27 दिसंबर : मधुबनी की मुख्य ख़बरें

0
swatva samachar

ठंड को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने अलाव जलाने एवं कंबल वितरण करने का दिया निर्देश

मधुबनी जिला पदाधिकारी ने जारी शीतलहर को देखते हुए सभी अंचल अधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को क्षेत्र में अलाव की व्यवस्था एवं कंबल वितरण करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार से प्राप्त आवंटित राशि को सभी अंचल अधिकारी को आवंटित कर दिया गया है। साथ ही जरूरतमंद लोंगो के बीच कंबल वितरण हेतु सभी अनुमंडल पदाधिकारी को कंबल वितरण हेतु आवश्यक निर्देश दिया गया है।

26 दिसंबर को झंझारपुर अनुमंडल के गोपलखा एवं नरुआर में बाढ़ पीड़ितों के बीच कंबल का वितरण किया गया। साथ ही जयनगर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा भी कंबल का वितरण किया गया है। वहीं सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, मधुबनी के द्वारा भी विगत तीन दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया है।

swatva

जिला पदाधिकारी, मधुबनी के द्वारा शीतलहर को देखते हुए सभी अंचल अधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में अलाव जलाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अतिरिक्त राशि की आवश्यकता को लेकर आवंटन की मांग करने का भी निर्देश दिया गया है। वहीं नगर परिषद क्षेत्र में थाना मोड़ तथा सदर अस्पताल परिसर में भी रैन बसेरा की भी व्यवस्था की गयी है। उन्होंने नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों को नगर निकाय क्षेत्र में भी अलाव की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।

चार दिवसीय मधुबनी लिटरेचर फेस्टिवल का हुआ समापन, कई दिग्गज रहे मौजूद

आयोजन समिति के द्वारा इस बार मिथिला की संस्कृति और परंपरा को निखारने के काम किया गया है। जानकारी देते हुए कमिटी की मुख्य सविता झा ने बताया कि ये एक छोटी से पहल है, हमारी धरोहर को बचाने की। इस बार इसका विस्तार भी किया गया। सुप्रसिद्ध रहिका के सौराठ में भी इसका एकदिवसीय आयोजन किया गया। अगली बार इस से ओर बेहतर आयोजन किया जाएगा।

कमिटी के सदस्य सह राजनगर राज स्थित वीएसजे कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि यह अपने आप मे एक अनूठा ओर मजबूत पहला है, हमारी संस्कृति को बचाने और निखारने को। इस बार स्थानीय चीजों को फोकस कर काम किया गया था।

नागरिकता बिल के विरुद्ध सर्वदलीय बैठक

मधुबनी : एनआरसी, सीएए व एनपीसी कानून के विरुद्ध उमगांव बाजार चौक पर विभिन्न पार्टियों  की सर्वदलीय बैठक गुरुवार को हुई।

इस बैठक की अध्यक्षता रामप्रित यादव व संचालन राजद प्रखंड अध्यक्ष अशेश्वर यादव ने किया। जहां केन्द्र सरकार के द्वारा नागरिकता बिल का जमकर विरोध किया गया।

इस दौरान कांग्रेस पार्टी हरलाखी विधानसभा के नेता शब्बीर अहमद, प्रखंड प्रमुख सह भाकपा नेता राजेश कुमार पाण्डेय, गंगौर पंचायत के मुखिया शिवचंद्र मिश्र, धिरु झा, युवा नेता विजय मार्शल सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचारों को प्रकट किया, तथा नागरिकता कानुन के विरोध में आगामी 30 दिसम्बर को पार्टी दल से उठकर हाथ में तिरंगा लेकर हजारों की संख्या में उमगांव स्थित डाक बंगला परिसर में पहुंचने का आह्वान किया गया।

इस दौरान शब्बीर अहमद ने कहा की सरकार की गलत निती के कारण आज पुरे देश में आराजकता का माहौल कायम है। इस कानून का विरोध देश के कोने-कोने से किया जा रहा है। लेकिन यह सरकार वोट की राजनीति के तहत एक दुसरे को बांटने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि नागरिकता कानुन के विरुद्ध हम सभी का लड़ाई जारी रहेगी। इसी को लेकर आगामी तीस दिसंबर को शांतिपूर्ण वातावरण में आक्रोश जन सभा होगी जहां हरलाखी के आम अवाम जनता को हजारों की संख्या में भाग लेने का अपील किया गया है।

इस मौके पर युवा जिला कांग्रेस महासचिव सह मुखिया शिवचंद्र मिश्र, सोठगांव के सरपंच अताउल रहमान, जावेद एकवाल, मो इजहार, हरलाखी मुखिया दयानंद झा, मो मुबारक, मो एहसान, मो शकुर, मो मुस्ताक, मुकेश पाण्डेय समेत दर्जनों लोगों ने अपना सहमति जतायी।

शॉट सर्किट से घर में लगी आग, मासूम की मौत

मधुबनी : जिले के बेनीपट्टी के गम्हरिया गांव में शार्ट सर्किट से आग लगने से एक मासूम के झुलसने से मौत हो गयी है। मृतक की पहचान मनोज झा के पुत्र सचिन कुमार झा (9) के रूप में की गई है।

पुलिस व अग्निशमन विभाग गांव में राहत बचाव कार्य में जुट गई है। पूरे गांव में हाहाकार मचा हुआ है। मृतक के परिजन के कारुणिक चीत्कार से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात करीब नौ बजे बिजली के शॉट सर्किट से अचानक मनोज झा के घर में आग लग गयी।

परिजन जब तक घर से मवेशी व बच्चों को बाहर निकालते, तब तक आग भीषण रूप ले चुकी थी। इसी दौरान गैस सिलिंडर में आग लगने से ब्लास्ट हो गया। जिससे आग बेकाबू हो गया। घर के सभी लोग बाहर आ गए, लेकिन एक बच्चा घर के अंदर पलंग पर ही सोया रह गया।

उधर, अगलगी की सूचना पर ग्रामीण एकजुट होकर आग पर काबू किये जाने का प्रयास करने लगे, वही इसकी सूचना अग्निशमन विभाग व थाना को दी गयी। उधर, बेनीपट्टी एसएचओ महेंद्र सिंह, अवर निरीक्षक अरुण कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर जुटे हुए है।

पर्यावरण संतुलन जल-जीवन-हरियाली योजना का उद्देश्य : लक्ष्मेश्वर राय

मधुबनी : जल-जीवन-हरियाली योजना को सरकार मजबूती के साथ धरातल पर उतारने में लगी हुई है। जलवायु परिवर्तन के चलते प्राकृतिक रूप से सभी स्थानों पर असमानता देखने को मिल रही है। बाढ़, सुखा सहित अन्य आपदाओं का समय बदल गया है। पहले समय पर बारिश, गर्मी, ठंढ सहित अन्य मौसम का प्रभाव देखने को मिलता था, पर अब हर जगह सिर्फ विषमता देखने को मिल रहा है।

उक्त बातें सूबे के आपदा प्रबंधन मंत्री लक्ष्मेश्वर राय ने मधुबनी के बेनीपट्टी में प्रेसवार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण को संतुलित करने के लिये जल-जीवन-हरियाली योजना लायी है। बिहार देश दुनिया को इस योजना के माध्यम से संकेत देना चाहती है कि प्रकृति का संतुलन कितना आवश्यक है। जल और हरियाली का संरक्षण वातावरण से लेकर सभी स्तर पर जीवन को सुरक्षित रखने के लिये अनिवार्य है।

इस मौके पर जदयू जिला महासचिव गुलाब साह, प्रखंड अध्यक्ष शशिभूषण सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पाग व दोपटा एवं माला से मंत्री को सम्मानित किया।

विकास कार्यो में अवरोध पर आंदोलन करेंगे पार्षद

मधुबनी : वार्ड पार्षदों ने मिलकर नप के ईओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अधिकारियों की मनमानी से पार्षदों को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। मधुबनी नगर परिषद में जब से नए कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष आनंद चौधरी आए हैं। एक भी कार्य संपादन नहीं हो रहा है। उनके कार्यकाल को करीब साल भर होने जा रहा है।

नप बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय को भी सरजमीं पर नहीं उतारा जा रहा। जिससे आमजन और पार्षदों में आक्रोश का माहौल है। यह बातें वार्ड पार्षद निर्मला देवी के आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्षदों ने कही।

वार्ड पार्षद निर्मला देवी, प्रभावती देवी, पूनम कुमारी, राजा इश्तियाक अहमद, कैलाश साह, आयशा खातून आदि ने कहा कि अगर अब भी कार्यपालक पदाधिकारी की कार्यशैली में सुधार नहीं आया तो 5 जनवरी से नगर परिषद कार्यालय में बेमियादी धरना दिया जाएगा।

इन वार्ड पार्षदों का कहना है कि बार-बार सात निश्चय योजना के तहत गली नली जल नल सफाई करने वाले मजदूरों का समय से भुगतान प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों का भुगतान शौचालय की राशि का भुगतान कबीर अंत्येष्टि योजना का भुगतान पार्षदों को लैपटॉप सहित अन्य योजनाओं पर ध्यान आकृष्ट कराने के बावजूद भी कार्यपालक पदाधिकारी उदासीन बने हुए हैं।

पार्षदों ने कहा यह पदाधिकारी अपने कार्यालय को छोड़ अन्यत्र जगह से कार्यालय को चलाते हैं और बराबर बिचौलियों के बीच घिरे रहते हैं। योजनाओं के लागू नहीं कराया जाने से पार्षदों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

जनता के कोप भाजन का शिकार बनना पड़ रहा है। विभिन्न योजनाओं की करोड़ों की राशि खाते में पड़ी हुई है। बावजूद योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं कराया जा रहा। ऐसे में सभी पार्षदों ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया है कि एक सप्ताह के अंदर इनकी कार्यशैली में सुधार नहीं आता है तो आम जनों के सहयोग से आंदोलन का रुख अख्तियार करेंगे।

मानव श्रृंखला की तैयारियों को ले जिलास्तरीय बैठक

मधुबनी : नगर भवन में जिला प्रशासन के द्वारा बिहार सरकार की प्रस्तावित जल-जीवन-हरियाली योजना के अंतर्गत 19 जनवरी को होने वाली मानव श्रृंखला 2020 में सभी की भागीदारी हो, उसे लेकर जिला स्तरीय बैठक हुई।

इस कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, सदर एसडीएम, उप समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, विभिन्न अनुमंडल से आये पदाधिकारियों के अलावे अन्य विभागों के कर्मी मौजूद थे, सभी से होने वाली मानव श्रृंखला की तैयारियों लेकर जानकारी ली गई एवं आवश्यक निर्देश दिये गये।

इस बैठक में जल-जीवन-हरियाली, नशा मुक्ति, दहेज प्रथा उन्मूलन अभियान के पक्ष में राज्यव्यापी मानव श्रृंखला पर विशेष बल दिया गया।

सुमित राउत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here