25 जुलाई : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

डैकेती पर हावी है शराब, भोजपुर पुलिस का डाटा गवाह

आरा : भोजपुर पुलिस सभी तरह के अपराध रोकने हेतु पिछले एक हफ्ते में जिले में हुए अपराध और गिरफ्तारियों की लिस्ट शेयर की है जिससे पता चलता है कि भोजपुर में लूट-पाट, डैकेती पर शराब का सेवन व बिक्री जैसा अपराध हावी है। भोजपुर पुलिस ने एक रिपोर्ट में जुलाई 14 से लेकर जुलाई 22 तक की अपनी उपलब्धियों को बताया है। डाटा के मुताबिक, उक्त तिथि के दौरान पुलिस ने जिले में 320 आपराधिक मामले दर्ज किए हैं।

एक हफ्ते में भोजपुर पुलिस ने आपराधिक मामलों में कुल 346 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक पर हत्या, एक पर रंगदारी, तीनं पर एससीएसटी, एक पर महिला उत्पीड़न से संबंधित, 10 पर लूट, 41 पर शराब पीने का आरोप, 18 पर शराब बेचने और 222 पर अन्य मामले दर्ज हैं। शराब में मामले में पुलिस ने एक हफ्ते में 750 लीटर देशी शराब, 644 लीटर विदेशी शराब, 80550 लीटर विनष्ट महुआ पास बरामद की है और इसमें कुल 79 लोगों की गिरफ़्तारी हुई है। वही महिला थाना के स्तर से 11 मामलों की काउंसलिंग भी कराई गई।

swatva

गौरतलब है कि 2016 अप्रैल से बिहार में शराब बंद है। सरकार और पुलिस-प्रशसन की तमाम सख्तियों के बावजूद राज्य में शराब के सेवन और तस्करी में कोई रोक दिखाई नहीं दे रही है। एक तरफ पुलिस अपनी उपलब्धियों को गिना रही है, तो दूसरी ओर शराब को लेकर अपराध की सख्या बढ़ती ही जा रही है। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का शराब को लेकर बयान कहीं न कहीं सही साबित हो रहा है।

बता दें कि हाल ही में उन्होंने कहा कि लोगों को रात दस बजे के बाद शराब पीना चाहिए। मांझी ने यह भी कहा कि दवा के रूप में थोड़ी-थोड़ी शराब लेना गलत नहीं है। दो पैग शराब पीना दवा की तरह काम करती है। मांझी ने आगे कहा कि उन्होंने सरकार के सख्त शराब नीति का पुरजोर तरीके से विरोध किया। जिसका नतीजा रहा कि सरकार ने शराबबंदी कानून में तीन मर्तबा संशोधन किया।

सख्त कानून के बारे में उन्हें पुख्ता प्रमाण तब मिला जब एक मजदूर शराब पीकर सड़क के किनारे बैठा था तभी पुलिस ब्रेथ एनालाइजर मशीन से उसकी जांच की उसे जेल भेज दी। अब उसे 7 साल की सजा हुई है। खैर, अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस तो अपना काम बखूबी कर रही है लेकिन राज्य में बढ़ते शराब की तस्करी व सेवन जैसे अपराध पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते नजर आते हैं।

शादी में गये बाप-बेटे पर फायरिंग

आरा : भोजपुर जिला के नगर थानान्तर्गत बड़की सिंगही में शाम गवाही देने के विवाद में दरवाजे पर चढ़ फायरिंग की गयी जिसमे एक महिला जख्मी हो गयी। उसे आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जख्मी महिला मुफस्सिल थानान्तर्गत दौलतपुर गांव निवासी मो. मुजाहिद हुसैन की 30 वर्षीया पत्नी अरशी बानो है। वह भाई की शादी में भाग लेने अपने मायके आयी थी। फायरिंग की वारदात में उसके पति और ससुर सहित मायके वाले बाल-बाल बच गये।

नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए है। पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली व एक खोखा बरामद किया गया है। जख्मी के पति मो. मोजाहिद हुसैन ने बताया कि उनके चचेरे भाई मो. शकील अहमद की जमीन पर करीब एक साल पूर्व कुछ लोग जबरन कब्जा करने आए थे। उसको लेकर उनलोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उस केस में उनके पिता मो. जफरुल्लाह उर्फ मिंटू गवाह हैं।

उनलोगों द्वारा गवाही नहीं देने का दबाव बनाया जा रहा है। उसे लेकर उनके पिता का उन लोगों के साथ विवाद चला आ रहा है। उसी विवाद में पहले उस पर और उसके पिता और हमला किया गया। उसके बाद उसके ससुराल वालों के दरवाजे पर चढ़ कर फायरिंग की गयी। इसमें उसकी पत्नी को गोली लग गयी। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले में टाउन थाना इंचार्ज ने बताया कि आरोपितों द्वारा लाइसेंसी राइफल से गोली मारी गई है। घटनास्थल से राइफल का एक खोखा और एक गोली भी बरामद की गयी है।

दौलतपुर निवासी मोजाहिद हुसैन ने बताया कि उसके साले की शादी थी। शाम में शहर के ही धरहरा में बारात जाने वाली थी। शादी में भाग लेने वह अपने पिता के साथ टाउन थाना क्षेत्र के बड़की सिंह ही गांव अपने ससुराल आया था। उसकी पत्नी 17 जुलाई को ही अपने मायके आ गई थी। शाम वह अपने पिता के साथ मस्जिद में नमाज पढ़ कर वापस लौट रहे थे तभी आरोपितों द्वारा रास्ते में घेर उसके पिता की बंदूक से बट से पिटाई की गयी। इसमें उसके पिता जख्मी हो गये थे। उसके बाद दोनों बाप-बेटे भागने लगे, तो आरोपियों ने उनके पिता पर फायरिंग कर दी लेकिन उनके पिता को गोली नहीं लगी और वह बगल के एक घर में घुस गए जबकि वह बाद में भागते हुये ससुराल के गेट पर पहुंच गया। पर पीछा करते आरोपियों भी वहां तक पहुंच गये और उस पर फायरिंग कर दी लेकिन संयोग से उसे भी गोली नहीं लगी।

गोली की आवाज सुन ससुराल के घर के सभी लोग बाहर आए। तबतक आरोपित भाग गये थे। इसके बाद सब लोग अपने काम में जुट गये। तभी आरोपित फिर आ धमके और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। उसमें उनकी पत्नी को गोली लग गई। मोजाहिद हुसैन ने अपने गांव के ही शहनवाज, आसिफ, गुड्डू, अशर और बशर पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस आरोपितों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।

बड़की सिंगही गांव निवासी शहबाज उर्फ नजबी की शादी थी। शाम में बारात निकालनी थी। तैयारी चल रही थी। भाई की शादी में भाग लेने बहन भी आयी थी। तभी अचानक दरवाजे पर गोलियां चलने लगी। फायरिंग की आवाज सुन कर घर के लोग बाहर निकले। तभी बहन को गोली लग गयी|

आठ दिनो में 19 दागियों के खिलाफ भेजा गया गुंडा प्रस्ताव

आरा : भोजपुर जिले में पुलिस बिगत आठ दिनों में 19 अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है। एक अपराधी को फरारी घोषित करने, तो छह के विरूद्ध निगरानी का प्रस्ताव भेजा गया है। अपराधियों पर वज्र प्रहार जबकि शराब के धंधेबाजों पर एंटी लिकर टास्ट फोर्स का कहर जारी है। भोजपुर आरक्षी अधीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में जारी अभियान के तहत एक सप्ताह में हत्या, लूट और रंगदारी सहित विभिन्न कांडों के 346 आरोपित गिरफ्तार किये जा चुके हैं। 218 गैरजमानीत वारंट, 25 कुर्की-इश्तेहार का निष्पादन भी किया गया है।

छह आर्म्स, 14 गोलियां और दो मैगजीन भी बरामद की गयी है। शराब बेचने में 77 जबकि पीने के आरोप में 41 पियक्कड़ को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 58 शराबियों से सजा के तौर पर एक लाख 28 हजार पांच सौ फाइन भी वसूल किया गया है। करीब साढ़े छह सौ लीटर अंग्रजी, जबकि साढ़े सात सौ लीटर शराब बरामद की गयी है। वहीं 181 भट्ठियां ध्वस्त की गयी है। एसपी संजय कुमार सिंह की ओर से रिपोर्ट कार्ड जारी की गयी है।

कहा गया है कि 14 से 22 जुलाई के बीच हत्या में पांच, लूट के दस, रंगदारी के एक और पुलिस पर हमले के एक वांटेड सहित 346 आरोपितों को आरेस्ट किया गया है। एसपी के अनुसार महिला थाना के स्तर से 11 मामलों की काउंसलिंग करायी गयी है। थाना स्तर पर लगने वाले कैंप के जरिये भूमि-विवाद के 77 मामलों को सुलझाया गया है। थानों द्वारा 172 चार्जशीटेड अपराधियों का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस की दबिश से 158 आरोपितों द्वारा सरेंडर किया गया है। सात युवतियों समेत 10 अगवा लोगों को बरामद भी किया गया है। वहीं सड़क हादसा और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन में 14 चालकों का लाइसेंस रद्द करने का प्रस्ताव भेजा गया है। अवैध बालू खनन और शराब सहित अन्य गलत धंधे में इस्तेमाल 50 वाहन जब्त किये गये हैं।

कोचिंग की छात्राओं की सुरक्षा को महिला पुलिस करेंगी गश्तभोज

आरा : जिला मुख्यालय आरा कई इलाकों में चल रहे कोचिंग संस्थानों सह-शिक्षा की व्यवस्था है| इन इलाकों में क़ानून व्यवस्था लागू करने तथा लड़कियों की सुरक्षा के मद्देनज़र महिला थाना पुलिस को टास्क दिया गया है। महिला थाना की पुलिस कोचिंग संस्थानों के पास गश्ती करेगी तथा लड़कियों को अपना नंबर भी उपलब्ध कराएंगी ताकि वे किसी भी परिस्थिति में सूचना दे सके। इस क्रम में महिला थाना इंचार्ज नीतू प्रिया केजी रोड स्थित कोचिंग स्थानों के पास मुस्तैद दिखी।

उन्होंने कोचिंग संस्थानों में छुट्टी के वक्त छात्राओं से बात की और उन्हें अपना मोबाइल नंबर दिया। इसके अलावा कोचिंग संस्थानों के पास आसपास चाय और अन्य दुकानों पर खड़ा रहने वाले शोहदों पर पुलिस कार्रवाई करेगी। एसपी ने कोचिंग संचालकों से कुछ समय के अंतराल पर ओरियंटेशन क्लास बुलाने को कहा है। उसमें बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित रहेंगे और उन्हें उनके बच्चे के प्रोग्रेस की जानकारी दी जाएगी|

हत्या, डकैती, लूट सहित अन्य मामले में 43 लोग गिरफ्तार

आरा : भोजपुर पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाकर हत्या, डकैती, लूट सहित अन्य मामले में 43 लोगों की गिरफ्तारी की। भोजपुर एसपी संजय कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि छापेमारी के दौरान हत्या में एक, डकैती में एक, लूट में तीन, वारंट में छह, शराब मामले में 18 तथा अन्य मामले में 14 लोगों की गिरफ्तारी हुई। इस दौरान 188 लीटर देसी महुआ शराब बरामद हुआ। 32 सौ लीटर महुआ पास को विनष्ट किया गया।

12 शराब भट्टी को ध्वस्त किया गया। तीन बाइक, एक ऑटो, दो बालू लदे ट्रक, तीन बालू लदे ट्रैक्टर, एक एक मोबाइल जप्त किया गया। वाहन चेकिंग के दौरान 31 हजार की राशि वसूली गई। बिहिया थाना पुलिस ने 20 लीटर महुआ शराब के साथ कटेयां निवासी कमलेश प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। वही जगदीशपुर थाना पुलिस ने 20 लीटर चुलाई महुआ शराब बरामद किया। सिकरहटा थाना पुलिस ने 40 लीटर शराब के साथ चरपोखरी के महावीरगंज निवासी सोना शधारी यादव को धर दबोचा।

वही तरारी थाना पुलिस ने 5 लीटर महुआ शराब के साथ बंधवा गांव निवासी गौतम कुमार को गिरफ्तार किया। इधर, अगिआंव बाजार थाना पुलिस ने 1 लीटर महुआ शराब के साथ बक्सर के नवानगर निवासी श्रीकांत चौधरी, सोनबरसा निवासी संतोष चौधरी, एयार निवासी गुड्डू कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उधर, गीधा ओपी पुलिस ने बाइक पर लोड 20 लीटर महुआ शराब के साथ आरा टाउन थाना क्षेत्र के भलुहीपुर निवासी सूरज शर्मा को दबोचा। नवादा थाना पुलिस ने 50 लीटर महुआ शराब बरामद किया। इस दौरान एक ऑटो जप्त किया। नगर थाना पुलिस ने 40 लीटर शराब के साथ डोम टोली निवासी धर्मेंद्र राम को गिरफ्तार किया।

मस्जिद का चंदा लेने जा रहे हैं युवक की पिटाई

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के नगर थानान्तर्गत मिल्की मोहल्ला में मस्जिद का चंदा लेने जा रहे हैं युवक की कुछ्लोगों जमकर पिटाई कर घायल कर दिया| जख्मी को गंभीर हालत में आरा सदर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

घटना के बारे में बताया गया कि जख्मी युवक आरा के नगर थानान्तर्गत रोजा मोहल्ला के वार्ड नंबर 28 के निवासी स्वर्गीय कमरुद्दीन का पुत्र पिंटू भाई है| आज सुबह पिंटू मस्जिद का चंदा करने के लिए कुछ लोगों के साथ मिल्की मोहल्ला जा रहे थे, तभी रास्ते में ही कुछ असामाजिक तत्वों ने उन्हें घेरकर मारपीट कर जख्मी कर दिया। उन्हें आरा सदर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया घटना का स्पष्ट कारण नहीं पता चल पाया है| घटना की जांच में जुटी है|

गोलीबारी में 10 पर प्राथमिकी दर्ज

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा नगर थानान्तर्गत बड़की सिंगही में शाम जमीन और गवाही के विवाद में फायरिंग के मामले में जख्मी महिला अरशी बानो के ससुर जफरुल्लाह के बयान पर चार महिलायों सहित 10 लोगों के खिलाफ नामज़द प्राथमिकी दर्ज की गयी है| पुलिस ने चारों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी चल रही है।

आरा नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि जख्मी महिला के ससुर के बयान पर चार महिलाओं समेत दस लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। कांड में आरोपित सभी पुरुष घर से फरार हैं। चारों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद चारों को जेल भेज दिया गया है|

बता दें कि बड़की सिंगही में शनिवार की शाम गवाही देने के विवाद में दरवाजे पर चढ़ फायरिंग की गयी। उसमें मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी मो. मुजाहिद हुसैन की 30 वर्षीया पत्नी अरशी बानो गोली लगने से जख्मी है गयी थी। वह अपने भाई की शादी में भाग लेने मायके आयी थी।

फायरिंग में उसके पति व ससुर सहित मायके वाले बाल-बाल बच गये थे। जख्मी महिला के पति मो. मोजाहिद हुसैन ने बताया था कि उनके चचेरे भाई मो. शकील अहमद की जमीन पर करीब एक साल पूर्व कुछ लोग जबरन कब्जा करने आए थे। उसको लेकर उनके चचेरे भाई की ओर से उनलोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उस केस में उनके पिता मो. जफरुल्लाह उर्फ मिंटू गवाह हैं। इसी को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा है।

राजीव एन अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here