01 अगस्त : मधुबनी की मुख्य खबरें

0
swatva samachar

सरपंच संघ की बैठक में कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा, लिए गए कई अहम फैसले

मधुबनी : परखण्डाधिन मेघदूतम सभागार में सोमवार को प्रखण्ड सरपंच, पंच संघ बेनीपट्टी की एक बैठक संघ के अध्यक्ष वसिष्ट कुमार झा की अध्यक्षता और देवचन्द्र सिंह के संचालन में आयोजित किया गया। बैठक के माध्यम से आगामी 5 अगस्त को राज्यव्यापी कार्यक्रम के तेहत जिला समाहरणालय के समझ ग्यारह सूत्री मांगों के समर्थन में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में सभी सरपंच, उपसरपंच एवं पंचगण के उपस्थिति हेतु आह्वान किया गया। इस बैठक के माध्यम से ग्राम कचहरी के संचालन में होने वाले विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु बारीकी से विचार विमर्श किया गया, साथ ही क्रमवार सभी पंचायत में कचहरी संचालन में होने वाली कठिनाई पर बिन्दुवार चर्चा भी हुई।

बैठक में मुख्य अतिथि के हैसियत से संघठन के प्रदेश संयोजक पुष्पेंद्र ठाकुर ने बताया कि आगामी 5 अगस्त 2022 को आयोजित होने वाली एकदिवसीय धरना प्रदर्शन को ऐतिहासिक होगा, जिसके लिए सभी जिलों में सांगठनिक बैठक आयोजित कर तैयारी कर ली गई है। इस दौरान जिला अध्यक्ष वसिष्ट कुमार झा ने सांगठनिक मजबूती पर बल देते हुए आगामी 5 अगस्त को बेनीपट्टी प्रखण्ड के सभी ग्राम कचहरी के सरपंच, उपसरपंच और पंचगण की उपस्थिति अनिवार्य होगा, साथ ही जिले के सभी प्रखण्डों के ग्राम कचहरी के प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित होगा।

swatva

बैठक के माध्यम से यह भी मांग किया गया कि ग्राम कचहरी के प्रतिनिधियों, कर्मियों का लम्बित मासिक नियत भत्ता, मानदेय, राज्य पंचम, षष्टम वित्त आयोग द्वारा कार्यालय सहायता अनुदान राशि, निजी भवन में संचालित भवन किराया, प्रशासनिक व्यय मद सहित अन्य मदों का भुगतान अविलंब करवाया जाय।

इस अवसर पर संगठन के कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार ठाकुर, उपाध्यक्ष कान्ति झा, हरिदेव यादव, महेश कुमार साह, सुधीर कुमार झा, गुड़िया देवी, सावित्री देवी, निर्मला देवी, मो० अरमान, प्रमिला देवी, मो० नूर अली, दिलीप पासवान, मो० हुसैनी, अजीत कुमार यादव, मुकेश यादव सहित विभिन्न ग्राम कचहरी के सरपंचों ने अपना अपना विचार प्रस्तुत किया। इस बैठक में हरलाखी सरपंच संघ के संगठन सचिव लाल मोहम्मद भी मौजूद थे।

विधायक मीणा कामत ने किया विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण

मधुबनी : जिले के खजौली प्रखंड में बाबूबरही की विधायक मीणा कामत ने सोमवार को स्थानीय प्रखंड कार्यालय सहित प्रखंड परिसर स्थित सभी कार्यालयों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने पहले बीडीओ मनीष कुमार से मिलकर उनके साथ प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय, बाल विकास परियोजना कार्यालय, राज्य खाद्य निगम गोदाम आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित कर्मियों से परिचय प्राप्त की और उन्हें मुस्तैदी से आमजन के हित में काम करने का आग्रह किया। उन्होने कहा कि जन प्रतिनिधियों एवं सरकार के मुलाजिमों, दोनों का उद्देश्य समान है।

दोनों का काम आमजन को सेवा व सुविधा प्रदान करना है। इस क्रम में उन्होने बीडीओ से खाद्य सुरक्षा योजना के तहत खाद्यान से वंचित लोगों को इसका लाभ दिलाने हेतु आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। हालांकि स्थानीय बीडीओ की कार्यशैली की उन्होंने प्रशंसा की। वहीं राज्य खाद्य निगम के गोदाम प्रबंधक से उन्होंने भंडारित खाद्यान के संबंध में जानकारी ली। इस मौके पर अमरेश जायसवाल, नवीन चौधरी, अरुण कुमार कुशवाहा आदि उपस्थित थे।

बच्चों को तंबाकू के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए शिक्षा विभाग ने कसी कमर

मधुबनी : “तंबाकू सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, इस तथ्य से सभी वाकिफ हैं, लेकिन फिर भी तंबाकू की लत से बाहर नहीं आ पाते हैं। युवाओं को तंबाकू सेवन से जुड़े खतरों के बारे में जागरूक करने के लिए सामूहिक प्रयास की जरुरत है। उक्त बातें सीड्स के कार्यक्रम पदाधिकारी मनोज कुमार झा ने बताया कि तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान बनाने हेतु जिले के शिक्षा विभाग के जिला शिक्षा पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाने का निर्देश शिक्षा विभाग के विशेष सचिव सह निदेशक (प्रशासन) मनोज कुमार ने पत्र जारी कर दिया है। तंबाकू उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग आपसी सहयोग करेंगे।

हाल में प्रकाशित ग्लोबल यूथ टोबैको सर्वे के आंकड़ों में बिहार के युवाओं में 7.3% तंबाकू उत्पाद के प्रयोग के आंकड़े सामने आए हैं। विदित हो कि वर्ष 2019 में यह सर्वे बिहार के 38 जिला में की गई थी, जिसमें बिहार के 7.3 प्रतिशत छात्र तंबाकू उत्पाद प्रयोग करने की बात सामने आई है। जिसमें 6.6% लड़के और 8.0% लड़कियां तंबाकू उत्पाद का प्रयोग करती हैं।

राज्य के 22 जिले धुम्रपान मुक्त हैं घोषित

सीड्स के मनोज कुमार झा ने बताया, मधुबनी सहित राज्य के 22 जिले धुम्रपान मुक्त घोषित किये जा चुके हैं। ये वैसे जिले हैं जहाँ सार्वजानिक जगहों पर तंबाकू सेवन नहीं करने वालों का प्रतिशत 80 फीसदी या उससे ज्यादा है। उन्होंने बताया कोटपा कानून का सख्ती से लागू करना और सभी शिक्षण संस्थानों में तंबाकू के दुष्प्रभाव को लेकर युवाओं को जागरूक करना बहुत आवश्यक है। सभी प्रकार के कैंसरों में तंबाकू के सेवन से जुड़े कैंसरों का हिस्सा 40 प्रतिशत है, एवं 90 प्रतिशत मुँह का कैंसर तंबाकू के प्रयोग से होते हैं।

विश्व में तंबाकू सेवन से हर वर्ष 80 लाख लोगों की मृत्यु

एनसीडीओ डॉक्टर एस.पी. सिंह बताया, पूरे विश्व में हर वर्ष करीब 80 लाख लोग तंबाकू सेवन से जनित रोगों के कारण अपनी जान गंवाते हैं। देश में हर वर्ष 13 लाख मृत्यु का आंकड़ा तंबाकू सेवन के कारण है। उन्होंने बताया, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग को आपसी सामंजस्य से सभी शिक्षण संस्थानों में तंबाकू के दुष्प्रभाव को लेकर युवाओं में अलख जगाने की जरुरत है।

स्वास्थ्य विभाग करेगा पूरा सहयोग

सिविल सर्जन डॉ० सुनील कुमार झा ने बताया तंबाकू सेवन पर रोक लगाने एवं साथ ही तंबाकू से होने वाले विभिन्न प्रकार के कैंसर के बारे में वृहत पैमाने पर जन-जागरूकता फैलाने की जरुरत है। तंबाकू का दुष्प्रभाव सबसे अधिक स्कूली बच्चों एवं युवाओं पर पड़ रहा है। युवा वर्ग जनमानस में तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करने में अहम् भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया विभाग पहले कुछ चयनित जिलों में तंबाकू उन्मूलन को लेकर अभियान चलायेगा।

ग्राम रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ने जवानों से जश्न-ए-आजादी का अमृत महोत्सव पर तिरंगा फहराने की अपील की

मधुबनी : जश्न-ए-आजादी का अमृत महोत्सव के शुभ अवसर पर बिहार ग्राम रक्षा दल बिहार प्रदेश के द्वारा 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के पवित्र मौके पर सूबे बिहार के लाखों जवानों को सूचित किया है कि अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय झंडा तिरंगा फहराने का आह्वान किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि सभी जवान निश्चित अपने अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लहराए, क्योंकि भारत का राष्ट्रीय ध्वज या तिरंगा हम सभी भारतीयों के लिए अत्यंत ही महत्वपूर्ण है। ये हम सभी को देश के प्रति कर्तव्य की याद दिलाता है, और राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना को जागृत करता है।

भारत का राष्ट्रीय ध्वज केवल कपड़ों से बना कोई टुकड़ा नहीं हैं, बल्कि ये वह भावना है जो देश के लिए महान क्रांतिकारियों को त्याग करने, सैनिकों को देश रक्षा में बलिदान करने और नागरिकों को देश के विकास करने और इसका सम्मान करने के लिए प्रेरित करती है। भारत विश्व का सातवां सबसे बड़ा देश है। इसे भारत, हिंदुस्तान और आर्यावर्त के नाम से भी जानते हैं। भारत एक ऐसा देश है, जहां के लोग अलग-अलग भाषा बोलते हैं और विभिन्न जाति, धर्म,संप्रदाय, और संस्कृति के लोग एक साथ रहते हैं। इसी वजह से भारत को विविधता में एकता का देश कहा जाता है।

भारत का इतिहास अति प्राचीन,अति विशाल,अति गहरा है। ज्ञान,विज्ञान, समृद्धि, कलाकारी, शौर्य और अध्यात्म से परिपूर्ण है। जब भारत गुलामी की जंजीरों से बंधा हुआ था, तब 15 अगस्त 1947 को देश अंग्रेजी हुकूमत से आजाद हुआ था। अब देश स्वाबलंबी के रास्ते में निरंतर आगे बढ़ रहा है, रोज नई-नई ऊंचाइयों को छू रहा है। स्वतंत्रता के 75वे वर्षगांठ पर शुरू हुआ आजादी का अमृत महोत्सव स्वावलंबन की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।

आजादी का अमृत महोत्सव 12 मार्च 2021 से मनाया जा रहा है, और यह उत्सव 15 अगस्त 2023 को खत्म होगा। जहां आजादी के 75 वर्षों में भारत ने विज्ञान, तकनीकी, कृषि, साहित्य, खेल आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय तरक्की की है। बहुत कुछ पाया है, वही समय के साथ-साथ बहुत कुछ खोया भी है। बीते 75 सालों में अपनी अंदरूनी समस्याओं, चुनौतियों के बीच देश ने ऐसा जरूर हासिल किया है जिसकी तरफ पूरी दुनिया आकर्षित हो रही है।

जिप जिला अध्यक्ष बिंदु गुलाब यादव ने भैरवा में किया जलाभिषेक

मधुबनी : जिले के बिस्फी महाकवि बाबा विद्यापति द्वारा प्रस्थापित प्रखंड क्षेत्र के भैरवा स्थित उगना महादेव के अंकुरित शिवलिंग पर सावन की तीसरी सोमवारी को शिवभक्तों का भीड़ टूट पड़ा, जहां प्रशासनिक चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था के बीच कांवरियों ने जलाभिषेक किया।

मंदिर कमेटी अध्यक्ष सुशील कुमार सुमन, फुलबाबू यादव, अजय साह, अरविंद यादव सहित कई लोगों ने बताया कि उगना महादेव के प्रति बढती आस्था के कारण तीसरे सोमवारी को भी शिवभक्तों का सैलाब देखने को मिला। वही प्रशासन के द्वारा 12 बजे मंदिर का पट खुलवा दिए गए थे। इस दौरान मधुबनी जिला परिषद चेयरमैन बिंदु गुलाब यादव ने भी जलाभिषेक एवं पूजा अर्चना किया। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य नियंत्रण कक्ष में जिले के कई आला अधिकारी मौजूद थे। काफी संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्त की गई थी। मंदिर परिसर, रमुनियामोर, कोकिला चौक, बलहा घाट सहित कई जगहों पर मजिस्ट्रेट के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात दिखे।

एसडीएम अशोक कुमार मंडल, डीएसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ श्रीकांत सिन्हा, बीडीओ मनोज कुमार, सीआई बसंत झा, बिस्फी थानाध्यक्ष राजकुमार राय सहित जिले के कई थाना अध्यक्ष मौजूद थे। वही इस दौरान जाप जिला उपाध्यक्ष उमेश यादव एवं युवा शक्ति के प्रखण्ड अध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि मंदिर में पूजा अर्चना करने को लेकर 12 बजे ही पट खुलवा कर जलाभिषेक करवाया गया तथा बलहा मंदिर परिसर में पुजारियों द्वारा की जा रही भजन कीर्तन को बंद करवा दिया गया, जो निंदनीय है। इस बाबत में प्रशासन को सहयोग कर रहे जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ता में नाराजगी देखी गई।

सावन की तीसरे सोमवारी को कल्याणेश्वर मंदिर में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने की जलाभिषेक

मधुबनी : सावन माह की तीसरी सोमवारी को 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मधुबनी जिले के हरलाखी प्रखंड के पौराणिक कल्याणेश्वर मंदिर में भगवान शिव को जलाभिषेक किया। इससे पहले मंदिर के बगल के पवित्र तालाब में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इस अवसर पर बोल बम व हर-हर महादेव के उद्घोष से मंदिर परिसर गुंजयमान हो रहे थे। भारत नेपाल के हज़ारों श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए पूजा अर्चना की और सुख-समृद्धि का कामना की। मंदिरों में अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और यह शिलशिला शाम तक चलती रही।

भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए भक्तों ने गंगाजल, दूध, दही से जलाभिषेक कर बेलपत्र, चावल व पुष्प से भगवान शिव की पूजा की। मंदिर परिसर में जगह जगह भजन कीर्तन का कार्यक्रम चल रहा था। वहीं मंदिर के बाहर श्रावणी मेला में भारी भीड़ देखा गया। भगवान शिव का दर्शन व पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने श्रावणी मेला का आनंद उठाया। मेला में टॉवर झूला, ब्रेक डांस, मौत का कुआं आदि अनेकों प्रकार के मनोरंजन का साधन उपलब्ध है। वहीं मीणा बाजार व फल फूल के साथ साथ मिठाइयों की दुकानें भी सजी हुई है। उधर मंदिर व श्रावणी मेला में शांति व्यवस्था बनाए रखने को ले स्थानीय प्रशासन के द्वारा पुख्ता इंतजाम देखा गया। थानाध्यक्ष अनोज कुमार के नेतृत्व में चप्पे चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गयी थी।

वहीं बाबा कल्याणेश्वर श्रावणी मेला सेवा समिति के सदस्य शिव नारायण यादव, अनिरुद्ध यादव, राजाबाबू, विजय यादव, कारी ठाकुर, बबलू यादव, रामबालक यादव, मदन चन्द्र झा, बालेश्वर ठाकुर, मीडिया प्रभारी संजय राउत समेत करीब दो दर्जन स्वयंसेवक ड्यूटी पर तैनात थे। वहीं समाजसेवी राजा चौरसिया, पप्पू साह, पप्पू उर्फ धर्मेन्द्र साह के सौजन्य से बाबा कल्याणेश्वर मंदिर के बाहर सभी भक्तों के लिए लंगर का उत्तम व्यवस्था की गयी, जहां दूर दराज से आए सैकड़ों भक्तों ने भंडारे का लुफ्त उठाया। इसी प्रकार प्रखंड के मनोकामना नाथ महादेव मंदिर, धरोहरनाथ महादेव मंदिर समेत विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक को लेकर अहले सुबह से ही शिव भक्तों की भीड़ उमड़ी रही।

भगवान शिव को प्रिय है सावन मास

ज्योतिषाचार्य के मुताबिक श्रावण मास व शिव का भारतीय संस्कृति से गहरा मेल है। श्रावण के आते ही शिव भक्तों में पूजा अर्चना के लिए नई उमंग का संचार हो जाता है। शास्त्रों और पुराणों का कहना है कि श्रावण मास भोले बाबा को अत्यंत प्रिय है। इस माह में शिव अर्चना के लिए प्रमुख सामग्री बेलपत्र और धतूरा सहज सुलभ हो जाता है। शिव ऐसे देवता हैं जिनकी पूजा-अर्चना की सामग्री के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होती। अगर कोई सामग्री उपलब्ध न हो तो जल ही काफी है। भक्ति भाव के साथ जल अर्पित कीजिए और भगवान शिव प्रसन्न।

जल चढ़ाओ और जो चाहे मांग लो

पूजारी हीरा ठाकुर ने बताया कि श्रावण मास में भगवान शंकर की पूजा का विशेष महत्व है। सोमवार भोले बाबा का प्रिय दिन माना जाता है, इसलिए श्रावण मास के सोमवार का महत्व और भी बढ़ जाता है। इस महीने प्रत्येक सोमवार भगवान शिव का व्रत करने से मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती हैं। इस महीने में लघुरुद्र, महारुद्र या अतिरुद्र पाठ को कर हर सोमवार शिव का व्रत करना चाहिए।

श्रावण के सोमवार व्रत की विधि

उन्होंने कहा कि श्रावण मास में सोमवार को शिव का व्रत करने के दौरान भगवान श्री गणेश, भगवान शिव, माता पार्वती और नन्दी देव की पूजा करनी चाहिए। पूजन सामग्री में जल, दूध, दही, चीनी, घी, शहद, पंचामृत, मोली और नये वस्त्र समेत जनेऊ, चंदन, रोली, चावल, फूल, बेल-पत्र, भांग, आक-धतूरा, कमल, गट्ठा, प्रसाद, पान-सुपारी, लौंग, इलायची, मेवा व दक्षिणा अर्पित किए जाते हैं।

शिव पूजन में बेलपत्र जरूरी

कहा कि भगवान शिव की पूजा जब बेलपत्र से की जाती है, तो भगवान अपने भक्त की कामना बिना कहे पूरी कर देते है। बेलपत्र के संबंध में मान्यता प्रसिद्ध है कि बेल के पेड़ को जो भी भक्तगण पानी या गंगाजल से सींचता है, उसे सभी तीर्थों की प्राप्ति होती है। वह भक्त इस लोक में सुख भोगने के बाद शिवलोक में प्रस्थान करता है।

तीसरी सोमवारी को शिवालयों में जुटी श्रद्धालुओं के भीड़

मधुबनी : जिले के खजौली सावन की पवित्र माह की तीसरी सोमवारी को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालय में बोल बम की जयकारों से चारो दिशाएं गूंजमाय बना हुआ था।

प्रखंड के हथियाही गांव स्थित बाबा उदय नाथ थाना मंदिर परिसर स्थित बाबा थनेश्वर नाथ मनियरवा गांव स्थित बाबा मुनेश्वर नाथ महादेव ठाहर गांव स्थित बाबा कल्याण नाथ, रामेश्वर बाबा शिव शक्ति पीठ रसीदपुर, मदना, इनरवा, कन्हौली छोटकी ठाहर स्थित बाबा गरीब नाथ मंदिर समेत प्रखंड के विभिन्न गांव स्थित शिवालय में सोमवार की तड़के सुबह से ही महादेव की पूजा अर्चना के लिए कांवरिया सहित भगतजन श्रद्धालुओं की आना सुरु हो गया था।

वही पवित्र सावन माह में विभिन्न शिवालय में लोगों की भीड़ को देखते हुए थाना अध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह के नेतृत्व में लगातार पुलिस बल क्षेत्र में गश्त लगा रही थी। जबकी कमला नदी के सुक्की और कन्हौली तुरकाहा घाट से हजारों की संख्या में कांवरिया ने जल उठाकर बाबा कपलेश्वर नाथ महादेव सहित विभिन्न शिवालय के लिए जल उठाया। चारों तरफ भक्तिमय माहौल बना हुआ था।

सुमित कुमार की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here