14 सितंबर : आरा की मुख्य ख़बरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

शराब पीने का विरोध करने पर पत्नी को मारी गोली, मौत

आरा : भोजपुर जिले के इमादपुर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में शराब पीने का विरोध करने पर एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को ठिकाने लगा दिया गया । इसे लेकर मृतका के पिता नंद किशोर सिंह ने इमादपुर थाना में हत्या का केस दर्ज कराया है।

दर्ज प्राथमिकी में मृतका के पिता ने पति समेत चार को आरोपी बनाया गया है। घटना के बाद से सभी आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जाते हैं। पुलिस दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है। मृतका 25 वर्षीय पूनम देवी राजपुर गांव निवासी योगेंद्र सिंह उर्फ योगा सिंह की पत्नी बताई जाती है ।

swatva

बताया जा रहा है कि रोहतास जिले के थाना क्षेत्र के सातो परसिया गांव निवासी नंदकिशोर सिंह की पुत्री पूनम की शादी पांच साल पहले इमादपुर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी यादव के पुत्र योगेन्द्र के साथ हुई थी। दांपत्य जीवन के दौरान तीन संतान की प्राप्ति भी हुई थी। हालांकि, पति के नशे का आदि होने के कारण अक्सर वाद-विवाद होते रहता था। रविवार की रात भी दंपती के बीच वाद-विवाद होने की बात सामने आ रही है।

इस दौरान नशे में धुत्त पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी तथा साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को जला दिया गया। घटना की जानकारी होने पर मायके पक्ष के लोग पीरो पहुंचे तथा इसकी जानकारी डीएसपी से लेकर थाने को दी। पुलिस के अनुसार मृतका के पिता के बयान पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन की जा रही हैं। हत्या कर शव को गायब किए जाने का आरोप है। वारदात के बाद से सभी आरोपी घर बंद कर फरार हो गए हैं । शुरुआती जांच में शराब को लेकर उपजे विवाद की बात सामने आ रही है।

अपराधियों ने शख़्स पर गर्म पानी डाल की हत्या

आरा : संदेश थाना क्षेत्र के चिल्होस बंगला निवासी 45 वर्षीय एक व्यक्ति को अपराधियों ने जबरन पकड़ लिया। इसके बाद उसके ऊपर गर्म पानी डालकर जान से मार डाला। मृतक 45 वर्षीय महेंद्र चौधरी चिल्हस गांव के स्व बसावन चौधरी का पुत्र था। मृतक के पुत्र उपेंद्र कुमार ने संदेश थाना में केस दर्ज कराते हुए चार पांच अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज किया है।

उपेंद्र कुमार के अनुसार 12 सितम्बर को शाम 4:30 बजे मेरे पिता महेंद्र चौधरी फतेहपुर गांव के सोन नदी बांध से पूरब शराब भट्ठी के नजदीक गए थे। जहां चार-पांच की संख्या अज्ञात लोग उनके सिर पर गर्म पानी डाल रहे थे। गर्म पानी से जलने के कारण मेरे पिता बचने के लिए जोर से चिल्ला रहे थे चिल्लाने की आवाज सुनकर मैं दौड़कर घटना स्थल पर पहुंचा। तब तक हत्यारे भागने में सफल हो गए। इधर मेरे पिता महेंद्र चौधरी की मौके पर मौत हो गयी। इस बारे में आरा सदर के एसडीपीओ पंकज कुमार रावत ने बताया कि घटना के बारे में पता लगाया जा रहा है।

दो बाइक की सीधी भिड़ंत में एक की मौत, दूसरा जख्मी

आरा : भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के इसाढ़ी एवं नारायणपुर गांव के बीच दो बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई । हादसे में एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक को इलाज के लिये दुलौर अनुमंडलीय अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया।

जानकारी के अनुसार मृतक बक्सर जिला के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियावं नाटा बाबा के टोला गांव निवासी भीम यादव का पुत्र चंदन यादव है। जबकि जख्मी उसी गांव का सजन यादव का पुत्र शिव शंकर है। मृतक एवं घायल रिश्ते में चचेरे भाई है।

जख्मी शिव शंकर ने बताया कि वह नवादा थाना क्षेत्र के मोती टोला मोहल्ले में अपनी बहन अनीता के घर आया था। वह अपने चचेरे भाई के साथ वापस घर लौट रहा था। उसी दरमियान इसाढ़ी एवं नारायणपुर गांव के बीच विपरीत दिशा से आ रही बाइक से सीधी भिड़ंत हो गई। जिसमें चंदन यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि वह जख्मी हो गया।

हादसे में शिव शंकर का दाहिना हाथ फ्रैक्चर कर गया है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। जिसके पश्चात उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। बताया जाता है कि मृतक तीन भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। मृतक चंदन यादव की शादी 2015 में हुई थी। मृतक की मां ललिता देवी, पत्नी गुड़िया देवी एवं एक लड़की शिवानी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है।

गाली देने का आरोप लगा कर दंपती को पीटा, पति की मौत

आरा : भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के सरैयां गांव में गाली देने का आरोप लगाकर एक दंपती के साथ मारपीट की गयी। इसमें गंभीर रूप से जख्मी व बेहोशी की हालत में चल रहे पति की मौत हो गयी। मारपीट की घटना बीते गुरुवार को हुई थी। जख्मी ने रविवार की शाम में दम तोड़ दिया।

मृत शख्स सरैयां गांव निवासी त्रिलोकी चौधरी हैं। मारपीट के दौरान मृत शख्स की पत्नी के साथ छेड़खानी भी की गयी थी। इस संबंध में मृतक की पत्नी चिंतामणि देवी के बयान पर संदेश थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। उसमें सरैया गांव के ही छह लोगों को नामजद किया गया है। इनमें अरविंद सिंह, चंदन सिंह, सहदेव सिंह, सोनू सिंह, रविरंजन सिंह व भंटू सिंह शामिल हैं।

प्राथमिकी में कहा गया है कि गुरुवार की शाम पति-पत्नी घर की छत पर बैठे थे। तभी आरोपित गाली देने लगे तभी उसके पति नीचे चलने की बात कहने लगे। इस दौरान उसे गाली भी दी गयी। उसके बाद सभी आरोपित घर पर आ धमके और गाली देने का आरोप लगाने लगे। इसी क्रम में उसे पटक दिया गया और निर्वस्त्र कर मारपीट की जाने लगी। पति ने रोका, तो उन्हें सीमेंट से बनी नाद पर पटक दिया गया। उसमें उसके पति के सर में गंभीर चोट लगी और उसके बाद वह सेंसलेश हो गये। इलाज के दोरान बेहोशी की हालत में ही उनकी मौत हो गयी।

प्राथमिकी के अनुसार आरोपितों द्वारा पूर्व में छत पर बैठने से मना किया गया था। तब कहा गया था कि छत पर बैठकर देखोगे तो पूरे परिवार की हत्या कर दी जायेगी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

घर से भागे प्रेमी युगल को बिहिया पुलिस ने पकड़ा

आरा : बिहिया पुलिस ने घर से भागे प्रेमी युगल को बिहिया नगर के नवोदय चौक के पास से स्थानीय नागरिकों कि मदद से बरामद कर लिया। पुलिस ने प्रेमी युगल को बाद में धनगाईं पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि धनगाई थाना क्षेत्र के रहने वाली किशोरी गत 28 अगस्त को अपने घर से अचानक गायब हो गयी थी। जिसको लेकर उसके पिता द्वारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गयी थी।

खोजबीन के दौरान गायब किशोरी को एक युवक के साथ उसके परिजनों ने बिहिया के नवोदय चौक के पास पकड़ लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुँची बिहिया पुलिस दोनों को थाने ले आयी। पूछताछ के दौरान मामला प्रेम प्रसंग का निकला। हालांकि बिहिया थाने में हीं किशोरी के परिजनों से पकड़ा गया युवक व उसके कुछ दोस्त उलझ गये जिसे पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

विद्यार्थियों को ऑनलाइन कॉलेज में नामांकन हेतु सीट्स की जानकारी नही

आरा : वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के सभी जिला मुख्यालय स्थित नामी कॉलेजों में तकरीबन 90 फीसद सीटें भर चुकी हैं। फिर भी अधिकांश छात्र-छात्राएं उसी कॉलेज में नामांकन का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में उनका कहीं भी नामांकन नहीं होने का खतरा मंडराने लगा है। क्योंकि विवि प्रशासन ने मेधा सूची में जारी नाम को दोबारा जारी नहीं करता है। विवि में स्नातक नामांकन की चौथी मेधा सूची जारी कर दी है। जिन कॉलेजों में ठीक-ठाक व्यवस्था है। उन कॉलेजों में दूसरी मेधा सूची में विभिन्न संकायों की सीटें भर गई।

बता दें कि विवि प्रशासन ने नामांकन की इच्छा रखने वाले सभी आवेदकों को छह कॉलेजों का चयन का सुझाव दिया था। लेकिन इसमें अधिकांश छात्र-छात्राएं आरा में एचडी जैन कॉलेज को पहला और महराजा कॉलेज को दूसरी प्राथमिकता दिया था। दोनों कॉलेजों में 95 फीसद सीटें भर चुकी हैं। उसी तरह रोहतास जिला मुख्यालय स्थित एसपी जैन कॉलेज, बक्सर जिला मुख्यालय एमवी कॉलेज और भभुआ जिला मुख्यालय सरदार वल्लभ भाई पटेल कॉलेज की अधिकांश सीटें भर चुकी हैं।

डीएसडब्ल्यू प्रो केके सिंह ने बताया कि एचडी जैन कॉलेज व महिला कॉलेज की करीब सभी सीटें भर चुकी हैं। महाराजा कॉलेज में करीब 70 फीसद सीटें भर चुकी हैं। जबकि एसबी कॉलेज व जगजीवन कॉलेज की 60 फीसद सीटें रिक्त है। स्नातक में नामांकन के लिए विवि में 1.34 लाख आवेदन आये हैं। जबकि विवि के विभिन्न संकायों में करीब 74 हजार सीटें हैं।

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के पोर्टल पर छात्रों के लिये ऑनलाइन सीटो की उपलब्धता देखने का ऑप्शन दिया गया है। लेकिन इस ऑप्शन को यूनिवर्सिटी द्वारा बंद कर दिया गया है। इस से छात्रों को काफी परेशानी हो रही है। छात्रों को पता ही नही चल पा रहा है कि किस कॉलेज में कितनी सीट है और कितनी भर चुकी है। कुछ छात्रों का ये भी मानना है कि इस ऑप्शन को जानबूझ कर बंद किया गया है। अगर पोर्टल पर सीट की जानकारी उपलब्ध हो जायेगी तो एडमिशन में फर्जीवाड़ा बंद हो जायेगा।

पसंदीदा कॉलेजों में नामांकन की उम्मीद में विगत वर्ष में करीब 20 हजार छात्र-छात्राएं नामांकन से वंचित रह गये थे। क्योंकि विवि एक बार मेधा सूची में नाम निकालने के बाद दूसरी बार उसे नहीं निकालता है। विवि प्रशासन पहली मेधा सूची में जारी नाम को दूसरी अथवा तीसरी मेधा सूची में जारी नहीं करता है। इस तरह से पहली से तीसरी मेधा सूची में जारी नाम को चौथी मेधा सूची में स्थान नहीं दिया गया है। डीएसडब्ल्यू प्रो केके सिंह का मानना है कि छात्र-छात्राओं के नामांकन के प्रति नकारात्मक विचार ने विवि प्रशासन के लिए संकट पैदा कर दिया है। दूसरी ओर छात्र नेता नवीन शंकर पाठक का कहना है कि हर विद्यार्थी नामी कॉलेज में नामांकन लेना पंसद करता है। ऐसे में कई विद्यार्थी नामी कॉलेजों में नामांकन के इंतजार में वंचित रह जाते हैं।

जैसे विवि के कई कॉलेजों में सीटें नामांकन के अभाव में रिक्त रह जाती हैं। उसी तरह आधे दर्जन विषयों में बहुत कम छात्र नामांकन लेना चाहते हैं। दर्शनशास्त्र, हिदी, प्राकृत, अर्थशास्त्र, संगीत, एलएसडब्ल्यू, एंथ्रोपोलॉजी, जूलॉजी, बॉटनी, संस्कृत, भोजपुरी, पाली इत्यादि विषयों में नामांकन लेने वाले विद्यार्थी नहीं मिलते हैं। कला संकाय में सबसे अधिक इतिहास व राजनीति शास्त्र आनर्स में नामांकन लेना चाहते हैं। उसी तरह विज्ञान संकाय में भौतिकी व रसायन शास्त्र में नामांकन लेते हैं।

आरा में इंजीनियरिंग कॉलेज का सीएम करेंगे शिलान्यास

आरा : विधानसभा चुनाव से पहले जिले में लंबित योजनाओं को आकार देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। बहुप्रतीक्षित इंजीनियरिग कॉलेज का शिलान्यास सोमवार 14 सितंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वीडियो कांफ्रेसिग के माध्यम से करेंगे।

अपराह्न चार बजे आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री आरके सिंह के अलावा विज्ञान व तकनीकी मंत्री जय कुमार भी मौजूद रहेंगे। इसका निर्माण महाराजा कॉलेज के पास स्थित जमीन में 4.9 एकड़ में किया जाएगा। इसके निर्माण में 73.13 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी।। जानकार सूत्रों ने बताया कि यह पहली किस्त की राशि है।

बता दें कि केंद्रीय मंत्री सह सांसद आरके सिंह ने भोजपुर जिले में मेडिकल कॉलेज एवं इंजीनियरिग कॉलेज खोले जाने की घोषणा की थी। जिसकी स्वीकृति उन्होंने केंद्र सरकार से दिलवाने की बात कही थी। इधर वीर कुंवर सिंह विवि के जीरो माइल स्थित नूतन परिसर की 25 एकड़ जमीन को मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित किया गया है।

नेउरा में पकड़ा गया 25 क्विंटल गांजा, चालक सहित 3 गिरफ्तार

आरा : नेउरा ओपी व शिवाला मोड़ के बीच में आर्थिक अपराध इकाई और पुलिस टीम की संयुक्त छापेमारी में करोड़ों रूपये का 25 क्विंटल गांजा पकड़ा गया। गांजा की बड़ी खेप ओडिशा से भोजपुर जिले के मसाढ़ गांव ले जाई जा रही थी। गांजा को एक टैंकर में तहखाना बनाकर छिपाया गया था। इसकी भनक आर्थिक अपराध इकाई की टीम को लग गई, जिसके बाद जाल बिछाकर उस गाड़ी को माल सहित पकड़ लिया।

चालक सहित तीन लोग गिरफ्तार भी हुए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए लोगों में पिंटू कुमार, रंजीत कुमार, रवींद्र कुमार आरा के रहने वाले हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद टीम ने देर रात तक जब्ती सूची तैयार की। पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि गांजा करीब 10 क्विंटल होगा, लेकिन बाद में जब उसका वजन कराया गया तो 25 क्विंटल निकला।

इस कार्रवाई से गांजा माफियाओं में हड़कंप मचा है। नेउरा प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए लोगों की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर आगे भी छापेमारी की जा रही है।

विदित हो कि गजराजगंज पुलिस आउट पोस्ट अंतर्गत मशाद गाँव गांजा तस्करी का मुख्य गढ़ है और आये दिन वहां से गंजा और बहुत हद तक गोलिया दूसरी जगह भेजी जाती है पर पुलिस प्रशासन शायद ही वहा छापेमारी करती है| ऐसा कहा जाता है कि पुलिस वहा जाने से घबराती है या उसे हर महीने अच्छी खासी रकम मिल जाती है|

जन जन की पुकार आत्मनिर्भर बिहार’ रथ को लेकर चले भाजपाई

आरा : जनता को लुभाने में बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां लगी हुई है। चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। ऐसे में राजनीतिक दल कोई भी मौका नहीं छोड़ना चाह रहे हैं। भाजपा ने सभी 7 विधानसभा में चुनाव प्रचार के लिए अलग अलग टीम बनाई है। रविवार को सरकार की योजनाओं के बारे में बताने जनता को विपक्षियों की साजिश का खुलासा करने सहित कई उद्देश्यों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने सातों विधानसभा में चुनावी प्रचार प्रसार हेतु रथ रवाना किया।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम रंजन चतुर्वेदी, पूर्व विधायक संजय सिंह टाइगर,पूर्व विधायक भाई दिनेश, पूर्व विधायक आशा देवी, शिवेश कुमार, लव पांडेय, नीरज सोनी, जीतु चौरसिया सहित कई पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। भाजपा के नेताओं ने कहा कि हमारी पार्टी जनता की पार्टी और जनता के मान सम्मान के लिए हम हर संभव प्रयास करेंगे। भाजपा द्वारा निकाले गए यह चुनावी प्रचार प्रसार रथ जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी देगी और लोगों से अपील करेगी कि आप बीजेपी को वोट दें।

राजीव एन अग्रवाल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here