2 सितंबर : बक्सर की मुख्य ख़बरें

0
बक्सर की मुख्य ख़बरें

डीडीसी योगेश कुमार ने दिया योगदान

  • पूर्व डीडीसी अरविंद कुमार व अनुज को दी गई विदाई
नए डीडीसी का स्वागत करते एडीएम चन्द्रशेखर झा

बक्सर : मंगलवार को जिले के नए उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद योगेश कुमार सागर ने योगदान दिया। समाहरणालय सभागार में आयोजित संयुक्त बैठक के दौरान उनका स्वागत किया गया। साथ ही पूर्व डीडीसी अरविंद कुमार एवं उप समाहर्ता स्तर के पदाधिकारी कुमार अनुज को विदाई दी गई। कक्ष में जिलाधिकारी अमन समीर, एडीएम चन्द्रशेखर झा आदि मौजूद थे। सभी ने आने वाले एवं जाने वाले दोनों को शुभकामनाएं दी।

सबका ध्यान नए डीडीसी योगेश कुमार सागर पर था। वे 2017 बैच के आइएएस पदाधिकारी हैं। हाल ही में उनका तबादला यहां हुआ है। इससे पहले वे अनुमंडल पदाधिकारी का कार्य भी कर चुके हैं। अनुभव की श्रृखंला में यह उनका दूसरा जिला है। वे यहां क्या करते हैं। इस पर सभी की नजर रहेगी।

swatva
अरविंद कुमार को शुभकामनएं देते डीएम अमन समीर

अभिनंदन सह विदाई समारोह के दौरान सभी विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। परिचय का दौर भी चला। वहीं सदर अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण कुमार उपाध्याय व उप निर्वाचन अधिकारी आशुतोष राय ने अपने विचार भी रखे। उन्होंने जाने वाले पदाधिकारियों को उर्जावान बताया। और कार्यकाल को चुनौती पूर्ण भी।

पटना-बक्सर के बीच ‘सटल’ का परिचालन हुआ शुरू

बक्सर : वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए लगाए गए लॉकडाउन के बाद एक लंबे अंतराल के बाद पटना-बक्सर के बीच पैसेंजर ट्रेन ‘सटल’ का परिचालन आज बुधवार से शुरू हो गया। सूचना के अनुसार बुधवार की सुबह ट्रेन फतुहा (पटना) के लिए रवाना हुई है ।

फ़िलहाल यह इलकौती सवारी गाड़ी होगी जिसका परिचालन लॉकडाउन के बाद शुरू किया गया है, जिसे स्पेशल बनाकर चलाया जा रहा है। इस वजह से डाउन में गाड़ी संख्या 03262 होगा। जो यहां से सुबह 4:55 में फतुहा के लिए रवाना होगी।

शाम में 5:30 बजे के लगभग पटना से बक्सर के लिए रवाना होगी। अप के लिए संख्या 03261 होगा। वैसे यह पुरानी सटल ही है। जिसका नंबर 63262 एवं 63261 हुआ करता था। लेकिन, फिलहाल उसे नए नंबर से चलाया जाना है। यह ट्रेन 2 सितम्बर से 15 तक इसी नंबर से चला करेगी।

इस संबंध में पूछे जाने पर स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि दानापुर से इसको हरी झंड़ी मिल गई है। मंगलवार रात 12 बजे के बाद से ही टिकट काउंटर खुलने की बात बताई गई । जो पिछले 22 मार्च से बंद थे। वही लोकल ट्रेन के परिचालन आम जिन्दगी की गाड़ी भी अब पटरी पर दौड़ने की उम्मीद लोगों जताया।

पूर्व राष्ट्रपति के निधन पर दी गयी श्रद्धांजलि

बक्सर : भारत के पूर्व राष्ट्रपति व भारत रत्न प्रणव मुखर्जी का सोमवार देहावसान हो गया। सभी संगठनों ने उनके प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने भी प्रणव दा को श्रद्धांजलि दी है।उन्होंने कहा यह एक युग का अंत है। वहीं सामाजिक एवं राजनीतिक लोगों ने भी पूर्व राष्ट्रपति के निधन पर दुख ब्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दिया।

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष तथागत हर्षवर्द्धन ने राष्ट्रपति का निधन देश के लिए बडी क्षति बताया। उन्होंने कहा जब-जब कांग्रेस पार्टी पर संकट आता था । तो बडे ही सूझ-बुझ के साथ मार्गदर्शन करते थे। पार्टी को संकटों से उबारते रहे।वे हमेशा हमारे दिल में रहेंगे। श्रद्धान्जलि देने वालों में काग्रेसी नेता ठाकुर दयाल पाण्डेय, कमलेश पाल, भाजपा प्रवक्ता प्रमोद मिश्रा, अमरेन्द्र पाण्डेय आदि ने शोक संवेदना व्यक्त की है।

बक्सर पत्रकार संघ ने भी पूर्व राष्ट्रपति प्रणव दा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।संघ के अध्यक्ष अविनाश उपाध्याय ने कहा अटल बिहारी बाजपेई के बाद यह दूसरा नेता हैं। जो सभी के प्रिय और चहेता रहे। उनके असहज चले जाने से राष्ट्र की अपूरणीय क्षति हुई है। संघ के तरफ से वरिष्ठ पत्रकार और संघ के संरक्षक राम इकबाल ठाकुर , सचिव रवि मिश्रा,ओमकार मिश्रा,बंटी,संजय उपाध्याय,अरबिन्द चौबे, मंगलेश तिवारी, चन्द्रकेतु पाण्डेय,राजेश रंजन,सुधीर श्रीवास्तव, बिनोद कुमार , मोईन ,सत्य प्रकाश पाण्डेय के अलावे अन्य सभी पत्रकारों ने श्रद्धान्जलि निवेदित किये।

शव दफनाने को लेकर गांव में तनाव

  • मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद को सुलझाया

बक्सर : शव दफनाने को लेकर मंगलवार को तेतरहर गांव में विवाद खड़ा हो गया। मामला नावानगर थाने पहुंचा। सांप्रदायिक तनाव की डर से वहां की पुलिस के हाथ-पांव फूलने लगे। तत्काल अनुमंडल प्रशासन के अधिकारियों को सूचना मिली। वहां से जिले की घंटी बजने लगी। दस बजते-बजते वहां कई पुलिस पदाधिकारी जा धमके।

डुमरांव अनुमंडल के एसडीपीओ केके सिंह व एसडीओ हरेन्द्र राम भी पहुंचे। पता चला, महिला का जनाजा लेकर लोग पहुंचे थे।उनका कहना था, पहले शौहर को यहीं दफना गया था। अब उसे भी वहीं जगह दी जाएगी। हालांकि पूर्व में भी वहां शव दफनाने को लेकर कहा-सुनी हुई थी। तब विवाद सलटा दिया गया था।

आज एक बार फिर तनाव पैदा हो गया। लेकिन, लोगों को समझा कर किसी तरह शांत कराया गया। आज के दौर छोटी-छोटी बातों के लिए विवाद करना उचित नहीं है। सभी को एक दूसरे की भावना का ख्याल रखना चाहिए। ऐसे विवाद न पैदा हों। इसका हमेशा ध्यान रखना चाहिए।

रूबी की हत्या में चमनलाल गिरफ्तार

बक्सर : राजपुर थाना के रोइनीभान गांव में पिछले रविवार को हुई रूबी हत्याकांड में चमनलाल को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है। सोमवार की सुबह परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। उसने फांसी लगा ली है। लेकिन, जब घटना स्थल पर मायके वाले पहुंचे। तो ससुराल वाले फरार हो गए। पूरा मामला हत्या की तरफ इशारा करने लगा। रुबी के पिता मानिकचंद ने इसकी प्राथमिकी सोमवार को ही दर्ज करा दी थी।

जिसमें रुबी के पति चमनलाल चौधरी पुत्र नेहरु लाल चौधरी समेत तीन-चार लोगों को आरोपी बनाया गया था। उसके पति को राजपुर पुलिस ने आज मंगलवार को दबोच लिया। पूछने पर थानाध्यक्ष रंजीत सिन्हा ने बताया वह प्रखंड मुख्यालय पर देखा गया। पुलिस उसे पहले से ही तलाश रही थी। मुख्य आरोपी होने के कारण उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। रुबी का मायका कैमूर जिला के रामगढ़ थाना अंतर्गत बड़ौरा गांव है।

चंद्रकेतु पांडेय

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here