22 जुलाई : बक्सर की मुख्य ख़बरें

0
बक्सर की मुख्य ख़बरें

कोरोना का कहर, डाकघर में भी लटका ताला

बक्सर : मुख्य डाकघर पर कोरोना के कारण ताला लटक गया है। यहां काउंटर पर काम करने वाले एक कर्मी को संक्रमित पाया गया है। इसकी वजह से मुनीम चौक स्थित मुख्य शाखा को अगले आदेश तक के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है। डाकघर के कर्मियों ने पूछने पर बताया कि शाखा को फिलहाल सेनेटाइज करने के लिए बंद किया गया है। सभी कर्मचारियों की जांच भी करायी जानी है। इसके बाद विभाग का जो निर्देश होगा। उसके अनुरुप कार्य किया जाएगा।

जिले में कोरोना से दो लोगों की मौत

बक्सर : कोविड 19 का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को जिले के दो लोगों की मौत इस वजह से होने की सूचना मिली। पिछले चार माह के दौरान यह पहला मौका रहा। जब दो लोगों की मौत सामने आई। सूचना के अनुसार सिविल लाइन के रहने वाले अधिवक्ता गुड्डू सिंह उर्फ संजय सिंह(48) की मौत हुई है। वे जांच में पॉजिटिव पाए गए थे। सूत्रों के अनुसार वे होम आइसोलेशन में रह रहे थे। उनका स्वास्थ्य जब अचानक खराब हुआ तो उन्हें पटना ले जाया जा रहा था। लेकिन, उनकी मौत हो गई।दूसरी मौत इटाढ़ी के चौकीदार ओम प्रकाश यादव (50) की हुई है। उन्हें उपचार के लिए पटना एम्स में दाखिल गया था। वहां 20 जुलाई को ही उनकी मृत्यु हो गई थी। जांच में उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। उनका दाह संस्कार सोमवार की रात को बक्सर में हुआ था। इसकी तस्दीक सदर एसडीओ केके उपाध्याय ने की।

swatva

कोरोना काल में न्यायालय से जुड़े पांच लोगों की मौत

बक्सर :कोरोना काल में न्यायालय कार्य से जुड़े पांच लोगों की मौत हो गई है। 21 जुलाई को सिविल लाइन के अधिवक्ता गुड्डू सिंह की मौत के बाद यह चर्चा आम है। सूत्रों के अनुसार थाना रोड के रहने वाले एपीपी अनिल शरण के अलावा वहीं पास में रहने वाले स्टांप वेंडर नंदलाल की मौत भी हाल के दिनों में हुई है। इसके अलावा नियाजीपुर के रहने वाले अधिवक्ता पारस पाठक का भी देहांत हुआ है। वे नगर के सिविल लाइन मुहल्ले में रहते थे। इसी बीच चरित्रवन में रहने वाले अधिवक्ता अशोक पांडेय की मौत भी पिछले सप्ताह ही हुई है।

जिले में मिले 37 नए पॉजिटिव मिले, 527 पहुंचा आंकड़ा

  • राजपुर, नावानगर, डुमरांव और चौसा में फैला संक्रमण

बक्सर : जिले में कोरोना का संक्रमण अब 500 के आंकड़े को पार कर गया है। यह समझने की भूल नहीं करनी है। कोई इलाका सुरक्षित है। आज 22 जुलाई की रिपोर्ट बात रही है कुल 37 नए मरीज सामने आए हैं। हालांकि रिपोर्ट जिला मुख्यालय से हटकर जिले के अन्य हिस्सों की है। जिसमें डुमरांव, नावागनर, राजपुर और चौसा प्रखंड शामिल हैं। नए केस के साथ अब जिले का कुल आंकड़ा 527 पहुंच गया है। जो परेशान करने वाला हैं।क्योंकि जिले में सक्रिय रोगियों की संख्या 214 पहुंच गई है। यह अबतक का सबसे सर्वाधिक आंकड़ा है। चौसा में प्रखंड कार्यालय और दुर्गा मंदिर समेत कुल सात लोग संक्रमित मिले हैं। नौ केस राजपुर प्रखंड से हैं। इनमें राजपुर मुख्यालय से दो और अन्य सात मामले बन्नी पंचायत से संबंधित हैं। इसी तरह डुमरांव नगर में दस पॉजिटिव केस सामने आए हैं। जबकि सर्वाधिक 11 मामले नावानगर प्रखंड से हैं। जिसमें वहां का अस्पताल भी शामिल है।

अलग-अलग घटना में डूबने से दो की मौत

बक्सर : जिले में आज मंगलवार को डूबने से दो की जान चली गई। एक जगह छोटा बच्चा डूब गया। दूसरी जगह अधेड़ व्यक्ति नदी में डूब गया। सूचना के अनुसार पहली घटना कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के छतनवार गांव के पास हुई। वहां आहर में डूबने से छह वर्षीय बालक डूब गया। परिजन बच्चे की तलाश करते रहे। लेकिन अमित का कहीं पता नहीं चल रहा था। जानकारी के अनुसार मंगलवार को घर के सभी सदस्य काम करने के लिए बधार में निकले हुए थे। घर पर बच्चे हीं थे।घर के कुछ दूर पर ही आहर है। जहां बच्चा खेल रहा था। जब घर के कुछ सदस्य वापस आए तो देखा बच्चा गायब है। तलाश शुरू हुई तो आहर के पास उसके चप्पल और गाड़ी मिली। लोग पानी में उसकी तलाश करने लगे। जहां उसका शव मिला। परिजन कृष्णाब्रह्म के निजी अस्पताल में उसे ले गए। लेकिन, उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों के अनुसार वह परमात्मा पासवान का पुत्र है।

मछली मारने में डूबा अधेड़

बक्सर : दूसरी घटना गायघाट गांव के पास हुई। जहां भरिया गांव निवासी रामविलास बिंद (55)नाम का अधेड़ व्यक्ति धर्मावती नदी में मछली मार रहा था। उसके साथ कुछ ऐसी अनहोनी हुई की वह डूब गया। यह इलाका ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सूचना के अनुसार यह घटना शाम के वक्त की है। जब उसका शव गांव घर पहुंचा तो परिवार में रोना-धोना मच गया।

लिट्टी दुकानदार की हत्या कर कब्रिस्तान में दफनाया था शव

शव का अवलोकन करते एसपी यूएन वर्मा व अन्य

बक्सर : ठेले पर लिट्टी बेचने वाले दुकानदार की हत्या कर शव को कब्रिस्तान में दफना दिया गया था। मृतक शिवधनी राम (60) का शव आज पुलिस की देखरेख में कब्र से निकाला गया। जिसे सिविल लाइन के पास स्थित जंगलबास कब्रिस्तान में दफनाया गया था। सूचना मिलने पर पहले नगर थाने की टीम पहुंची। कुछ देर बाद डीएसप सतीश कुमार व एसपी उपेन्द्र नाथ वर्मा वहां पहुंचे।

कब्रिस्तान में पड़ा रामधनी का शव

परिजनों ने बताया वे सोमवार से ही लापता थे। हम लोग उनकी तलाश कर रहे थे।आज मंगलवार को सूचना मिली। एक व्यक्ति को कब्रिस्तान में दफनाया गया है। उसके शरीर का एक अंग बाहर दिख रहा है। हम पहुंचे तो पता चले वे हमारे पिता ही हैं। शिवधनी के पुत्रों के अनुसार उनका विवाद पड़ोस के ही कुछ लोगों से हैं। हमारी जमीन पहले मठिया मुहल्ला शिवपुरी के पास थी। जिसे पिता ने बेच दी। फिर वे छोटकी सारीमपुर चले गए। दो दिन पहले उसी विवाद में वे नोटिस आया था। उसमें पेशी पर भी गए थे। हमें शक है उसी मामले में हत्या हुई है। उन लोगों ने दो युवकों का नाम भी पुलिस को बताया।

हत्या कैसे हुई है, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है। पूछने पर एसपी उपेन्द्रनाथ वर्मा ने बताया चेहरे और सर पर चोट के निशान हैं। लेकिन, हत्या कैसे की गई। यह पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया मृतक के दो पुत्र हैं। जिनके नाम प्रमेचंद व अमर कुमार राम है। चार बेटियां भी थी। उनकी शादी हो चुकी है।

चंद्रकेतु पांडेय

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here