3 सितंबर : बक्सर की मुख्य ख़बरें

0
बक्सर की मुख्य ख़बरें

भयावह हुई गंगा, डूबे कई घाट

बक्सर : लगातार बढ़ते गंगा के जलस्तर ने लोगों की परशानी बढ़ा दी है, बक्सर में कई घाटों पर पानी चढ़ गया है। प्रशासन ने एक सप्ताह पहले से ही घाटो पर स्नान पर प्रतिबंध लगा दिया है। गुरूवार की सुबह आठ बजे पानी का स्तर 58.92 मीटर था। यह चेतावनी सीमा से महज 40 सीएम नीचे है। केन्द्रीय जल आयोग के कर्मी कन्हैया कुमार ने बताया कि अपने यहां चेतावनी लेबल 59.32 निर्धारित है। अर्थात यहां तक पानी पहुंचने में एक से डेढ़ से दो दिन का वक्त लगेगा। अगर पानी बढऩे की गति तेज हुई। तो उससे पहले भी चेतावनी सीमा तक पहुंच सकता है।

swatva

विभागीय जानकारी के अनुसार वाराणसी और इलाहाबाद दोनों जगह पानी के बढऩे का सिलसिला जारी है। बाढ़ नियंत्रण विभाग के लोग भी इस बढाव से चिंतित हैं। खबर की तस्वीर नाथ घाट के पास से ली गई है। यूपी और बिहार के तटों तक फैला पानी उचाई पर बने किला के कद को बौना लगने लगा। यह विकराल रुप लोगों को मानो चेतावनी दे रहा है।

भूमि विवाद को ले दो पक्षों में झड़प, एक गिरफ्तार

बक्सर : ब्रह्मपुर में भूमि विवाद को ले दो पक्षों में झड़प हो गई जिसमें चार लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है और फ़िलहाल एक की गिरफ़्तारी हुई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि आधा दर्जन से अधिक लोग जमीन कब्जा करने की नियत से नरेन्द्र पांडेय की जमीन पर जा धमके इसकी सूचना मिलते ही नरेंद्र पांडेय के पुत्र संजय वहां पहुंचे। जहां दोनों पक्षों में झड़प हो गई, संजय को अकेला देख मारपीट शुरू कर दी जिससे उसका सिर फट गया और एक हाथ की कलाई भी फ्रैक्चर कर गई।

इसकी सूचना ब्रह्मपुर थाने को दी गई पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जिसमें मुन्ना यादव, राधेश्याम यादव, संतोष यादव को नामजद किया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुन्ना यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं घायल संतोष पांडेय का उपचार रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में कराया गया। सभी आरोपी ब्रह्मपुर के रहने वाले हैं।

मीटर से बाईपास कर कर रहे थे बिजली चोरी, विभाग ने लगाया जुर्माना

बक्सर : बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग इन दिनों सक्रिय है। चोरी रोकने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी के तहत राजपुर प्रखंड के तियारा सेक्शन में कनीय अभियंता अभिषेक सक्सेना ने सघन अभियान चलाया। बुधवार को तियरा ,खीरी, रसेन पंचायत के गांवों में छापेमारी की।

अधिकारी ने बताया दो जगह गड़बड़ी पकड़ी गई। खीरी पंचायत के बीरबलपुर गांव निवासी रामधनी सिंह पर 8353 और रसेन खुर्द के जगदीश सिंह पर 9295 रूपये का जुर्माना लगाया। अभिषेक सक्सेना ने बताया कि यह दोनों लोग मीटर बायपास करके आवासीय बिजली चला रहे थे। इन दोनों लोगों के विरुद्ध राजपुर थाने में एफ आई आर दर्ज करा गया है। इस अभियान से बिजली चोरी करने वालों में दहशत व्याप्त है।

जिले के 51 पुलिस पदाधिकारियों का हुआ तबादला

  • 43 लोग पुलिस लाइन से, सात के बदले थाने

बक्सर : एसपी उपेन्द्र नाथ वर्मा ने आज गुरूवार को पचास पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया है। इनमें अवर निरीक्षक व सहायक अवर निरीक्षक स्तर के पदाधिकारी हैं। 43 लोग पुलिस लाइन से थानों में भेजे गए हैं। जबकि सात लोग जो पूर्व से किसी थाने में पदस्थापित थे। उन्हें नए थानों में भेजा गया है।

वहीं सिमरी के पूर्व थानाध्यक्ष जुनैद आलम जो स्वास्थ्य कारणों से पुलिस लाइन चले आए थे। उन्हें तत्काल प्रभाव से चक्की ओपी का प्रभारी बनाया गया है। चक्की के निवर्तमान ओपी प्रभारी कपिदलेव पासवान के पिता का देहावसान हो गया है। वे अवकाश पर चले गए हैं। इस लिए यहां जुनैद की तैनाती की गई है।मुख्यालय की मानें तो । चक्की में हुई लूट की घटना के बाद वहां जुनैद को भेजा जा रहा है।

छापेमारी में पुलिस ने बरामद की 2.700 किलो गांजा

बक्सर : छापेमारी करने गई औद्योगिक थाने की पुलिस ने बुधवार की रात 2.700 किलो गांजा बरामद किया है। थानाध्यक्ष दिनेश मलाकार बताया कि मुक्तेश्वर मिश्रा के कराकट नुमा घर में उसे भूसा के नीचे छिपाकर रखा गया था। इस मामले में फ़िलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

आज गुरुवार को यह खबर मीडिया में आई। थानेदार से पूछे जाने पर बताया कि बरामदगी से जुड़ी खबर की जांच के लिए डीएसपी थाने आए थे। इस लिए थोड़ी व्यस्तता रही। वहीं दूसरी तरफ थाने के बाहर बहुत लोग जमा थे। जिनमें उस परिवार के लोग भी शामिल थे। जिनके यहां बरामदगी हुई है। उनमें से एक जो अपना नाम कामेश्वर मिश्रा बता रहे थे। उनका कहना था, पुलिस हमें फंसा रही है। यह कुछ लोगों के इशारे पर हो रहा है। क्योंकि मेरे घर का युवक नीलू मिश्रा मुखिया का चुनाव लडऩा चाहता है। विरोधियों से थानाध्यक्ष मिले हैं। उनके इशारे पर ऐसा किया जा रहा है। जबकि थानाध्यक्ष ने पूछने पर कहा मैं तो यहीं थाने में हूं। कोई आए, और कहे क्या बात है। मैं अपना काम कर रहा हूं बस।

अब सुबह दस से शाम छह बजे तक खुलेंगी दुकानें

बक्सर : केन्द्र सरकार द्वारा अनलॉक फोर के संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। अब दुकानों के खुलने का समय सुबह 10 से अपराह्न 6 बजे का होगा। हालांकि, इससे फल, सब्जी, दूध, दवा को अलग रखा गया है।

आज गुरुवार को जिलाधिकारी अमन समीर ने नया आदेश जारी किया है। जो शुक्रवार 4 सितम्बर से जिले में प्रभावी हो जाएगा। आदेश में कहा गया है।फल, सब्जी, अंडा, मांस की दुकानें सुबह 6 से दिन के 11 बजे तक खुलेंगी। दोपहर बाद फिर उनके दुबारा खुलने का समय अपराह्न 4 से शाम 7 बजे का होगा। वहीं दूध एवं राशन की दुकानें सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक खुल सकेंगी। जबकि पहले उनका समय सुबह सात बजे से शुरू होता था। साथ ही दोपहर में बंद भी करना होता था। अब इनसे इनको राहत मिल गई है। दवा दुकानों पर कोई प्रतिबंध नहीं है। वहीं दूसरी तरफ सूची से बाहर के जो भी प्रतिष्ठान अथवा दुकानें हैं। वे सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुलेंगी।

गंगा नदी के नाथ घाट पर डूबने से युवक की मौत, शव की तलाश जारी

बक्सर : नाथ घाट पर आज गुरुवार की सुबह नहाने के क्रम में एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। सूचना के अनुसार वाकया सुबह साढ़े सात बजे के लगभग का हुआ। वे कौन थे, कहां से आए थे, इसकी सूचना नहीं है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है। वे नहाने अथवा प्रारंभ हुए पितृपक्ष में जल देने आए हों। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया वे पानी में अचानक बह गए। किसी ने हाथ देखा किसी ने बाल। लेकिन, उफनती गंगा में जाने की हिम्मत किसी की नहीं हुई।

वहीं घटना के तुरंत बाद नगर थाने के प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि बचाव दल को इस कार्य में लगाया गया है। बहाव तेज है, इस वजह से आगले घाट की तरफ से शुरू की गई है। क्योंकि नाथ घाट पर डूबा व्यक्ति उसी तरफ गया होगा। सूचना के मुताबिक कपड़े के आधार पर उसकी पहचान सौरभ कुमार के रूप में हुई है। जो सोहनीपट्टी बक्सर के ही रहने वाले थे। खबर लिखे जाने तक उसका शव बरामद नहीं हुआ था।

चंद्रकेतु पांडेय

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here