12 अगस्त : आरा की मुख्य ख़बरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

भारतीय जनता पार्टी का विश्वासघात दिवस, दिया धरना

आरा : बिहार में जनादेश का अपमान कर एनडीए की सरकार से नाता तोड़ने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के नेताओ और कार्यकर्ताओं का हुजूम सड़कों पर उतर आया है।भोजपुर के जिला मुख्यालय आरा में राज्य व्यापी विश्वासघात दिवस के तहत भाजपा के जिला पदाधिकारियों, जिले से प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों, मण्डल अध्यक्षों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में धरना दिया और नीतीश कुमार सरकार पर जमकर हमला किया। धरना का नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष शंभु चौरसिया और संचालन महामंत्री श्रीभगवान सिंह ने किया।

विश्वासघात दिवस के मौके पर आरा के जिला समाहरणालय पर आयोजित धरना को आरा के भाजपा विधायक और बिहार सरकार के निवर्तमान कृषि मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह, बड़हरा के भाजपा विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक संजय सिंह टाइगर, पूर्व प्रत्याशी कौशल कुमार विद्यार्थी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय सिंह, सूर्यभान सिंह, मुक्तेश्वर ओझा उर्फ भुवर ओझा, पवन सिंह, हरेंद्र पाण्डेय, राजेन्द्र तिवारी, सियाराम सिंह, अधिवक्ता मंच के प्रदेश संयोजक तारकेश्वर ठाकुर सहित कई प्रदेश स्तरीय नेताओ ने संबोधित किया।

swatva

आरा के विधायक और निवर्तमान कृषि मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने विश्वासघात दिवस के मौके पर आयोजित धरना को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भाजपा ने सम्मान दिया और विधानसभा में कम सदस्यों की संख्या होने के बावजूद उन्हें मुख्यमंत्री बनाया लेकिन नीतीश कुमार ने भाजपा के साथ एक बार फिर विश्वासघात किया और उन लोगों के साथ मिलकर सरकार बनाई है जिन लोगो के दामन पर जंगलराज का दाग लगा हुआ है,जिन लोगो पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने देश मे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे ऐतिहासिक बदलाव और देश के प्रगति एवं विकास की किरणों को बिहार के गांव गांव और शहर शहर तक पहुंचाने के सपने को पूरा करने के लिए एनडीए को जनादेश दिया था और राज्य में एनडीए की सरकार बनाई।

सरकार बनाने के बाद भाजपा ने बिहार में विकास की किरणें और रौशनी फैलाने का कार्य प्रारंभ किया। सड़क, अस्पताल, शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में विकास के कार्य हो रहे थे की इसी बीच नीतीश कुमार ने राजद के साथ मिलकर सरकार बना ली और भाजपा के साथ विश्वासघात और बिहार की जनता के जनादेश का अपमान कर दिया।लोकतंत्र की हत्या के खिलाफ भाजपा संघर्ष करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में अकेले अपने दम पर सरकार बनाएगी।

बड़हरा के विधायक और पूर्व मंत्री राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने धरना को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की जनता का जनादेश भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए मिला था किंतु भाजपा ने उदारता दिखाते हुए अपने पूर्व के वादे के अनुसार नीतीश कुमार को मुख्यमन्त्री बनाने की पहल की।

इतना बड़ा सम्मान देने के बाद भी नीतीश कुमार ने जनादेश के साथ खिलवाड़ किया और भाजपा के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के विश्वासघात और सरकार बदल देने से भाजपा पर कोई असर नही पड़ेगा लेकिन आने वाले दिनों में नीतीश कुमार और उनकी पार्टी का वजूद मिट जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि भाजपा राज्य में कानून व्यवस्था,अमन चैन, सर्वांगीण विकास और बिहार की अस्मिता की रक्षा के लिए जोरदार आंदोलन और संघर्ष करेगी।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय सिंह टाइगर ने धरना को संबोधित करते हुए कहा कि नीतीश कुमार को बिहार में सम्मान देने और मुख्यमंत्री बनाये रखने के लिए भाजपा ने लोकसभा चुनाव में अपने आधा दर्जन सांसदों की कुर्बानी दी और उन्हें टिकट से बेदखल किया लेकिन वे अति महत्वाकांक्षी व्यक्ति हैं और उन्होंने अपनी राजनीति के घृणित चेहरे को एक बार फिर सामने लाया है।

विश्वासघात दिवस के मौके पर आयोजित धरना में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कौशल यादव, आदित्यविजय प्रताप सिंह, महामंत्री मदन स्नेही,अभिषेक राय, मंत्री वरुण सिंह, जिला प्रवक्ता डॉ. सुरेन्द्र सागर नवीन प्रकाश, धीरज सिंह, जिला प्रभारी टीएन सिंह, भाजपा नेता अजय सिंह, सूर्यनाथ सिंह, संजय तिवारी, अखिलानन्द ओझा,रमेश सिंह,महेश पासवान, धर्मेन्द्र सिंह, रंग बहादुर यादव, राजेश सिंह, संतोष पाण्डेय, शशि शेखर सिंह,अरुण कुमार सिन्हा, शंभु शरण मिश्रा,सुगम सहाय,रमेश कुमार सिन्हा उर्फ कर्ण जी, आफताब आलम, बिनय बेलाउर, विनोद कुमार दास, आनन्द गोपाल पंडित, प्रह्लाद राय, माझिल सिंह, सूर्य कांत पाण्डेय ,कुसुम देवी, नरेंद्र तिवारी,जीतू चौरसिया, विशाल सिंह,राकेश ओझा,वंदना राजवंशी, हरे राम चंद्रवंशी, संतोष कुमार संटू, संतोष पाण्डेय, महेंद्र पासवान, कुंदन सिंह तोमर,विजय राय,धर्मेन्द्र राम के अलावे भाजयुमो के जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह सहित सैकड़ों नेताओ ने हिस्सा लिया और नीतीश कुमार सरकार के खिलाफ संघर्ष का शंखनाद किया।

नीतीश की आंत मैं दांत कलंक को धो डालिए नीतीश कुमार

आरा : शाहाबाद क्षेत्र को अकाल क्षेत्र घोषित करने एवं शाहाबाद प्रमंडल का गठन एवं मुख्यालय आरा बनाने को ले प्रमंडल बनाओ मोर्चा के तत्वावधान में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर प्रतिमा टू नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रतिमा भाया व्यवहार न्यायालय भोजपुर पैदल मार्च का आयोजन मोर्चा के संयोजक कृष्ण कांत तिवारी के नेतृत्व में किया गया।

संचालन चर्चित गायक मुक्तेश्वर उपाध्याय तथा धन्यवाद ज्ञापन पैक्स अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह ने किया। इस दरम्यान प्रदर्शन कारी नीतीश कुमार होश मे आओ शाहाबाद प्रमंडल मुख्यालय आरा बनाओ ,शाहाबाद क्षेत्र को अकाल क्षेत्र घोषित करो आदि नारे लगा रहे थे। इस अवसर पर किसान श्रीमन नारायण दुबे एवं राम लड्डू सिंह ने कहा कि 15 प्रतिशत भी धान की रोपनी नहीं हुई है। साधु शरण सिंह एवं विजय राम ने कहा कि धान रोपनी कि अंतिम तिथि15 अगस्त है । अजय सिंह ने कहा कि शाहाबाद क्षेत्र के विकास में नीतीश कुमार बाधक है।

अध्यक्षीय संबोधन में कृष्ण कांत तिवारी ने कहा कि एक तरफ नितीश कुमार सुशासन की बात करते हैं वही कांग्रेस राजद भाजपा जदयू सबका इरादा शाहाबाद प्रमंडल मुख्यालय आरा बनाने का है फिर विलंब क्यों? इसी प्रकार अकाल पड़ जाने पर भी शाहाबाद क्षेत्र को अकाल क्षेत्र की घोषणा में विलंब क्यों? श्री तिवारी ने जोर देकर कहा की नीतीश जी दोनों मुद्दे जायज है? नीतीश की आंत मैं दांत कलंक को धो डालिए नीतीश कुमार जी। कार्यक्रम में शामिल लोगों मे अरुण पाठक रामाशंकर शाह रामानंद सिंह रंजीत कुमार सिंहा मदन ठाकुर सुजाता सिंहा सुरेंदर यादव आदि मुख्य हैं।

महज 50 ग्राम रिफाइन के विवाद में भाई ने भाई को मार डाला

आरा : भोजपुर जिले के शाहपुर थानान्तर्गत कुंडेश्वर गांव में सुबह महज 50 ग्राम रिफाइंड तेल को लेकर भाई ने अपने बड़े भाई की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। शाहपुर थाना इंचार्ज नित्यानंद शर्मा दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए हैं। मृतक शाहपुर थानान्तर्गत कुंडेसर गांव निवासी मेवा मियां उर्फ मुख्तार मियां का 35 वर्षीय पुत्र कैसियर मियां उर्फ बदरे आलम है। गुजरात के अहमदाबाद में प्राइवेट कंपनी में लेबर का काम करता था।

मृतक का साला मंजूर आलम ने बताया कि वह 8 दिन पूर्व जरूरी काम से घर वापस आया था। मंगलवार के दिन में 50 ग्राम रिफाइंड को लेकर उनके छोटे भाई से विवाद हुआ था। जिसको लेकर उनके बीच नोकझोंक भी हुई थी। नोकझोक के दौरान उनके छोटे भाई ने पति-पत्नी को मारने की भी धमकी दी थी। गुरुवार की अहले सुबह जब अपने कमरे में सोए थे, तभी उनके भाई, मां एवं अन्य लोगों ने मिलकर उन्हें बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए शाहपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया।

जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जा रहा था, तभी रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जिसके बाद परिजनों को बीच रास्ते से ही उसके शव को वापस गांव ले गए। इसके पश्चात उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। दूसरी ओर मृतक का साला मंजूर आलम ने मां अख्तरी खातून, छोटे भाई सदरू मियां, भौजाई हिना खातून एवं छोटी बहन पर लोहे की रॉड से पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। वही पुलिस द्वारा बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार कड़े एवं भोथरे हथियार से सिर पर मारने के कारण प्रतीत होता है।

डीएवी की छात्राओं ने नगर थाने में पुलिस अफसरों को बांधी राखी

आरा : भोजपुर जिले में रक्षाबंधन का त्योहार परम्परागत तरीके से मनाया गया। इस दौरान बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। वही भाइयों ने बहनो का रक्षा करने का वचन देकर उपहार प्रदान किया। मिठाई एवं उपहार की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही।

आरा में न्यू किड्सफा उंडेशन स्कूल की छात्राओ ने रमना मैदान में स्वतन्त्रता दिवस के पूर्वाभ्यास के दौरान भोजपुर जिला के सशस्त्र बलों के बीच रक्षा बंधन कार्यक्रम चलाया| इस कार्यक्रम में सार्जेंट मेजर अहमद रजा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा प्रेरणा स्त्रोत सौम्या कृति थी| स्कूल की सभी छात्राओं ने उस्पस्थित सशस्त्र बल के जवानों की कलाई पर राखी बांधी| स्कूल प्राचार्य पूनम पाण्डेय ने कहा कि प्रशासन के सहयोग से ही हम सभी सुरक्षित हैं| इसलिए रक्षा सूत्र का पहला अधिकार हमारे सैन्य बलों का होना चाहिए। इस कार्यक्रम में शिक्षक मंगल पाण्डेय एवं शंकर प्रसाद का पूरा सहयोग रहा है।

दूसरी तरफ आरा नगर थाना में डीएवी की छात्राओं ने पुलिस अफसरों व जवानों के कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाई। इस दौरान पुलिस अफसरों ने भी छात्राओं को उपहार स्वरूप चाकलेट प्रदान किया। इस मौके पर पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना इंचार्ज अनिल कुमार सिंह, दारोगा अविनाश कुमार, दारोगा विजय कुमार, धर्मेंद्र कुमार सहित कई पुलिस अफसर वह जवान थे।

राजीव एन अग्रवाल की रिपोर्ट 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here