एक और ढोंगी बाबा पर शिकंजा, हथियार के साथ मिले करोड़ों रुपये

0

सिवान : सिवान में झाड़फूंक करने वाले एक ढोंगी बाबा सैयद असगर मस्तान के घर पुलिस ने छापा मार हथियार, अवैध दस्तावेज समेत करोड़ों रुपए बरामद किये हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई जीबी नगर में तरवारा थाना क्षेत्र के गौरा में की। इस दौरान पुलिस को बाबा के घर से करोड़ों रुपये मिले हैं। हालांकि बाबा मस्तान अभी फरार है।
बताया गया है कि सैयद असगर मस्तान झाड़फूंक करके लोगों को ठीक करने का दावा करता था। कई शिकायतों के बाद अचानक सिवान पुलिस ने बाबा के घर रेड कर दी। कई गैरकानूनी कागजात, एक्सपायरी दवाएं, हथियार और करोड़ों रुपये पुलिस के हाथ लगे हैं।
आरोप है कि ये ढोंगी बाबा इलाज के नाम पर झाड़फूंक कर लोगों को प्रताड़ित करता था, उनके साथ मारपीट करता था। जो लोग अंधविश्वास में यहां इलाज करवाने आते थे उनके पैरों में लोहे की जंजीर लगा दी जाती थी। इसके अलावा यह बाबा शारीरिक शोषण तक किया करता था।
इसका खुलासा यहां 11 महीने से इलाज करा रही एक महिला ने किया। महिला ने बताया कि मेरे परिवार वाले यहां मुझे 11 महीने पहले लेकर आये थे। ये बाबा रोज रात को मुझे मारता था। जब घर जाने की बात कहती थी तो और ज्यादा मारता था।
आरोप है कि कई वर्षों से ये ढोंगी गैरकानूनी काम खुलेआम करता रहा। सूत्रों की मानें तो असगर मस्तान के ऊपर कई नेताओं, मंत्रियों, पुलिस अधिकारियों का हाथ था जिस कारण इसके घर तक कोई नहीं पहुंच पाता था। फिलहाल बाबा फरार बताया जा रहा है। सिवान के एएसपी कांतेश कुमार मिश्र की अगुवाई में फिलहाल छापेमारी जारी है। भारी पुलिस बल के साथ जिले के एसपी भी मौके पर पहुंचे हैं।
(पुनीत कुमार मौर्या)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here