3 मार्च को सारण के प्रमुख समाचार

0
chhapra news

रसुलपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, तनाव

सारण : छपरा जिले के रसुलपुर थाना क्षेत्र के घुरापाली गांव में आज एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश है। मृतक भूरापाली गांव निवासी अमरेन्द्र तिवारी बताये जाते हैं। घटना की सूचना पर रसूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। हत्या के कारणों तथा हत्यारों का पता नहीं चल सका है। शव घटनास्थल पर ही पड़ा हुआ है। पुलिस फिलहाल वहां कैंप कर रही है। लोगों में तनाव का माहौल है तथा विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है। रसुलपुर के अलावा आस-पास के कई थाने की पुलिस को भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। पुलिस जांच मे जुटी है।

वाहन की टक्कर से युवक की मौत, पत्नी व बच्चे जख्मी

सारण : छपरा जिलांतर्गत मांझी थाना क्षेत्र के कौरू गांव के समीप एक अनियंत्रित बाहन से धक्का लगने के कारण एक युवक की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है। मृतक कौरू गांव निवासी रामजस भगत का पुत्र सुरेंद्र भगत बताया जाता है। घायलों में उसकी पत्नी कुंती देवी व पुत्र विकी कुमार तथा पुत्र प्रीतम कुमार शामिल हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन के चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। चालक रिवीलगंज थाना क्षेत्र के दक्षिण टोला निवासी मुसुन प्रसाद का पुत्र कन्हैया कुमार बताया जाता है। मृतक के भाई ने वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। चालक पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।

swatva

युवक से तंग आकर किशोरी ने फांसी लगाकर दे दी जान

सारण : छपरा जिलांतर्गत रिवीलगंज थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव के पूर्वी ब्रह्म स्थान के समीप आज एक किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 16 वर्षीया प्रीति कुमारी के रूप में की गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा। बताया जाता है कि मृतक सिवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी अवध किशोर सिंह की पुत्री है जो कुछ दिनों से अपने मामा के यहां रह रही थी। मृतक के पास से प्राप्त सुसाइड नोट में लिखा गया है कि युवक द्वारा फोन पर परेशान किए जाने को लेकर उसने इस तरह का कदम उठाया। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर किशोरी का कॉल डिटेल खंगालने में जुटी है।

ट्रैक्टर की चपेट में आकर महिला की मौत

सारण : छपरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मरहिया गांव के समीप एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर जाम को हटाया। बताया जाता है कि ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसके बाद उसे छपरा सदर अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत हो गई। वहीं मौके पर भगवान बाजार पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक स्थानीय मुन्ना राय की पत्नी देवंती देवी बताई जाती है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here