7 जून : आरा की मुख्य ख़बरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

ट्रैक्टर ने भाई-बहन को रौंदा, एक की मौत

आरा : जिले के तरारी थाना के ओरसी गांव स्थित मध्य विद्यालय के समीप शनिवार की रात ट्रैक्टर ने भाई-बहन को रौंद दिया। जिसमें बड़ी बहन की मौत हो गई। जबकि,छोटा भाई घायल हो गया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने हो-हंगामा भी मचाया। मृतका 13 वर्षीय अमृता कुमारी ओरसी निवासी रामदास सिंह की पुत्री थी। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। चालक फरार बताया जाता है। पुलिस मृतक को आरा सदर अस्पताल में अंत्यपरीक्षण के लेकर आई जबकि घायल को वहा इलाज़ के लिए भर्ती कराया | पुलिस इस सन्दर्भ में प्राथमिकी दर्ज कर चालक की गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है |

तरारी थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने बताया कि तरारी के ओरसी गांव निवासी रामदास सिंह की पुत्री अमृता कुमारी तथा दस वर्षीय पुत्र प्रिस कुमार दोनों बड़का गांव से ट्यूशन पढ़कर अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान कुरमुरी नहर पथ पर ओरसी गांव के समीप ट्रैक्टर ने भाई व बहन को रौंद दिया। जिसमें बड़ी बहन अमृता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, छोटा भाई प्रिस बुरी तरह जख्मी हो गया।

swatva

कई महीनों से लापता युवक शटर काटते धराया

आरा : पुलिस की फाइलों में करीब सात महीनों से गायब एक किशोर दुकान का शटर काटते रंगे हाथ पकड़ा गया। उसकी बरामदगी नवादा थानाक्षेत्र के कतीरा इलाके से हो सकी। अब पुलिस बरामद किशोर को 164 के तहत कोर्ट में प्रस्तुत कर उसका बयान दर्ज कराएगी। पुलिस ने बरामदगी की सूचना स्वजनों को दे दी है।

नवादा थानाध्यक्ष ने बताया कि यूपी के वाराणसी निवासी किशोर आरा के गोड़ना रोड में अपने मामा के घर रहता था। इस दौरान एक अक्टूबर 2019 को माँ के साथ निकला था की होटल के बाहर से अचानक गायब हो गया था। काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका कोई सुराग नही मिल सका था। जिसे लेकर उसकी माँ ने नवादा थाना में अपहरण का मामला दर्ज करवाया था।

इस बीच कतीरा स्थित एक दुकान का शटर काटते एक किशोर को नागरिकों के सहयोग से रंगे हाथ धरे दबोचा गया। बाद में जांच करने पर पता चला कि जिस अगवा किशोर को पुलिस सात महीने से बरामद करने के प्रयास में लगी हुई थी वह वही लड़का है। जिसके बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। अब पुलिस कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

बच्चों के विवाद में ट्रैक्टर चालक की हत्या

आरा : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमीरा गांव निवासी ट्रैक्टर चालक जज राम की हत्या को लेकर आज रविवार को प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है। मृत चालक की मां के बयान पर छह लोगों को आरोपित किया गया है। इनमें गांव के ही सुरेंद्र राम, नागेंद्र राम, गुड्डू राम, शिवजी, जवाहर व प्रिंस राम सहित छह लोगों को नामजद किया गया है। सभी पर बच्चों के विवाद में जज राम को गायब कर हत्या करने का आरोप लगाया है।

मुफ्फस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि बिगत बुधवार को बच्चों के बीच विवाद हुआ था। उसके बाद से ही जज राम गायब गया था। उसकी काफी खोजबीन की गयी, पर कहीं सुराग नहीं मिला। इस बीच शुक्रवार की शाम उसका शव मिल गया। इधर, पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन और आरोपितों की धरपकड़ में जुटी है।

बता दे कि शुक्रवार की शाम जमीरा गांव के बधार से एक युवक का शव बरामद किया गया था। उसकी पहचान गांव के ही जज राम के रूप में की गयी। उसकी रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने की बात कही जा रही है।

देशी-विदेशी शराब के साथ एक धंधेबाज गिरफ्तार

आरा : कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र की अलग-अलग जगहों से पुलिस ने काफी मात्रा में देशी व विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक धंधेबाजों को भी गिरफ्तार किया है। हालांकि दो धंधेबाज भागने में सफल रहे। पकड़ा गया धंधेबाज नया खवासपुर गांव निवासी बासुदेव प्रसाद है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सरैयां निवासी तुलसी यादव के घर में शराब बिक्री की सूचना मिली। इस आधार पर थाना इंचार्ज विजय पांडेय ने पुलिस बल के साथ उसके घर छापेमारी की। तब तुलसी यादव भाग निकला लेकिन उसके घर से 20 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गयी।

थानाध्यक्ष के अनुसार तुलसी यादव पूर्व में भी जेल जा चुका है। इसी तरह नया खवासपुर गांव में छापेमारी कर पुलिस ने 30 लीटर देशी शराब के साथ बासुदेव प्रसाद को धर दबोचा। हालांकि उसका एक सहयोगी बलुआ निवासी नंदकिशोर पांडेय पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका। पुलिस दोनों फरार धंधेबाजों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी कर रही है।

विवाद में युवक को मारी गोली, स्थिति नाज़ुक

आरा : शहर से सटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में रविवार की सुबह विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। गोली उसके सिर में लगी हुई है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया है। जहां से उसे चिंताजनक की स्थिति में पटना रेफर कर दिया गया। उसकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार जख्मी दौलतपुर गांव निवासी राम ईश्वर यादव का 18 वर्षीय पुत्र श्रीमन कुमार है।

भाजपा चुनाव आयोग सेल के सात सदस्यीय टीम का गठन

आरा : 2020 विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग सेल भाजपा भोजपुर ने दो सह संयोजक एवं सातों विधानसभा के लिये अलग अलग सदस्यों की सूची जारी की। जिनमें विभु सिंह एवं उपेंद्र कुमार को जिला सह संयोजक मनोनित किया गया है वही जनेश कुमार पांडे सदस्य 192 संदेश विधानसभा,पप्पू कुमार सिंह सदस्य 193 बड़हरा विधानसभा,सुनील मिश्रा सदस्य 194 आरा विधानसभा, अरुण कुमार सिंह सदस्य 195 आगिआँव विधानसभा, विद्यासागर पांडे सदस्य 196 तरारी विधानसभा, कुमार गौतम सदस्य 197 जगदीशपुर विधानसभा एवं राजेंद्र पांडे सदस्य 198 शाहपुर विधानसभा को सदस्य मनोनित किया गया है।

जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है वैसे वैसे बिहार में भाजपा अपने संगठन को मजबूत करने में जुट गयी है। इसी कड़ी में आज चुनाव आयोग सेल भोजपुर के संयोजक अमरेंद्र कुमार चौबे द्वारा भोजपुर के लिए चुनाव आयोग सेल टीम की घोषणा कर अपने सभी पदाधिकारियों को बधाई दी।

चुनाव आयोग सेल के सभी पदाधिकारियों की नियुक्ति पर भाजपा भोजपुर के जिला अध्यक्ष प्रेम रंजन चतुर्वेदी, भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व विधायक श्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह, बिहार भाजपा के प्रवक्ता श्री संजय सिंह टाइगर, वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक श्री शिवेश राम, भाई दिनेश, पूर्व विधायिका मुनी देवी, आशा देवी के साथ साथ वरिष्ठ नेता कौशल विद्यार्थी, भुवर ओझा, बलराम सिंह, राजेंद्र तिवारी, सूर्य कांत पांडेय, अजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष शंभू चौरसिया, नरेन्द्र तिवारी, लव पांडेय, आदित्य विजय प्रताप कौशल यादव जिला महामंत्री मदन स्नेही अभिषेक राय जिला मंत्री रेणु देवी जिला प्रवक्ता नवीन प्रकाश मनीष प्रभात मीडिया प्रभारी रमेश कुमार कर्ण , सचिन सिन्हा सहित भाजपा कार्यसमिति सदस्य सह पार्षद भानु प्रकाश दुबे, संध्या सिंह, मंटू सिंह , मधु मिश्रा, डॉ अमर , नरेंद्र सिंह, सुनील तिवारी, यशवंत सिंह, कमलेश दत्त पांडे, किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रंग बहादुर यादव, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष रानी राय, मंत्री आरती देवी एवं कई मंडल अध्यक्ष एवं अजीत कुमार, मंटू कुमार, पवन कुमार एवं आशीष कुमार ने बधाई दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here