28 जून : नवादा की मुख्य खबरें

0

फ्रंटलाइन पब्लिक स्कूल में होगा आयोजन, राष्ट्रीय कवि संगम द्वारा आयोजित होगा कार्यक्रम

नवादा : राष्ट्रीय कवि संगम की जिला इकाई के द्वारा आगामी 3 जुलाई को बड़े भव्य रूप से गुरु पूर्णिमा का महोत्सव मनाया जाएगा। यह महोत्सव फ्रंटलाइन पब्लिक स्कूल, चातर के विशाल मैदान में आयोजित होगा। राष्ट्रीय कवि संगम के प्रांतीय महामंत्री डॉ. गोपाल निर्दोष ने बताया कि इस महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह रहेगी कि यह आयोजन चार चरणों में संपन्न होगा।

पहले चरण में विद्यालय के सारे विद्यार्थी विद्याध्ययन करेंगे, दूसरे चरण में गुरु पूर्णिमा का महोत्सव मनाया जाएगा, तीसरे चरण में गुरु पूर्णिमा की महिमा को केंद्र में रखकर कवि सम्मेलन आयोजित होगा जबकि चौथे चरण में प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। डॉ. गोपाल निर्दोष ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति से जोड़ते हुए अपने आदर्श महाभारत के रचयिता महर्षि वेदव्यास के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के बारे में बताना है। इसके साथ ही उनमें अपने वर्तमान गुरुजन के प्रति श्रद्धा भाव पैदा करना है।

swatva

जिला इकाई के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित होनेवाले इस महोत्सव में प्रांतीय अध्यक्ष प्रभाकर कुमार राय एवं प्रांतीय महामंत्री डॉ. गोपाल निर्दोष के साथ-साथ बृजबिहारी मिश्र, अंकेश कुमार, सुधीर कुमार, रवि नारायण, सृष्टि मिश्र, रवि भूषण, डॉ. नीरज कुमार, कुमार आर्यन सहित प्रांतीय स्तर के कई मंत्रीगण शामिल रहेंगे। जबकि स्थानीय इकाई के सचिव नितेश कपूर, कोषाध्यक्ष अरुण कुमार वर्मा, संरक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार सिन्हा एवं उत्पल भारद्वाज के साथ-साथ डॉ. रतन कुमार मिश्र, कवि दयानंद प्रसाद गुप्ता, मनमोहन कृष्ण, श्याम सुंदर, सुनील मिश्र आदि सक्रिय सदस्यों की सहभागिता रहेगी।

पिकअप व टेलर की टक्कर में दर्जन भर लोग हुए जख्मी, घायलों को सदर अस्पताल में कराया भर्ती

नवादा : जिले से गुजरने वाली एनएच- 20 निर्माणाधीन फोर लेन पर इन दिनों यात्रा करना खतरा से खाली नहीं है। आए दिन इस मार्ग पर सड़क हादसे में लोगों की मौत हो रही है। ताजा मामला एनएच 20 पर नगर थाना क्षेत्र के बुधौल बस स्टैंड के पास पिकअप और टेलर की टक्कर में पिकअप पर सवार एक दर्जन लोग गंभीर रुप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार बाद बेहतर इलाज के लिए विम्स पावापुरी रेफर कर दिया गया। सभी घायल बंगाल के बताए जा रहे हैं। घायलों में बंगाल के मुशर्रफ शेख, नूर शेख, जहरुन शेख, मुकुल शेख, इंदादुल खान, रिफन शेख तथा नहर पर निवासी सुदामा सिंह सहित एक दर्जन लोग शामिल है।

बताया जाता है कि सभी घायल नवादा में रहकर मजदूरी का काम करता है। काम पूरा कर पिकअप वाहन पर सवार होकर बंगाल जा रहे थे, तभी बुधौल बस स्टैंड के समीप तेज रफ्तार टेलर ने पिकअप वाहन में जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे सभी लोग जख्मी हो गए। कुछ घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है, तो ही कुछ को चिंताजनक हालात में पावापुरी भेज दिया।

पानी की समस्या को ले ग्रामीण सड़क पर उतर कर किया हंगामा

नवादा : जिले पकरीबरावां में पानी की समस्या खत्म नहीं हो रही है। आए दिन लोगों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ता है। पकरीबरावां दक्षिणी पंचायत की वार्ड संख्या दो एवं तीन में लगभग दो दर्जन घरों में नल-जल का पानी नहीं पहुंचने से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर हंगामा करते हुए नवादा-जमुई मार्ग को जाम कर दिया।

लगभग आधा घंटे बाद बीडीओ नीरज कुमार सीओ तथा पीएचईडी के कनीय अभियंता संजय कुमार जाम स्थल परमात्मा पहुंचकर पहल करते हुए पानी आपूर्ति का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी महिलाएं मान गयीं फिर वाहनों का आवागमन बहाल हुआ। गर्मी में जलस्तर का लेयर दूर होने के कारण क्षेत्र में पेयजल का संकट गहरा गया है।

पकरीबरावां प्रखंड के पकरी मुहल्ला स्थित महादलित टोले के वार्ड संख्या दो और तीन की ग्रामीण महिलाओं का कहना था कि मुहल्ले में पानी की समस्या पिछले कई वर्षों से है। समस्या से निजात दिलाने के लिए कई बार गुहार लगाया गया, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है, मजबूरन सभी को सड़क पर उतरना पड़ा।

महिलाओं का कहना था कि नल-जल का पानी कई घरों में आज तक नहीं पहुंचा है। सरकार भले ही बड़े-बड़े दावे करती हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। सड़क पर उतरी महिलाएं ने कही कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो फिर से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

विभाग के कनीय अभियंता संजय कुमार ने बताया कि नल-जल की आपूर्ति दोनों वार्ड में चालू है, परंतु कुछ लोगों के द्वारा पाईप लाईन में निजी मोटर लगाने के कारण दो दर्जन घरों में पानी नहीं पहुंच पा रही है। इने समस्याओं को दूर करने के लिए कार्यपालक अभियंता के निर्देश पर नया बोरिंग कराकर पानी की आपूर्ति किया जाएगा, जिसके लिए दो-तीन दिनों में बोरिंग का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा, फिलहाल जिन घरों में नल का पानी नहीं पहुंच रहा है, उन घरों को टैंकर के द्वारा पानी की आपूर्ति तब तक किया जाएगा जब तक नलका जल उनके घरों तक नहीं पहुंच जाती।

अधिकारियों की मिलीभगत से कागज पर काम दिखा हो रही राशि की लूट

नवादा : जिले में मनरेगा लूट का अखाड़ा बनकर रह गया है। अधिकारियों की मिलीभगत से कागज पर काम दिखाकर राशि की लूट की जा रही है। यही कारण है कि अधिकारियों से की जा रही शिकायत का कोई असर नहीं होने से लूट का बाजार गर्म है। ताजा मामला अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के पचरूखी पंचायत का है जहां कागज पर कार्य संपन्न दिखाकर लगभग पांच रूपए का बंदरबांट कर लिया गया है।

बताया जाता है कि मनरेगा योजना संख्या 04-22/23 के तहत पचरूखी सूर्य मंदिर से शाहपुर तक खुरी नदी से निकलने वाली पैन सफाई के लिए 04,99,269 रुपये की राशि की स्वीकृति प्रदान की गयी। ग्राम पंचायत को कार्य एजेंसी नियुक्त किया गया। पंचायत मुखिया सरोज देवी ने एक जून 22 को कार्य आरंभ कराया। 2343 मानव दिवस के लिए प्रतिदिन 210 रुपये की मजदूरी का भुगतान करना था।

स्थिति यह है कि एक इंच भी सफाई कहीं धरातल पर हुई नहीं और कागज पर कार्य पूर्ण दिखा राशि का बंदरबांट कर अधिकारियों की मिलीभगत से कर लिया गया। इस बात शाहपुर के किसानों ने मुख्यमंत्री समेत तमाम अधिकारियों को आवेदन देकर मामले की जांच करा पैन की सफाई कराने तथा दोषी पर कार्रवाई की मांग की है।

चौकीदार शराबी पुत्र पत्नी को कर रहा दहेज के लिए प्रताड़ित

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित गोविन्दपुर प्रखंड मुख्यालय महिला चौकीदार के शराबी पुत्र की पत्नी अपने पति से परेशान है। एक पुत्री की मां गया जिला फतेहपुर थाना क्षेत्र के जम्हेता गांव की मनोज शर्मा की पुत्री काजल कुमारी ने इस बावत अधिकारियों को आवेदन दे न्याय की गुहार लगायी है।

मगध प्रमंडल आयुक्त, आइजी, समाहर्ता व पुलिस अधीक्षक नवादा को दिये आवेदन में काजल ने कहा है कि मेरी शादी वर्ष 2021 में गोविन्दपुर बाजार नाई टोला के चन्दनं शर्मा पिता स्व. सरोज शर्मा के साथ हुई। शादी के बाद एक पुत्री को जन्म दिया। पुत्री के जन्म के साथ दहेज की मांग के साथ प्रताड़ित किया जाना आरंभ कर दिया।

आरोप है कि मा़ं की थाने में चौकीदारी के बल पर अपने स्कार्पियो से शराब तस्करी का धंधा करता है। शराब के नशे में धुत हो अश्लील फोटो मोबाइल से बना पहले वायरल करने की धमकी दिया तथा मुंह मांगी राशि नहीं देने पर सोशल मीडिया पर फोटो वायरल कर दिया। पीड़िता ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर वायरल अश्लील फोटो की प्रति उपलब्ध करायी है बावजूद अधिकारियों द्वारा अबतक किसी प्रकार की कार्रवाई आरंभ नहीं की गयी है। इस बीच पीड़िता काजल ने अधिकारियों को न्याय नहीं मिलने पर कभी भी आत्मदाह की चेतावनी दी है। ऐसे में अधिकारियों की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगना शुरू हो गया है।

शांति समिति की बैठक से अनुपस्थित रहे डीएम- एसपी

नवादा : जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में उज्ज्वल कुमार सिंह अपर समाहर्ता, की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में ईद-उल-जोहा (बकरीद) त्योहार कोई शांतिपूर्ण और सौहार्द वातावरण में मनाने के लिए जिले के सम्मानित शांति समिति के सदस्यों एवं अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई।

उन्होंने कहा कि सम्मानित शांति समिति के सदस्यों की सामाजिक जिम्मेवारी है कि यह पर्व शांतिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न कराया जाय। उन्होंने सभी सम्मानित सदस्यों को कहा कि आपके द्वारा महत्वूपर्ण फिडबैक दिया गया है, जिसके माध्यम से जिला प्रशासन बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न करायेगा। सम्मानित सदस्यों ने कहा कि बकरीद का पर्व 03 दिन तक 29, 30 जून और 01 जुलाई 2023 को मनाया जायेगा।

नमाज अदा करने का समय सुबह 06ः00 बजे पूर्वा0 से निर्धारित है। सबसे अंत में नमाज अदा गोंदापुर मस्जिद में 09ः30 बजे पूर्वा0 में होगा। आवागमन को सुगम बनाने के लिए नगर परिषद क्षेत्र के सभी सड़कों को मरम्मत कराने की मांग किया। सम्मानित सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि जिले की सभी मंदिरों की सुरक्षा और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था किया जाय। पशु अत्याचार व्यापार के लिए लाईसेंस निर्गत किया जाय।

शांति समिति की बैठक में पिंकी देवी मुख्य पार्षद नवादा सदर, मो0 अनवर भट्ट सामाजिक कार्यकर्ता, मो0 अफजली, संजय कुमार प्रतिनिधि मुख्य पार्षद नवादा, विनय कुमार, नारायण स्वामी, राजकिशोर प्रसाद, अफरोजा खातुन, श्याम बावू के साथ अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं रजौली, पंकज कुमार एसडीपीओ, पुलिस उपाधीक्षक नवादा, रजौली, सत्येन्द्र प्रसाद डीपीआरओ के साथ अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

बकरीद को ले डीएम- एसपी ने जारी किया संयुक्तादेश

नवादा : ईद-उल-जोहा (बकरीद) 2023 का त्योहार दिनांक 29.06.2023 को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त आदेश जारी किया गया है। ईद-उल-जोहा (बकरीद) 2023 का त्योहार के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाये रखने हेतु जिला में 263 स्थानों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

जोनल गश्ती दल एवं विशेष चेकिंग दल में सम्पूर्ण रजौली अनुमंडल क्षेत्र, सम्पूर्ण सदर अनुमंडल क्षेत्र एवं सम्पूर्ण पकरीबरावाॅ अनुमंडल क्षेत्र में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है। समाहरणालय में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है, जिसका दूरभाष संख्या- 06324-212261 है। जिला नियंत्रण कक्ष 28.06.2023 के पूर्वा0 से 30.06.2023 के अप0 तक संचालित रहेगा।

अनुपम सिंह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में रहेंगे एवं महेश कुमार पासवान, उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं पु0नि0 धरमपाल, पुलिस कार्यालय नियंत्रण कक्ष के प्रभारी पदाधिकारी के रूप में रह कर अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करने का आदेश दिया गया है। नियंत्रण कक्ष में पालीवार पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है इसके अतिरिक्त 08 सुरक्षित दंडाधिकारी एवं पुलिस पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है। आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु जिला नियंत्रण कक्ष में अग्निशामक दस्ता, बज्रवाहन, चिकित्सा व्यवस्था, विद्युत आदि की व्यवस्था की गयी है।

अग्निशामक पदाधिकारी का दूरभाष नं0-06324-212586 एवं मो0 नं0-8809457732, सिविल सर्जन, नवादा को मो0 नं0- 9470003536, फ्यूज काॅल सेंटर का मोबाईल नं0- 7033095811/7033095812 है। तनावपूर्ण स्थानों पर संबंधित थानाध्यक्ष, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई धारा 107, 116, 113 के अन्तर्गत कार्रवाई करना सुनिष्चित करेंगे।

सोशल मीडिया पर किसी सम्प्रदाय विशेष के व्यक्ति द्वारा दूसरे सम्प्रदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला संवाद, चित्र, वीडियो पोस्ट करने पर तत्काल में सम्मत कार्रवाई की जाएगी, इसके लिए सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जायेगी। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष, ओ0पी0 अध्यक्ष नवादा द्वारा वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गयी है।

ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व के अवसर पर उज्ज्वल कुमार सिंह अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, नवादा एवं प्रिया ज्योति पुलिस उपाधीक्षक (साईबर) साइबर थाना, नवादा जिले के सम्पूर्ण विधि-व्यवस्था के प्रभार में रहेंगे। सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारियों कोई आदेश दिया गया है कि अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर सुबह 5:30 बजे से उपस्थित होकर विधि व्यवस्था का संधारण करना सुनिश्चित करेंगे सभी दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी कर्तव्यनिष्ठा तथा कर्मठता के साथ सौंपे गये दायित्वों को निभायेंगे ताकि त्योहार शांतिपूर्ण सम्पन्न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here