान को बचाया नहीं जा सका। सूचना सीओ व थानाध्यक्ष को दी गयी है।

बताया जाता है कि पीपरा गांव के नरेश यादव ने कोरिऔना में स्व उदय गोस्वामी के मकान में किराए पर होटल खोल अपने परिवार का भरण पोषण किया करता है। रात में होटल बंद कर सो गया। इस क्रम में अचानक आग लगने के बाद जबतक वह जग पाता आग की तेज लपटें में सबकुछ जलकर खाक हो गया। अग्निकांड के कारणों का पता नहीं चल सका है। सूचना सीओ व थानाध्यक्ष को दी गयी है।

बालू लदे ट्रक की चपेट में आई महिला की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

नवादा : जिले के रोह में सड़क दुर्घटना में महिला की दर्दनाक मौत हो गयी। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। मिली जानकारी के अनुसार हाई स्कूल के निकट महारावां गांव निवासी बृजनंदन प्रसाद की पत्नी कहीं जा रही थी।

उसी दौरान तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने महिला को कुचल दिया जिससे घटनास्थल पर महिला की मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया और सड़क को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने बताया कि तेज रफ्तार में यहाँ प्रतिदिन गाड़ियों का आवागमन रहता है जिसके कारण कोई ना कोई दुर्घटना होती रहती है। बावजूद प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रही है।

उन्होंने कहा की तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले पर अगर प्रशासन पूरी कार्रवाई करें तो दुर्घटना कम हो सकती है। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा है।

नवादा में शिखंडी का हुआ सफल नाट्य मंचन

नवादा : 30 जनवरी को महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर नगर के गांधी इंटर विद्यालय के मुक्ताकाशीय मंच पर रंग संस्था नट्वांगम ने अपने बहुप्रतीक्षित नाटक शिखंडी का सफल मंचन किया। निर्देशक नवादा निवासी राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय नई दिल्ली के रजनीश कुमार तथा प्रकाश परिकल्पना की थी दिल्ली से आये दिव्यांग श्रीवास्तव ने। नवादा की भूमि को रंगमंचीय दृष्टि से सुदृढ़ करने तथा युवाओं में कला एवं संस्कृति का बीजारोपण करने के उद्देश्य से इस नाटक की भव्य प्रस्तुति की गई। नाटक से जुड़े सभी अभिनेता नवादा के मूल निवासी हैं तथा एक अभिनेता के तौर पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक विशेष पहचान रखते हैं।

नाटक शिखंडी का कथासार :-

नाटक का नाम शिखंडी जिसे महाभारत के शिखंडी के चरित्र को केंद्र में रख कर लिखा गया है। इसमें शिखंडी श्री कृष्ण की राजनीति और कूटनीति पर प्रश्न करता है। साथ ही यह नाटक शिखंडी को मात्र प्रयोग किये जानेवाले मनुष्य के रूप में प्रस्तुत कर उसे आज के वर्तमान से भी जोड़ता है।

जिस तरह पितामह भीष्म श्री कृष्ण की कूटनीति से भ्रमित होकर मृत्यु शैय्या पर लेट गए थे उसी प्रकार आज वर्तमान समय में भी आम जनता दूसरों द्वारा भ्रमित होकर शिथिल हो चुकी है। यह नाटक अतीत को वर्तमान से जोड़ते हुए भविष्य की एक तस्वीर बनाने की कोशिश मात्र है।

नाटक के लेखक-निर्देशक रजनीश कुमार ने अपने प्रथम नाट्यगुरु कलाविद्, शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ. गोपाल प्रसाद निर्दोष का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने इस नाटक की प्रस्तुति के मंच संचालन के साथ-साथ इस प्रस्तुति की प्रक्रिया के दौरान आर्थिक, सामाजिक तथा मानसिक दृष्टि से हमेशा हमारे साथ खड़े रहे जो अविस्मरणीय है।
नाट्य प्रस्तुति को सफल करने में नवादा के कई गुणी व्यक्तियों का योगदान रहा जिन्होंने कई आयामों पर रंग संस्था नट्वांगम नवादा को मदद पहुँचायी है। आनंदा इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर पंकज कुमार यादव ने आर्थिक रूप से मदद कर मुख्य आयोजक की भूमिका निभाई तथा उन्होंने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए बताया कि भविष्य में ऐसी और भी प्रस्तुति में उनकी महती भूमिका रहेगी।

नवादा के सम्मानित शिक्षक राजेश कुमार भारती ने कलाकारों के रहने की पूरी व्यवस्था अपने मजबूत कंधों पर लेकर नाटक को सफल करने में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। जबकि गांधी इंटर विद्यालय के प्राचार्य सआदत अफजल हुसैन, शिक्षक सुबोध कुमार एवं अन्य शिक्षकों ने नाटक के रिहर्सल से लेकर नाट्य मंचन तक के लिए अपने विद्यालय का प्रांगण उपलब्ध करवाया। नाटक की प्रस्तुति में सहयोगी रहे नितेश कपूर, सावन कुमार, सागर वर्मा, अनूप वर्मा सहित निर्दोष नवादा, दिशांतर आदि के साथ-साथ रंग संस्था स्ट्रगलर पटना के प्रति लेखक-निर्देशक रजनीश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

मौके पर मौजूद रजनीश कुमार की माता जी ने अपने सुपुत्र को नवादा की कला के उत्थान में अपना योगदान देने के लिए आशीर्वाद दिया। दर्शक के रूप में मौजूद श्रवण बर्नवाल, सुरेंद्र कुमार आदि ने रजनीश कुमार के बेहतरीन प्रस्तुति की खुले कंठ से प्रशंसा की। प्रस्तुति की बड़ी उपलब्धि ये रही कि आगत सैंकड़ों दर्शक मास्क लगाकर पहुँचे तथा सोशल डिस्टेंस का बखूबी पालन करते हुए नाटक को देखा एवं सराहा।

लूट के 3 कांडों में 5 को किया गिरफ्तार, हथियार समेत लूट की राशि बरामद

नवादा : जिले में अपराधी बेख़ौफ़ आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। हालांकि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की ओर से कार्रवाई भी की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने तीन कांडो में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से हथियार समेत लूट की राशि बरामद की गयी है।

गिरफ्तार अपरधियों के नाम विष्णु,शंकर, संजय ,शैलेंद्र,राजेश बताया जा रहा है। सदर एसडीपीओ उपेंद्र प्रसाद ने बताया कि नवंबर माह में पकरीबरावां में लूट हुई थी। उस मामले में भी गिरफ्तारी की गई है। इस मामले में कुल 8 अभियुक्तों में से 3 फरार हैं।

उन्होंने बताया की कादिरगंज ओपी क्षेत्र के कौआकोल मोड़ के समीप ट्रक चालक से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान हथियार से लैस अपराधियों ने 4.91 लाख रुपये लूट लिए थे। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। लूटी गई रकम को भी बरामद कर लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here