18 अक्टूबर : नवादा की मुख्य ख़बरें

0

तकनीकी की बैठक में डीएम ने दिया निर्देश

नवादा : जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में जिले के सभी तकनीकी पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक हुई। उन्होंने आरसीडी के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि जिले के सभी सड़कों का रख-रखाव विभागीय माप-दण्ड के अनुसार कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने जेल और पुलिस लाईन के पास स्थित बे्रकर को अविलम्ब हटाने का निर्देश कार्यपालक अभियंता को दिया।

सद्भावना चौक पर जहां से हिसुआ के लिए सड़क जाती है, जल जमाव को हटाने का निर्देश दिया। कार्यपालक अभियंता आरसीडी को कहा गया कि स्वयं सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करें और रख-रखाव सही ढ़ंग से करना सुनिश्चित करें। एक माह के अन्दर सभी सड़कों को मोर्टेवल करने का निर्देश दिया गया। हिसुआ से सिरदला तक सभी बे्रकर को हटाने का निर्देश दिया। पीएमजीएसवाई के 17 सड़कों का ससमय निर्माण नहीं करने के कारण स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया।

swatva

कार्यपालक अभियंता भवन ने बताया कि रजौली, आईटीआई में कार्य एक माह के अन्दर प्रारम्भ कर दिया जायेगा। जेल की चाहरदिवारी का शेष भाग का निर्माण नहीं करने पर नाराजगी व्यक्त किये।

आईटीआई कौआकोल का कार्य मार्च 2022 तक पूर्ण कर लिया जायेगा। समाहरणालय परिसर में 100 सीट वाला मीटिंग हाॅल बनाने के लिए स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया दिया गया। जिले में लंबित कब्रिस्तान की सीमांकन एवं चाहरदिवारी एक माह के अन्दर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। कार्यपालक अभियंता आरडब्लूडी को कुल 303 सड़कें हैं, जिसमें से 96 सड़कें ठीक स्थिति ठीक-ठाक नहीं है। उन्होंने सड़कें को विभागीय निर्देश के आलोक में मेंटेन करने के लिए सख्त निर्देश दिये।

मंगर विगहा में खुरी नदी पर पुल निर्माण के संबंध में कार्यपालक अभियंता को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिया गया। सहायक अभियंता पीएचईडी को निर्देश दिया गया कि अबतक कितने घरों में पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं है, स्थल निरीक्षण करते हुए विवरणी दें। कार्यपालक अभियंता विद्युत को कहा गया कि जिले के सभी क्षेत्रों में 20 से 22 घंटे बिजली आपूर्ति करना सुनिश्चित करें। एनएच-82 के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि नारदीगंज वाईपास का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है, जिसपर आज से यातायात शुरू हो गया।

उन्होंने तुंगी से नारदीगंज तक एनएच-82 को विभागीय निर्देश के आलोक में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिये। पुल निर्माण निगम एवं भूमि संरक्षण पदाधिकारी को विभागीय निर्देश के आलोक में सभी कार्याें को ससमय और गुणवत्तापूर्ण ढ़ंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। बैठक में श्री संतोष कुमार नोडल पदाधिकारी विकास शाखा, श्री सत्येन्द्र प्रसाद डीपीआरओ के साथ-साथ सभी कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता उपस्थित थे।

99 पुलिस अफसर किए गए इधर से उधर, एसपी डॉ गौरव मंगला ने बदल दी महकमा की सूरत

नवादा : जिले में 99 पुलिस अफसरों का तबादला- पदस्थापन किया गया है। एसपी डॉ गौरव मंगला द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार पुलिस लाइन में पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहे 28 पदाधिकारियों को विभिन्न थानों में पदस्थापित किया गया है।

इसके अलावा 2019 बैच के 21 परिक्षयमान पुलिस अवर निरीक्षक को प्रशिक्षण पूरा होने के उपरांत अलग-अलग थानों में भेजे गए हैं। इसी प्रकार 2 साल से अधिक समय से एक स्थान पर कार्यरत अफसरों को दूसरे थानों में भेजा गया है। इसके अलावा 20 अफसरों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से इधर से उधर किया गया है।

इस प्रकार कुल 99 कनीय अवर निरीक्षक और सहायक अवर निरीक्षक का तबादला-पदस्थापन किया गया है। जबकि पुलिस कार्यालय में पदस्थापित 2 अफसरों को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सभी अफसरों को अविलंब नए स्थानों पर योगदान करने को कहा गया है।एसपी द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि थानों में कार्यबोझ के। अनुपात में पदाधिकारियों की संख्या सुनिश्चित कराने के लिए उपरोक्त कार्रवाई की गई है।

एकबार फिर पुलिस का अमानवीय चेहरा आया सामने, मुखिया को गिरफ्तार कर जमकर पीटा, पानी मांगने पर पिलाया मुत्र

नवादा : बराबर सुर्खियों में रहने वाली नवादा पुलिस का एकबार फिर अमानवीनय चेहरा सामने आया है। पुलिस ने खनन एक्ट के आरोपी अकबरपुर प्रखंड के बुधुआ ग्राम पंचायत की मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष रामस्वरुप यादव को सोमवार दोपहर बाद गिरफ्तार कर उसकी जमकर पिटाई ही नहीं की बल्कि पानी मांगने पर उसे मुत्र पिला दिया। गिरफ्तार मुखिया की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार बाद विम्स पावापुरी रेफर कर दिया।

सदर अस्पताल में इलाजरत मुखिया ने बताया कि पुलिस सभी हदें को पार करते हुए मेरी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए उसके साथ अभद्र व्यहवार किया। मुखिया ने बताया कि ईंट भट्ठा का रोयाल्टी मामले में खनन विभाग मेरे खिलाफ अकबरपुर थाना में मुकदमा किया था, रोयाल्टी की बकाया राशि जमा कर दिए थे, लेकिन जमा राशि का कागजात विभाग के द्बारा नहीं दिया गया, जिससे जमानत नहीं करा सके थे।

जख्मी मुखिया ने कहा कि दुर्गा पूजा में थानाध्यक्ष चंदा के रुप में मोटी रकम की मांग किया था, जिससे खार खाए पुलिस ने मेरे साथ अमानवीय व्यहवार किया। वहीं सूचना पर सदर अस्पताल पहुंचे एमएलसी अशोक यादव ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद थानाध्यक्ष के द्बारा छोड़ने के लिए रिश्वत की मांग किया, नहीं देने के बाद पुलिस ने उनके साथ ऐसा अमानवीय व्यहवार किया, जैसा अंग्रेज भी नहीं किया करता था।

अगले कुछ घंटे कोतवाल पर भारी, एसपी के आदेश पर डीएसपी ने शुरू की जांच, मामला मुखिया के साथ घर से थाने तक अमानवीयता का

नवादा : जिले के अकबरपुर थाने की पुलिस ने एक मुखिया के साथ अमानवीयता की सारी हदें लांघते हुए वो सब किया जिसकी इजाजत पुलिस मैन्यूल नहीं देता है। पानी की जगह पेशाब पिलाया, गुप्तांग में डंडे घुसेड़ा, पत्नी के साथ बदसलूकी की, मामला पब्लिक डोमेन में आया तो उन साथी जनप्रतिनिधियों को धमकाया गया जो पीड़ित मुखिया के प्रति हमदर्दी रख रहे थे।

लेकिन, लोकतंत्र में बादशाह समझने की हिमाकत ही पतन का कारक होता है, कुछ ऐसा ही अगले कुछ घंटे में होने वाला है। पीड़ित मुखिया की बातों में अगर दम है तो यह भी तय है कि कोतवाल साहब की दिवाली पूर्व दिवाला निकलने वाला है। उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मामला संज्ञान में आने के बाद कप्तान साहब गंभीर हो गए हैं। डिप्टी साहब को जांच का आदेश मिल गया है। रिपोर्ट का इंतजार हो रहा है। यहां बात हो रही है अकबरपुर थाने और वहां के कोतवाल की। लपेटे में अकबरपुर के थानाध्यक्ष अजय कुमार, सब इंस्पेक्टर राजू पासवान और श्रवण कुमार हैं.

क्या है पूरा मामला

अकबरपुर प्रखंड के बुधुआ पंचायत के मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष राम स्वरूप यादव को रविवार की देर शाम गिरफ्तार करने पुलिस उनके घर पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें घर से गिरफ्तार किया। इस दौरान उनकी पत्नी के साथ दुर्व्यवहार किया गया। खैर, पुलिस मुखिया जी को लेकर थाने पहुंची। जहां उनके साथ पुलिस ने थर्ड डिग्री का इस्तेमाल किया। पानी की जगह पेशाब पिलाया। कई तरह की यातनाएं दी गई।

गिरफ्तारी की यह थी वजह

गिरफ्तारी के पीछे की कहानी है कि मुखिया जी ईट भट्ठा चलाते हैं। उनपर करीब ढाई लाख रुपए राजस्व बकाया को लेकर खनन विभाग के द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसी मामले में उनकी गिरफ्तारी की गई थी।

मुखिया ने लगाया संगीन आरोप

मुखिया रामस्वरूप का कहना है कि थानाध्यक्ष द्वारा मामले को दबाने के लिए मोटी रकम की मांग की गई थी।रिश्वत लेकर मामले को दबाना था। दशहरा के वक्त 5 लाख रुपए की मांग की गई थी। रकम देने से इंकार करने पर इस प्रकार की कार्रवाई की गई। घर से गिरफ्तारी के दौरान पत्नी के साथ मारपीट की गई। थाना में उनके साथ अमानवीयता की इंतहा कर दी गई।

मेडिकल परीक्षण में मिले साक्ष्य

सोमवार को कोर्ट में पेशी के दौरान मुखिया ने पुलिस क्रूरता की कहानी बयां की। जिसके बाद सदर अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। पाया गया कि गुप्तांग में खैनी डाली गई है। शरीर के अन्य हिस्से में भी चोट के निशान पाए गए। जिसके बाद इन्हें वीम्स पावापुरी रेफर कर दिया गया है।

एसपी से मिले मुखियागण

घटना से आहत मुखिया संघ का एक प्रतिनिधि मंडल एसपी डॉ गौरव मंगला से मिला। एमएलसी अशोक यादव, अकबरपुर प्रमुख आशा देवी भी साथ रहे। एसपी को लिखित शिकायत दी गई। एसपी ने डीएसपी रजौली संजय पांडेय को जांच कर रिपोर्ट की मांग की है।

कुछ और मुखिया को मिला थ्रेट

आरोप है कि थानाध्यक्ष अजय कुमार को जब यह जानकारी मिली कि सभी जनप्रतिनिधि एसपी से मिलने जा रहे हैं तो कुछ मुखिया को फोन कर रोकने का प्रयास किया गया था, जिसका लहजा डराने वाला था। सत्य क्या है, जांच में ही साफ होगा। बहरहाल, डीएसपी को जांच का जिमा मिला है। रिपोर्ट का इंतजार सभी को है।

एमएलसी ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

इस घटना पर एमएलसी अशोक यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कहा कि एक जनप्रतिनिधि के साथ जब इस प्रकार का व्यवहार हो सकता है, तो आम लोगों का हाल क्या होगा अंदाज लगाया जा सकता है। इंसाफ के लिए नवादा से पटना तक लड़ाई लड़ी जाएगी।

वैसे अबतक जो जानकारी मिली है उसमें संभवतः डीएसपी को थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में किसी प्रकार का साक्ष्य नहीं मिला है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि चिकित्सकीय जांच में जो साक्ष्य मिले हैं वह कहां का है। इसका जबाब अधिकारियों को देना होगा। बहरहाल कौन सच्चा, कौन झूठा गेंद बड़े साहब के पाले में है. जिसका इंतजार हर किसी को रहेगा।

मुखिया की मनमानी के खिलाफ डीएम से न्याय की गुहार

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित अकबरपुर प्रखंड के बुधुआ पंचायत के वार्ड सदस्यों ने मुखिया के खिलाफ डीएम को आवेदन दे न्याय की गुहार लगायी है। डीएम को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि 15वी एवं षष्टम वित्त आयोग की राशि से मुखिया के द्वारा मनमाने ढंग से कार्य कराया जा रहा है जो नियम के विरुद्ध है। सरकारी नियमानुसार प्रत्येक 3 महीने पर कार्यकारिणी की बैठक होनी चाहिए, लेकिन 1 साल बीतने के बाद भी 13 में से 12 वार्ड सदस्यों को एक भी बैठक में नहीं बुलाया गया है। जिसको लेकर वार्ड सदस्यों ने मुखिया पर कार्रवाई की मांग की है।

12 वार्ड सदस्यों ने जिलाधिकारी, अनुमंडल अधिकारी, पंचायती राज पदाधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी हैं। वार्ड सदस्यों ने मुखिया पर आरोप लगाया हैं कि कोई भी बैठक नहीं बुलाया जाता है और सीधा हम लोगों को घर में ही बुलाकर रजिस्टर पर साइन करने को लेकर कहा जाता है।

मुखिया के इस व्यवहार के कारण ही सभी वार्ड सदस्य आवेदन देकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं। वार्ड सदस्यों के द्वारा मुखिया पर लगाये गये आरोप पर मुखिया से बातचीत नहीं हो पायी। सोमवार को मुखिया रामस्वरूप यादव को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। खनन विभाग के द्वारा मुखिया पर एफआईआर दर्ज किया गया था जिसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है।

चिराग तले अंधेरा, समाहरणालय के सार्वजनिक शौचालय में लगा है ताला

नवादा : जिला समाहरणालय में चिराग तले अंधेरा वाली कहावत चरितार्थ हो रही है. मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना से समाहरणालय परिसर में बने यात्री शेड एवं शौचालय में ताले लटक रहे हैं. ऐसे में समाहरणालय आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बता दें मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना से समाहरणालय परिसर में बने यात्री शेड एवं शौचालय का निर्माण वर्ष 12.12.2018 को 25 लाख 13 हजार 7 सौ 40 रूपये की लागत से किया गया था। लेकिन ताला लगे रहने से इसका सदुपयोग नहीं हो पा रहा है।

यह हाल तब है जब डीएम समेत तमाम अधिकारियों का यहां आना जाना लगा रहता है. लेकिन किसी का ध्यान इस ओर नहीं जा पा रहा है. ऐसे में समाहरणालय आने वाले लोगों को शौच के लिए इधर उधर भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है।

बालू लदा तीन ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार

नवादा : नगर थाना पुलिस ने नवादा-कादीरगंज पथ के कोनिया पर से तीन बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त किया है. मौके से चालक वाहन छोड़ फरार हो गया।

बताया जाता है कि पुलिस गश्त के क्रम में तीन बालू लदे ट्रैक्टर पर नजर पड़ते ही चालक को रुकने का इशारा किया. पुलिस वाहन पर नजर पड़ते ही तीनों वाहन चालक ट्रैक्टर छोड़ फरार हो गया। इस बात नगर थानाध्यक्ष ने खनन विभाग को सूचित किया है. खनन विभाग के आवेदन के आलोक में अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी।

जिले में रबी फसल आच्छादन का लक्ष्य तय

नवादा : धान फसल पर ग्रहण लगने के बाद जिले में रबी फसल आच्छादन का लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है. गेहूं के अलावा 1938.1 हेक्टेयर में मक्का और 1418.60 हेक्टेयर में जौ का आच्छादन तय किया गया है। इन फसलों समेत दलहन और तिलहन तथा मक्का के उत्पादन पर जोर रहेगा।

जिले में इस बार 4133.9 हेक्टेयर में चना की फसल लगायी जाएगी। 372 हेक्टेयर में खेसारी, 4063.3 हेक्टेयर में मसूर, 6.5 हेक्टेयर में राजमा, 855 हेक्टेयर में मटर व 1194.36 हेक्टेयर में अन्य दलहन लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

तिलहन फसल पर रहेगा जोर

गेहूं और दलहन फसलों के अलावा जिले में तिलहन फसलों पर भी जोर रहेगा। इस बार जिले में 2238.15 हेक्टेयर में राई-सरसों, 396.27 हेक्टेयर में सूर्यमुखी और 2507.28 हेक्टेयर में तीसी जैसी तिलहन फसल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। खरीफ फसलों पर इस बार मौसम की दगाबाजी के कारण महज 57 फीसदी ही धान का आच्छादन संभव हो सका था। तब से ही किसानों की पूरी उम्मीद रबी फसल पर आ कर टिक गयी है। सभी किसानों को उम्मीद है कि रबी फसलें उनके मंसूबों को पूरा करने में सहायक सिद्ध होगी। हालिया दिनों की बारिश के बाद भूमिगत जलश्रोत की बेहतर उपलब्धता से यह उम्मीद और भी बढ़ गयी है।

विगत वर्ष से अधिक रखा गया है लक्ष्य

डीएओ संतोष कुमार सुमन ने बताया कि रबी फसल 2021-22 की तुलना में इस बार 3670.1 हेक्टेयर में अधिक आच्छादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 77270 हेक्टेयर में गत वर्ष रबी आच्छादन का लक्ष्य था। इस बार अनेक फसलों का रकबा बढ़ा दिया गया है। गेहूं जहां इस बार 61817.1 हेक्टेयर में लगाने का लक्ष्य रखा गया है वहीं, गत बार 57372 हेक्टेयर में ही बुआई का लक्ष्य रखा गया था। इस बार चना 133.9 हेक्टेयर जबकि मसूर 63.3 हेक्टेयर अधिक रकबा में आच्छादित किया जाएगा। दूसरी तरफ, खेसारी, मक्का, राजमा, सूर्यमुखी, तीसी और जौ के लक्ष्य में मामूली कमी की गयी है।

सदर अस्पताल में डेंगू के 23 मरीज भर्ती

नवादा : शहर में डेंगू का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट पर हैं। बताया जा रहा है कि नवादा शहर में डोर टू डोर सर्वे के दौरान नगर के गढ़पर निवासी आंगनवाड़ी सेविका दीपशिखा डेंगू की चपेट में आ गई है।

उन्होंने बताया कि डोर टू डोर सर्वे का काम कर रहे थे। 3 दिन के दौरान अचानक मेरी तबीयत बिगड़ी गई है और अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। वहीं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ अजय कुमार ने बताया कि डेंगू की आंकड़ा बढ़ रही है। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

सदर अस्पताल परिसर स्थित रैन बसेरा को डेंगू वार्ड बनाया गया है वहीं नशा मुक्ति वार्ड को भी डेंगू वार्ड में कन्वर्ट कर दिया गया है। दोनों वार्ड में इस वक्त 23 मरीज भर्ती है और सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है। डेंगू का सिम्टम्स किसी भी व्यक्ति में पाया जाता है तो उसकी जांच के लिए विशेष काउंटर बनाया गया है, जहां प्रतिदिन 50 से अधिक लोगों का डेंगू का जांच किया जा रहा है।

इधर नगर परिषद के द्वारा हर मुहल्ले में फागिंग मशीन से केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है। निवर्तमान वार्ड पार्षदों ने भी मोर्चा संभाल कर अपने-अपने वार्ड में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करा रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर डेंगू मरीजों का आंकड़ा बढ़ता है तो सदर अस्पताल में बेड कम पड़ जाएगा। पूरे सदर अस्पताल में जोर-शोर से काम चल रहा है जिसके कारण मरीजों को परेशानी का भी सामना करना पड़ सकता है।

इमरजेंसी व ओपीडी को कर दिया गया एक जगह

अस्पताल में भीड़ का आलम बढ़ता जा रहा है। इमरजेंसी व ओपीडी को एक ही चैम्बर में कर दिया गया। जिसके कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसके कारण इमरजेंसी में मरीजों की लंबी कतार लग रही है। जिसके कारण दिनों भर इमरजेंसी वार्ड अस्त-व्यस्त है।इतना ही नहीं इमरजेंसी वार्ड में ओपीडी चलने के कारण वार्ड में भर्ती मरीजों को परेशानी हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here