24 जून : आरा की मुख्य ख़बरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

राजद में टूट से शाहाबाद की राजनीति में आया भूचाल

आरा : बिहार में राजद की टूट का जबरदस्त शहाबाद क्षेत्र की राजनीति पर असर पड़ा है। राजद को शाहाबाद की राजनीति में जोर का झटका लगा है। वजह यह कि मंगलवार को राजद के जिन पांच एमएलसी ने पार्टी छोड़ी है उनमें राधाचरण साह और रणविजय सिंह शाहाबाद क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। इनमें राधाचरण साह; आरा- बक्सर स्थानीय निकाय चुनाव के निर्वाचित वर्तमान एमएलसी हैं।

आरा और बक्सर जिले में राजद की राजनीति में इनकी गहरी पैठ रही है। ये आरा शहर के रहने वाले हैं। इनका गांव बड़हरा प्रखंड के नेकनाम टोला में है। इन्होंने वर्ष 2016 में राजद महागठबंधन की तरफ से आरा-बक्सर स्थानीय निकाय चुनाव में लोजपा के तत्कालीन एमएलसी हुलास पांडेय को पराजित किया था। रणविजय सिंह बड़हरा विधानसभा में कोईलवर प्रखंड के राजापुर गांव निवासी हैं। इनका रहना और कार्यक्षेत्र पटना रहा है।

swatva

राजद ने रणविजय सिंह को वर्ष 2016 में अपने कोटे से एमएलसी बनाया था। राधाचरण साह और रणविजय सिंह दोनों लालू परिवार के काफी निकट थे। लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव के ऐन पहले राधाचरण के इस राजनीतिक फैसले का आरा और बक्सर संसदीय क्षेत्र पर गहरा प्रभाव पड़ेगा । ऐसे में आरा बक्सर स्थानीय निकाय चुनाव में राजनीतिक उलटफेर हो सकता है। इनके राजद छोड़ने के कारणों की चर्चा है। पहला विधानसभा चुनाव में आरा क्षेत्र से किसी अपने को जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ाना और उसके बाद आरा-बक्सर स्थानीय निकाय चुनाव में अपने को प्रत्याशी बनाना।

राजद में टूट के साथ ही पार्टी इस नुकसान की भरपाई में लग गई है। इसके लिए राजद में अगड़ा कार्ड खेला है। इसके लिए राजद ने एनडीए में सेंध लगा दी है। राजद की इस राजनीति के तहत लोजपा के श्री कुमार सिंह और छोटे सिंह राजद में शामिल होंगे। श्री कुमार सिंह आरा विधानसभा में लोजपा-राजद गठबंधन के प्रत्याशी रह चुके हैं। वे तत्कालीन विधानसभा चुनाव में कम वोट के अंतर से भाजपा के अमरेंद्र प्रताप सिंह से हारे थे। श्रीकुमार से वैशाली के पूर्व सांसद रामा सिंह खेमे के माने जाते हैं।

गांगी नदी में गिरे युवक का चार दिन बाद मिला शव

आरा : शहर के गांगी पुल के समीप चार दिन पहले गांगी नदी में गिरे युवक का शव बरामद कर लिया गया है। उसका शव बुधवार की दोपहर बड़हरा थाना क्षेत्र के नेकनाम टोला गंगा घाट से बरामद किया गया। मृत युवक टाउन थाना के गौसगंज निवासी रामजी यादव के 36 वर्षीय पुत्र कुश यादव है।

बताया जाता है कि युवक शुक्रवार की रात गांगी पुल से नदी में गिर गया था। तब युवक द्वारा छलांग लगाये जाने की बात कही जा रही थी। इसके बाद लोगों ने काफी खोजबीन की थी, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था। एसडीआरएफ की टीम व स्थानीय मछुआरों ने भी दो दिनों तक खोजबीन की थी। इसके बावजूद उसके शव की खोज नहीं की जा सकी थी।

इस बीच बुधवार की दोपहर बड़हरा प्रखंड के नेकनाम टोला गांव के लोगों को घाट के समीप एक शव दिखा। इसकी सूचना युवक के परिजनों को मिली। इस पर उसके परिजन वहां पहुंचे और कपड़ों से पहचान की। सूचना मिलने पर बड़हरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिये आरा सदर अस्पताल में भेज दिया गया।

परिजनों के अनुसार कुश यादव चार दिन पूर्व शौच के लिए गांगी पुल के पास गया था। पैर फिसल जाने के कारण वह गांगी नदी में गिर गया था। रात करीब 9 बजे तक घर नहीं पहुंचे तो काफी खोजबीन शुरु की। लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था।

वहीं शव मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। मां ललमुना देवी व पत्नी शोभा देवी सहित घर के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। बताया जाता है कि वह चार भाई व दो बहन में पांचवें स्थान पर था। उसके परिवार में दो पुत्री नेहा, काजल और एक पुत्र ऋषभ है।

मवेशी चराने गये अधेड़ की कुम्हरी नदी में डूबने से मौत

आरा : भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के घोड़पोखर गांव में मंगलवार की शाम कुम्हरी नदी में डूबने से एक अधेड़ की मौत हो गई। मवेशी चराने गये अधेड़ कुम्हरी नदी पार करने में डूब गये। ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद मृतक के शव को पानी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गयी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल लाया गया।

जानकारी के अनुसार मृतक घोड़पोखर गांव निवासी नंद कुमार सिंह है। बताया जाता है कि मंगलवार की दोपहर वह मवेशी चराने गये थे। शाम को घर वापस आने के लिए कुम्हरी नदी पार कर रहे थे। पानी का अंदाजा नहीं मिलने के कारण वह कुम्हरी नदी में डूब गए और उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर लोग पहुंचे और तलाश शुरू कर दी गयी। काफी प्रयास के बाद उनको बाहर निकाला गया। तबतक उनकी मौत हो चुकी थी। इस हादसे के बाद उनके घर में कोहराम मचा है। एक पुत्र अतीश कुमार है।

शौच करने गये युवक की पोखरा में डूबने से मौत

आरा : जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दूधनाथ बाबा के समीप सियारहा पोखरा में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा बुधवार की सुबह शौच करने के दौरान हुआ। ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया।

घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंचा और शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया।मृत युवक पूर्वी मोहल्ला वार्ड नंबर-18 चमरटोली निवासी स्व. गुलाब राम का 37 वर्षीय पुत्र जनार्दन राम है।

बताया जाता है कि वह सुबह शौच करने के लिए पोखरा के पास गया था। इस बीच उसका पैर फिसल गया और वह पोखरा में डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि मृत युवक पांच भाई व पांच बहन में पांचवें स्थान पर थे। उसके परिवार में मां दरपनी कुंवर, पत्नी रमावती देवी, दो पुत्र आलोक कुमार, रजनीश कुमार व एक पुत्री अंजू कुमारी है। मौत के बाद उसके घर में कोहराम मचा है। मां दरपनी कुंवर व पत्नी रमावती देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

नदी में नहाने गए युवक की डूबने से हुई मौत

आरा : भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के रंडाडीह गांव में सोमवार की सुबह छेर नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। उसका शव बुधवार की सुबह बरामद किया गया। वहीं घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी मची है। मृत युवक रंडाडीह गांव निवासी विनय कुमार यादव का 19 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार यादव है।

बताया जाता है कि गौतम सोमवार की सुबह वह अपने दोस्तों के साथ छेर नदी में नहाने गया था। नदी में पानी अधिक होने के कारण वह डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोस्तों ने हो-हल्ला मचाया। घटना की सूचना पर ग्रामीण पहुंचे और नदी में काफी खोजबीन की लेकिन सोमवार को उसका नदी से उसका शव नहीं मिल पाया था।

बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने फिर से प्रयास शुरू किया। काफी देर के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया।

बताया जाता है कि मृत युवक दो भाई व एक बहन में छोटा था। उसके पिता खेती-गृहस्ती कर परिवार का पालन पोषण करते है। उसके परिवार में रूना देवी, भाई सचिन कुमार और एक बहन पुष्पा देवी है।घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। मां रूना देवी व परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

अइसा ने विकेयू द्वारा परीक्षा लेने के निर्णय पर जताया आक्रोश की नारेबाज़ी

आरा : आज छात्र संगठन आइसा सैकड़ों छात्रों ने स्नातक और स्नातकोत्तर की होने वाली परीक्षाओं को रद्द करने के सवाल पर वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग के समक्ष प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रोशपूर्ण नारेबाजी की।

इस प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आइसा राज्य सचिव सबीर कुमार ने कहा कि कोरोना महामारी में जहाँ कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है ऐसे समय मे विश्वविद्यालय प्रशासन का स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षा आयोजित करने का निर्णय पूरी तरीके से गैर संवेदनशील है। विश्वविद्यालय प्रशासन इस महामारी में छात्रों और अध्यापकों की जान को खतरे में डालकर परीक्षा नहीं ले सकती। विश्वविद्यालय प्रशासन सभी छात्रों को अगले सत्र में प्रोन्नत करे।

आइसा जिलाध्यक्ष पप्पू कुमार ने कहा कि ये वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय चार जिलों में एक ही है ऐसे में जब ट्रेनें बंद है और शहर में महाजाम लग रहा है तो अलग-अलग जिलों से छात्र कैसे परीक्षा देने आ पाएँगे। अभी स्नातक का परीक्षा फॉर्म भरा जा रहा है, छात्रों की भीड़ उमड़ी हुई है। शारिरीक दूरी का कोई पालन नहीं हो रहा है। इसका जिम्मेवार कौन है? विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा लेने का निर्णय वापस ले और सभी परीक्षाओं को रद्द करे।

विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक लतिका वर्मा ने छात्रों से वार्ता की और सभी मुद्दों को पूरा करने का आश्वासन दिया।इस प्रदर्शन में आइसा राज्य सचिव सबीर कुमार, जिला सचिव रंजन कुमार, जिलाध्यक्ष पप्पू कुमार, इंनौस जिलासंयोजक शिवप्रकाश रंजन, चंदन कुमार, अमन कुमार, तिरूपति रौशन, रविकांत, धर्मदेव कुमार सहित सैकड़ों छात्र मौजूद थे।

चर्चित रेप कांड के आईओ समेत जिले के छह इंस्पेक्टरों का स्थानांतरण

आरा : आसन्न विधान सभा चुनाव के मद्देनज़र भोजपुर जिले के छह पुलिस इंस्पेक्टरों का तबादला कर दिया गया। इन सभी को शाहाबाद के ही दूसरे जिले में भेजा गया है। इनमें भोजपुर व पटना के चर्चित रेप कांड के आईओ चंद्रशेखर गुप्ता भी शामिल हैं।

शाहाबाद क्षेत्रीय पर्षद की बैठक मे लिये गये निर्णय के आधार पर डीआईजी पी. कन्नन ने सभी का स्थानांतरण किया है। इसे लेकर आदेश जारी कर दिया गया है। भोजपुर के जिन इंस्पेक्टरों का तबादला किया गया है। उनमें चंद्रशेखर गुप्ता, संजय कुमार सिन्हा, सुबोध कुमार, धर्मेंद्र भारती, निर्मल कुमार एवं अरविंद कुमार शामिल हैं। वहीं दूसरे जिले से भी जग निवास सिंह, नागेश्वर यादव, धर्मेंद्र कुमार, कमलेश्वर कुमार समेत छह इंस्पेक्टर को भोजपुर भेजा गया है।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर कार्यक्रम

आरा : शहर के रौजा मुहल्ले में भारतीय जनता युवा मोर्चा , आरा नगर द्वारा जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर उनके तैल्यचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया।

इस अवसर पर युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सोनी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि आज के समय में कश्मीर से धारा 370 और 35A को हटाकर देश को अखंड बनाने का मार्ग जो प्रशस्त हुआ है। ये उनकी ही देन है।

इस अवसर पर युवा मोर्चा आरा नगर अध्यक्ष नीरज सोनी, पूर्व नगर अध्यक्ष मुन्ना कुशवाहा, शैलेन्द्र कुमार, डॉ. संदीप कुमार, मणिशंकर सिंह, सुनील कुमार, रानू चौरासिया, धीरज सोनी, रितेश कुमार वर्मा, चंदन सिंह, प्रशांत मिश्रा, सन्नी कुशवाहा समेत अन्य सदस्य उपस्थित हो कर श्याम प्रसाद मुखर्जी को याद किया।

कुदाल से प्रहार कर की बुजुर्ग की ह्त्या

आरा : भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के राजपूतान पचैना गांव में मंगलवार की देर शाम घरेलू विवाद में एक बुजुर्ग की कुदाल से मार करके हत्या कर दी गई। घटना को लेकर गांव तथा आसपास के इलाके में सनसनी मच गई। हत्या का आरोप मृतक के करीबी पर लगा है।

जानकारी के अनुसार मृतक राजपूतान पचैना गांव निवासी स्वर्गीय शिवजी सिंह के 60 वर्षीय पुत्र रवींद्र सिंह है। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले आई। इस सम्बन्ध में सम्बंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है |

कोइलवर थानाध्यक्ष ने बताया कि छोटे भाई ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर जमीन के एक तुकडे के लिए अपने बड़े भाई को कुदाल से मार कर हत्या कर दी | पुलिस ने छोटे भाई और उसकी पत्नी को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है |

विद्युत करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत

आरा : भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के मसाढ़ टोला गांव में मंगलवार की देर शाम विद्युत करंट लगने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना को लेकर गांव में अफरा-तफरी मची रही।

जानकारी के अनुसार मृतक उदवंतनगर के मसाढ़ टोला गांव निवासी 65 वर्षीय लालपति यादव हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम बुधवार की सुबह सदर अस्पताल में करवाया। हादसे के बाद मृतक के घर में हाहाकार मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

जिला संरक्षण ईकाई ने मिलवाया बच्ची को परिजनों से

आरा : जिला बाल संरक्षण इकाई भोजपुर की सहायक निदेशक रश्मि चौधरी एवं इकाई की पूरी टीम के त्वरित प्रयास से खोई हुई बच्ची डॉली खातून को उसके घरवालों को सुपुर्द किया गया।

विदित हो कि रविवार की देर शाम कोइलवर थाना से एडीसीपी रश्मि चौधरी को दूरभाष से सूचना दी गयी कि एक आठ-नौ वर्ष की बच्ची भटकती हुई पायी गयी है। इसके माता पिता एवं घर का पता नही ज्ञात हो रहा है। एडीसीपी द्वारा थानाध्यक्ष को तुरन्त पत्र के साथ बच्ची को सुपुर्द करने का निर्देश दिया गया।

बच्ची को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में आवासित कराया गया एवं लगातार कांउसलिंग की जाती रही। इसी बातचीत के दौरान संस्थान के कर्मियों को बच्ची के घर का पता मिल गया। उक्त बच्ची कोइलवर के कायमनगर की पायी गयी। बुधवार को बछि को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर उसके माता-पिता के हवाले किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here