09 मई : नवादा की मुख्य खबरें

0

शुरू हुआ श्री सीताराम महायज्ञ, भव्य कलश यात्रा में शामिल हुए श्रद्धालु पुरुष-महिलाएं

नवादा : जिले के नरहट प्रखंड क्षेत्र के झिकरुआ गांव में निर्मित भव्य मंदिर में मां भगवती की प्राण प्रतिष्ठा सह श्री सीताराम महायज्ञ के लिए रविवार सुबह गाजे बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। हजारों की संख्या में स्त्री-पुरुष कुआंरी कन्याएं गेरुआ वस्त्र एवं अन्य नए रंग विरंगी परिधानों में सजकर संवरकर पवित्रता से कलश यात्रा में शामिल हुए।

कलश यात्रा में आगे-आगे घोड़ा रथ व गाजे बाजे यात्रा का भव्य बना रहा था। कलश में जल भराई को लेकर श्रद्धालु नर-नारियां लम्बी दूरी तय कर तिलैया नदी घाट पहुंची। जहां पवित्र जल को आचार्य करुनानिधान जी महाराज के मंत्रोचारण के बाद कलश में भरकर वापस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए झिकरुआ सूर्य नारायण मंदिर परिसर में बने यज्ञ मंडप के पास पहुंची। वैदिक मंत्रोच्चारण के बाद कलश को यज्ञवेदी में स्थापित किया गया।

swatva

कलश यात्रा एवं श्री सीताराम महायज्ञ को लेकर गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कलश यात्रा के दौरान सड़क के दोनों किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जय श्री राम ,जय श्री राम के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। मां भगवती की प्राण प्रतिष्ठा एवं यज्ञ को लेकर पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है।

कलश यात्रा के दौरान यज्ञ समिति के सदस्य काफी सक्रिय दिखे। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा था। जगह जगह पानी एवं शर्बत की व्यवस्था की गई थी। गर्मी में कलश यात्रा में पैदल खाली पैर चलने में परेशानी नहीं हो इसके लिए यात्रा के आगे आगे टैंकर से सड़क पर पानी का छिड़काव किया जा रहा था। समिति के दर्जनों सदस्य यात्रा के साथ सुरक्षा एवं व्यवस्था में जुटे रहे। प्रभंजनानन्द जी महाराज एवं साध्वी सरस्वती का होगा प्रवचन।

श्री सीताराम महायज्ञ में सुप्रसिद्ध संत श्री प्रभंजनानन्द जी महाराज एवं साध्वी सरस्वती का प्रति दिन संध्या प्रवचन होगा। वृन्दावन के सुप्रसिद्व रासलीला का आयोजन किया जाएगा। वृंदावन से आये कलाकारों द्वारा प्रति दिन भगवान श्री कृष्ण का लीला का दर्शन कराएंगे। यज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में सत्येन्द्र सिंह झिकरुआ, चुनचुन सिंह भेलवा, रुनजल कुमार कटघरा अपनी उपस्थित दर्ज करा रहे हैं।

सरपंच प्रतिनिधि सोनू कुमार ने बताया कि यज्ञ में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा नही हो इसके लिए यज्ञ समिति की ओर से सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। सदस्य इस पर पूरी निगरानी रख रहे हैं। यज्ञ का कार्यक्रम 16 तक चलेगा, 17 को भंडारे के साथ यज्ञ का समापन होगा।

बारात गाड़ी पलटने से एक की मौत, दर्जन भर जख्मी

नवादा : जिले के अकबरपुर -रजौली मुख्य मार्ग पर रविवार की देर शाम महुगांय गांव के समीप बाराती से खचाखच भरी सवारी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में वाहन पर सवार एक दर्जन लोग घायल हो गये।

घायलों को अकबरपुर, नवादा, मुरहेना, रजौली स्थित सरकारी वनिजी अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गया। काफी देर तक अफरा -तफरी मची रही। गंभीर रूप से घायल पप्पू यादव पिता लल्लू यादव ग्राम मुरहेना को इलाज के लिए पीएचसी अकबरपुर लाया गया। जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि सवारी वाहन पर रहे सभी लोग रजौली थाना अंतर्गत मुरहेना गांव से अकबरपुर थाना के कनौज बाग स्थित शिव मंदिर शादी में शामिल होने आए थे। शादी पश्चात सभी अपने गांव मुरहेना लौट रहे थे। रास्ते में चालक द्वारा संतुलन खो देने के कारण बाराती से भरा सवारी वाहन अनियंत्रित होकर महुगांय के पास सड़क के किनारे पलट गई। वाहन पर महिलाओं व बच्चों की संख्या अधिक थीं।

थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस दल को घटनास्थल पर भेजा गया। घायलों में आरती कुमारी पिता विनोद यादव, अशोक कुमार गुप्ता, प्रवीण कुमार आदि रजौली गांव के मुरहेना गांव के रहने वाले थे। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया। वाहन को जब्त कर लिया गया है। किस घायल को कहां भर्ती करवाया गया इसकी सही जानकारी नहीं मिल सकी है। घटना रविवार की शाम 8 बजे के आसपास की बतायी गयी है।

खूब लगाई दौड़, लेकिन अंतिम लाइन पर चूके

नवादा : डीएम यशपाल मीणा अब नवादा के बजाय वैशाली के डीएम हो गये। आज यहां से अपर समाहर्ता को प्रभार सौंप कूच कर गये। इनका दो वर्षों से ज्यादा का कार्यकाल नवादा में रहा। इसे रूटिन ट्रांसफर कह सकते हैं। डीएम के रूप में जिले में इनकी पहली पोस्टिंग थी। 2020 का शुरूआती साल था। कार्यकाल में कई परेशानियों को झेला। पदभार संभालने के कुछ अंतराल बाद ही विश्वव्यापी कोविड महामरी शुरू हो गई। नवादा भी बुरी तरह से चपेट में आया। आम लोगों की सेवा करते-करते खुद भी गंभीर रूप से बीमार हुए। पटना एम्स में कई दिनों तक इलाज चला।

कार्यकाल का लंबा वक्त कोरोना से ही निपटने में बीता। इसी दौरान 2020 के अक्टूबर माह में विधानसभा और 2021 के नवंबर-दिसंबर माह में पंचायत निर्वाचन और नए साल यानि 2022 में एमएलसी का चुनाव शांतिपूर्ण व सफलता पूर्वक कराया। यशपाल मीणा को जहां तक समझा, कहा जा सकता है कि मेहनती व कर्तव्य के प्रति इमानदार थे। चाल-ढाल, पहनावा-ओढ़ावा में पूर्णतया सादगी दिखती थी। यूं कहें सादगी पसंद थे। फिजिकल वर्क खूब किया करते थे। काफी समय फिल्ड में देते थे।

विकास कार्यों का मसला हो या फिर विधि व्यवस्था का खुद दौड़ लगाते रहते थे। इसका असर सकारात्मक रहा। किसी जिले के डीएम-एसपी अगर खुद क्षेत्र में लगातार दिखते रहे हों तो इसके नतीजे हमेशा बेहतर होते हैं। बंद कमरे का बादशाह बहुत दूर तक नहीं देख सकता। लेकिन, इनके समक्ष भी कुछ दिक्कतें रही। मेहनत का वह नीतजा सामने नहीं आता था जो आना चाहिए था। खूब दौड़ लगाई, सही दिशा लगाई लेकिन अंतिम लाइन तक पहुंचने के पूर्व ही टांग खिंचाई हो गई।

वजहों की बात करें तो एक ये कि क्रप्ट सिस्टम। मातहतों की कामचोरी। दलाली संस्कृति से घिरा होना, आदि-आदि। अब, नवादा से काफी कुछ अनुभव लेकर नए स्थान के रवाना हो चुके हैं। उम्मीद है कि खामियों को खुद पहचानेंगे और उसे दूर करेंगे। ऐसा किया तो काफी उंचाईयों तक जाएंगे।

लंबा सफर तय करना है। हम ऐसा क्यों कह रहे हैं, यह सभी जान रहे थे कि नवादा में उनका कार्यकाल पूरा हो चुका है। कभी भी ताबदला हो सकता है। वे खुद भी इसे समझ रहे होंगे। लेकिन, ऐसा क्यों और कैसे हो गया कि कई ओर से मातहतों ने ही एक साथ माेर्चा खोल दिया। अंत समय के कुछ दिनों में जो कुछ भी हुआ शायद कम अफसरों के साथ होता होगा।

हालांकि, पब्लिक का कमेंट सोशल मीडिया में डीएम के पक्ष में जाना उनके आत्मबल को बढ़ाया होगा। हमें याद है कि साल 2006 का समय। उस वक्त पंकज कुमार यहां के डीएम हुआ करते थे। उनके समय में रजौली के एसडीओ अजय कुमार हुआ करते थे। तब के एसडीओ काफी सिनियर अधिकारी होते थे।

डीएम-एसडीएम के बीच काफी कुछ हुआ था। कई मुद्दों पर तकरार था। जिले के अन्य अधिकारी दो हिस्सों में बंट गए थे। उनका कार्यकाल भी विवादों से भरा रहा था। तब नए नवेले सीएम बने नीतीश कुमार की आइटीआइ परिसर में हुई सभा में पब्लिक ने इतना शोर मचाया था कि डीएम का मंच से संबोधन किसी प्रकार हो पाया था। दिवेश सेहरा का कार्यकाल भी विवादों में रहा। उनके समय में सीएम की सभा जो कि हरिश्चंद्र स्टेडियम में हुई थी जूते-चप्पल उछाले गए थे। इन्हें तो शुरूआत के कार्यकाल में ही एसडीओ सदर अन्नु कुमार के तबादले को लेकर ट्रोल होना पड़ा था।

विधायक को कोटा जाने के लिए पास निर्गत करने का मामला था। तब यहां के लोग एसडीओ के पक्ष में खड़े हो गए थे। स्थानीय बिहार प्रशासनिक सेवा संघ के प्रतिकार का सामना करना पड़ा था। खैर, जो हुआ सो हुआ, नवादा के लोगों की भावना इनके साथ है। सभी उज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। हम भी उम्मीद करते हैं कि नए कार्यस्थल पर उन महाभारत कराने वाले सलाहकारों से थोड़ा सतर्क रहेंगे।

एडीएम को प्रभार सौंप वैशाली के लिए रवाना हुए यशपाल मीणा

नवादा : डीएम यशपाल मीणा तबादला आदेश जारी होने के बाद सोमवार की सुबह 8 बजे अपर समाहर्ता उज्ज्वल कुमार सिंह को प्रभार सौंपकर नव पदस्थापन वाले जिले वैशाली के लिए रवाना हो गए। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डीएम ने एडीएम को प्रभार सौंपा। इस दौरान सदर एसडीएम उमेश कुमार भारती, डीएम के ओएसडी मो. मुस्तकीम, डीपीआरओ सत्येंद्र प्रसाद सहित कई अन्य अफसर मौजूद थे। डीपीआरओ ने बताया कि प्रभार सौंपने के बाद वे वैशाली के लिए रवाना हो गए हैं। संभावना है कि वे आज ही अपना योगदान देंगे।

इधर, जिला प्रशासन के अधिकारियों को नए डीएम उदिता सिंह के आगमन का इंतजार है। उनके आगमन को लेकर कोई स्पष्ट सूचना जिला प्रशासन को अबतक प्राप्त नहीं हुआ है। एक अधिकारी ने बताया कि उनके नवादा आगमन में तीन-चार दिनों का वक्त लग सकता है। जो सूचना है उसके अनुसार यशपाल मीणा वैशाली से पुनः लौटकर नवादा आएंगे। आज ही शाम उनके सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया है।

विद्यालय प्रधानाध्यापक के साथ मारपीट कर 40 हजार नकद की छिनतई

– मांगी एक लाख की रंगदारी, कार्यालय में आग लगाने का प्रयास

नवादा : जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के कुहिला मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक उमेश चन्द्र के साथ गांव के ही युवक ने मारपीट कर कार्यालय में आग लगाने का प्रयास किया। एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। नामांकन की 40 हजार रुपये की छिनतई कर ली। इसके अलावा विद्यालय का ताला खोलने पर बुरे परिणाम की धमकी दी है। शनिवार को घटित घटना की सूचना थानाध्यक्ष को दी गयी है।

आरोप है कि शनिवार को करीब सवा नौ बजे गांव के ही सुखदेव सिंह के पुत्र चुन्नु उर्फ रवि भूषण कुमार जबरन कार्यालय में प्रवेश कर विद्यालय शिक्षा समिति चुनाव पंजी की मांग करने लगा। इसके साथ ही 13 अप्रैल को कराये गये चुनाव को निरस्त करने के आवेदन पत्र पर हस्ताक्षर करने को कहा। इंकार करने पर जमकर मारपीट कर जख्मी कर दिया जिससे मोबाइल व चश्मा टूट गया।

जाते जाते कार्यालय में आग लगाने का प्रयास किया तथा नवम वर्ग के नामांकन की कुल राशि 40 हजार रुपये लेकर चलता बना। मौजूद शिक्षकों के करने पर कार्यालय को जलने से बचाया जा सका। घटना के बाद शिक्षकों के बीच दहशत छा गया है। इस बावत थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि आवेदन मिला है। जांचोपरांत अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी।

आरडीडीई बने डीईओ को शिक्षक नेताओं ने दी शुभकामनाएं

नवादा : जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार चौधरी को मगध प्रमंडल का आरडीडीई का प्रभार मिलने पर जिला प्राथमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल उनके कार्यालय कक्ष में जाकर गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दी। औपचारिक वार्तालाप में जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने जिले में शिक्षकों से संबंधित विभिन्न समस्याओं की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिक्षकों की जो भी लंबित समस्याएं हैं उन्हें यथाशीघ्र निपटारा करने का प्रयास किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में मगध प्रमंडल के अध्यक्ष जयराम शर्मा, प्रधान सचिव ब्रजकिशोर प्रसाद सिंह, मनोज कुमार झा, छोटे नारायण सिंह, संजय पासवान, डा. रवि शंकर, संजय भारती आदि शामिल थे।

16 लाख रुपये गबन के मामले में फंसे कौआकोल के अवकाश प्राप्त रेंजर मानवेन्द्र नाथ चौधरी, प्राथमिकी दर्ज

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित कौआकोल वन प्रक्षेत्र के रेंजर रहे मानवेन्द्र नाथ चौधरी के विरुद्ध रविवार को कौआकोल थाना में 16 लाख रुपये गबन की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वर्तमान रेंजर संजय कुमार के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी गया अंचल के वन संरक्षक एस।

सुधाकर के आदेश व वन प्रमंडल पदाधिकारी नवादा संजीव रंजन के निर्देश के बाद दर्ज कराई गई। वन क्षेत्र पदाधिकारी द्वारा प्राप्त आवेदन के आधार पर कौआकोल थाना में थानाध्यक्ष राजेश कुमार के द्वारा विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी कांड संख्या-240/22 दर्ज की गई है। आरोपित रेंजर अब सेवानिवृत हो चुके हैं।

क्या है आरोप

तत्कालीन रेंजर श्रीचौधरी पर दो अलग-अलग योजनाओं में 16 लाख 46 हजार 706 रुपये की निकासी की गई थी। उक्त राशि से सम्बंधित लेखा समर्पित नहीं किया गया था। ऐसे में गबन का मामला मानते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

दर्ज प्राथमिकी में उल्लेखित किया गया है कि तत्कालीन रेंजर श्री चौधरी के प्रभार काल में वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान 2406 योजना शीर्ष अंतर्गत विभिन्न विभागीय कार्यों के संपादन हेतु वन प्रमंडल,नवादा के द्वारा 7 लाख 10 हजार 36 रुपये अग्रिम राशि उपलब्ध कराई गई। वहीं दुर्गावती शीर्ष अंतर्गत विभिन्न विभागीय कार्यों के संपादन के लिए नवादा वन प्रमंडल द्वारा 9 लाख 36 हजार 670 रुपये वन अग्रिम राशि कुल-1646706 रुपये दिए गए थे।

पत्राचार का नहीं मिला जवाब 

-रेंजर द्वारा प्राप्त राशि राशि खर्च कर सम्बंधित लेखा विभाग को समर्पित नहीं किया गया। लेखा समपर्ण हेतु वन प्रमंडल पदाधिकारी के द्वारा कई बार पत्राचार भी किया गया। परन्तु उनके द्वारा लेखा समर्पित नहीं किये जाने से सी० एफ० एम० एस० प्रणाली में डी० सी० विपत्र की प्रविष्टि नहीं की जा सकी। जिसके कारण विभागीय कार्यों के सम्पादन हेतु राशि निकासी बाधित हो गई। इस परिस्थिति में वन संरक्षक एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी ने इस कृत्य को सरकारी राशि का गबन मानते हुए रेंजर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया।

बारात से लौट रहे दो मौसेरे भाई हुए सड़क हादसे का शिकार, एक की मौत, एक गंभीर रूप से जख्मी

नवादा : जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के ज्यूरी मोड़ के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक बराती से लौट रहे थे। घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। दोनों युवक आपस में मौसेरा भाई बताया जा रहा है। मृतक के ममेरे भाई की शादी थी और अपने नानी घर गोसाई बीघा से बाराती कौवाकोल के मननपुर गया था।

बताया जाता है कि रजौली थाना क्षेत्र के जोगियामारण गांव निवासी संजय साव के पुत्र विवेक कुमार एवं गोला बड़राजी निवासी पवन साव के पुत्र रोहित कुमार कौवाकोल के मदनपुर गांव से बाइक पर सवार होकर बाराती से लौट रहा था, तभी ज्यूरी मोड़ के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार विवेक की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि उसका मौसेरा भाई रोहित गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घर में शादी की खुशियां गम में तब्दील हो गयी।

11वीं की वार्षिक परीक्षा 11 मई से

नवादा : जिले के अकबरपुर इंटर विद्यालय में 11 मई से 11वीं की वार्षिक परीक्षा आयोजित की जायेगी । सभी छात्रों को परीक्षा में सम्मिलित होना अनिवार्य है।

प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार घोष व लिपिक अनील कुमार ने बताया कि जो छात्र आयोजित परीक्षा में सम्मिलित नहीं होगें वैसे छात्रों को 11वीं बोर्ड परीक्षा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

संबंधी के यहां निकला 16 वर्षीय किशोर का नहीं चल रहा पता

नवादा : जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के छोटकी आमावां गांव के संजय प्रसाद व माता सीमा देवी के 16 वर्षीय पुत्र सुरज कुमार पिछले 8 मई से घर से लापता है। वह अपने रिश्तेदार के यहां जाने की बात कहकर 8 मई को घर निकला था।

दिमागी संतुलन ठीक नहीं रहने के कारण वह नेमदारगंज बाजार से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। काफी खोजबीन करने के बाद कहीं उसका अता पता नहीं चलने पर थाने में गुमशुदगी से सम्बंधित मामला दर्ज करवाया गया है। परिजनों ने लापता बालक की खोजबीन करने में सहयोग करने की गुहार लगाई है।

दीपक का चयन नेशनल क्रिकेट एकेडमी में, नागपुर रवाना

नवादा : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा आयोजित कूच बिहार अंडर-19 अंतर राज्यीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने का इनाम बिहार के उभरते खिलाड़ी दीपक कुमार यादव को मिला। दीपक का चयन नेशनल क्रिकेट एकेडमी के लिए किया गया है। दीपक बिहार के लिए स्टेट मैचों में खेलते हुए बिहार से सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने थे। जिसके उपरांत बीसीसीआई ने दीपक को एनसीए के लिए बुलावा भेजा है।

बीसीसीआई के जूनियर सिलेक्शन कमेटी ने यह फैसला लिया है। दीपक को सोमवार तक नागपुर में कैंप ज्वाइन करना है। वे नागपुर रवाना हो चुके हैं। वहां उनका फिटनेस टेस्ट होगा। उसके उपरांत एनसीए के मुख्य कोच वी वी एस लक्ष्मण के देखरेख में अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाएंगे। दीपक को ए ग्रुप में रखा गया है। कूच बिहार ट्रॉफी में दीपक ने चार मैचों में चार अर्धशतक के साथ कुल 320 रन बनाए थे जो बिहार से सर्वाधिक था।

एनसीए में हर वर्ष भारत के 30 खिलाड़ियों का चयन किया जाता है। एनसीए में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर जूनियर भारतीय क्रिकेट टीम बनती है। दीपक जिस फॉर्म से गुजर रहे हैं इससे उम्मीद है कि दीपक अंडर 19 भारतीय टीम में अपनी जगह बनाने में सफल होंगे। दीपक के एनसीए चयन पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के साथ-साथ जिला क्रिकेट संघ नवादा ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी है। बता दें कि दीपक वारिसलीगंज बाजार के मुड़लाचक निवासी महेश यादव का पुत्र है।

155 गर्भवती महिलाओं का हुआ स्वास्थ्य जांच

नवादा : जिले के नारदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सोमवार को गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए शिविर लगाया गया। अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा अखिलेश प्रसाद ने किया।उन्होंने बताया कि 155 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। कार्यक्रम महीने के 9 तारीख को किया जाता है। जिसमें गर्भवती महिलाओं को मुफ्त जांच बजन, वीपी, खून आदि की निशुल्क जांच और दवा दी गई है।

कैंप में गर्भवती महिलाओं को खून की कमी से बचने के लिए संतुलित आहार और आयरन की टेबलेट लेने की सलाह दी गई। वही गर्भवती महिलाओं को एक महीने तक की दवाइयां नि:शुल्क दिया गया। गर्भवती महिलाओं को निर्धारित समय पर जांच कराने संस्थागत प्रसव गर्भावस्था के दौरान होने वाले खतरे के गंभीर लक्षणों परिवार नियोजन, वाहन सुविधा, जननी शिशु सुरक्षा योजना की जानकारी दी गई।

सभी गर्भवती यों का रक्त जांच एवं पेशाब जांच का सैंपल लिया गया। इसके अलावा प्रसव महिलाओं को अपने निकटतम बैंक में खाता खुलवाने का निर्देश दिया गया ताकि प्रसव के उपरांत लाभुकों के खाते पर राशि भेजी जा सके। कहा गया कि यह कार्यक्रम केंद्र में प्रत्येक माह की 9 तारीख को आयोजित कर गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य कर दवा उपलब्ध कराया जाता है।

मौके पर डा विमलेंद्र कुमार सिन्हा, डा विजय कृष्ण परमेश्वरम ,डा इरशाद हसन डा इंद्रदेव प्रसाद,डा नीरजा भारती, लैब टेक्नीशियन जितेंद्र कुमार, आशुतोष कुमार,हेल्थ मैनेजर राहुल कुमार, एएनएम शोभा कुमारी,प्रियंका कुमारी, धर्मशीला कुमारी, प्रधान लिपिक सत्य प्रकाश,लेखपाल जयप्रकाश कुमार मुन्ना,स्वास्थ्य प्रबंधक राहुल कुमार, लिपिक ज्वाला राम,डाटा ऑपरेटर जितेन्द्र कुमार,लबकुश कुमार मुन्ना समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here