30 अक्टूबर : नवादा की मुख्य खबरें

0

मंडल कारा की 07 महिला बंदी कर रही है छठ

नवादा : चार दिवसीय छठ पर्व को लेकर जिस तरह से आम लोगों में उत्साह देखा जा रहा है, उससे अधिक उत्साह जेल के अंदर देखने को मिल रहा है। नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ व्रत में नवादा मंडल कारा के अंदर महिला वार्ड में छठी मईया की गीत गुंज रही है। शहर से गांव तक लोग जिस स्तर से उत्साह पूर्व छठ मनाने जुटे हैं, उससे भी अधिक उत्साह से मंडल कारा के अंदर महिला बंदी छठ व्रत करने में जुटी हैं।

जेल के अंदर महिला बंदी ही नहीं बल्कि पुरूष बंदी भी आस्था के इस महापर्व में उत्साहित हैं। जेल के अंदर छठ व्रत करने वाली 7 महिला बंदी शामिल हैं। उनके लिए जेल प्रशासन द्वारा समुचित व्यवस्था किया गया है। सभी महिला बंदी छठव्रती शनिवार को खरना का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू कर दी है। सूर्याेपासना के महापर्व छठ व्रत के प्रति लोगों में जो आस्था बनी है उससे ज्यादा जेल के अंदर देखने को मिल रहा है। बाहर की दुनिया में रह रहे लोगों ने अपने परिजनों के साथ छठ करने जुटे हैं, तो वहीं दूसरी ओर जेल में बंद महिला बंदियों ने अपनों से दूर रहकर छठ व्रत करने में जुटी हैं।

swatva

जेल में बंद महिला कैदियों के सहयोग में जेल प्रशासन सहित जेल में बंद सभी कैदियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। जेल के अंदर महिला वार्ड में बंद 07 विचाराधीन महिला कैदी पूरी आस्था के साथ छठव्रत कर रही हैं। विभिन्न मामलों में जेल में भले ही इन महिलाओं को रहना पड़ रहा हो, लेकिन धर्म और आस्था के प्रति उनकी निष्ठा इतना अटूट है कि अपनों के बगैर ही छठ मइया की अराधना में छठ व्रत कर रही हैं।

जेल के अंदर बनी तालाब को कैदियों ने मिलकर साफ-सफाई कराया। इसके साथ उनके आने-जाने वाली मार्ग को भी साफ कर सजाने का काम किया है, जहां महिला छठव्रती बंदी रविवार को अस्ताचलगामी और सोमवार को उदयीमान भगवान सूर्य की पूजा अर्चना कर अर्घ्यदान करेंगी। इसको लेकर जेल प्रशासन की ओर से विशेष प्रबंध किया गया है।

जेल अधीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि जेल में छठ करने वाली 7 महिला बंदियों में अनिल राम की पत्नी गीता देवी, स्व जगबली सिंह की पत्नी फुलन देवी, स्व साहेब रविदास की पत्नी रिंकु देवी, स्व परशुराम चौधरी की पत्नी ललीता देवी, संजय राम की पत्नी बेबी देवी, विदेशी चौधरी की पत्नी मीना देवी तथा यमुना चौधरी की पत्नी चिंता देवी शामिल हैं। जेल अधीक्षक ने कहा कि आस्था के इस महापर्व में जितने भी महिला बंदियों ने छठ व्रत किया है, उनके लिए जेल प्रशासन की ओर से समुचित व्यवस्था किया है।

जेल में छठ व्रत करने वाली महिला बंदियों ने कहा कि भगवान की आस्था के लिए जगह कोई मायने नहीं रखता है। अपने परिवार ही नहीं समाज और देश दुनिया की सुख समृद्धि की कामना के लिए छठ कर रहे हैं। जेल के महिला वार्ड में छठी मईया के गीतों से पूरा जेल का माहौल भक्तिमय और छठ की अस्था में डूब गया है। जेल अधीक्षक ने बताया कि छठ पर्व को लेकर जेल के अंदर शुद्धता का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।

जिले के विभिन्न प्रखंडों में 61 पंचायत सचिवों का पदस्थापन

नवादा : बिहार कर्मचारी चयन आयोग, बिहार पटना के द्वारा प्रथम इंटर स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2014 आयोजित की गई है। उक्त परीक्षा में पंचायत सचिव के पद पर नवादा जिला हेतु अनुशंसित कुल 66 सफल अभ्यर्थियों की सूची कोटिवार पचायती राज विभाग बिहार के द्वारा प्राप्त हुई है।

उक्त के आलोक में कुल 62 अभ्यर्थी के प्रमाण पत्रों की जांच एवं प्राप्त शपथ पत्र के आधार पर पंचायत सचिव के पद पर औपबंधिक नियुक्ति पत्र निर्गत किया गया। निर्गत औपबंधिक नियुक्ति पत्र के आलोक में कुल 61 नवनियुक्त पंचायत सचिवों द्वारा जिला पंचायत राज कार्यालय में योगदान समर्पित किया गया है। नव पदस्थापित पंचायत सचिवों के पंचायत का आवंटन संबंधित प्रखंड के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा।

नव पदस्थापित एवं पूर्व से पदस्थापित पंचायत सचिवों को सामान्य परिस्थिति में दो से अधिक पंचायत का आवंटन नहीं किया जाएगा तथा पंचायत के आवंटन की सूचना जिला पंचायत कार्यालय की उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। संबंधित पंचायत सचिवों को योगदान के पश्चात तीन महीने के अन्दर प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराकर ही नियुक्ति पत्र की संपुष्टि निर्गत की जाएगी। तीन महीने के अन्दर नियुक्ति की संपुष्टि नहीं होती है तो संबंधित नवनियुक्त कर्मचारी के वेतन की निकासी तब तक नहीं की जाएगी, जब तक नियुक्ति की पुष्टि नहीं होगी।

गैस सिलेंडर फटने से 2 बच्चे समेत 5 झुलसे

नवादा : जिले के हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के अंदर बाजार मलिक टोला मुहल्ले में गैस सिलेंडर फटने से महिला-बच्चे समेत पांच गंभीर रूप से जख्मी हो गये। परिजनों के सहयोग से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पावापुरी बिम्स स्थानांतरित कर दिया।

बताया जाता है कि भीम स्वर्णकार के घर पुराना गैस सिलेंडर पड़ा था। चालू कराने के लिए मिस्त्री को बुलाया गया था। अचानक विस्फोट के कारण आग लग गयी जिससे पास रहे मिस्त्री समेत महिला-बच्चे गंभीर रूप से जख्मी हो गये। सूचना के आलोक में पहुंचे पूर्व विधायक अनील सिंह व थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने पहुंच चिकित्सकों से घायल का हाल जाना तथा आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने में हर संभव सहयोग प्रदान किया।

तैलिक साहू समाज ने छठ व्रतियों के बीच वितरण किया नारियल व फल

नवादा : जिले के नगर परिषद हिसुआ तैलिक पंचायत की ठाकुर बारी में साहू समाज की ओर से छठ व्रती महिलाओं को प्रसाद स्वरूप नारियल व फल वगैरह का वितरण किया गया।

आयोजक पूर्व वार्ड पार्षद पवन कुमार गुप्ता व माधुरी गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में अन्य सहयोगियों में अजय कुमार, करण कुमार, संजय कुमार गुप्ता तथा अन्य साहू समाज के लोगों महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बता दें साहू समाज की ओर से प्रत्येक वर्ष इस प्रकार का आयोजन किया जाता है.जिसमें फल आदि शामिल रहता है।

छठ पर्व को ले डीएम ने जिलेवासियों से की अपील

नवादा : डीएम उदिता सिंह द्वारा सुरक्षित छठ पूजा के जिले वासियों से विनम्र अपील किया गया है कि :- लोक आस्था का महान पर्व छठ पूजा में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनायें। इस दौरान छठ व्रती पवित्र नदियों सकरी, खुरी, पंचाने, तिलैया, धनार्जय सहित अन्य नदियों, तालाबों, नहरों में डूबते एवं उगते सूर्य को अध्र्य देने के लिए भारी संख्या में एकत्र होते हैं।

जिला पदाधिकारी ने जिले वासियों से अपील किया है कि प्रशासन द्वारा दिये गए निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्गो पर ही चलें और गाड़ियों को निर्धारित स्थलों पर ही पार्किंग करें, महिलाएं, बुजुर्ग अपने पास घर का पता और फोन नम्बर अवश्य रखें, यदि आप छोटे बच्चों को छठ पर्व में घाटों पर लेकर जा रहे हैं तो उनकी जेबों में (या गलों में लाॅकेट की तरह) घर का पता एवं फोन नम्बर अवश्य रख दें। किसी प्रकार की समस्या होने पर अधिकृत पदाधिकारियों, हिरण्याक्ष और अस्थाई नियंत्रण कक्ष से या स्वयं सेवकों से सम्पर्क करें।

बैरिकेडिंग को पार न करें, खतरनाक घाटों की ओर या गहरे पानी में न जायें, आतिशबाजी न करें, किसी प्रकार की गंदगी न फैलायें, अफवाहें न फैलाएं न उनपर विश्वास करें, कोरोना से बचाव के लिए मास्क का उपयोग करें एवं एक स्थान पर ज्यादा लोग एकत्रित न हों। डीपीआरओ ने बताया कि आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए-100, अग्निशमन के लिए-101, एम्बुलेंस के लिए-102 नम्बर पर सम्पर्क कर सकते हैं। जिला आपातकालीन संचालन केन्द्र, आपदा प्रबंधन शाखा, नवादा-06324-212122 पर भी सम्पर्क कर सकते हैं।

आस्था के साथ-साथ जानिए क्या है छठ पूजा का वैज्ञानिक महत्व

नवादा : छठ पर्व से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है। छठ के चार दिनों के दौरान सूर्य उपासना आपको धन-धान्य और सेहत से मालामाल कर सकती है। इस चमत्कारी व्रत से जीवन के हर हिस्से में बेहतरी आती है। लेकिन छठ का नाता केवल धर्म से नहीं, इसके तमाम वैज्ञानिक पहलू भी हैं। इसीलिए इस महान पर्व का महत्व और भी बढ़ जाता है. कैसे? आइए जानते हैं…कार्तिक मास में भगवान सूर्य की पूजा की परंपरा है। शुक्ल पक्ष में षष्ठी तिथि को इस पूजा का विशेष विधान है। छठ पूजा के तमाम वैज्ञानिक महत्व हैं।

छठ पूजा का विधि-विधान व्रती के शरीर और मन को सौर ऊर्जा के अवशोषण के लिए तैयार करता है। बहुत कम ही लोगों को पता है कि छठ पूजा की इसी प्रक्रिया के जरिए प्राचीन भारत में ऋषि-मुनि बिना भोजन-पानी ग्रहण किए बिना कठोर तपस्या करने की ऊर्जा प्राप्त करते थे। छठ पूजा की विधि द्वारा ही वे भोजन-पानी से अप्रत्यक्ष तौर पर प्राप्त होने वाली ऊर्जा के बजाए सूर्य के संपर्क से सीधे ऊर्जा प्राप्त कर लेते थे। षष्ठी तिथि पर(छठ) एक विशेष खगोलीय अवसर होता है। इस समय सूर्य की पराबैंगनी किरणें पृथ्वी की सतह पर सामान्य से अधिक मात्रा में एकत्र हो जाती हैं। उसके संभावित कुप्रभावों से रक्षा करने का सामर्थ्य इस परंपरा में रहा है।

अस्ताचलगामी और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान इसकी रोशनी के प्रभाव में आने से कोई चर्म रोग नहीं होता और इंसान निरोगी रहता है। इस पूजन का वैज्ञानिक पक्ष यह है कि इससे सेहत से जुड़ी समस्याएं परेशान नहीं करतीं। वैज्ञानिक रूप से देखें तो इस माह में सूर्य उपासना से हम अपनी ऊर्जा और स्वास्थ्य का स्तर बेहतर बनाए रख सकते हैं। दीपावली के बाद सूर्यदेव का ताप पृथ्वी पर कम पहुंचता है। इसलिए व्रत के साथ सूर्य के ताप के माध्यम से ऊर्जा का संचय किया जाता है, ताकि शरीर सर्दी में स्वस्थ रहे।

इसके अलावा सर्दी आने से शरीर में कई परिवर्तन होते हैं। खास तौर से पाचन तंत्र से संबंधित परिर्वतन। छठ पर्व का उपवास पाचन तंत्र के लिए लाभदायक होता है। इससे शरीर की आरोग्य क्षमता में वृद्धि होती है। छठ में दिए जाने वाले अर्घ्य का भी विशेष महत्व है। सुबह, दोपहर और शाम तीन समय सूर्य देव विशेष रूप से प्रभावी होते हैं। सुबह के वक्त सूर्य की आराधना से सेहत बेहतर होती है।

छठ पर्व को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो षष्ठी तिथि (छठ) को एक विशेष खगोलीय परिवर्तन होता है, इस समय सूर्य की पराबैगनी किरणें पृथ्वी की सतह पर सामान्य से अधिक मात्रा में एकत्र हो जाती हैं इस कारण इसके सम्भावित कुप्रभावों से मानव की यथासम्भव रक्षा करने का सामर्थ्य प्राप्त होता है। पर्व पालन से सूर्य (तारा) प्रकाश (पराबैगनी किरण) के हानिकारक प्रभाव से जीवों की रक्षा सम्भव है। पृथ्वी के जीवों को इससे बहुत लाभ मिलता है।

सूर्य के प्रकाश के साथ उसकी पराबैगनी किरण भी चंद्रमा और पृथ्वी पर आती हैं। सूर्य का प्रकाश जब पृथ्वी पर पहुँचता है, तो पहले वायुमंडल मिलता है। वायुमंडल में प्रवेश करने पर उसे आयन मंडल मिलता है। पराबैगनी किरणों का उपयोग कर वायुमंडल अपने ऑक्सीजन तत्त्व को संश्लेषित कर उसे उसके एलोट्रोप ओजोन में बदल देता है। इस क्रिया द्वारा सूर्य की पराबैगनी किरणों का अधिकांश भाग पृथ्वी के वायुमंडल में ही अवशोषित हो जाता है।

पृथ्वी की सतह पर केवल उसका नगण्य भाग ही पहुँच पाता है। सामान्य अवस्था में पृथ्वी की सतह पर पहुँचने वाली पराबैगनी किरण की मात्रा मनुष्यों या जीवों के सहन करने की सीमा में होती है। अत: सामान्य अवस्था में मनुष्यों पर उसका कोई विशेष हानिकारक प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि उस धूप द्वारा हानिकारक कीटाणु मर जाते हैं, जिससे मनुष्य या जीवन को लाभ होता है।

छठ जैसी खगोलीय स्थिति (चंद्रमा और पृथ्वी के भ्रमण तलों की सम रेखा के दोनों छोरों पर) सूर्य की पराबैगनी किरणें कुछ चंद्र सतह से परावर्तित तथा कुछ गोलीय अपवर्तित होती हुई, पृथ्वी पर पुन: सामान्य से अधिक मात्रा में पहुँच जाती हैं। वायुमंडल के स्तरों से आवर्तित होती हुई, सूर्यास्त तथा सूर्योदय को यह और भी सघन हो जाती है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार यह घटना कार्तिक तथा चैत्र मास की अमावस्या के छ: दिन उपरान्त आती है। ज्योतिषीय गणना पर आधारित होने के कारण इसका नाम और कुछ नहीं, बल्कि छठ पर्व रखा गया है।

चोरों ने दो घरों को बनाया निशाना, लाखों की हुई चोरी

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित सिरदला थाना क्षेत्र के बरसोत गांव में चोरों ने बंद घर में जमकर उत्पात मचाया। घर से सोना चांदी सहित लाखों की चोरी कर ली। मामला रविवार का है, जहां कैलाश राम अपने परिवार के साथ अपनी बेटी के घर नारदीगंज पूजा में गए थे। जैसे ही रविवार को अपने घर पहुंचे तो देखा कि घर में सारा सामान बिखरा पड़ा है और घर में रखा सोना चांदी सहित लाखों रुपया का सामान की चोरी हो गई है। जिसके बाद पूरे परिवार का होश उड़ गया।

दूसरी घटना में बरसोत संजय चौधरी अपने परिवार के साथ धमनी गांव पूजा में गए थे उसी दौरान घर में रखा सोना चांदी सहित लाखों रुपया का कीमती सामान चोरों के द्वारा चोरी कर ली गई ह। दोनों परिवार ने एक ही बात बताया कि सभी परिवार अपने परिवार से मिलने के लिए घर बंद करके गए थे और उसी दौरान घटना को अंजाम दिया गया।

दोनों के घर की दूरी 500 मीटर के अंदर है। दो घरों में चोरी के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। चोरों के द्वारा बंद घर को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। चोरों ने सीधा घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और घर में रखे सामानों की चोरी कर चंपत हो गए। चोरी की घटना की जानकारी पुलिस को मिली, मौके पर पहुंचकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों का खुलासा कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here