25 अक्टूबर : नवादा की मुख्य ख़बरें

0
swatva samachar

सत्संग से सम्भव जीवन का उद्धार : स्वामी भगीरथ

नवादा : संतमत के प्रणेता 108 श्री महर्षि मेंही जी महाराज के पट शिष्य गुरुसेवी स्वामी भागीरथ जी महाराज ने कहा है कि सत्संग से ही जीवन का उद्धार संभव है। जिसके लिए गुरु दीक्षा लेकर सही ज्ञान आधार पाकर साधना करने की जरूरत है।

वे शुक्रवार को नवादा के महर्षि मेंही आश्रम की स्थापना दिवस पर आयोजित दो दिवसीय सत्संग समारोह के प्रातः सत्र में प्रवचन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक नाम का जाप व एक रूप का ध्यान साधना के क्षेत्र में आगे बढ़ने का माध्यम है।

swatva

उन्होंने कहा कि ईश्वर पाने के लिए युक्ति जानकर साधना करनी चाहिए। साधना के 4 स्टेज का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि मानस जाप, मानस ध्यान, दृष्टि साधन और सूरत शब्दयोग के माध्यम से इंसान आत्मा और परमात्मा का मिलन कर सकता है। उन्होंने कहा कि जन्म मरण जीवन में दुख का सबसे बड़ा कारण है। जिसे छूटने के लिए सत्संग बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि सच्चे संत सदगुरु से युक्ति जानकर सत्संग करनी चाहिए। साधना करते-करते एक दिन इंसान परम तत्व को पा लेगा तथा आवागमन के चक्र से छूटकर सदा-सदा के लिए दुखों से छूट जाएगा। इस माया के संसार में दुख के सिवा कुछ भी नहीं। जिस से छुटकारा पाने के लिए ईश्वर भक्ति ही एक माध्यम है। ईश्वर तक पहुंचने के लिए गुरु ज्ञान का सहारा ही एकमात्र सहारा है।

मौके पर केके वर्मा, उमा पंडित, रविन्द्र कुमार, नवल कुमार साकेत बिहारी, रामखेलावन शर्मा, जयनंदन प्रसाद, माताजी आदि ने सत्संग की सफलता को ले सक्रियता दिखाई। कर्णप्रिय भजनों के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने सत्संग सुधा का आनंद लिया।

भूमि विवाद में दो पक्ष भिड़े, आधा दर्जन जख्मी

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित रजौली थाना क्षेत्र के जोगिया मारण गांव दो चचेरे भाइयों में भूमि  विवाद को लेकर जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों से तीन तीन व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकिसक दिलीप कुमार ने घायलों का इलाज किया।

दोनों पक्षों के घायल व्यक्तियों में प्रदीप कुमार (22वर्ष) पिता गणेश प्रसाद यादव, मिथिलेश कुमार (24वर्ष) पिता राजेंद्र प्रसाद, बिंदा देवी (26वर्ष) पति राम अवतार प्रसाद, अर्जुन प्रसाद यादव (50 वर्ष) पिता बुधन प्रसाद यादव, संगीता कुमारी (20वर्ष) पिता अर्जुन प्रसाद यादव व सुषमा देवी (30 वर्ष) पति बब्लू प्रसाद यादव शामिल हैं।

मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्षों के अभियुक्तों में चार लोगों को हाजत में बंद कर दिया गया।जानकारी के अनुसार अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं किया जा सका है। थानाध्यक्ष सुजय विद्यार्थी ने बताया कि आवेदन मिली है जांच की जा रही है।

श्रद्धांजलि सभा में कुटरी गांव पहुंचे गिरिराज सिंह

नवादा : जिले के वारिसलीगंज प्रखंड के कुटरी गांव स्थित इंटर स्कूल परिसर में गुरुवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भारत सरकार के राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने पहुंचकर स्थानीय  पश्चिमी जिला पार्षद अंजनी कुमार की दादी सह रामभरोसा सिंह की पत्नी मृतक सिया देवी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर संवेदना प्रकट किया। आयोजित राज्य स्तरीय सवर्ण गोत्र महासम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा करना आवश्यक है। धर्म की रक्षा करने से संस्कार बनता है। जरूरत है लोगो को एकजुट होकर इस कार्य को शिखर तक पहुंचने की।

इस अवसर पर वारिसलीगंज विधायक अरुणा देवी, पूर्व  जिला पर्षाद अखिलेश सिंह, जिला पार्षद अंजनी कुमार, भाजपा नेत्री डाक्टर पूनम शर्मा, प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष गौतम कुमार, मृतक के पुत्र उमेश सिंह, सुदर्शन कुमार, पोत्र संजीव कुमार, कन्हैया कुमार, सिकन्दर कुमार, रौशन कुमार के अलावा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता के साथ विभिन्न पार्टी के कार्यकर्ता बुद्धिजिवी आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन अजय कुमार तिवारी, राम बालक सिंह, राकेश नन्दन शर्मा आदि ने संयुक्त रूप से किया।

इससे पूर्व बिहार सरकार के सूचना प्रसारण मंत्री नीरज कुमार, नवादा जिला सांसद चन्दन कुमार  ने जिला पार्षद अंजनी कुमार के दादी के श्राद्ध कार्यक्रम में पहुंच कर मृतक सिया देवी को श्रद्धांजलि दिया।

कार्यक्रम में जिला पार्षद वीरेंद्र कुमार, चुनू कुमार, अनिरुद्ध सिंह, पूर्व जिला पार्षद रामबालक यादव, मथुरा यादव, भाजपा जिलाध्यक्षभूषण कुमार बब्लू, लोजपा  जिलध्यक्ष अभिमन्यु कुमार समेत कई गण मान्य लोग मौजूद थे।

लड़की से छेड़खानी को ले दो पक्षों में जमकर हुई रोड़ेबाजी

नवादा : जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के चमनबाग में दो पक्षों में जमकर रोड़ेबाजी की घटना घटी जिसमें दो लोग घयाल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां ले जाया गया, जहां से चिंताजनक स्थिति में नवादा रेफर किया गया। घायलों में मोहम्मद दिलखुश हुसैन एवं मोहम्मद जियाउल हक शामिल हैं।

गौरतलब हो कि चमन बाग होते हुए एक पक्ष की लड़की प्रत्येक दिन पढ़ाई के लिए जाया करती थी, जहां रास्ते में असामाजिक तत्व के लोग बैठकर लड़कियों पर फब्तियां कसा करते थे। कई दिनों से यह मामला चल रहा था।हारकर लड़की ने मामलें की सूचना अपने परिवार के लोगों को दी। जब लड़की के पिता युवकों को समझाने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे तो कहा सुनी हो गई और एक पक्ष के लोग लड़की के पिता के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों से जमकर रोडे़बाजी हुई।

मामलें की सूचना जैसे ही एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा को मिली दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा लिया व दोनों पक्षों से 5 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में मो. इंतखाब, मो. इजमाइल, मो. आदिल, रंजन कुमार एवं राजीव कुमार शामिल हैं।

घटना के बाद तनाव को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कियागया है। एसडीपीओ ने बताया कि कानून को हाथ में लेने वाले कतई बख्शे नहीं जाएंगे। पुलिस अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। जल्द ही अन्य दोषियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया कि इस मामलें में दोनों पक्ष मिलाकर 18 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।

शांति के लिए दोनों पक्षों से कमेटी गठित :

छेड़खानी के बाद दो पक्षों में जमकर हुई रोड़ेबाजी के मामलें में थानाध्यक्ष सरफराज इमाम की देखरेख में स्थानीय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में दोनों पक्षों से एक कमिटी का गठन किया गया जो दोनों पक्षों में शांति बहाल करने का प्रयास करेंगे।

एसडीपीओ ने बताया कि कमिटी का गठन किया गया है। कमिटी के लोग असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखेंगे। जिस किसी भी पक्ष के द्वारा अशांति फैलाने का प्रयास किया जाएगा, वैसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सीओ सुक्रांत राहुल, बीडीओ डॉ.र अखिलेश कुमार, मुखिया प्रतिनिधि अनिल यादव, लक्ष्मण चौहान, टुनटुन पासवान, बाल्मीकि मेहता, यदुनंदन कुमार, मो. शाहनवाज आलम, मो. शहजाद खान, मो. बलाल खान, मो. इनाम, पंकज कुमार सहित कई अन्य मौजूद थे।

कृषि विभाग के कर्मचारी से एक लाख रुपए छीने

नवादा : नगर में बेखौफ अपराधियों ने कृषि विभाग के कर्मचारी से एक लाख रूपये छिन लिए। इस बावत नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच आरंभ की है।

नगर थाना क्षेत्र के गोनांवा गांव निवासी कृषि विभाग के कर्मचारी सुरेश प्रसाद के अनुसार वे भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा से एक लाख रूपये की निकासी कर टेम्पो से घर वापस लौट रहे थे। गोनावां डाक स्थान के पास भाङा देने के क्रम में मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों ने रूपये से भरा बैग झपटकर भागने में सफल रहा।

घटना की तत्काल सूचना पुलिस को दी गयी। नगर थानाध्यक्ष ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच आरंभ की है। बता दें दीपावली के आते ही नगर में छिनतई की दो दिनों के अंदर दूसरी बङी घटना है। पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में विफल साबित हो रही है।

बैंक मैनेजर ने फाड़ा ग्राहकों का पासबुक

नवादा : जिले के मेसकौर प्रखंड स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के मैनेजर ने ग्राहकों का पासबुक फाड़ दिया। प्रखंड के गंगाबारा पंचायत अन्तर्गत तेरिया ग्राम निवासी दुलो देवी पति दुलार राजवंशी ने कहा हम लाइन में घंटों खड़े रह कर अपनी बारी का इन्तजार किया जब उनके नजदीक पहुंचे  तो गुस्से में चिल्लाते हुए पासबुक हाथ में ले लिया और फिर पासबुक को फाड़ कर फेंक दिया।

बैंक मैनेजर के इस रवैए का विरोध बैंक में रहे अन्य लोगों ने भी किया तथा घटना का जमकर विरोध किया। बताया जाता है कि बैंक मैनेजर ने महिला क़ो धमकी देते हुए  बोला कि जो करना है कर लो हम देख लेंगे।

दुलो देवी रोते हुए बैंक से बाहर निकली, लोग औरत को देखकर और उनके बातें सुनकर आक्रोश में थे। महिला ने संबंधित थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। इस सम्बन्ध में बैंक मैनेजर से बात नहीं हो सकी है क्योंकि उनका मोबाईल नहीं लगा औऱ ऑफिस बंद हो चुका था।

मंझवे फतेहपुर पथ पर धनार्जय एवं तिलैया नदी पर पुल नहीं होने से लोग परेशान

नवादा : जिले के नरहट प्रखंड क्षेत्र के मंझवे-फतेहपुर पथ पर इब्राहिमपुर गांव के पास धनार्जय नदी एवं जलालपुर गांव के पास तिलैया नदी पर पुल नहीं रहने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।

बरसात के दिनों में नदी में पानी अधिक होने के कारण दर्जनों गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क भंग हो जाता है। अगर नरहट के लोगों को फतेहपुर जाना हो तो हिसुआ नवादा होते लंबे रास्ता तय करना पड़ता है। जिससे समय के साथ साथ आर्थिक क्षति होती है। यह समस्या आजादी के पूर्व से प्रखंड के लोग झेलते आ रहे हैं। जरहिया होते मंझवे की तरफ जाना हो तो जलालपुर के पास तिलैया नदी में पुल नहीं रहने के कारण ग्रामीणों को हिसुआ के रास्ते घूमकर जाना पड़ता है।

प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद कई सांसद एवं विधायक बने लेकिन किसी ने नदी पर पुल के लिए अब तक पहल नहीं किया है। जिसके चलते ग्रामीणों में नाराजगी है। प्रखंड के बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों एवं आम लोगों ने सांसद एवं विधायक का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अतिशीघ्र धनार्जय एवं तिलैया नदी पर पुल निर्माण की मांग की है।

कहते हैं ग्रामीण

नदी पर पुल नहीं रहने के कारण हम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रह है। बरसात में जान जोखिम में डाल कर नदी पार करना पड़ता है। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है, विनोद सिंह, गोवासा।

हम लोगों को प्रति दिन आवश्यक काम से नरहट बाजार एवं प्रखंड कार्यालय आना जाना पड़ता है। नदी पर पुल नहीं रहने से लोगों को परेशानी हो रही। सांसद एवं विधायक महोदय को नदी पर पुल निर्माण के लिए पहल करनी चाहिए, सत्येंद्र राजवंशी, डेढ़गांव।

धनार्जय नदी पर पुल नहीं रहने से काफी परेशानी हो रही है। बरसात के दिनों में नदी में पानी आ जाने पर यह परेशानी ज्यादा बढ़ जाती है। आजादी के पूर्व से बदलपुर गांव के लोग यह परेशानी झेल रहे हैं। बच्चों को स्कूल जाना हो या बीमार व्यक्ति को अस्पताल जाना हो बरसात में काफी फजीहत होती है। सरकार को जल्द से जल्द नदी पर पुल का निर्माण कराना चाहिए। जिससे आम लोगों को फजीहत से निजात मिल सके, पवन कुमार, बदलपुर।

नदी के किनारे में गांव है। इब्राहिमपुर से मात्र आठ से नौ किलोमीटर की दूरी पर फतेहपुर है। नदी में पुल नहीं रहने पर फतेहपुर जाने के लिए हिसुआ-नवादा के रास्ते 35 किलोमीटर का दूरी तय करना पड़ता है। जनप्रतिनिधियों से मेरा आग्रह है कि इस नदी पर पुल का निर्माण करा कर लोगों को इस समस्या से निजात दिलाएं, लालो प्रसाद यादव, इब्राहिमपुर।

कहते हैं अधिकारी

नदी पर पुल का निर्माण कब कराया जाएगा अभी इसकी कोई जानकारी मुझे प्राप्त नहीं है। नदी पर पुल नहीं रहने से ग्रामीणों को बरसात में काफी फजीहत होती है, महेश प्रसाद सिंह, सीओ, नरहट।

वन विभाग ने तीन आरा मिल पर की छापेमारी, संचालक फरार

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित रजौली प्रखंड के मुरहेना पंचायत की कसियाडीह, भुपतपुर व बहादुरपुर में अवैध रूप से संचालित आरा मिल पर वन विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की। इस दौरान आरा मिल के संचालक भाग निकले। वन विभाग के रेंजर विवेकानंद स्वामी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मुरहेना कसियाडीह, भूपतपुर, बहादुरपुर में अवैध रूप से तीन आरा मिल संचालित है। सूचना के आलोक में गुरुवार को एसटीएफ के जवानों के साथ तीनों स्थानों पर छापेमारी की गई।

इस दौरान मुरहेना कसयाडीह के शिवनंदन प्रसाद, भूपतपुर के बुद्धन राम, बहादुरपुर के अलखनंदन मिस्त्री के अवैध आरा मिलों जब्त कर लिया गया। आरा मिलों को उखारकर वन कार्यालय लाया गया।

रेंजर ने कहा कि छापेमारी के समय तीनों आरा मिल के संचालक भागने में सफल रहे। तीनों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार चलेगा।

छापेमारी में रजौली फॉरेस्टर वीरेंद्र कुमार पाठक, चेक पोस्ट के फॉरेस्टर रामप्रवेश प्रसाद, वनरक्षी ऋषि कुमार, सिरदला के वनरक्षी मुकेश कुमार सहित एसटीएफ के जवान और कई अन्य वन कर्मी मौके शामिल थे।

गौरतलब हो कि रजौली का भौगोलिक क्षेत्र आधा से अधिक जंगली इलाके से जुड़ा हुआ है। इसी वजह से जंगल से चोरी-छिपे लकड़ी लाकर इन अवैध आरा मिलों पर बेचते हैं। जहां अवैध लकड़ी की खरीदारी आरा मिल के मालिक के द्वारा किया जाता है।

बता दें  रजौली में अभी भी कई ऐसे आरा मिल चल रहे हैं जिनके पास कोई लाइसेंस नहीं है। फिलहाल, वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध आरा मिल संचालकों में हड़कंप है। बता दें इसके पूर्व सिरदला प्रखंड क्षेत्र में छापामारी कर अबैध आरा मिल को जब्त किया जा चुका है।

किशोरी के साथ युवक ने की छेड़खानी

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित रजौली थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ गांव के ही  युवक ने छेड़खानी की। इस बाबत किशोरी की मां ने मठ यादव के खिलाफ थाने में आवेदन देकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

थाना को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि किशोरी बकरी चराने के लिए गांव से कुछ दूर गई थी। इस दौरान आरोपित वहां पहुंचा और छेड़खानी करने लगा। इसके बाद किशोरी को पुल के नीचे ले जाने की कोशिश की। तब पीड़िता शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर आसपास रहे लोग दौड़ पड़े। लोगों को आते देख आरोपित भाग निकला।

घटना के बाद गांव के कुछ लोगों ने समझौता कराने की भी कोशिश की। लेकिन पीड़िता की मां आरोपित पर कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ी रही।

इधर, थानाध्यक्ष सुजय विद्यार्थी ने बताया कि आवेदन के आलोक में जांच की जा रही है। उसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

बता दें रजौली में इस प्रकार की घटना आम हो गयी है। कारण स्पष्ट है थानाध्यक्ष द्वारा आवेदन  के बावजूद मामले को दबाया जाना। ऐसे में घटनाएं कमने के बजाय दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है।

धनतेरस को ले बाजारों में चहल-पहल बढ़ी

नवादा : जिले में दीपावली का पावन पर्व शुक्रवार को धनतेरस के साथ शुरू हो गया है। धनतेरस से ही दीपावली पर्व की शुरुआत मानी जाती है। यह कार्तिक मास कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को मनाया जाता है जो कि इस साल 25 अक्टूबर को मनाया जा रहा है। धनतेरस को लेकर शहर के बाजार तैयार है। धीरे-धीरे लोगों ने खरीदारी भी शुरू कर दी है। मान्यता है कि इस दिन खरीद कर अपने घर नया सामान सोना,चांदी और बर्तन लाने से पूरे साल मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। धनतेरस के मौके पर सोने की खरीदारी का विशेष प्रचलन होने सोने व चांदी के दामों में भी खासी तेजी देखने को मिलती है।

इस बार त्रयोदशी तिथि 25 अक्टूबर शाम 4:30 से 26 अक्टूबर को दोपहर बाद 2:00 बजे तक है। ऐसे में धनतेरस के दिन शाम 4:30 बजे से रात तक खरीदारी की जा सकती है। धनतेरस के धार्मिक महत्व की बात करें तो इस दिन देवताओं के वध भगवान धन्वंतरि की पूजा करने का विधान है।

क्षमता के अनुसार खरीदारी करते हैं लोग :

दीपावली के लिए पूजा में प्रयुक्त होने वाली कई बर्तन अपनी क्षमता के अनुसार लोग खरीदारी करते हैं। जिसमें स्टील से लेकर पीतल तांबे एवं अन्य धातुओं के साथ साथ सोने एवं चांदी के बर्तनों की भी खरीद की जाती है। इस अवसर पर बर्तन बाजार में दुकानदारों द्वारा अपने पुराने ग्राहकों को कुछ ऑफर या डिस्काउंट भी दिया जाता है।

धनतेरस पर बर्तन के बाजारों में रौनक बिक्री अच्छी होने की उम्मीद :

धनतेरस को लेकर  बर्तनों के बाजार सज गए हैं। बर्तन दुकानदार ने बताया कि इस बार धनतेरस में बिक्री अच्छी होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा भीड़ धनतेरस को लेकर दो दिन पहले से ही वृहत पैमाने पर होने लगती है। उस दिन भीड़ इतनी हो जाती है कि दुकानों में ग्राहकों के लिए जगह कम पड़ जाता है। दुकानदार ने बताया कि स्टील के बर्तनों के साथ चमचों की सबसे अधिक बिक्री होती है।तांबे पीतल जैसी धातुओं के बर्तन भी बिकते हैं।

धनतेरस पर खरीदारी के मुहूर्त :

रजौली निवासी मां भगवती ज्योतिष वेद विज्ञान के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित वेद मूर्ति प्रियवत शास्त्री ने कहा कि धनतेरस पर स्थिर और अस्थिर लग्न को विचार कर खरीदारी करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि शाम 6:35 बजे से रात 8:30 बजे तक प्रॉपर्टी जमीन, जायदाद मकान,दुकान आभूषण सोना चांदी एवं अन्य कीमती धातु के लिए सबसे उत्तम मुहूर्त है। जबकि रात 8:30 बजे से रात 10:44 बजे तक दो पहिया व चार पहिया वाहन टीवी फ्रिज एसी लैपटॉप मोबाइल आदि खरीदने का शुभ मुहूर्त है।

घर घुसकर किशोरी के साथ दुष्कर्म

नवादा : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया। इस बावत पीङित के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच आरंभ की है।

बताया जाता है कि किशोरी घर में खाना बना रही थी। घर में अकेली देख पङोसी रामानन्द मांझी घर में घुसकर अंदर से कि बाङ बंद कर जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

स्वजनों के घर पहुंचने पर पीङिता ने आपबीती सुनायी। जबतक आरोपी की खोजबीन आरंभ की तबतक घर छोङ फरार हो ने में सफल रहा।

पीङित के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच आरंभ की है। पीङिता की चिकित्सकीय जांच के बाद न्यायालय में बयान कलमबंद कराये जाने के की प्रक्रिया आरंभ की गयी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी आरंभ की है।

सर्पदंश से स्कूली छात्र की मौत, पथ जाम

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित कौआकोल प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बरैयाडीह में सर्पदंश से स्कूली छात्र की मौत हो गयी। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने रोह-कौआकोल पथ को घंटों जाम किया। बाद में प्रधानाध्यापक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने व मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद जाम को वापस लिया गया।

बताया जाता है कि पंसगवा गांव के प्रथम वर्ग के छात्र रितिक कुमार विद्यालय में पढने के लिए जैसे ही वर्ग में प्रवेश किया पूर्व से बैठे सर्प की चपेट में आ गया। शिक्षकों को सूचना के बावजूद वे परिजनों के आने का इंतजार करते रहे। परिजन इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गये जहां मौत हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने कौवाकोल रोह पथ को किया जाम कर दिया पंसगवा के छात्र बरैया डीह प्राथमिक विद्यालय मैं पढ़ाई करता था।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक के पिता साधु यादव के बयान पर शिक्षक के विरुद्ध लापरवाही बरतने की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच आरंभ की है।

रेलवे के निजीकरण के विरुद्ध छात्रों का फूटा गुस्सा

नवादा  : जिले में रेलवे निजीकरण के विरुद्ध छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है। छात्रों ने न केवल नवादा रेलवे स्टेशन पर लाइन पर धरना दिया बल्कि रेल मंत्री का अर्थी जुलूस निकाल पुतला दहन किया।

सुबह से ही छात्रों का जमावड़ा रेलवे परिसर में लगना आरंभ हुआ। दस बजते-बजते हजारों छात्रों के पहुंचते ही हाथों में तख्तियां ले नारे लगाते रेलवे लाइन को जाम कर दिया विरोध प्रदर्शन किया तथा घंटों जाम किया। रेलवे लाइन के जाम रहने से ट्रेनों को जहां तहां रोक दिया गया। बाद में रेल मंत्री का अर्थी जुलूस निकाल नगर के विभिन्न पथों का भ्रमण कर प्रजातंत्र चौक के पास पुतला दहन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here