15 दिसंबर : मधुबनी की मुख्य ख़बरें

0
swatva samachar

मंत्री की अध्यक्षता में जिला परामर्शदातृ समिति की बैठक

मधुबनी : कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार की अध्यक्षता में रविवार को डीआरडीए स्थित सभाकक्ष में जल-जीवन-हरियाली अभियान को लेकर जिला परामर्शदातृ समिति की बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने बताया गया कि पूरे दुनिया में ग्लोबल वार्मिंग के खतरे को देखते हुए एवं बिहार में जलवायु परिवत्र्तन के कारण उत्पन्न समस्याओं से निबटने के लिए जल-जीवन-हरियाली अभियान कार्यक्रम की शुरूआत सरकार के द्वारा की गयी है। जिसके तहत 3 वर्षों का प्रोजेक्ट के तौर पर जनांदोलन का रूप देकर हमें पूरे बिहार में हरित आवरण का प्रतिशत बढ़ाना है। जिसके लिए हमें पेड़ पौधा लगाना है और पेड़ बचाना है।

swatva

इसके साथ ही हम सभी सार्वजनिक तालाबों, पोखरों, आहरों, पईनों का जीर्णोद्धार करेंगे तथा सर्वाजनिक कुओं, चापाकलों, नलकूपों के किनारे सोख्ता का निर्माण कर जल संचयन का कार्य करेंगे। वर्षा जल संरक्षण के लिए सभी सरकारी भवनों में छत-वर्षा जल संचयन की संरचना का निर्माण कर वर्षा जल का संचयन करेंगे। मिशन  2.51 करोड़ वृक्षारोपण के लक्ष्य के तहत जिले में पौधशाला सृजन कर सघन वृक्षारोपण किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि नए जल स्त्रोंतों का सृजन एवं अधिशेष नदी जल क्षेत्र से जल की कमी वालें क्षेत्रों में जल ले जाने तथा वैकल्पिक फसलों, कम पानी में खेती करने हेतु टपकन सिंचाई, को बढ़ावा देने एवं किसानों को प्रशिक्षित करने, जैविक खेती एवं अन्य नई तकनीकों का उपयोग कर खेती करने पर बल दिया जायेगा।

सौर उर्जा का अधिक-से-अधिक उपयोग हो तथा उर्जा की बचत हेतु विभिन्न संसाधनों एवं व्यवहार में परिवत्र्तन लाकर कम-से-कम उर्जा का खपत करें यह आवश्यक है। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत 11 विभागों यथा-ग्रामीण विकास विभाग(मनरेगा), लघु जल संसाधन विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवत्र्तन विभाग, जल संसाधन विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, कृषि विभाग, भवन निर्माण विभाग, उर्जा विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग एवं जीविका की सहभागिता है।

तत्पश्चात जिला पदाधिकारी-सह-संयोजक, जिला परामर्शदातृ समिति, जल- जीवन- हरियाली अभियान, मधुबनी के द्वारा बताया गया कि सार्वजनिक जल संचयन संरचनाओं को चिन्हित कर अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई की जा रही है। सार्वजनिक जल संचयन संरचनाओं का जीर्णोद्धार के तहत एक एकड़ से अधिक तथा एक एकड़ से कम के तालाब/पोखर का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। सार्वजनिक कुओं को चिन्हित कर उसका जीर्णोद्धार किया जा रहा है। सार्वजनिक कुआं/चापाकलों/नलकूपों के किनारे सोख्ता का निर्माण कार्य किया जा रहा है। छोटी-छोटी नदियों-नालों में जल संग्रहण क्षेत्रों में चेक डैम एवं जल संचयन के अन्य संरचनाओं का निर्माण कार्य ग्रामीण विकास विभाग तथा लघु जल संसाधन विभाग के द्वारा किया जा रहा है। नए जल स्त्रोंतों का सृजन के तहत ग्रामीण विकास विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, कृषि विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के द्वारा कुल 74 पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। भवनों में वर्षा जल संचयन हेतु भवन निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग के द्वारा छत वर्षा जल संचयन संरचना का निर्माण किया जा रहा है। जिसके तहत भवन निर्माण विभाग के द्वारा 35 भवनों में छत वर्षा जल संचयन संरचना का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। शेष पर निर्माण कार्य जारी है।

जैविक खेती एवं टपकन सिंचाई हेतु कुल 150 आवेदन ऑनलाईन प्राप्त हुआ है, जिसके तहत जैविक खेती तथा टपकन सिंचाई से सिंचाई कराने की कार्रवाई की जा रही है। सौर उर्जा उपयोग को प्रोत्साहन एवं उर्जा की बचत के तहत भवन निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न भवनों पर सौर उर्जा उपयोग करने तथा उर्जा की बचत करने पर कार्रवाई की जा रही है।

जिला पदाधिकारी-सह-संयोजक, जिला परामर्शदातृ समिति, जल- जीवन- हरियाली अभियान, मधुबनी के द्वारा बताया गया कि मिथिला महावृक्ष संरक्षण अभियान के तहत जल संचय एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु महावृक्षों के संरक्षण का कार्य किया जा रहा है।

जिसका मुख्य उदेश्य जल संचय ही नहीं बल्कि पर्यावरण संतुलन तथा वन प्राणियों के संरक्षण के साथ-साथ मानव जीवन की भी सुरक्षा है। महावृक्ष संरक्षण अभियान के संचालन के लिए एक टीम का गठन किया गया है, जिसमें कृषि विभाग, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, शिक्षा विभाग के माध्यम से सभी पंचायतों से 10-10 महावृक्षों का चयन किया जा रहा है। प्रथम चरण में प्रत्येक प्रखंड से 05 उत्कृष्ट महावृक्षों के सरंक्षण का कार्य किया जा रहा है। माननीय मंत्री, कृषि विभाग, बिहार के द्वारा जिला पदाधिकारी, मधुबनी के द्वारा शुरू किये गये महावृक्ष संरक्षण अभियान की सराहना की गयी एवं जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत महावृक्ष संरक्षण अभियान को बैठक के माध्यम से अनुमोदित किया गया।

बैठक में शीर्षत कपिल अशोक, जिला पदाधिकारी-सह-संयोजक, जिला परामर्शदातृ समिति,जल-जीवन-हरियाली अभियान, मधुबनी, डाॅ० दिलीप कुमार चौधरी, विधान पार्षद, मधुबनी, समीर कुमार महासेठ, विधायक, मधुबनी, शीला देवी, माननीय अध्यक्ष, जिला परिषद, मधुबनी, दुर्गानंद झा, अपर समाहत्र्ता, मधुबनी, अजय कुमार सिंह, उप-विकास आयुक्त, मधुबनी समेत अन्य सभी विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

शांतिपूर्ण संपन्न हुआ पैक्स चुनाव, काउंटिंग शुरू

मधुबनी : जयनगर प्रखंड में शांतिपूर्ण पैक्स चुनाव संपन्न हुआ। इस संबंध में जानकारी देते हुए चुनाव पर्यवेक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि हर बूथ पर चुनाव पूरे शांतिपूर्ण माहौल में हुआ, कहीं भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

उन्होंने बताया कि कुल 69.43 प्रतिशत वोटिंग हुआ, जिसमे  65.66 पुरुषों का एवं महिलाओं का  82.81 प्रतिशत वोटिंग प्रतिशत रहा। उन्होंने बताया कि पूरे प्रखंड से बैलेट बॉक्स आ चुके हैं। जल्द ही मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बता दें कि जिलाधिकारी के निर्देश के अनुसार मतदान के दिन ही मतगणना कर नतीजे सुनाए जाने हैं।

अपनी मांगो को ले डीलर देंगे धरना

मधुबनी : बिहार प्रदेश फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के बैनर तले 8 सूत्री मांगों को लेकर रविवार को एक बैठक का आयोजन हुआ। बैठक की अध्यक्षता प्रभुनाथ सिंह ने किया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 18 दिसंबर को जिला समाहरणालय के समक्ष जिले के सभी डीलरों के साथ एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। धरना में डीलरों की मांग यदि नहीं मानी गयी, तो 01 जनवरी 2020 से राज्य स्तरीय अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जाएगा।

इस बैठक में सभी जन वितरण प्रणाली बिक्रेताओ से आग्रह किया गया कि ससमय समाहरणालय के समक्ष पहुंच जाएं सभी डीलर शांतिपूर्ण ढंग से धरना प्रदर्शन करेंगे।

इस बैठक को संबोधित करते हुए प्रभु नारायण सिंह, रामनाथ मिश्र, अशोक कुमार राय, जयनारायण यादव ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के दुकानदारों को कम से कम ₹30000 मानदेय अथवा ₹300 प्रति क्विंटल खाद्यान्न में कमीशन दिया जाए। साथ ही संशोधित कंट्रोल एक्ट 2011 और 2016 को निरस्त कर  2001 कंट्रोल एक्ट को लागू किया जाए।

कंट्रोल एक्ट 2001 के अनुसार अनुकंपा का आधार का लाभ पूर्व की भांति किया जाए। पूर्व की भांति सप्ताहिक छुट्टी और सभी राजपत्रित अवकाश दिया जाए विक्रेताओं को 15 अगस्त 26 जनवरी और 02 अक्टूबर इत्यादि मुख्य त्योहारों में भी दुकान खोलने का प्रावधान को निरस्त किया जाए। पूर्व की भांति कंट्रोल एक्ट 2001 के अनुसार दुकान निलंबन की प्रक्रिया  अमान्य किया जाए किरासन तेल पर 3 रुपए प्रति लीटर कमीशन दिया जाए।

जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को जीवन बीमा अन्य कर्मियों की तरह दिया जाए। राज्य खाद्य निगम के गोदामों से विक्रेता को खाद्यान्न तौल कर दिया जाए। राज्य जिला और प्रखंड स्तर पर सतर्कता समिति की बैठक में जनवितरण प्रणाली के प्रतिनिधियों को सम्मिलित किया जाए। इस बैठक में जन वितरण प्रणाली के दर्जनों जन वितरण विक्रेता मौजूद थे।

सखी बहिनपा-मैथिलानी समूह का सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन

मधुबनी : नगर के टाऊन क्लब फील्ड में सखी बहिनपा-मैथीलानी समूह की फाऊंडर आरती झा ने एक सांस्कृतिक उत्सव का वृहद आयोजन किया। जिसकी शुरुआत मैथीलानी समूह की महिलाओं ने दीप प्रज्वलित कर किया।

सांस्कृतिक उत्सव में समूह की ही महिलाओ के द्वारा मिथिला की संस्कृति से जुड़े गीत गाये गये साथ ही उत्सव मे कई तरह के मिथिला पेंटिंग, नाश्ता, खान-पान, विलुप्त हो रहे घरेलु उद्योग जैसे आचार, मुरब्बा इत्यादि के विभिन्न तरह के स्टाल लगे हुये थे, जो सस्ते मूल्य पर आमलोगो के लिये उपलब्ध थे।

मिथिला की संस्कृति को बचाये रखने के लिये सखी बहिनपा-मैथिलानी समूह की फाऊंडर आरती झा ने सोशल मिडिया से इस संस्था की शुरुआत की थी। इस संस्था की लोकप्रियता का आलम यह है कि देश-विदेश मिलाकर अब संस्था की सदस्यो की संख्या हजारो मे है,जो सदस्य जहाँ है वो एक दूसरे को जोड़ते हुये अपनी संस्कृति को बचाने के लिये वही कोई ना कोई कार्यक्रम करती रहती है। अब तो यह संस्था सामजिक कुरुती दुर करने मे सामजिक सहयोग करने मे भी आगे आ रही है पिछले दिनो मिथिलांचल में आई भयंकर बाढ़ मे भी बाढ़ पीड़ितो के बीच राहत की सामग्री बाँटी थी जिसे सभी ने सराहा था।

आज के सांस्कृतिक उत्सव के कार्यक्रम को सफल बनाने मे मधुबनी सखी-बहिनपा की महिलाओ में  सीमा गुप्ता, नीतू अनिता झा, सुनीति राऊत, कुमारी सोनी, रीना सर्राफ, जुली झा, सविता झा, वन्दना झा, आर्या झा, सुषमा कापड़ी, सीमा गुप्ता, सुमन चौधरी, ज्योति झा, सीमा झा पूरी मुस्तैदी से मौजूद थी।

गैस लीकेज से घर में लगी आग, लाखों की संपत्ति खाक

मधुबनी : मधवापुर अंचल के बैरबा गांव में खाना बनाने के दौरान गैस रिसाव से घर में आग लगने से दो मवेशी सहित लाखों की संपत्ति जलकर खाक हो गयी।

जानकारी के अनुसार बलबा पंचायत के बैरबा गांव के राम सकल साह की पत्नी गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। जहां गैस सिलेंडर से जुड़े पाइप के पास गैस लीकेज होने लगा, जिससे सिलेंडर में आग लग गयी। जब तक वह कुछ समझ पातीं आग की लपटें इतनी तेज हो गयी, कि पूरा घर आग की चपेट में आ गया।

काफी प्रयास के बाद अग्निशमन दस्ता और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। मधवापुर सीओ सुधीर कुमार ने बताया कि क्षति के आकलन के लिये संबंधित राजस्व कर्मचारी को भेजा गया है।

सोलर, बैट्री और पेट्रोल से चलने वाली गाड़ी का 17 वर्षीय बालक ने किया निर्माण

मधुबनी : बासोपट्टी प्रखंड क्षेत्र के बीरपुर पंचायत के एक महेश शर्मा (17 वर्ष) नामक लड़के ने अपनी  प्रतिभा की कारामात दिखाई और एक नई तकनीकी का इस्तेमाल कर एक कबाड़ी के समान से तीन पहिया वाहन बनाया है। ये वाहन सोलर, बैट्री और साथ-साथ मोटरसाइकिल के इंजन से भी चलेगी। वाहन की कीमत लगभग सवा लाख रखी गई है।

वही इस लड़के ने मात्र 50 हजार की कीमत में इस वाहन को तैयार किया है। इस वाहन का उदघाटन राजनगर के विधायक रामप्रीत पासवन ने किया।

महेश शर्मा एक गरीब परिवार के एक बढ़ई समुदाय का लड़का है। जब महेश ने एक समय एक बैटरी से चलित वाहन से अपने परिवार के साथ सफर कर रहे था, जिस दौरान बैटरी का चार्ज ख़त्म हो जाता है। उसी दिन महेश शर्मा के मन में ख्याल आया और इसकी शुरुआत अपने चाचा के वेल्डिंग के दुकान और कुछ दोस्तों की मदद से इस सोच पर काम करने लगा।

प्रयास के बाद इसमें इंजन और सोलर का सिस्टम लगा दिया। जिससे और ये लंबी दूरी भी तय कर सकती है। किसी भी परिस्थिति में वाहन का इस्तेमाल किया जा सकता है और पर्यावरण संरक्षण में भी मददगार है यह वाहन।

राष्ट्रीय लोक में कई मामलों का हुआ निपटारा

मधुबनी : बेनीपट्टी, झंझारपुर और मधुबनी मुख्यालय स्थित न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान बेनीपट्टी व्यवहार न्यायालय में भी एसीजेएम प्रीतम कुमार रत्न, सुनील कुमार त्रिपाठी, न्यायधीश पुष्पम किशोर, अमित तिवारी के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।

जिसमें विभिन्न बेंच लगाकर आपराधिक सहित अन्य मामलों की सुनवाई कर आपसी सौहार्दपूर्ण वातावरण में निष्पादन किया गया। साथ ही लाखों रुपये राजस्व वसूली की गयी। इस दौरान सभी न्यायाधीशों ने बारी बारी से संबोधित कर कहा कि 1995 में उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार राष्ट्रीय लोक अदालत का गठन किया गया था, जिसका उद्देश्य सुलहनिय वादों का निपटारा कर लोगों को सरल, सुलभ, सस्ता व त्वरित न्याय दिलाना है।

सुमित राउत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here