02 नवंबर : नवादा की मुख्य ख़बरें

0

सुखाड़ क्षेत्र घोषित करने को ले दिया धरना

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित कौआकोल प्रखंड के सरौनी पंचायत की ग्रामीणों ने सरौनी पंचायत को सुखाड़ क्षेत्र घोषित करने की मांग को ले प्रखंड सह अंचल कार्यालय पर धरना दिया।

धरना पर बैठे जेपी सेनानी संघ के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश यादव, समाजसेवी सह राजद नेता विकास यादव, मुखिया पंकज कुमार, राजद के प्रखंड अध्यक्ष कैलाश प्रसाद यादव, नूर तालिब व राजेश सिंह आदि ने बताया कि प्रखंड के सरौनी पंचायत में बारिश पर्याप्त मात्रा में नहीं होने के कारण धान की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है, बावजूद सर्वेयर की मनमानी रवैये के कारण इस पंचायत को सूखाग्रस्त क्षेत्र से बाहर कर दिया गया है। जिससे इस पंचायत के किसान सरकार द्वारा दी जाने वाली विशेष आपदा सहायता राशि के लाभ से वंचित हो रहे हैं।

swatva

कौआकोल सीओ द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद धरना कुछ ही देर बाद समाप्त हो गया। तत्पश्चात धरना पर बैठे एक प्रतिनिधिमंडल ने सीओ को ज्ञापन देकर अविलम्ब सरकार से सूखाग्रस्त घोषित करते हुए आपदा सहायता राशि दिलाए जाने की मांग की। सीओ अंजली कुमारी ने कहा कि प्रखंड के शेष बचे सरौनी तथा खड़सारी दोनों पंचायतों को सुखाड़ क्षेत्र घोषित करने को ले सम्बंधित प्रतिवेदन डीएम के पास भेजा जा चुका है।

विद्यालय में नहीं थे बच्चे, कार्यालय में सो रहे थे शिक्षक, एचएम भी थे नदारद

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित रजौली अनुमंडल मुख्यालय से 07 किलोमीटर दूर स्थित है चितरकोली गांव। इस गांव में सरकार द्वारा संचालित है उच्च माध्यमिक विद्यालय।विद्यालय का हाल बदहाल है। भवन तो अपडेट है लेकिन शैक्षणिक माहौल बदहाल है।

मंगलवार को 2 बजे दिन में स्कूल का हाल ऐसा था कि कार्यालय कक्ष में दो शिक्षक धनेश्वर रविदास और महेंद्र प्रसाद सोए मिले। एक तो कुर्सी पर टांग फैला कर आराम से नींद ले रहे थे। विद्यालय के सभी क्लास रूम में सन्नाटा पसरा था। हां, उपस्थिति पंजी पर 197 बच्चों की उपस्थिति बनी हुई थी।

कार्यालय कक्ष में 2 और शिक्षक बैठे हुए थे। दोनों नींद से जगे थे। उन्होंने कहा कि विद्यालय में आज एमडीएम भी बना था और पढ़ाई भी हुई थी। लेकिन 2 बजे एक भी क्लास रूम संचालित नहीं था। बच्चों की मौजूदगी भी नहीं थी। इससे सहज अंदाज लगा सकते हैं कि दोनों शिक्षक कितना सच बोल रहे थे।विद्यालय के प्रधानाध्यापक नदारद थे। उपस्थित शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय के कार्य से बीआरसी गए हुए हैं।

पूरे मामले में सच्चाई जानने के लिए प्रधानाध्यापक पुष्कर कुमार अरुण के मोबाइल पर संपर्क करने के लिए फोन लगाया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी दिगंबर ठाकुर ने कहा मामला संज्ञान में आया है। पूरे मामले की बारीकी से जांच कर संबंधित टीचर से स्पष्टीकरण पूछा जाएगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। वैसे बता दें कि जिले के कुछ स्कूलों को अपवाद माना जाए तो प्रायः स्कूलों का हाल पढ़ाई के मामले काफी दयनीय है।

15 नवंबर से होगी धान की खरीद ,100 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ी कीमत

नवादा : सुखाड़ झेल रहे जिले के उन किसानों के लिए थोड़ी राहत भरी खबर है जिन्होंने कड़ी मशक्कत से धान उपजाया है। इस बार उन्हें धान की अधिक कीमत मिलने वाली है। धान बेचने वाले किसानों को पिछली बार की अपेक्षा इस बार प्रति क्विंटल 100 रुपए अधिक मिलेगा। विभागीय निर्देशों के अनुसार जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदारी किसानों से की जाएगी। जिसको लेकर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।

खरीफ विपणन मौसम 2022-23 में साधारण धान जहां 2040 रुपए प्रति क्विंटल तो ए ग्रेड धान 2060 रुपए प्रति क्विंटल खरीद होगी। जिले में अधिकांश किसानों से साधारण धान की ही खरीद की जाती है। धान की खरीदारी के लिए पंचायत स्तर पर व्यापार मंडल का चयन किया जाना है।

खरीफ विपणन 2022 – 23 में धान व चावल की खरीदारी को ले पैक्स व व्यापार मंडल द्वारा खरीदे गये धान की मिलिंग कराकर केवल तैयार सीएमआर चावल राज्य की नोडल एजेंसी बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम के सीएमआर संग्रहण केन्द्रों पर जमा कराया जाएगा। धान खरीदारी को लेकर चयनित समितियों को दी नवादा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के माध्यम से कैश क्रेडिट ऋण उपलब्ध कराया जाता है।

साधारण धान 2040 रुपए तो ए ग्रेड धान 2060 रुपए प्रति क्विंटल कई स्तर पर होनी हैं तैयारियां

इस बार किसानों को जिले में 15 नवंबर से धान की खरीददारी शुरू होनी है , लेकिन तैयारियां धीमी है। जिले में धान की कटनी शुरू हो गई है। जिले के 160 से अधिक पैक्स व्यापार मंडल समितियों में धान की खरीददारी होती है, लेकिन अभी धान खरीदारी के लिए समितियों का चयन नहीं हो पाया है।

सरकार के स्तर से धान खरीद से संबंधित निर्देश दिए गए हैं। धान खरीद से पहले कई स्तर पर तैयारियां करनी है। समितियों के चयन से लेकर उन्हें कैश क्रेडिट का भुगतान करने, धान क्रय केन्द्र खोलने, गोदाम आदि को अपडेट करने की प्रक्रिया होती है।

धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित नहीं, 72 घंटे के भीतर होगा भुगतान

अभी धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य जिले के लिए निर्धारित नहीं किया गया है। किसानों के लिए रजिस्ट्रेशन व्यवस्था शुरू कर दी गयी है। कहा जा रहा है कि 15 नवंबर से पूर्व धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य विभाग द्वारा तय कर लिया जाएगा। इस वर्ष धान की खेती काफी कम हुई है, इसलिए इसवर्ष अधिप्राप्ति का लक्ष्य कम होने की उम्मीद है।

बता दें कि पिछले साल जिले में करीब 2 लाख एमटी धान की खरीद की गयी थी। धान की खरीदारी करने के बाद उसका मिलिंग भी कराया जाएगा। खरीफ विपणन 2022-23 अंतर्गत धान अधिप्राप्ति कार्य चक्रीय व्यवस्था अंतर्गत संचालित किया जाएगा। जिससे राज्य खाद्य निगम द्वारा सीएमआर चावल की प्राप्ति ससमय प्रारंभ किया जा सके। इसके लिए चावल मिलों के निबंधन व सत्यापन का कार्य पूरा करने का निर्देश जारी किया गया है। साथ ही सीएमआर संग्रह केन्द्रों पर सहायक गोदाम प्रबंधक एवं गुणवत्ता नियंत्रक की व्यवस्था की जानी है।

जानकारी के अनुसार उत्तरी बिहार के जिलों में एक नवंबर से और दक्षिण बिहार के जिलों में 15 नवंबर से धान की खरीदारी होनी है। जो किसान पैक्स या व्यापार मंडल में धान बेचेंगे उन्हें 48 से 72 घंटे के भीतर पैसा मिल जाएगा। इसके अनुसार जिले में भी 15 नवंबर से धान की खरीदारी शुरु होनी है। जिले में पिछले साल 169 पैक्स में धान खरीद कराई गई थी। बता दें कि सहकारिता विभाग द्वारा इस बार धान की कीमत बढा दी गई है।

भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में बेकाबू हुई भीड़, टूटा वीआईपी मंच और कुर्सियां

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित रजौली-सिरदला की सीमा पर जमुंगाय नदी किनारे छठ पूजा समिति की ओर से मंगलवार की रात को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित था। भोजपुरी गायक सह भोजपुरी सिनेमा जगत के अभिनेता खेसारी लाल यादव और नम्रता मल्ला, छोटू छलिया व पूरी टीम कार्यक्रम की प्रस्तुति देने पहुंची हुई थी।

कार्यक्रम में इतनी भीड़ उमड़ी की आयोजकों की सारी व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो गई। वीआईपी के लिए बनाया गया मंच तो टूटा ही मंच के नीचे खास लोगों के लिए लगाई गई कुर्सियां भी टूट गई। हर किसी के मंच पर चढ़ने की होड़ और मंच के नजदीक पहुंचकर खेसारी को देखने-सुनने की होड़ में अफरा -तफरी मची। हालांकि, सुरक्षा को लेकर पर्याप्त पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। फिर भी, भीड़ इतनी अधिक थी कि सबकुछ सामान्य हो, संभव नहीं हो पा रहा था।

भीड़ अनुमान से कहीं ज्यादा उमड़ पड़ी थी। अस्त-व्यस्त हालत में कार्यक्रम शुरू हुआ और समाप्त भी हुआ। रजौली गया मार्ग पर 10 किलोमीटर तक लंबा जाम घंटो लगा रहा। कलाकारों की टीम भी मंच पर विलंब से पहुंची। हालांकि, लोगों का उत्साह ठंडा नहीं हुआ और सुबह तक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। इसके पूर्व कार्यक्रम का उदघाटन बिहार सरकार के मंत्री सुरेंद्र यादव ने किया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजनों से नयी उर्जा का संचार होता है। ऐसे कार्यक्रमों से एक सामाजिक सौहार्द का वातावरण बनता है। उन्होंने लोगों से संयमित हो कर कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की।

आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकेश यादव उर्फ मुकेश डॉन ने लोगों के प्रति आभार प्रकट किया। कहा कि सामूहिक सहयोग से ही इतना बड़ा आयोजन संभव हो पाया है। कार्यक्रम का शुभारंभ खेसारी लाल यादव ने माता रानी की भेंट से की। उन्होंने कई भोजपुरी गीत गाकर लोगों को झूमने पर विवश कर दिया। कार्यक्रम शुरू होते ही लोगोंं का जोश चरम पर पहुंच गया। पूरी रात लोग नाचते और झूमते रहे। कलाकारों ने एक से बढ़ कर एक प्रस्तुति देकर लोगों का मनोरंजन किया।

कार्यक्रम की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है, देखने के लिए लोग तार के पेड़ व शीशम के पेड़ पर चढ़ गये थे। धिरौन्ध पंचायत की मुखिया लखी नारायण गुप्ता ने अतिथियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। मौके पर पूर्व विधायक, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी सिरदला सरोज कुमार, रजौली थाना प्रभारी दरबारी चौधरी सहित प्रमुख, उप प्रमुख ,मुखिया सहित लाखों की संख्या में दर्शक लोग मौजूद थे।

भैंस चराने गये युवक की आहर में डूबने से मौत, परिवार में कोहराम

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित गोविन्दपुर प्रखंड मुख्यालय सह पंचायत वाजार वार्ड नम्बर एक के 18 वर्षीय युवक की मौत आहर में डूबने से हो गयी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूर्व मुखिया सह प्रदेश जदयू महिला प्रकोष्ठ महासचिव अफरोजा खातुन ने परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।

थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाण्डेय ने बताया कि गणेश यादव का 18 वर्षीय कौशल यादव भैंस चराने बेला गांव की ओर गया था। गांव के बधार में मोती आहर भैंस धोने के क्रम में पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया। तैरना नहीं जानने के कारण डूबने से मौत हो गयी।

सूचना के आलोक में पहुंच शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस बीच पूर्व मुखिया सह जदयू महिला नेत्री आदतन मृतक के घर पहुंच परिजनों को सांत्वना देते हुए सरकार प्रदत हर सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here