13 जुलाई : आरा की मुख्य ख़बरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

गैस चूल्हे पर चाय बनाने के दौरान बुरी तरह झुलसी महिला

आरा : भोजपुर जिले के तीयर थाना क्षेत्र के सिकरिया गांव में सोमवार की दोपहर आग की चपेट में आने से एक महिला बुरी तरह झुलस गई। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे चिंताजनक हालत में पटना रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार जख्मी महिला सिकरिया गांव निवासी नागेंद्र चौबे के की 46 वर्षीया पत्नी विभा देवी है। बताया जाता है कि सोमवार की दोपहर वह गैस चूल्हे पर चाय बना रही थी। इसी बीच उनका कपड़ा आग की चपेट में आ गया। इसमें वह बुरी तरह झुलस गई।

swatva

परिजन उन्हें इलाज के लिए किसी निजी क्लीनिक में ले गए, लेकिन कोई सुधार नही होने के कारण परिजन उन्हें सदर अस्पताल ले आये। जहां से उन्हें पटना रेफर कर दिया गया है।

प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार

आरा : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कौशिक दुलारपुर गांव के पास प्रॉपर्टी डीलर की हत्या में पुलिस ने एक अन्य वांटेड को गिरफ्तार किया है। उसे शहर के धोबीघटवा से पकड़ा गया। वह सिद्धार्थ नगर का रहने वाला संजय कुमार है।

मुफस्सिल पुलिस के अनुसार उदवंतनगर के दरियापुर गांव निवासी पॉर्टी डीलर रंजीत कुमार सिंह को संजय कुमार की स्कॉर्पियो से ले जाने के बाद ही हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में पुलिस ने पहले ही क्लीनिक चलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

विदित हो कि 15 जून की देर शाम मुफस्सिल थाना के कौशिक दुलारपुर गांव के पास गोली मारकर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर दी गयी थी। उनकी बुलेट पकड़ी चौक के पास स्थित क्लीनिक के पास से मिली थी। परिजनों द्वारा जमीन के विवाद में घर से बुलाने के बाद हत्या करने का आरोप लगाया गया था। उसके बाद पुलिस ने पकड़ी चौक के पास क्लीनिक चलाने वाले पिंटू आलम को गिरफ्तार कर लिया था।

युवती के साथ छेड़खानी पर भीड़ ने मनचले की कि धुनाई

आरा : भोजपुर जिले के कोइलवर थाना क्षेत्र के बिदगावां नया टोला गांव में रविवार की रात शौच करने गई युवती के साथ मनचलों ने छेड़खानी की। जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ के चंगुल से उसे मुक्त कराया। इसके बाद इलाज के लिए कोईलवर ले जाया गया। इसे लेकर भीड़ लगी रही।

बताया जा रहा कि कोइलवर थाना क्षेत्र के बिदगावां नया टोला गांव की एक युवती दो महिलाओं के साथ शौच के लिए गई हुई थी। इस दौरान मनचलों ने युवती के साथ जबर्दस्ती का प्रयास किया। बाद में हो-हल्ला होने पर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। जिसके बाद छेड़खानी के आरोप में एक युवक को धर दबोचा तथा उसकी बेरहमी पूर्वक पिटाई कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।

बाद में सूचना मिलने पर बड़हरा थाना की पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से पकड़े गए मनचले को मुक्त कराया। इसके बाद कोईलवर थाना पुलिस भी वहां आ गई। फिर, पकड़े गए पिटाई से घायल संदिग्ध को इलाज के लिए कोईलवर ले गई। वह नाविक बताया जाता है। कोईलवर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। मामला छेड़खानी से जुड़ा है।

अवैध बालू जब्त करने गयी ब्रॉडसन कंपनी के कर्मियों पर हमला

आरा : भोजपुर जिले के संदेश में अवैध बालू के धंधेबाजों ने शनिवार की रात ब्रॉडसन कंपनी के कर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान पहले रोडे़बाजी की गयी और उसके बाद मारपीट की गयी। चार राउंड फायरिंग भी की गयी।

इसमें कंपनी की सुरक्षा में लगे होमगार्ड के दो जवान जख्मी हो गये। जवानों की राइफल भी छीन ली गयी। चार-पांच गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हालांकि फायरिंग के बाद राइफल फेंक दी गयी, जिसे जवानों ने बरामद कर लिया। घटना को लेकर लोगों में अफरा-तफरी मची रही।

जानकारी के अनुसार मारपीट में जख्मी जवानों का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया गया। घायल जवानों में चरपोखरी थाना क्षेत्र के प्रीतमपुर निवासी बिहारी यादव व पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के आजमबथानी गांव निवासी नरेश यादव शामिल हैं।

पूरी घटना संदेश थाना क्षेत्र के नारायणपुर घाट व डिहरा के समीप हुई। घायल जवानों के अनुसार अवैध बालू खनन की सूचना पर कंपनी के कर्मी नारायणपुर घाट पहुंचे। वहां से बेरियर होते डिहरा पहुंचे, जहां अवैध बालू खनन कर रहे लोगों द्वारा हमला कर दिया गया।

जमकर रोडे़बाजी की गयी। दोनों को पकड़कर मारपीट की गयी व राइफल भी छीन ली गयी। उसी एक राइफल से चार राउंड गोली भी चलायी गयी। उसके बाद राइफल फेंक सभी भाग गये।

नशे में धुत्त चाचा ने भतीजी को छोड़ा, नियमों के विरुद्ध पुलिस ने लड़की को निजी संस्था को सौपा

आरा : बिहार के भोजपुर के आरा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहां सबको रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना है। घटना ऐसी है कि एक बेदर्द और निर्दई चाचा नशे की हालत में अपनी एक 11 साल की भतीजी को आरा में छोड़ भाग गया है |

कई जगह भटकने के बाद लड़की नवादा थाने पहुंची ,जहां उसे शरण मिली । बताया जाता है कि नवादा थाना क्षेत्र के गोढना में एक 11 साल की लड़की को भटकते हुए देखा गया जिसके बाद नवादा थाना लाया गया |

नवादा थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि उन्हें सुचना मिली कि एक 11 साल की नाबालिग लड़की थाना क्षेत्र के गोदना रोड पर भटक रही हिया | सूचना पर उस लड़की को थाना लाया गया | पूछने के क्रम में लड़की ने बताया कि उसके पिता की कैंसर से मृत्यु हो गई है और माँ का भी देहांत हो चुका है और वह अभी अपने चाचा के साथ रहती थी। पूछताछ करने में लगे लोगो ने कहा कि लड़की नशे में थी। जिसके बाद संजय सिन्हा प्रबंधक मोदी प्रशिक्षण एवं अल्प आवास केजी रोड आरा को सुपुर्द कर दिया गया !

नियम के अनुसार कोई नाबालिग लड़की मिलने पर पुलिस बाल कल्याण समिति को सुपुर्द करेगी और बाद में बाल कल्याण समिति अल्पावास गृह में उस लड़की को तबतक रखेगी जबतक उस लकड़ी का कोई अभिभावक उसे लेकर ना चला जाए| परन्तु इस केस में पुलिस ने बाल कल्याण समिति को सूचित करना मुनासिब नहीं समझा तथा एक प्राइवेट संस्था इनर व्हील क्लब की आई पी पी पुनीता सिंह को बुलाकर उस लकड़ी तो सुपुर्द कर दिया जो नियम का खुल्लम खुल्ला उल्लंघन है और इसके लिए भारी फाइन का प्रावधान भी है | साथ ही उस लड़की का नाम गुप्त रखना है पर इस केस में पुनीता सिंह ने उस लड़की का नाम उजागर करते हुए उसका नाम मासूम कुमारी बताया है |

मनोज प्रभाकर, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति ने बताया कि कोई भी लावारिस बच्चे को पुलिस को चाहिए कि बाल कल्याण समिति को सौपें पर पुलिस ने ऐसा नही किया है जो गैर कानूनी है| उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ वे विधि सम्मत कार्रवाई करेंगे |

सड़क दुर्घटना में महिला की मौत

आरा : बिहार के भोजपुर में वाहनों की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रहा है लगतार घटनाएं घटती ही जा रही है, ताजा मामला जिले के आरा सासाराम मुख्य मार्ग का है। जहाँ चरपोखरी थाना अंतर्गत महावीर टोला मोड़ के निकट विपरीत दिशा से आ रही स्कॉर्पियो के चपेट में आ जाने से लक्ष्मीना देवी(65) नामक महिला की मौत हो गई। बताया जाता है कि गड़हनी पंचायत के महावीर टोला निवासी लक्ष्मीना देवी गड़हनी बाजार समान खरीदने जा रही थी की आरा से आ रही स्कॉर्पियो वाहन ने उन्हें रौंद दिया जिससे उनकी मौत हो गई। मृतिका महावीर टोला गांव निवासी लक्ष्मण यादव की पत्नी बताई जाती है।

परिजनों ने लक्ष्मीना देवी को गड़हनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहाँ डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।घटना की खबर सुनकर चरपोखरी थाना प्रभारी ओमप्रकाश व अंचलाधिकारी उदयकांत चौधरी कर मुआवजा की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि धक्का मारने के बाद स्कॉर्पियो खड्ड में पलट गयी है।

बताया जा रहा है कि धक्का मारने के बाद स्कॉर्पियो खड्ड में पलट गयी है। घटना की खबर सुनकर जदयू विधायक प्रभुनाथ राम ने पीड़ित परिजनों को अंचलाधिकारी गड़हनी को तत्काल बुलाकर चार लाख रुपये का चेक के माध्यम से राशि दी।

राजीव एन अग्रवाल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here