05 सितंबर : नवादा की मुख्य खबरें

0

खीरा लदे पिकअप वैन ने ट्रॉली ट्रक में मारी टक्कर,चालक की मौत

नवादा : जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 20 पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंबिका बीघा के समीप तेज रफ्तार खीरा लदे पिक अप वाहन चालक ने सड़क किनारे खड़ी एक ट्रॉली ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी,जिससे चालक की मौत हो गई वहीं उप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शिव दयाल यादव के रूप में की गई है जबकि घायल उपचालक बेगूसराय जिले के ही भगवान पुर का निवासी नीतीश कुमार है। मुफस्सिल थाना में तैनात एस आइ जितेंद्र कुमार ने बताया की खीरा लदे पिकअप वाहन हजारीबाग से बेगूसराय की ओर जा रहा था तभी उनके थाना क्षेत्र के अंबिकाबीघा के समीप सड़क किनारे खड़ी ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी,जिसमें यह घटना घटी है।

swatva

पुलिस ने मृतक चालक और उपचालक के परिजन को घटना की सूचना दी है। इस दौरान पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक ट्रॉली को जप्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना देर रात की है। स्थानिय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप वाहन में फंसे चालक और उपचालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। चालक की मौके पर मौत हो गई थी जबकि उपचालक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उपभोक्ता फोरम ने बीमा कम्पनी पर 9 लाख 60 हजार 650 रूपये का लगाया जुर्माना

नवादा : जिला उपभोक्ता फोरम ने चोला मंगलम बीमा कम्पनी के पटना वरीय प्रबंधक को सेवा में त्रुटी का दोषी करार देते हुए जुर्माना सहित वाहन क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान करने का आदेश जारी किया है। जानकारी के अनुसार काशीचक थाना क्षेत्र के बाली निवासी मथुरा प्रसाद ने इन्साइन्ड बैंक से कर्ज लेकर ट्रक खरीदा था। खरीदी गई वाहन का बीमा चोला मंगलम बीमा कम्पनी से कराया था।

बीमा अवधि के दौरान 27 फरवरी 2018 को उक्त्ए वाहन शेखपुरा जिला अंतर्गत अम्बारी गांव के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन की मरम्मत कराने में 9 लाख 60 हजार 650 रूपये खर्च हुए, किन्तु बीमा कम्पनी ने उक्त राशि का भुगतान करने से इंकार करते हुये क्षतिपूर्ति के रूप में केवल 56 हजार रूपये का भुगतान वाहन स्वामी को किया। बीमा कम्पनी की सेवा से नाखुश होकर वाहन स्वामी ने उपभोक्त फोरम के समक्ष वाद दायर कर न्याय की गुहार लगाई।

आयोग के अध्यक्ष राज कुमार प्रसाद तथा सदस्य मिथिलेश कुमार ने उभयपक्षों के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद यह पाया कि बीमा कम्पनी ने क्षतिग्रस्त वाहन का मूल्याकंन के लिए कोई सर्वेयर नियुक्त नहीं किया। वाहन मरम्मत कराने में हुए खर्च का विपत्र आवेदक के द्वारा दाखिल किया गया। आयोग ने वाद को स्वीकार करते हुए बीमा कम्पनी को सेवा में दोषी पाया तथा वाहन क्षतिपूर्ति राशि 9 लाख 60 हजार 650 रूपये का भुगतान करने का आदेश बीमा कम्पनी को दिया साथ ही मानसिक व आर्थिक क्षतिपूर्ति के रूप में 30 हजार रूपये का भुगतान करने का आदेश दिया।

प्रखंड मुख्यालय पर सरपंच पंच ने दिया धरना

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित प्रखंड मुख्यालय पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत अपनी 11 सूत्री मांगों को लेकर पंच-सरपंचों ने एक दिवसीय धरना दिया। अध्यक्षता पाण्डेय गंगौट पंचायत के सरपंच सह कौआकोल पंच सरपंच संघ के प्रखंड अध्यक्ष अराफात आलम ने किया।धरना में अपनी 11 सूत्री मांगों के समर्थन में प्रखंड कार्यालय पर धरना दिया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए पंच सरपंच संघ के मीडिया प्रभारी संगीता सिन्हा ने बताया कि राज्य की महागठबंधन की सरकार द्वारा पंच तथा सरपंचों को लगातार प्रताड़ित करने का काम किया जा रहा है।

इनके अधिकार एवं कार्य क्षेत्र का हनन करने का काम किया जा रहा। इन्हीं सब को लेकर प्रदेश सरकार को इसी धरना के माध्यम से सचेत करने का काम किया जाएगा कि अगर प्रदेश की सरकार पंच-सरपंच के हित में काम नहीं करेंगी और इन्हें प्रताड़ित करने का काम करेगी तो प्रदेश के पंच सरपंच इसका मुंहतोड़ जबाव देने से बाज नहीं आयेगी। मौके पर सरपंच मुन्नी देवी सरपंच प्रतिनिधि शैलेश कुमार आर्य गोपाल रजक, संजय पासवान, राधा देवी, योगेन्द्र प्रसाद यादव, सुनील प्रसाद यादव, सुरेश साव अर्जुन साव आदि मौजूद थे।

डीएम- एसपी ने किया संयुक्त संबोधन, दिया निर्देश

-186 स्थानों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारीओं व पुलिस पदाधिकारियों को किया संबोधित

नवादा : आशुतोष कुमार वर्मा जिला पदाधिकारी एवं अम्बरीष राहुल पुलिस अधीक्षक ने नगर भवन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं चेहल्लुम त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को संयुक्त ब्रीफिंग किया। जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों पर्व एक साथ है इसलिए सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित होकर मुस्तैदी के साथ कर्तव्यनिष्ठ रहेंगे।

उन्होंने जिलेवासियों से भी अपील किया कि दोनों पर्वाें को शांतिपूर्ण और सौहार्द वातावरण में सम्पन्न करायें। संवेदनशील स्थलों पर 06.09.2023 से 186 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्त रहेंगे। चेहल्लुम का त्योहार 07 और 08 सितम्बर को मनायी जायेगी। उन्होंने कहा कि जिले में 08 स्थलों पर ताजिया का निर्माण होता है जिसमें से 15 ताजिया को जुलूस निकालने की सूचना है। धमौल और वारिसलीगंज को अतिसंवेदनशील में चिन्हित किया गया है।

सभी दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी कर्तव्यनिष्ठ होकर चुस्ती और मुस्तैदी के साथ विधि-व्यवस्था संधारण करना सुनिश्चित करेंगे। विधि-व्यवस्था संधारण में शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के डीजे की सूची अवश्य बनायेंगे। लाउडस्पीकर का उपयोग भी निर्धारित तीव्रता सीमा के अन्दर होगा। जिला, अनुमंडल तथा थाना स्तर पर नियंत्रण कक्ष संचालित होगा। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या -06324-212261 है। तीनों नियंत्रण कक्ष 06.09.2023 के 06ः00 बजे पूर्वा0 से कार्य करना प्रारंभ कर देगा और त्योहार को शांतिपूर्ण सम्पन्न होने तक संचालित रहेगा।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ विधि-व्यवस्था संधारण का कार्य करेंगे। जन्माष्टमी के बाद चेहल्लुम का त्योहार मनाया जायेगा। सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। भ्रम और अफवाह फैलाने वाले सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी की जायेगी। भीड़ वाले स्थलों पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी होगी। विधि-व्यवस्था संधारण करने के लिए नियंत्रण कक्ष में तीन शिफ्ट में दंडाधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त 11 सुरक्षित दण्डाधिकायों की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है। संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थानों पर अपनी पैनी नजर बनाए रखेंगे।

नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी लगातार 186 स्थानों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारीओं से लगातार फीडबैक प्राप्त करते रहेंगे एवं विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सजग और सतर्क रहेंगे। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष में अग्निशामक, चिकित्सा व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था की गयी है। अकस्मात स्थिति से निपटने हेतु जिला नियंत्रण कक्ष में सशस्त्र लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि अपने कर्तव्य का अनुपालन दृढ़ विस्वास के साथ करेंगे, जिससे त्योहार शांतिपूर्वक सम्पन्न हो। जुलूस में शामिल व्यक्ति कोई उत्तेजक नारे नहीं लगायेंगे। जहां से जुलूस गुजरेगी वहां पर पहले से ही पुलिस बल तैनात रखेंगे ताकि विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न ना हो। ताजिया के आसपास सादे पोशाक में पुलिसकर्मी प्रतिनियुक्त किये जायें ताकि असमाजिक तत्वों एवं अपराधकर्मियों पर नियंत्रण की जा सके।

असमाजिक तत्वों तथा अफवाह फैलाने वाले पर कड़ी नजर रखे जाने का निर्देश दिया गया है। सभी अति संवेदनशील स्थानों पर सादे लिबास में पुलिस वालों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। बैठक में दीपक कुमार मिश्र उप विकास आयुक्त, कारी प्रसाद महतो अपर समाहर्ता, अखिलेश कुमार अनुमंडल पदाधिकारी नवादा, एसडीसी, डीपीआरओ, एसडीपीओ के साथ दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

टॉप 20 में शामिल कुख्यात अपराधकर्मी नीतीश कुमार गिरफ्तार, देसी रायफल और कार्बाइन बरामद

नवादा : जिले के टॉप 20 में शामिल अपराधियों में एक नीतीश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके पास से एक देसी रायफल और एक देसी कार्बाइन की बरामदगी हुई है। सोमवार 4 सितंबर को गिरफ्तारी हुई। मंगलवार को उसे जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार बदमाश छोटू यादव गिरोह का सदस्य बताया गया है। डकैती, पुलिस पर हमला, अवैध हथियार रखने, हत्या के प्रयास जैसे जघन्य अपराधों में संलिप्त कुख्यात अपराधी नीतीश कुमार की गिरफ्तारी को नवादा पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के मदद से नीतीश को देसी राइफल और कार्बाइन के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार नीतीश कुमार कुख्यात अपराधी छोटू यादव गिरोह का सदस्य है, जिसके विरुद्ध रोह थाना में हत्या, डकैती जैसी कई जघन्य कांड दर्ज़ हैं।

गौरतलब है कि रोह थानाक्षेत्र अंतर्गत वर्ष 2022 में कुछ अपराधी अवैध हथियार के साथ डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इस कांड के 5 अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शेष की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही थी।

बता दें कि गिरफ्तार नीतीश कुमार जिले के रोह प्रखंड क्षेत्र के महकार गांव का निवासी है। यह महकार गांव के ही छोटू यादव गिरोह का सदस्य है। छोटू यादव 15 जुलाई 2022 सदर अस्पताल नवादा से फरार हो गया था। उसके बाद से छोटू अपना आपराधिक नेटवर्क को खड़ा कर आपराधिक गतिविधियों को आगे बड़ा रहा है। 6 केस तो उसके खिलाफ रोह थाना में दर्ज है। इस गिरोह के कई बदमाशों को पुलिस पहले भी गिरफ्तार कर चुकी है।

आयोग अध्यक्ष ने की अधिकारियों के साथ बैठक

नवादा : शम्भु कुमार सुमन राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में अनुसूचित जाति के विकास के लिए संचालित योजनाओं के कार्यान्वयन की यथा स्थिति पर प्रकाश डाला गया।

आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि अनुसूचित जनजाति समाज के अंग हैं। इसलिए इस समाज के विकास पर सभी अधिकारियों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है। मनरेगा में अनुसूचित जनजाति के लोगों को रोजगार की संभावना बढ़ाने के लिए आवश्यक पहल करनी होगी। सामुदायिक भवन-सह-वर्कशेड का निर्माण एवं अनुसूचित जनजाति टोलों में सामुदायिक शौचालय निर्माण कराकर आदिवासियों को बेहतर जीवन के लिए प्रेरित करना होगा।

अध्यक्ष ने कहा कि जिले में 1423 आदिवासी परिवारों को आवास मुहैया कराया गया है जो काफी सराहनीय पहल है। इसके लिए उन्होंने उप विकास आयुक्त को धन्यवाद दिया। लेकिन अभी भी आवास से वंचित अनुसूचित जनजाति के परिवारों को आवास सुलभ कराने के लिए विशेष पहल अधिकारियों को करने का निर्देश दिया। जिले में 1125 पीडीएस डीलर हैं। नियमानुसार 12 अनुसूचित जनजाति डीलर सुनिश्चित बनाने के लिए निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार के द्वारा संचालित योजनाओं का कार्यान्वयन किया जाता है। अनुसूचित जनजाति के परिवारों का उत्थान के लिए जिला प्रशासन संकल्पित है। उनके शैक्षणिक और सामाजिक स्तर पर विकास को प्राथमिकता दिया जा रहा है। जनजातीय मामलों के विशेषज्ञ प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि वनाधिकार नियमावली के कार्यान्वयन में वनाधिकार संबंधी निर्णय लेते समय 06 सितम्बर 2012 से वनाधिकार समिति में न्यूनतम दो तिहाई सदस्य अनुसूचित जनजाति का होना अनिवार्य है।

इसलिए जिले में अनुसूचित जनजाति के 214 दावों को निरस्त कर दिये जाने से संबंधीत मामलों की वर्णित प्रावधान के आलोक में पुनः समीक्षा किया जाय। आयोग के अधिकारियों को जानकारी दी गयी कि शत-प्रतिशत अनुसूचित जनजाति वाले गाॅव,टोला में जनजातीय उपयोजना की शत-प्रतिशत कार्य कर उनके विकास का प्रावधान नीति आयोग ने किया है। बैठक में , जिला परिवहन अधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, डीपीओ आईसीडीएस के साथ जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

बदमाशों ने पुलिस के सामने युवक को पीटा

– धक्का-मुक्की भी की, सात नामजद सहित एक गिरफ्तार

नवादा : जिले में पुलिस के सामने एक व्यक्ति की जमकर पिटाई की गई। पुलिस के साथ भी धक्का मुक्की किया गया। मारपीट का वीडियो सामने आते ही पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामला पकरीबरावां प्रखंड क्षेत्र का है, जिसमें पुलिस के सामने ही एक युवक को बुरी तरह पीटा जा रहा है। पिटाई में शामिल एक युवक को पुलिस ने जैसे ही अपने कब्जे में लिया वैसे ही उसे छुड़ाने के लिए कई लोग आ धमकते हैं और पुलिस की जीप से गिरफ्तार अपराधी को छुड़ाने का प्रयास करते करने लगते है।

पुलिस अधिकारियों के सामने की मारपीट

विडियो में दिख रहा है कि पुलिस अधिकारी एक युवक को धक्का दे रहे हैं। वायरल विडियो के संदर्भ में जब जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो पाया गया की यह वीडियो धमौल ओपी के भोजपुर टोला से जुड़ा है। बिहार सरकार की जमीन पर एक व्यक्ति के द्वारा घर बनाया जा रहा था। भोजपुर टोला के राजेंद्र सिंह के पुत्र पवन पंकज उर्फ संटू सिंह विरोध कर रहे थे। कुछ लोगों के द्वारा धमौल ओपी के एक एसआई के सामने ही मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया।

एक की हुई गिरफ्तारी

ओपी प्रभारी बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि यह घटना धमौल ओपी के भोजपुर टोला का ही। उक्त घटना में धमौल ओपी में थाना कांड संख्या 403/23 दर्ज किया जा चुका है। जिसमें सात नामजद एवं 7अन्य को अभियुक्त बनाया गया है। जिसमें अनिल कुमार सिंह उर्फ टीपू सिंह की गिरफ्तारी की गई है। शेष की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here