19 सितंबर : नवादा की मुख्य खबरें

0

जिले के 399 पशुपालकों में 33 को मिलेगा 50 से 75% अनुदान

नवादा : जिले में गोपालन को बढ़ावा देने के लिए गोपालक किसानों को सरकार गाय खरीदने और पालने में मदद करेगी। इस साल जिले के 33 पशुपालकों को इसका लाभ मिलेगा। पशुपालकों को 50 से 75% तक अनुदान दिया जाएगा। दो गाय, चार गाय, 15 गाय और 20 गाय के लिए अनुदान दिया जाएगा।

दो गाय वाले यूनिट के लिए कुल लागत राशि 1 लाख 64 हजार है। इसके लिए सामान्य कोटि के किसानों को 82000 और एससी /ईबीसी को 123000 रुपए अनुदान मिलेगा।जिले के 33 पशुपालकों को इसका लाभ मिलेगा इनमें से समान्य कोटि के 23 , अनुसूचित जाति के 6 और ईबीसी के 3 पशुपालकों को अनुदान मिलेगा। इसके लिए जिले भर से 399 पशुपालकों ने आवेदन किया है। अब इन आवेदनों की जांच होगी और फिर प्राथमिकता तय कर अनुदान दिया जाएगा।

swatva

जिला गव्य पदाधिकारी ने बताया कि इन सभी योजनाओं के लिए कुल 33 लाभुकों का चयन किया जाएगा। 2 गायों के लिए सामान्य वर्ग के 15, अनुसूचित वर्ग के 5 और इबीसी वर्ग के 2 लाभार्थी का चयन किया जाना है। इसी प्रकार चार गाय के लिए सामान्य वर्ग के 6, ईवीसी के 1 और अनुसूचित वर्ग के 1 लाभार्थी का चयन होगा। वहीं 15 गाय के लिए सामान्य वर्ग के 2 और 20 गाय के लिए सामान्य कोटि से 1 पशुपालक का चयन किया जाएगा।

सभी आवेदकों का साक्षात्कार लिया जाएगा। जिले में इस योजना के लिए बड़े पैमाने पर आवेदन आए हैं ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था थी इसके जरिए जिले में 399 आवेदन आए हैं। अब इन 399 आवेदकों में से 33 का चयन किया जाएगा। आवेदकों की संख्या को देखते हुए चयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए टीम का गठन किया गया है। चयनित सदस्यों की उपस्थिति में सभी आवेदकों का साक्षात्कार लिया जाएगा। इसमें योजना का लाभ दिया जाएगा।इसके लिए जिम्मेदार समिति निर्णय लेगी।

अग्रणी बैंक प्रबंधक इसके अध्यक्ष जबकि गव्य विकास पदाधिकारी सदस्य सचिव हैं। जिला उद्योग केन्द्र के महा प्रबंधक कमिटी के सदस्य हैं। 20 सितंबर से इन आवेदनों की स्क्रीनिंग शुरू हो जाएगी। 20 सितंबर को सामान्य कोटि के आवेदन के स्क्रीनिंग की जाएगी जबकि 21 को अनुसूचित जाति वर्ग के आवेदक को किस आवेदनों की स्क्रीनिंग होगी।

इस योजना में चयन के लिए जो नियम बनाए गए हैं उसके अनुसार प्रगतिशील और दुग्ध व्यवसाय उन्मुख पशुपालकों को तरजीह दी जाएगी। जिला गव्य विकास पदाधिकारी ने बताया कि आईडीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी इसे देख रही है। आवेदकों में से दुग्ध उत्पादक समिति के सदस्यों और गव्य विकास से प्रशिक्षित पशुपालकों को प्राथमिकता दी जाएगी। जीविका समूह से जुड़े आवेदन को भी तरजीह मिलेगी। बिना प्रशिक्षण वाले पशुपालकों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि योजना का क्रियान्वयन सुचारू रूप से हो और दुग्ध उत्पादन तथा रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल सके।

सोशल मीडिया पर फेक वीडियो वायरल करने में बुरे फंसे चंदन भारद्वाज, कोर्ट में करना पड़ा सरेंडर

नवादा : जिले के मॉडर्न इंग्लिश स्कूल के निदेशक डॉ. अनुज कुमार से जुड़े एक वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर वायरल करने का मामला हिसुआ के चंदन भारद्वाज को भारी पड़ा है। मामले में उच्च न्यायालय से राहत नहीं मिलने के बाद उन्हें कोर्ट में सरेंडर करना पड़ा। अग्रिम जमानत के लिए वे पटना हाईकोर्ट गए थे। लेकिन जमानत नहीं मिली तब उन्होंने कोर्ट में सरेंडर किया। सरेंडर करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

जानिए क्या है मामला

मार्च 2022 में एक वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर वायरल हुआ था। वीडियो मॉडर्न ग्रुप के डायरेक्टर से जुड़ा था जो काफी आपत्तिजनक था। वीडियो को फेंक, कूट रचित और बनावटी बताते हुए डॉ. अनुज द्वारा नगर थाना में एफआईआर 186/2022 दिनांक 6.3.2022 दर्ज कराया गया था जिसमें साजिश के तहत संस्थान की छवि को बदनाम करने, वीडियो की आड़ में ब्लैकमेल कर रंगदारी की मांग करने आदि के आरोप लगाए गए थे। धारा 385, 420, 500, 506, 120 (बी) भादवि के तहत एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले का अनुसंधान शुरू की थी। इस मामले में हिसुआ के ही महबतपुर के रविरंजन को भी आरोपित किया गया था।

मॉडर्न ग्रुप की आई प्रतिक्रिया

इस बीच मॉडर्न ग्रुप द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि बार बार संस्थान और व्यक्ति की छवि को खराब करने के लिए साजिशन ऐसा किया जाता है। यह कोई पहली घटना नहीं थी। बल्कि, पूर्व में भी घटनाएं हुई है। सफेदपोश की भूमिका का दावा भी किया गया है। संस्थान द्वारा कहा गया है कि आगे ऐसी कोई घटना होती है तो सख्ती से फिर प्रतिकार किया जाएगा।

पीएम मोदी के जन्म दिवस पखवाड़ा पर मुफ्त चिकित्सा शिवर आयोजित, डॉ. महेश के क्लीनिक में हुआ मरीजों की जांच

नवादा : भाजपा जिला इकाई द्वारा प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के तहत तीसरे दिन नवादा में मुफ्त चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता के नेतृत्व में शिवर का आयोजन डॉक्टर महेश कुमार के क्लीनिक में हुआ। शिविर में डॉक्टर महेश कुमार, डॉक्टर मनोज बरनवाल, डॉक्टर कुणाल एवम डॉक्टर संतोष कुमार ने अपना योगदान दिया।

चिकित्सा शिविर में कई लोगों की बीपी, डायबिटीज, मलेरिया कई प्रकार का जांच किया गया और मुफ्त में दवाओं का वितरण किया गया। जिला अध्यक्ष अनिल मेहता ने सभी चिकित्सकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आप लोग सच में धरती के भगवान हैं। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी देश के नागरिकों की सेवा प्रधान सेवक बनकर कर रहे हैं, इधर आप डॉक्टर लोग भी सेवा कर रहे हैं। डॉक्टर महेश कुमार ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी प्रेरणा स्रोत हैं। हम सभी डॉक्टर हमेशा जिले के नागरिकों की सेवा के लिए तत्पर रहूंगा।

दूसरी ओर, नवादा परिसदन में बिहार प्रदेश भाजपा के सह मीडिया प्रभारी सूरज पांडेय और जिला अध्यक्ष अनिल मेहता ने प्रेस कांफ्रेंस कर आयुष्मान योजना की चर्चा की। सूरज पांडेय ने कहा कि प्रधान मंत्री जी के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा के तहत आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान भवः अभियान की शुरुआत की गई है। आयुष्मान योजना 17 सितंबर से शुरू हो चुका है। आयुष्मान कार्ड बनाने का प्रक्रिया को आसान बनाया गया है। खुद ही ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन कर आयुष्मान कार्ड बना सकते हैं।

आपको जरूरी दस्तावेज जैसे राशन कार्ड, आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, पैन कार्ड अपलोड करना होगा। इसके बाद सरकार सत्यापित कर आपका नाम योजना में स्वतः जोड़ दिया जाएगा। इस योजना के तहत 5 करोड़ से ज्यादा लोग इलाज करा चुके है। देश भर में 27 हजार से ज्यादा अस्पताल में इस कार्ड पर इलाज की सुविधा है। पीएम मोदी देश के गरीबों के उत्थान में दिन रात लगे हुए हैं।

कार्यक्रम में निवर्तमान जिला अध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, जिला महामंत्री विजय पांडे, शैलेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता, बिनोद कुमार भोली, जितेंद्र पासवान, माधुरी बरनवाल, जिला मंत्री शिव यादव, किसान मोर्चा अध्यक्ष नितिनंदन सिंह, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभिजीत कुमार, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अबू सलाम वारसी, आईटी सेल जिला संयोजक राहुल सिन्हा, सोशल मीडिया जिला संयोजक तेजस सिन्हा, प्रियरंजन निवास, अवनिकान्त भोला, महेश फूहि, पुनीता बरनवाल, राधे श्याम चौधरी, सूर्यनारायणं गुप्ता, नवल किशोर, मनोज गुप्ता इत्यादि उपस्थित रहे।

आंती व परमा पंचायत में बुधवार को होगा प्रशासन का जन संवाद

नवादा : राज्य सरकार के द्वारा विभिन्न लोक कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं के संबंध में आम जनों को जानकारी प्रदान करने एवं सुझाव प्राप्त करने के लिए जन संवाद की तैयारी पूरी कर ली गई है। बुधवार को सदर प्रखंड के खंती व परमा पंचायत से इसका आगाज होगा।

आशुतोष कुमार वर्मा जिलाधिकारी ने कार्यालय प्रकोष्ठ में जन संवाद के सफल कार्यक्रम के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 20.09.2023 को नवादा सदर अनुमंडल के सदर प्रखंड के आंती पंचायत की मनरेगा भवन में 10ः00 बजे पूर्वा0 से जन संवाद का आयोजन किया गया है। पुनः दोपहर के बाद नारदीगंज प्रखंड के परमा पंचायत में पनछेका का खेल मैदान में जन संवाद का आयोजन होगा।

जिलाधिकारी के आदेश के आलोक में सभी जन संवाद स्थल पर सरकार के कल्याणकारी एवं महत्वकांक्षी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग से निबंधित उत्कृष्ठ कलाकारों के द्वारा नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया जायेगा। विभिन्न विभागों के अधिकारी अपने स्तर से लोक कल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रचार-प्रसार के लिए स्टाॅल लगायेंगे और हैंडबिल, पम्पलेट का वितरण स्थानीय लोगों के बीच करेंगे।

सूचना जन सम्पर्क पदाधिकारी के द्वारा नुक्कड़ नाटक , सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं का आडियो/विडियो से प्रसारण और महत्वपूर्ण योजनाओं का फ्लेक्सी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। सभी स्थलों पर बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में कुर्सी आदि की व्यवस्था की गयी है। जन संवाद स्थल पर आम लोगों के सुविधा के लिए विशाल टेंट और आधारभूत सुविधा उपलब्ध रहेगी। जन संवाद स्थल पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता आदि योजनाओं के संबंध में आम लोगों को जानकारी देंगे।

योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में स्थानीय लोगों एवं जन प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिया जायेगा। 21.09.2023 को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से मेसकौर प्रखंड के पंचायत सरकार भवन रसलपुरा में 10ः00 बजे पूर्वा0 से एवं 02ः00 बजे अप0 से सिरदला प्रखंड के बड़गाॅव पंचायत सरकार भवन में जन संवाद का आयोजन होगा। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से प्रत्येक प्रखंड के दो-दो पंचायतों, अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक प्रखंड के एक-एक पंचायत और प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी अपने-अपने प्रखंड स्तर पर दो-दो चिन्हित स्थल पर जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन करेंगे।

बैठक में दीपक कुमार मिश्रा उप विकास आयुक्त, अखिलेश कुमार अनुमंडल पदाधिकारी, जफर हसन डीसीएलआर, प्रशान्त अभिषेक अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, संतन कुमार सिंह अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी रजौली, अमु अमला गोपनीय प्रभारी, प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी, सत्येन्द्र प्रसाद डीपीआरओ, संतोष कुमार सुमन जिला कृषि पदाधिकारी के साथ अन्य पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here