19 जुलाई : आरा की मुख्य ख़बरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

रेलवे ट्रैक पर बरामद हुआ खिलाडी का शव

आरा : दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत पश्चिमी रेलवे गुमटी रेलवे ट्रैक पर अहले सुबह युवक का शव मिलने से इस इलाके में सनसनी फैल गई। सुचना मिलते ही जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। रेल थानाध्यक्ष शाहनवाज खान ने बताया कि उक्त युवक की पहचान हो चुकी है। स्वर्गीय रामाज्ञा चौधरी के 21 वर्षीय युवक मनीष कुमार उर्फ अभिषेक मृतक का नाम है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला है।

वह युवक नवादा थाना के अंतर्गत अनाईठ टोला का रहनेवाला है। उसके पास से एक सोसाइड लेटर भी मिला है। मृतक के चार भाई थे जिसमें एक की मौत पहले ही हो चुकी थी और आज मनीष ने भी आत्महत्या कर लिया। मृतक के माता व पिता की मौत भी पहले हो चुकी है। मनीष सबसे छोटा भाई था।

swatva

आसपास के लोगों के अनुसार मनीष कई दिनों से सेना में बहाली के लिए सुबह-शाम दौड़ लगाता था। वह जैन कॉलेज में बीएससी पार्ट वन का छात्र था और कबड्डी का खिलाड़ी भी थी। उसका सपना था कि वह सेना में जाकर देश की सेवा करे। लेकिन इस हादसे से अनाईठ टोला ही नहीं पुरा इलाका शोक संतप्त है।

कुछ लोगों ने बताया कि मामला संदिग्ध है। वार्ड पार्षद शशि सक्सेना ने जांच करने की मांग पुलिस से की है। वार्ड पार्षद शशि सक्सेना ने बताया कि मनीष बड़ा ही होनहार लड़का था। सेना में बहाली के लिए वह दौड़ लगाते जरूर दिख जाता था।

जीआरपी थानाध्यक्ष शाहनवाज आलम ने बताया कि मनीष के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें किसी पर भी आरोप नहीं लगाया गया है।

बीएससी के छात्र व कबड्डी खिलाड़ी के पॉकेट से एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में लिखा है कि मुझे किसी से कोई दिक्कत और शिकायत नहीं है। मुझे अपनी मां के पास जाना है। मैं मां के पास जा रहा हूं। भैया, मुझे माफ कर देना। रेल पुलिस ने नोट को जब्त कर लिया है और उसकी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि मनीष कुमार के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। छह साल पूर्व पिता और तीन साल पहले मां का देहांत हो चका है। उसको अपनी मां से काफी लगाव था। उनकी मौत के बाद से ही वह परेशान था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।

अज्ञात बुजुर्ग का शव बरामद

आरा : भोजपुर जिले के आयर थाना क्षेत्र के इसाढ़ी बाज़ार के समीप शनिवार की शाम एक अज्ञात 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही आसपास के इलाके में सनसनी मच गई। इधर, सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।

पुलिस के अनुसार बुजुर्ग कमजोर था। ऐसी संभावना वयक्त की जा रही है कि उसकी मौत बीमारी से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। खबर लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत

आरा : भोजपुर जिले के धोबहां ओपी क्षेत्र के कडा़री गांव में ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की मौत हो गयी। इलाज के लिये पटना ले जाने के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घटना शनिवार की रात की है। मृत युवक कड़ारी गांव निवासी भोला महतो का पुत्र विक्कू कुमार (18 साल) है।

बताया जाता है कि वह देर शाम ट्रैक्टर से खेत जोत रहा था। तभी ट्रैक्टर पलट गया और उसमें दबकर वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिये आरा सदर अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिये पटना रेफर कर दिया गया। पटना ले जाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया

उदवंतनगर में 14 वर्षो से नाजिर के हिसाब में दो करोड़ रुपए गड़बड़

आरा : भोजपुर जिला अंतर्गत जिला मुख्यालय से महज ढाई से तीन किलोमीटर के दूरी पर स्थित उदवंतनगर प्रखंड में 14 वर्षो से दो करोड़ रुपए का हिसाब नही मिल रहा है।नाजिर के हिसाब में गड़बड़ दो करोड़ रुपए का हिसाब विगत 14 वर्षों से कर्मचारियों व अफसरों के द्वारा जिला मुख्यालय को नही सौपा जा रहा है।मामले का उद्भेदन डीडीसी हरिनारायण पासवान के निरीक्षण के बाद सामने आया है।

मिली जानकारी के अनुसार संदेश विधानसभा के उदवंतनगर प्रखंड में विगत 14 वर्षों से लगभग दो करोड़ रुपए का हिसाब नाजिर के हिसाब से मेल नही है।वरीय पदाधिकारी को सूचना नही देने से मामला उलझ गया है।लगभग दो करोड़ रुपए की निकासी अग्रिम मद में कर लेने के बाद नाजिर द्वारा कोई लेखा हिसाब नही दिया गया।

2006 से लेकर अभी तक किसी अफसर या कर्मचारी के द्वारा इस मामले का उद्भेदन नही किया गया।इस कारण तब से लेकर अब तक बदले गये सभी कर्मचारी व पदाधिकारी संदेह के घेरे में आ गये है व संदेह की उंगली उठने लगी है।मामले की जांच- पड़ताल में कई के फसने की सुगबुगाहट तेज हो गयी है अगर जांच-पड़ताल हुई तो कई अफसर व कर्मचारी बुरी तरह फंसते नजर आएंगे।

छापेमारी में स्कूटी व तीन बोतल से शराब जब्त

आरा : भोजपुर जिले के बहोरनपुर ओपी पुलिस क्षेत्र से एक बडी खबर सामने आ रही है। बहोरनपुर ओपी पुलिस ने ओपी क्षेत्र के गौरा स्थित श्याम बाबा बांध के समीप से बाइक से शराब लेकर जाते हीरो होण्डा स्कूटी समेत एक बैग बरामद किया जिसमें से तीन बोतल अंग्रेजी शराब जब्त किया गया. हालांकि पुलिस को देखते हीं हीरो होण्डा स्कूटी सवार दो व्यक्ति स्कूटी व बैग छोड़कर भाग निकलने में सफल रहे।

ओपी प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गयी छापेमारी उतर प्रदेश से शराब लेकर बिहार में आ रहे बाईक सवारों को पुलिस ने घेराबन्दी की परन्तु वे बाईक व शराब छोड़कर भाग निकले. बताया कि बैग की तलाशी लिये जाने पर उसमें से रॉयल चैलेन्ज की 375 एमएल मात्रा वाले तीन बोतल शराब जब्त किया गया. बताया कि बरामद स्कूटी के आधार पर धंधेबाजों को पकड़ने में पुलिस जुटी हुई है।

लाखों की सनेटाइजर मशीन शोभा की बस्तु बनी

आरा : जगदीशपुर में कोरोना से बचाव हेतु लाखों रुपए की लागत से क्रय की गई सनेटाइजर मशीन शोभा की वस्तु बनकर रह गयी है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच बंद पड़ी सनेटाइजर मशीन केवल दिखावे के लिए ही लगी है|

जानकारी के अनुसार जिस समय भोजपुर ही नही पूरे बिहार में कोरोना संक्रमण के प्रकोप कम था उस समय जगदीशपुर नगर पंचायत में ऑटोमेटिक सेनेटाइजर मशीन लाखों रुपये की लागत से आम लोगों के बचाव के उद्देश्य लगाईं गयी थी। लेकिन आज जब जगदीशपुर नगर पंचायत में कोरोना का संक्रमण विस्फोट कर गया है उक्त सेनेटाइजर मशीन सिर्फ शोभा की वस्तु बन कर रह गई है।

मिली जानकारी के अनुसार उक्त सभी मशीन बिना जांच परख किये आनन-फानन में लाखों रुपयों की लागत से क्रय की गयी। मशीन की क़्वालिटी जांचे बिना की गयी खरीदारी में कमीशन खोरी से इनकार नही किया जा सकता। बिना जांच के उक्त मशीन को जगदीशपुर नगर कार्यालय सहित 6 जगहों पर लगाया गया था जो कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच बन्द पड़ा है।

कोरोना बचाव के नाम पर जगदीशपुर नगर पंचायत में भ्रष्टाचार खूब फल फूल रहा है। नगर के आम आवाम में कोरोना को लेकर जहाँ हड़कंप है या यू कहे उक्त मशीन को इस समय आवश्यक रूप से चलानी चाहिये थी पर मशीन बंद पड़ी है। महज शोभा की वस्तु बन कर रह गई है।जिसका आम जनता को कोई लाभ नही मिल पा रहा है। जगदीशपुर नगरवासियों में नगर पंचायत प्रशासन के प्रति गुस्सा देखा जा रहा है| इसे नगर पंचायत की लापरवाही कहे या नाकामी जो स्थानीय लोगों को देखने को मिल रहा है।

अभी विगत दिनों जगदीशपुर में डीएसपी सहित 26 लोगों कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।इसके बाद भी नगर पंचायत कान में तेल डाल कर सोई हुई है।कोरोना बचाव के लिए लाखों रुपये खर्च के बाद भी उक्त सेनेटाइजर मशीन को बंद रखा गया है।जिसे स्थानीय लोगों को नगर प्रशासन के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है। उक्त सेनेटाइजर मशीन को नगर के किला मुख्य गेट के सामने सदर बाजार में,ब्लॉक मोड़ पार्क के पास,कोतवाली के पास ,थाना परिषर में लगाया गया था।

जगदीशपुर बीडीओ सह नगर प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण मुरारी ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ियां के कारण मशीन बन्द पड़ी है जिसे ठीक कराया जा रहा है।

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक व कॉलेज इंस्पेक्टर विज्ञान भी कोरोना पॉजिटिव

आरा : कोरोना महामारी ने पूरे विश्व को तबाह कर रखा है। ऐसे में भारत भी अछूता नहीं रहा है। फिलहाल बिहार में कोरोना का प्रभाव काफी तेजी से बढ़ रहा है। पूरे बिहार में लॉकडाउन लगा हुआ है।आईएएस ,आईपीएस से लेकर तमाम विभाग, स्वास्थ्य विभाग हो, जिसमें डॉक्टर कर्मचारी आदि शामिल हो, या फिर किसी सरकारी विभाग कोई भी अछूता नहीं रहा है।

इस बार तो वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा में भी करोना ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय अपना सेशन सुधारने में लगा हुआ था। लेकिन इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय की परीक्षा नियंत्रक कोरोना की चपेट में आ गई है। इतना ही नहीं कॉलेज इंस्पेक्टर विज्ञान भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए है।

जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन भी सकते में पड़ा हुआ है। इस मामले को लेकर हाय तौबा पूरे विश्व विद्यालय परिवार में मची हुयी है इस घटना के बारे में जानकारी मिलते ही वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले छात्र-छात्राएं भी सकते में नजर आ रहे हैं।परीक्षा नियंत्रक एवं कॉलेज इंस्पेक्टर विज्ञान के संपर्क में आए लोग भी सकते में नजर आ रहे हैं ।वह भी डरे सहमे अपने आपको महसूस कर रहे हैं।

गंगा नदी में डूबने से बच्चे की मौत

आरा : भोजपुर जिले के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के केवटिया घाट पर रविवार को गंगा नदी में डूबने से एक बालक की मौत हो गई। दोपहर के वक्त नहाने के दौरान यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गयी और शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। मृत बालक धमार गांव निवासी विक्रमा यादव का 10 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार है।

बताया जाता है कि वह दोपहर को कुछ बच्चों के साथ केवटिया घाट पर गंगा नदी में नहाने के गया था। नहाने के दौरान पानी अधिक होने के कारण वह डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद बच्चों ने हो-हल्ला किया। इस पर ग्रामीण वहां पहुंचे और काफी प्रयास के बाद पानी से बाहर निकाला गया। तबतक काफी देर हो चुकी थी और बालक दम तोड़ चुका था। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। हादसे के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है। मां रीता देवी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

सांप के डंसने से बालक की मौत

आरा : भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में शनिवार की रात विषैले सांप के डंसने से एक बालक की मौत हो गई। सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने दम तोड दिया। जानकारी के अनुसार मृतक सुल्तानपुर गांव निवासी राजेंद्र भगत का 15 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार है।

बताया जाता है कि शनिवार की रात वह घर में सो रहा था। इसी बीच विषैले सांप ने उसे डंस लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ला रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। बावजूद इसके परिजन उसे सदर अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजन बिना पोस्टमार्टम कराएं ही शव को वापस गांव लेते गए। बताया जाता है कि मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक के परिवार में मां सुशीला देवी एवं तीन भाई है।घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है।

ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार किसान सलाहकार की मौत

आरा : आरा-बक्सर मुख्य मार्ग पर गजराजगंज ओपी क्षेत्र के अमराई नवादा सीताकुंड छलका के समीप शनिवार की शाम ट्रक ने बाइक सवार किसान सलाहकार युवक को रौंद दिया। इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना को लेकर लोगो के बीच के अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार मृतक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धमार गांव निवासी गुरु दयाल राम का 30 वर्षीय पुत्र प्रभंजन कुमार है। वह पेशे से किसान सलाहकार है। बताया जाता है कि आज शाम बाइक से बिहिया जा रहे थे। उसी बीच अमराई नवादा सीताकुंड छलका के समीप विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया।इससे वह गंभीर रुप से जख्मी हो गये।

आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जा रहा था। तभी उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बावजूद इसके परिजन उन्हें सदर अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना टाउन थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही टाऊन थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।

बताया जाता है कि मृतक दो भाई व तीन बहन में सबसे बड़े थे। मृतक के परिवार में पत्नी दुर्गा देवी, दो पुत्र प्रतीक, प्रीतम एवं एक पुत्री अर्पिता है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। वही इस हादसे के बाद मृतक की पत्नी दुर्गा देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

ट्रेन में चढ़ने के दौरान बिछड़ गये दो बच्चे, आरा में सकुशल बरामद

आरा : बक्सर में ट्रेन के चढ़ने के दौरान दो बच्चे अपनी मां व मामा से बिछड़ गये। दोनों बच्चे ट्रेन पर चढ़ गये, जबकि उनके घरवाले बक्सर स्टेशन पर ही छूट गये। हालांकि जीआरपी की तत्परता से दोनों बच्चों को आरा स्टेशन पर ट्रेन से सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामद बच्चों में झारखंड के साहिबगंज निवासी अमित गुप्ता के पुत्र विराट (4 साल) व शांति (डेढ़ साल) शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार बलिया जिले के रतसंड के रहने वाले दिलीप गुप्ता झारखंड की रहने वाली अपनी बहन व दो बच्चों के साथ साहेबगंज जा रहे थे। इसके लिये सभी बक्सर स्टेशन पर ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ रहे थे। इस क्रम में दिलीप ने पहले दोनों बच्चों को ट्रेन में चढ़ा दिया। ट्रॉली बैग भी ट्रेन में रख दिया। तभी ट्रेन खुल गयी और दिलीप व उसकी बहन बक्सर ही छुट गयी।

इसके बाद दोनों भागकर जीआरपी पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी दी। बाद में बक्सर जीआरपी ने आरा रेल पुलिस से संपर्क किया। उस आधार पर आरा जीआरपी इंचार्ज शहनवाज खान ने ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस ट्रेन से दोनों बच्चों व ट्रॉली बैग बरामद कर लिया। उसके बाद दिलीप गुप्ता भी बहन के साथ पहुंच गये। बच्चों को देख दोनों काफी खुश थे और आरा रेल पुलिस को थैंक्यू कहा।

शराब बेचने से इनकार करने पर पिता-पुत्र को पीटा

आरा : भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के रामसागर गांव में शराब बेचने से इनकार करने पर एक युवक की जमकर पिटाई कर दी गयी। बचाने आये उसके बेटे के साथ भी मारपीट की गयी। गला दबाकर उसे नाले में फेंक दिया गया। इस घटना में सुभाष चौधरी व उसके पुत्र ओमप्रकाश को गंभीर चोटें आयी है। सुभाष चौधरी का सर फट गया है।

इस संबंध में सुभाष चौधरी के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है। उसमें मटुकपुर गांव के दो लोगों को आरोपित किया गया है। प्राथमिकी के अनुसार सुभाष चौधरी शनिवार की शाम अपने घर पर था। तभी दोनों आरोपित पहुंच गये और देसी शराब बेचने का दबाव देने लगे। इससे इनकार करने पर मारपीट की जाने लगी।

सोहनी करने से इंकार करने पर मारपीट, महिलाओं से छेड़खानी

आरा : भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के अलेखी टोला गांव में सोहनी से इनकार करने पर एक दलित के साथ मारपीट की गयी। घर में घुसकर महिलाओं से छेड़खानी भी की गयी और दस हजार रुपये नगद व जेवर भी छीन लिया गया। मारपीट की इस घटना में धनजीत राम का सर फट गया है।

सोहनी करने से इनकार करने पर गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट और छेड़खानी आरोप लगाया गया है। इसे लेकर धनजीत राम द्वारा नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। उसमें यह आरोप लगाये गये हैं। कहा गया है कि शनिवार की शाम वह अपने घर के पास टहल रहा था। तभी राजाराम राय अपनी पत्नी व बच्चों के साथ मिलकर रॉड व धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें उनका सर फट गया। इस दौरान जातिसूचक शब्द का प्रयोग करते हुये गाली-गलौज की गयी। इसके बाद सभी उन्हें धक्का देकर घर में घुस गये और दस हजार रुपये व कुछ जेवर छीन लिये गये। विरोध करने पर महिलाओं से छेड़खानी भी की गयी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

जबरन खेत जोतने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, महिला समेत चार जख्मी

आरा : भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के जहनपुर गांव में जबरन खेत जोतने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। इस मारपीट में एक पक्ष के एक महिला समेत चार लोग जख्मी हो गए। चारो को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।

जानकारी के अनुसार जखमियों में 55 वर्षीय कृष्णा सिंह, उनका पुत्र दिनेश कुमार सिंह, उदय कुमार सिंह एवं बहु रीना देवी है। जख्मी का कहना है कि दोनों पट्टीदारों के बीच जमीन का बंटवारा हो चुका था। आज सुबह दूसरे पक्ष द्वारा कृष्णा सिंह की जमीन पर जबरन खेत जोत दिया गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया। तो दूसरे पक्ष के लोगो ने मारपीट शुरू कर दी। जिसमें महिला समेत चार लोग जख्मी हो गए।

भोजपुर में हथियारबंद लोगों ने युवक को मारी गोली

आरा : भोजपुर जिले के गडहनी थाना क्षेत्र के रत्नाढ़ गांव में शनिवार की शाम हथियारबंद लोगों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली उसके सीने में दाहिने साइड लगी हुई है। जख्मी को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार घायल रत्नाढ़ गांव निवासी दयानंद सिंह का 24 वर्षीय पुत्र अनूप कुमार है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

राजीव एन अग्रवाल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here