09 जुलाई : मधुबनी की मुख्य खबरें

0
swatva samachar

जनवितरण प्रणाली के सभी लाभुकों को निर्धारित समय सीमा में ही सहजता से खाद्यान हर हाल में उपलब्ध हो : जिलाधिकारी

मधुबनी : जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में अयोजित की गई। समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि जनवितरण प्रणाली के सभी लाभुकों को निर्धारित समय सीमा में पूरी सहजता के साथ खाद्यान उपलब्ध करवाना हर हाल में सुनिश्चित करे।

उन्होंने कहा कि देखा जा रहा है कि भारतीय खाद्य निगम के डिपो से निगम के टी पी डी एस गोदामों तक नियुक्त वेंडरों के द्वारा पर्याप्त संख्या में वाहन उपलब्ध नहीं कराए जाते हैं, ऐसे में आम जनों तक सही समय में खाद्य आपूर्ति करने में खासी परेशानी होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय अवधि में यदि जिले की खाद्य आपूर्ति का लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सकेगा तो ऐसे में वाहन उपलब्ध कराने वाले वेंडरों में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले वेंडर का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।

swatva

उन्होंने उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारियों को खाद्य आपूर्ति में आने वाली कठिनाई पर नजर बनाए रखने और उसका समाधान निकलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रखंडों के लिए नामित जिला स्तरीय प्रभारी पदाधिकारियों, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारीयों और प्रखंड आपूर्ति निरीक्षकों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर खाद्य आपूर्ति सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बुधवार को जिले के पंचायतों में लगने वाले कैंप के आयोजन के अवसर पर जन वितरण प्रणाली केंद्रों के निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उनके द्वारा राशन कार्ड के आवेदन के सापेक्ष निर्गत किए गए राशन कार्ड की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अयोग्य लाभुकों को अपना राशन कार्ड सरेंडर कर देना चाहिए। उन्होंने इसके लिए संदेहास्पद राशन कार्ड धारकों के घरों के स्थलीय निरीक्षण कर पुष्टि किए जाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने निर्देश दिया कि अगली बैठक से जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के संघ के अध्यक्ष को भी बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाए, ताकि, खाद्य आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रशासन की दिशानिर्देश को उन्हें सीधे पंहुचाई जा सकें और खाद्य आपूर्ति में यदि उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई आए तो वे सीधे संवाद में अपनी बात रख सकें।

उक्त बैठक में उप विकास आयुक्त विशाल राज, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, वंदना कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर मधुबनी अश्वनी कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बेनीपट्टी अशोक कुमार मंडल, अनुमंडल पदाधिकारी फुलपरास अभिषेक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी जयनगर बेबी कुमारी, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम, मधुबनी पंकज कुमार, मंडल प्रबंधक, एफसीआई, अनुराग रंजन सहित जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

जाँच शिविर में उमड़ी गर्भवती महिलाओं की भीड़, दवा और फलों का भी किया गया वितरण

मधुबनी : बिहार राज्य सरकार के निर्देश पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बेनीपट्टी में प्रधानमंत्री मातृत सुरक्षा योजना के तहत शनिवार को बड़ी संख्या में गर्वभवती महिलाओं का स्वास्थ्य जाँच कर दवा मुहैया कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन माह से नौ माह की अवधि वाले सभी गर्भवती महिलाओं का महीने में एक बार एएनसी जाँच प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बेनीपट्टी डॉ० एस.एन. झा की निगरानी में डॉक्टरों की टीम द्वारा किया जाता है, और जाँच के बाद उचित परामर्श देते हुए दवा मुहैया करा दिया जाता है।

इस जाँच शिविर के माध्यम से मुख्य रूप से हाई रिक्स प्रैग्नेंसी, यानी ऐसी गर्वभवती महिलाएं जिनको गर्भकालीन अवधि में कई प्रकार की बिमारी होती है। जैसे खून की कमी, चक्कर आना, आइरन की कमी, कमजोरी, हाई बीपी, लॉव बीपी, पैरों में सूजन, एनीमिया, सांस फूलना आदि से ग्रसित गर्भवती महिलाओं को जाँच कर दवा दिया जाता है, साथ ही उन्हें हमेशा सम्बंधित क्षेत्र की आशा के माध्यम से ट्रैक करते हुए उनके स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा जाता है।

मौके पर चिकित्सा पदाधिकारी बेनीपट्टी डॉ० एस.एन. झा के अलावे, डॉ० पी.एन. झा, डॉ० नवीन कुमार, जीएनएम भारती कुमारी, स्वास्थ्य प्रबन्धक बेनीपट्टी राजेश रंजन, इंद्रदेव प्रसाद कण्ठ,उदय प्रकाश गुप्ता, बीसीएम सत्येन्द्र कुमार, सहित डॉक्टरों की बड़ी तादाद ने जाँच शिविर में आये सभी महिलाओं का जाँच कर दवा मुहैया कराते हुए इस शिविर में आये हुए सभी गर्भवती महिलाओं को फल, बिस्किट आदि भी दिया गया। कई महिलाओं ने कहा कि मरीजों के निबंधन में थोड़ी सी फजीहत झेलनी पड़ती है, लेकिन इलाज अच्छा होता है।

एबीपी अखिल विद्यार्थी परिषद की टीम ने 74वां स्थापना दिवस मनाए, गरीब-गुरबा बच्चों के बीच पेन कॉपी बुक आदि बांटे

मधुबनी : जिले के राजनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एबीपी कार्यकर्ताओं ने 74वा स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम में पुष्पमाला अर्पित के बाद। गरीब-गुरबा बच्चों के बीच पेन कॉपी पेंसिल का वितरण किया गया।

निखिल झा ने बताया कि विद्यार्थी परिषद की स्थापना छात्रों मे राष्ट्रवाद की अलख जगाने हेतु किया गया एवं राष्ट्र के पुननिर्माण के उद्देश्य से आज तक निरंतर विद्यार्थी परिषद काम कर रही है, साथ ही प्रखंड संयोजक मनीष झा ने बताया कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता छात्र हित के कार्य को राष्ट्रहित की सोच के साथ आगे बढाती रही है। एबीभीपी के सभी कार्यकर्ता युवा कार्यक्रम में शिरकत हुए थे।

प्रियांशु ने प्रथम प्रयास में नवोदय पास कर ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों के लिए कायम की मिशाल

मधुबनी : वो कहते ना कि जब हौसला बना लिया ऊँची उड़ान का, फिर देखना फ़िजूल हैं कद आसमान का। वही कर एक बेटी ने दिखाया है। आपको बताते चले की मधुबनी जिले के कलुआही प्रखंड के राढ गांव निवासी डॉ० मनोज कुमार यादव और आंगनवाड़ी सेविका रंजू कुमारी की पुत्री प्रियांशु कुमारी ने नवोदय चयन प्रवेश परीक्षा में प्रथम प्रयास में ही उत्तीर्ण होकर अपने परिवार सहित क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

वही ग्रामीण क्षेत्रों के लड़कियों के लिए मिशाल कायम की है। मीडिया से बात चीत के दौरान प्रियांशु बताती है कि वो एक निजी विद्यालय में पठन-पाठन करती है। बच्ची आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहती है। वही बच्ची के पिता ने कहा की हमारी बच्ची ने नवोदय पास कर मेरे परिवार सहित शिक्षण संस्थान का मान बढ़ाया है। हम सभी बहुत हर्षित है, आगे प्रियांशु जो भी तैयारी करना चाहती है, हम उनके सपना को पूरा केरेंगे।

इधर परीक्षा पास होने की खबर से बधाई देने वालो की तांता लगी हुई है, जिसमे प्रखंड उप प्रमुख चंदन प्रकाश यादव, प्रभात कुमार प्रभाकर, एमएलसी प्रतिनिधि अमलेश कुमार, राजकुमार यादव, संजीव यादव, मुकेश यादव, चंद्रदेव यादव, इंद्रदेव यादव, ब्रजनंदन कुमार सहित अन्य शामिल है।

पीड़ितों के बीच राहत चेक का किया गया वितरण

मधुबनी : जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा के निर्देश के आलोक में अंचलाधिकारी फुलपरास ने 13 मई 2022 को वज्रपात से मृतक रणबीर साहू, सुदिमाहि पंचायत, रामनगर एवम सियाराम सदाय, सिजौलिया पंचायत, गोढियारी के निकटतम आश्रित को अनुग्रह अनुदान राशि के रूप में चार-चार लाख का चेक सौपा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि आपदा पीड़ितों को हर हाल में ससमय राहत उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करे।

गौरतलब हो कि इस वर्ष अब तक 5 व्यक्तियों की मृत्यु वज्रपात से हुई है, जिसमे 4 व्यक्तियों को चार-चार लाख की राहत राशि उपलब्ध करवा दी गई है। जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में बेनीपट्टी के मृतक को भी शीघ्र ही राहत राशि उपलब्ध करवाई जा रही है।

युवक की गला रेतकर हत्या, परिजनों द्बारा हत्यारे की गिरफ्तारी व मुआवजा के लिए प्रदर्शन

मधुबनी : मुख्यालय सीमा के नजदीक राजनगर थानाअन्तर्गत रांटी निवासी स्वर्गीय गंगा राम महतो के बड़े लड़के मुकेश कुमार की गला काटकर हत्या करने की सनसनीखेज वारदात की घटना घटी है। मुकेश का शव पंडौल थाना अन्तर्गत हाटी मोहनपुर के पास स्थित डबरा से पुलिस ने बरामद की है। पुलिस ने शव बरामद होते ही पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

शव के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव के साथ रांटी मेन चौक को बांस-बल्ले से घेरकर जाम कर दिया। सड़क जाम रहने के कारण आवागमन व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। हत्यारे की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने प्रदर्शन किया है, हालांकि प्रदर्शन स्थल पर पुलिस द्बारा परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

बताते चले की मृतक युवक मुकेश कुमार महतो पेड़ से तारी उतराने का काम करता था।आर्थिक रूप से कमजोर था। तीन भाईयो मे सबसे बड़ा था। उसी के आय से उसका घर चलता था। मुकेश की हत्या से परिजनों मे शोक की लहर है। उसकी माँ का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक मुकेश कुमार महतो की माँ ने बताया की पैसे के लेनदेन के कारण उसके बेटे की हत्या कर दी गई है।

परसों रात के दो बजे किसी का फोन आया और घर मे कुछ भी बताएं बैगेर चला गया, जब वह वापस नहीं लौटा तो हमलोग ने काफी खोजबीन की लेकिन वह नहीं मिला। गुमशुदगी की बात पुलिस को बताया गया, लेकिन पुलिस ने मदद नहीं किया। आज सुबह पंडौल के हाटी मोहनपुर स्थित एक डबरा से शव बरामद हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रेम-प्रसंग मे युवक मुकेश कुमार महतो की हत्या की गई है। पुलिस की जांच के बाद ही हत्या का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस द्बारा सभी पहलुओ को ऱखकर जांच की जा रही है।

बचनू मंडल को बनाया गया जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव

मधुबनी : जनता दल-यू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक विजय सिंह निषाद ने मधुबनी जिला के बेनीपट्टी प्रखंड अंतर्गत पाली ग्राम निवासी वरिष्ठ जदयू नेता बचनू मंडल को प्रदेश सचिव मनोनीत किया है।

अपने इस मनोनयन पर श्री मंडल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधायक सह जदयू अपि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विजय सिंह निषाद, पूर्व विधान पार्षद बिनोद कुमार सिंह सिंह सहित जदयू शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करते हुए बताया कि पार्टी द्वारा मुझ पर जो विश्वास प्रकट करते हुए यह दायित्व दिया गया है, उसे व्यापक दल हित में अपने परिश्रम से पार्टी की उम्मीदों पर अपेक्षाकृत हर संभव खड़ा उतरने का प्रयास करूंगा तथा सदैव पार्टी की मजबूती हेतु सकारात्मक प्रयास करूंगा।

ट्रांसफार्मर खराब होने से किसानों को बढ़ी परेशानी

मधुबनी : जिले के खजौली प्रखंड क्षेत्र के चन्दरडीह पंचायत के महराजपुर गांव स्थित कमला तटबंध के किनारे किसानो के लिए खेती के लगाए गए बिजली विभाग के द्वारा ट्रांसफार्मर पिछले एक माह से अधिक समय से खराब रहने के बाबजूद विभाग के द्वारा बदले नही जाने के विरोध में शनिवार को पंचायत के मुखिया जयप्रकाश मंडल के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण ने विभाग के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए जले हुए ट्रांसफार्मर के जगह पर जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग कर रहें थे।

विरोध प्रदर्शन कर रहे पंचायत के मुखिया जयप्रकाश मंडल ने बताया कि मानसून कमजोर रहने कारण इस बार पर्याप्त मात्रा में बारिश नही हुई है अभी तक, जबकी यह क्षेत्र बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है। लेकिन अभी तक ना ही नदी की पानी पहुचा खेत तक और ना ही पर्याप्त मात्रा में बारिश नही होने के स्थिती यंहा लगा कृषि उपयोग के लिए विधुत विभाग के द्वारा ट्रांसफार्मर विगत एक माह से अधिक समय से खराब परा है। जिसका नतीजा यह है कि यहाँ के दर्जनों किसान के सैकड़ों एकड़ खेतीहर जमीन पानी के आभाव में धान की रोपनी से वंचित हैं।

वही उन्होंने बताया कि तेज धूप और पानी के आभाव के कारण किसानों के द्वारा खेत में तैयार धान की बिछड़ा सूखने की कगार पर पहुच चुका है। पिछले एक माह से खराब परा ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए स्थानीय विधुत विभाग के जेई व सम्बंधित विभाग के कर्मी व पदाधिकारी को कई बार सूचना देने के बाबजूद बार बार केबल अस्वासन ही दिया जाता है।

वही प्रदर्शन में शामिल पंसस ललन कुमार सिंह, गणेश नारायण ठाकुर, सुरेश पासवान, सुनील राम, बच्चेलाल पासवान, राम विलक्षण महतो, शैल देवी, राजदेव महतो, दीपक मिश्र, अरुण झा, रामबाबू महतो, रंजय कुमार सिंह सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि कृषि कार्य के लिए लगाए गए ट्रांसफार्मर विगत एक माह से अधिक समय से खराब रहने के बाबजूद विभाग के द्वारा यंहा नया ट्रांसफार्मर लगाना मुनासिब नही समझा जा रहा है। वही ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द से जल्द यंहा नया ट्रांसफार्मर नही लगाया गया, तो हम लोग बाध्य होकर प्रखंड मुख्यालय की घेराव करेंगे, जिसकी जबाबदेही स्थानीय विधुत विभाग होगा।

कक्षाओं में नामांकन के लिए निकाली गई जागरूकता रैली

मधुबनी : जिले के बिस्फी प्रखंड क्षेत्र के उच्च विद्यालय परसौनी मुरलियाचक एवं उच्च विद्यालय जफरा के शिक्षक, छात्र, छात्राओं ने प्रवेशोत्सव अभियान के तहत शनिवार को नवम वर्ग में नामांकन के लिए जागरूकता रैली निकाली। विद्यालय के प्रधानाचार्य मो० साजिद रहुल्लाह एवं शंकर पाठक के नेतृत्व में जागरूकता रैली विद्यालय परिसर से चलकर चौक चौराहों एवं गांव के कई मार्ग का भ्रमण करते हुए पुनः विद्यालय में पहुंच संपन्न हुई।

रैली में शामिल शिक्षक, शिक्षिका, छात्र, छात्रा इस दौरान “खुशबू है हर फूल में-हम जरूर जाएंगे स्कूल में, सभी बढ़े सभी पढे” आदि नारे लगा रहे थे। शिक्षकों ने उपस्थित अभिभावकों छात्र छात्रों से अपने मोहल्ले के लोगों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई अष्टम पास करके नवम में किसी कारण से नामांकन नहीं कराता है, तो उसके संबंध में विद्यालय को तत्काल जानकारी दें।

विद्यालय प्रबंध समिति उसकी समस्याओं को दूर कर नामांकन कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन 15 जुलाई तक चलेगा। यह गांव से लेकर शहर तक अभियान चलाया जा रहा है। खासकर अनुसूचित जाति बस्ती मे चलाया जा रहा है। इस मौके पर मो० सलीम, रोहित कुमार झा, अवधेश कुमार, स्मृति कुमारी, राधाकांत कामत, राजेश कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।

बरसात के पानी से एक हजार लोग प्रभावित

मधुबनी : जिले के खुटौना में बीते दिनों आई बरसात के पानी से लौकहा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या आठ तथा सात में भयंकर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। भूतही बलान के समीप बांध किनारे बसे इस बस्ती में तकरीबन एक हजार लोग रहते आ हैं। चारों ओर से बांध व सड़क रहने के कारण जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। लोगों को घर से भी निकलना मुहाल हो गया है।

समाजसेवी मो० मशीहा और स्थानीय लोगों द्वारा प्रशासन को खबर की गई, तो आनन-फानन में सीओ रमन कुमार तथा थानाध्यक्ष संतोष कुमार मंडल ने जेसीबी मंगवाकर पानी निकासी के लिए नाला खुदवाया। बताया गया कि अब लोगों का जनजीवन सामान्य हो रहा है, तथा लोग फिर अपने अपने दिनचर्या पर लौटने लगे हैं। मिली जानकारी के अनुसार इस तरह की समस्या लौकहा में कई जगह है, इसके लिए स्थानीय प्रशासन ग्रामीणों के साथ बैठक कर समस्या से निजात पाने की कोशिश कर रहे हैं।

सुमित कुमार की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here