अर्जक संघ ने दो जोड़ों की बगैर दहेज करायी शादी

0

नवादा : बिहार में नवादा के हिसुआ थाना क्षेत्र के दो अनाथ युवक और युवती की शादी अर्जक संघ और सम्राट अशोक कुशवाहा सेवा समिति हिसुआ (ट्रस्ट) द्वारा बगैर दहेज के स्थानीय कुशवाहा भवन में करायी गयी। शादी में ट्रस्ट द्वारा वर—वधू को पूरा अंगवस्त्र का सेट दिया गया। इस अवसर पर वहां उपस्थित लोगों ने भी अपना सहयोग देकर एक मिसाल कायम की। स्मरणीय है कि गोविंदपुर के विशुनपुर निवासी महेन्द्र प्रसाद की पुत्री अंजली की शादी गया जिला के वजीरगंज प्रखंड अन्तर्गत केनार निवासी बालेश्वर महतो के पुत्र अखिलेश कुमार के साथ 19 अक्तूबर को दिन में कुशवाहा भवन में करायी गयी। विवाह का प्रतिज्ञापन अर्जक संघ सांस्कृतिक समिति के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र पथिक ने कराया जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ अर्जक नेता लक्ष्मण प्रसाद ने की। विवाह आयोजन का उद्घाटन डॉ के नागेन्द्र ने किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज कुमार, सचिव डॉ रमेश प्रसाद, डॉ सुभाष सुमन, बैजनाथ प्रसाद, मसूदन कुशवाहा, डॉ विपिन कुमार, अर्जुन प्रसाद, सत्येन्द्र प्रसाद आदि ने वर—वधू को मंगलकामना दी।
कार्यक्रम में मनोज कुमार, बीरेन्द्र कुमार, रीता देवी, रेखा देवी आदि ने गीत संगीत के माध्यम से समाज में व्याप्त अंधविश्वास और कुरीतियों को हटाने पर बल दिया। ज्ञातव्य है कि वधू अंजली के सिर से बचपन में ही पिता का साया उठ गया था। वहीं वर अखिलेश के माता—पिता दोनों की मृत्यु वर्षों पूर्व हो चुकी थी। दोनों की शादी में जहां उनके निकटतम रिश्तेदारों ने मदद की, वहीं अर्जक संघ और सम्राट अशोक कुशवाहा सेवा समिति हिसुआ के द्वारा तन, मन और धन से सकारात्मक सहयोग प्रदान किया गया।
शादी में न तो किसी ब्राह्मण की जरूरत पड़ी और न मंत्रोच्चार की। केवल दोनों वर—वधू को शपथ, माल्यार्पण कराया गया और अंत में मंगलकामना की गयी। कम खर्च, कम समय और कम परेशानी शादी की मुख्य विशेषता रही। शादी के बाद वर-वधू, गवाह और विवाह का शपथ कराने वाले का हस्ताक्षरयुक्त शपथ पत्र सह विवाह प्रमाण पत्र भी वर वधू को दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here