अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य ने की खैरा कांड की जांच

0

नवादा : नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के लेदहा पंचायत के खैरा गांव में अनुसूचित जाति के दो लोगों की पटवन विवाद में हुई हत्या की जांच आज अनुसूचित जाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेन्द्र पासवान ने गांव पहुंच कर की। उन्होंने घटनाक्रम के संबंध में पीङित के परिजनों के साथ ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त की। इस क्रम में उन्होंने विवादित भूखंड का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मौजूद अधिकारियों से अब तक की गयी कार्रवाई की जानकारियां प्राप्त की। प्रतिवेदन आयोग को समर्पित किया जाएगा।
आयोग के सदस्य को पीङित के परिजनों ने बताया कि अभी भी वे दहशत के साये में जी रहे हैं। आरोपी द्वारा लगातार मोबाइल पर प्राथमिकी वापस लेने व ऐसा नहीं करने पर सामूहिक नरसंहार की धमकी दी जा रही है। यहां तक कि शौच के लिए देर शाम घर से बाहर निकलने वाली महिलाओं के साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में यहां रहना मुश्किल हो रहा है।
बता दें कि खैरा गांव में पटवन के सवाल पर एक जाति विशेष के लोगों द्वारा की गयी गोलीबारी की घटना में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गयी थी जबकि महिला समेत दो लोग जख्मी हो गए थे। इस क्रम में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया था जबकि शेष आरोपी घर छोङ फरार हैं। प्रशासन द्वारा मुआवजा की राशि प्रदान की गयी है। मातमपुर्सी को ले पक्ष- विपक्ष के नेताओं का आगमन जारी है। मौके पर रजौली एसडीपीओ संजय कुमार, बीडीओ नौशाद आलम सिद्दिकी व थानाध्यक्ष संजीव मौआर समेत कई लोग मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here