03 जून : वैशाली जिले की खबरें

0
vaishali news

वायुसेना जवान को गोली मारी

वैशाली : हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र स्थित अदलपुर योगी ब्रह्म स्थान के निकट रविवार को दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने वायु सेना के एक जवान को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग जमा हो गए परन्तु अपराधी मौके से भाग चुके थे। स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना सदर थाना को दी तथा घायल जवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद उक्त जवान को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। जवान को पेट में दाहिनी तरफ गोली लगी है। घायल जवान की पहचान देसरी थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव निवासी देवेन्द्र प्रसाद के पुत्र तथा वायु सेना में कार्यरत जयेश कुमार के रूप में हुई है। घायल जवान के बयान पर इस मामले में बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

वेंटिलेटर तोड़कर हाजत से फरार हुआ कुख्यात

वैशाली : गोरौल थाना के हाजत में बंद एक कुख्यात अपराधी शनिवार की रात वेंटिलेटर को तोड़कर फरार हो गया। कई जिले के लिए सिरदर्द बने और बड़े-बड़े अपराध में संलिप्त अपराधी प्रेम कुमार को पुलिस के वरीय अधिकारियों ने पकड़ कर गोरौल पुलिस को सौंपा था। बताया जाता है कि उक्त अपराधी मुजफ्फरपुर तथा जंदाहा बाजार से सोने के आभूषण लूटकांड में शामिल था। हाजत में लगभग दस फीट की ऊंचाई पर बने वेंटिलेटर के बाहरी हिस्से को ईंट से बन्द किया गया था, परन्तु अपराधी हाजत के उस वेंटिलेटर में लगे लोहे के रॉड से ईंट को तोड़कर कर भाग निकला। चौकीदार यदू पासवान ने रात को उसे खाना खिलाया और जब सुबह हाजत की ओर गया तो वहां प्रेम को गायब देखा। इसका पता चलते ही गोरौल थाने में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष से लेकर सभी पुलिस पदाधिकारी संभावित ठिकानों पर छापेमारी करते रह गए लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका है।

swatva

बाइक सवार ने महिला को टक्कर मारी

वैशाली : महुआ थाना स्थित भदवास पंचायत में शनिवार की शाम तेज गति से आ रही एक बाइक सवार ने एक महिला को टक्कर मार दी। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी तथा इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के क्रम में ही महिला की मृत्यु हो गयी। महिला के मृत्यु की सूचना मिलते ही लोग आक्रोशित हो गए तथा रविवार की सुबह शव के साथ महुआ-देसरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस जाम की सूचना प्राप्त होते ही महुआ थाने की पुलिस जाम स्थल पर पहुंची तथा मौके पर मौजूद बुद्धिजीवियों की सहायता से करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को शांत करा कर जाम हटवाया।

दूध नहीं देने के विवाद में किशोर को गोली मारी

वैशाली : बिदुपुर थाना क्षेत्र स्थित कंचनपुर गांव में शनिवार की रात दूध नहीं देने के विवाद में एक किशोर को गोली मार दी गयी। घायल किशोर के परिजन ने उसे हाजीपुर स्थित जौहरी बाजार रोड के एक निजी नर्सिंग होम में दाखिल कराया, जहाँ किशोर का इलाज किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कंचनपुर गांव के निवासी राजमंगल राय का पुत्र नीतीश कुमार शनिवार की शाम अपने गांव में ही दूध लेने गया था। जब वह दूध लेकर वापस लौट रहा था तभी गांव के ही सीताराम महतो ने उसे रोका तथा आधा दूध देने को कहा। जब नीतीश ने दूध देने से मना किया तब सीताराम महतो ने जबरन आधा दूध उसके बर्तन से निकाल लिया। इस बात पर नीतीश उससे उलझ गया। इसके बाद सीताराम महतो ने आपा खो दिया तथा घर से रिवॉल्वर लाकर नीतीश को गोली मार दी। गोली नीतीश की पीठ में लगी। गोली की आवाज सुन कर आसपास के लोग जुट गए। नीतीश का बयान नगर थाना की पुलिस ने दर्ज कर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए बिदुपुर थाना की पुलिस को भेज दिया है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।
(सुजीत सुमन)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here