8 मार्च : चंपारण की मुख्य ख़बरें

0
चंपारण की मुख्य ख़बरें

जमीन विवाद में महिला की पीट पीट कर हत्या

चकिया, पूर्वी चंपारण : स्थानीय थाना क्षेत्र के वार्ड एक में गुरुवार की देर शाम जमीनी विवाद में महिला सुनैना देवी के साथ मारपीट की गई। जिससे गुरुवार की देर शाम उसकी मौत हो गयी। मृतक महिला नगर पंचायत वार्ड एक फुलवरिया गांव निवासी पारस महतो की 45 वर्षीय पत्नी बतायी गयी है। घटना के बारे में बताया जाता है कि साढे चार कठ्ठा जमीन पर विगत कई वर्षो से विवाद चल रहा था। मामले में पारस महतो ने थाना मे 7 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाते हुए मामला दर्ज कराया है। मामले में प्रभु महतो, प्रदीप महतो, शंभु महतो सहित तीनो की पत्नी और प्रमोद महतो की पत्नी को आरोपित करते हुए मामला दर्ज कराया है। घटना से मृतक महिला के घर में कोहराम मचा हुआ है। चकिया एसआई धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतू भेजा जा रहा है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन में लगी हुई है।

 

swatva

समेकित कृषि प्रणाली, मानव कौशल का होगा विकास

मोतिहारी : आज महात्मा गांधी समेकित कृषि अनुसंधान संस्थान, पिपराकोठी के प्रशासनिक भवन, प्रयोगशाला भवन एवं मुख्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने किया। उक्त अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार द्वारा देश भर के जल जमाव वाले क्षेत्रों की उत्पादकता बढ़ाने एवं भूमि सुधार हेतु महात्मा गांधी समेकित कृषि अनुसंधान संस्थान की स्वीकृति 13 अगस्त 2015 को प्रदान की गई है। इस संस्थान का शिलान्यास 21 अगस्त 2015 को किया गया। श्री सिंह ने कहा कि यह संस्थान जल जमाव वाले क्षेत्रों के लिए समेकित कृषि प्रणाली के विकास के अलावा मानव कौशल वर्द्धन एवं किसान प्रक्षेत्र में कृषि मॉडल के विकास का भी कार्य करेगा, जिसके प्रशासनिक सह-प्रयोगशाला भवन एवं मुख्य प्रवेश द्वार का विधिवत उद्घघाटन किया गया। इस संस्थान के लिए वैज्ञानिक एवं अन्य संवर्ग के कुल 30 पदों की भी स्वीकृति प्रदान की गई है ताकि इस संस्थान का कार्यालय सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है और मैं आप लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ। श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा कि महिलाएं राष्ट्र के विकास में पुरुषों के बराबर ही महत्व रखती हैं और राष्ट्र के विकास के लिए कृषि कार्यों से जुड़ी महिलाओं के सशक्तिकरण पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। महिलाएं खास कर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं घरेलू कार्य तथा बच्चों को संभालने के साथ साथ कृषि कार्य में भी हाथ बटाती हैं। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के स्तर पर लगातार  प्रयास किये जा रहे हैं कि कृषि में कार्यरत महिलाओं की स्थिति में तेजी से सुधार हो। इसके लिए देश भर के कृषि संस्थानों एवं कृषि विज्ञान केंद्रों के द्वारा कृषि कार्यों में लगी महिलाओं तक प्रशिक्षण के माध्यम से उन्नत कृषि एवं गृह विज्ञान के तकनीकों को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ताकि महिलाएं सशक्त और आत्म निर्भर हो सकें।

कार्यक्रम में कल्याणपुर विधायक सचिन्द्रन प्रसाद सिंह, पीपरा विधायक श्यामबाबू यादव, सदस्य बिहार विधान परिषद बबलू गुप्ता, सदस्य शासी निकाय आईसीएआर अखिलेश सिंह, जिलाध्यक्ष किसान क्लब मोतिहारी राजेन्द्र गुप्ता, जिला प्रवक्ता भाजपा सह पूर्व मुख्य पार्षद प्रकाश अस्थाना, वरीय भाजपा नेता सह मिशन नमो अगेन के जिलाध्यक्ष मनोज पासवान, किसान मोर्चा के रामशरण यादव, पूर्व विधान पार्षद रामजी शर्मा, उपमुख्य पार्षद रविभूषण, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा सुनील मणि तिवारी के अतिरिक्त बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरूष उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सचिव किसान क्लब मोतिहारी डॉ लालबाबू प्रसाद ने किया।

 

(राजन दत्त द्विवेदी)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here