26 मई : आरा जिले की खबरें

0

करंट लगने से अधिवक्ता समेत दो की मौत

आरा : भोजपुर जिला के अलग-अलग स्थानों पर शनिवार को विद्युत प्रवाहित तार के स्पर्श में आने से एक अधिवक्ता समेत दो लोगों की मौत हो गई। आरा सदर अस्पताल में इलाज के लिए लाए जाने के बाद डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। इसे लेकर यूडी केस दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरा नगर थाना क्षेत्र के शीतल टोला के शीतला माई मंदिर रोड मुहल्ला में शनिवार की सुबह विद्युत प्रवाहित तार के स्पर्श में आकर एक अधिवक्ता दीनानाथ प्रसाद की मृत्यु हो गई। बाद में परिजनों द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में लाया गया तो डॉक्टर ने देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय दीनानाथ प्रसाद के रूप में हुई, जो शीतल टोला शीतला माई मंदिर रोड निवासी तारकेश्वर प्रसाद के पुत्र थे। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई।
वहीं दूसरा मामला जगदीशपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव का है। मृतक 30 वर्षीय महेश यादव जगदीशपुर के शिवपुर गांव के निवासी राज कुमार यादव का पुत्र था। बताया जाता है कि महेश यादव घटना के समय खेत पटाने के लिए मोटर स्टार्ट करने जा रहे था और तभी बिजली के तार के स्पर्श होने से बुरी तरह झुलस गया। बाद में ग्रामीणों के सहयोग से महेश को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था तब रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

छात्र ने ज़हर खाकर आत्महत्या की

आरा : बिहिया थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में शनिवार को एक छात्र ने ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने आरा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस हत्या कक कारण घर में झगड़े को लेकर उपजा विवाद बताया जा रहा है। बताया जाता है कि मृतक 20 वर्षीय विवेक यादव बिहिया थाना क्षेत्र के धरहरा गांव के निवासी हृदया नंद यादव का पुत्र था। परिजनों ने बताया कि विवेक यादव एक रोज पहले तियर गांव में एक बारात में गया हुआ था तथा घर आने में विलंब होने पर विवाद हुआ। पिता द्वारा डांट-फटकार भी लगाई गई थी। पर शनिवार को युवक ने गुस्से में सल्फास खरीद कर खा लिया और उसकी हालत बिगड़ गई। जब इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया तब इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

swatva

जेसीबी के धक्के से एक युवक की मौत

आरा : जगदीशपुर थाना क्षेत्र के आरा- मोहनिया एनएच-30 पर हरिगांव के समीप शनिवार को जेसीबी के धक्के से एक युवक की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ आरा-मोहनिया मुख्य मार्ग को करीब चार घंटे तक जाम कर दिया। बताया जाता है कि मृतक 28 वर्षीय दीपक सिन्हा दुलौर गांव निवासी सुरेन्द्र लाल का पुत्र था। जेसीबी के चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

बस की टक्कर से बाइक सवार घायल

आरा : गजराजगंज ओपी क्षेत्र के आरा-बक्सर मुख्य मार्ग पर रामपुर मिल्की कोठी गांव के समीप शनिवार की सुबह एक अनियंत्रित बस ने एक बाइक सवार मिस्त्री को टक्कर मार दी तथा घायल कर दिया। घायल 30 वर्षीय शैलेश सिंह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पैठानपुर गांव निवासी स्व. चुमन सिंह उर्फ राम दयाल सिंह का पुत्र बताया जाता है। घायल का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल युवक को काफी गंभीर चोटें आई है। इस दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने आरा-बक्सर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया तथा बस को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बीच सड़क पर आगजनी भी की। इसे लेकर दो-ढाई घंटे तक आवागमन अवरूद्ध रहा।
(सुजीत सुमन)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here