29 अप्रैल : नवादा की मुख्य खबरें

0

32 जिंदा कारतूस व देशी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार

नवादा : जिले की नारदीगंज थाना की पुलिस को गुरुवार को देर रात में डोहरा पंचायत की मधुवन गांव में छापेमारी के दौरान बड़ी सफलता हासिल हुई। मौके पर जिन्दा कारतूस व देशी कट्टा के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसपी डीएस सांवलराम के निर्देश पर हुआ।

थानाध्यक्ष मोहन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में शामिल एएसआई बिनोद कुमार यादव,एएसआई रामभजन सिंह ने पुलिस जवानों के सहयोग से मधुवन गांव में छापेमारी किया। इस दौरान पुना यादव के पुत्र सुजीत कुमार यादव के घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके घर से एक देशी कट्टा के साथ 32 जिंदा कारतूस बरामद किया गया। जिसमें 8 एमएम का 11 जिंदा कारतूस व 12 बोर का 21 जिन्दा कारतूस बरामद हुआ है। कार्रवाई पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर किया।

swatva

थानाध्यक्ष ने बताया कि वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर उसके घर पर पुलिस के सहयोग से सघन छापेमारी किया गया। गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी के घर मे हथियार व गोली है। सूचना के आधार पर कार्रवाई में कामयाबी मिली है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 108 /दर्ज कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

विभिन्न कांड के पांच आरोपियों को भेजा गया जेल

नवादा : जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के विभिन गांवों में पुलिस ने गुरुवार की रात में छापेमारी किया। मौके पर पुलिस ने 9 लीटर देशी शराब को बरामद किया,साथ में विभिन्न कांड के फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने दिया।

बताया जाता है कि एएसआई रामभजन सिंह ने पुलिस बल के साथ मटिहानी गांव में छापेमारी किया। इस दौरान मारपीट व छेड़खानी से संबंधित कांड संख्या 66/21 के फरार अभियुक्त अर्जुन चौहान को गिरफ्तार किया। इसके अलावा उसी गांव के मारपीट से संबंधित कांड संख्या 229/21 के नामजद अभियुक्त चंदन यादव व रामाशीष यादव को गिरफ्तार किया गया।

घटना के बाद सभी फरार चल रहें थे। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर हुई है। इधर, एएसआई बिनोद कुमार यादव ने पुलिस बल के सहयोग से सिरपतिया गांव में छापेमारी की। उन्होंने मौके पर शिव चौहान की पत्नी अंजू देवी के घर से 9 लीटर महुआ शराब व उसके घर में उसी गांव के शराब पीते रामावतार साव को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत कांड संख्या 107/22 दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

रामलीला देखने जा रही किशोरी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित गोविंदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीया किशोरी को अगवा कर दो मनचलाें ने दुष्कर्म किया। तीन घंटे तक किशोरी को अपने कब्जे में रखने के बाद मनचलों ने उसे मुक्त किया। घटना गुरुवार 28 अप्रैल की रात में हुई। सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। दोनों आरोपित पीड़िता के गांव के ही बताए गए हैं। दोनों घटना के बाद से फरार है।

बताया गया कि गांव में रामलीला का कार्यक्रम था। रामलीला देखने किशोरी रात करीब 8 बजे अपने घर से निकली थी। रास्ते में मुकेश राजवंशी और दीवान राजवंशी ने उसे अगवा कर लिया और जंगल की ओर ले जाकर दोनों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। करीब 3 घंटे तक दोनों ने किशोरी को अपने कब्जे में रखने के बाद करीब 11 बजे मुक्त कर दिया।

किशोरी बदहवाशी की अवस्था में घर लौट रही थी, तब रास्ते में गांव के ही एक व्यक्ति की उसपर नजर पड़ी। ग्रामीण ने किशोरी को उसके घर तक पहुंचाया। पीड़िता के अनुसार आरोपितों ने अगवा करने के बाद दुपट्टा से मुंह बांध दिया। जंगल में ले जाने के बाद कुछ पिला दिया। जिससे वह बेहोशी की अवस्था में चली गई। जिसके बाद दोनों मनचलों ने दुष्कर्म किया। दोनों आरोेपित शादी शुदा है। एक तो एक बच्चे का पिता भी है। दोनों की उम्र करीब 21 वर्ष बताई गई है।

पंचायत समिति की बैठक में पंचायती राज अधिनियम की उड़ी धज्जियां

– बैठक में जमकर हुआ हंगामा, पुलिस बुलाने के बाद मामला हुआ शांत

नवादा : अकबरपुर प्रखंड मुख्यालय पंस सभागार भवन में शुक्रवार को पंचायत समिति की बैठक प्रमुख आशा देवी की अध्यक्षता में की गई। बैठक में आवास, राशन किरासन, नलजल योजना, शिक्षा ,मनरेगा जैसे मुद्दे छाये रहे। बैठक प्रारंभ होते ही बरेव पंचायत समिति सदस्य जुगुनू सिंह ने पंचायत समिति मद में आये राशि खर्च करने को ले प्रमुख को अधिकृत करने का प्रस्ताव लाया। इसपर पांती पसंस रंजीत पटेल ने आपति की और पंचायत समिति को मिले पत्र के अनुसार विन्दुवार सदन में बात करने की मांग की। उसके बाद गत बैठक की सम्पुष्टि की गई। बैठक में जमकर हंगामा हुआ। प्रमुख को बैठक बीच में ही स्थागित करने को लेकर माइक से कहा गया।

बाद में आधे घंटे बाद बैठक की कार्यवाही प्रारंभ हुई। पांती के पसंस संजय सिंह ने शिक्षा का मुद्दा उठाया और बीइओ से विद्यालय में पढ़ाई लिखाई में सुधार लाने की मांग की। मुखिया उदय यादव ने गर्मी के दिनों में पानी के लिए हो रहे हाहाकार को लेकर पीएचईडी विभाग से उसमें सुधार लाने की मांग की। बैठक में हिसुआ विधायक नीतू कुमारी मौजूद रही। विधायक को मुखिया उदय यादव समेत अन्य सदस्यों ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक नीतू कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में जिस प्रकार पर्यवेक्षक पंचायतों में आवास सहायक और दलालों के माध्यम से लाभुकों से राशि की उगाही कर रहे हैं। इसपर विधायक ने खेद जताते हुए चिंता जाहिर की और पंचायतों में जांच करवाने की बात कहीं। दूसरी ओर विधायक ने प्रमुख को योजना की राशि खर्च करने के लिए अधिकृत करने पर भी आपति जाहिर की और उन्होंने सभी सदस्यों को बराबर बाराबर राशि खर्च करने की बात कहीं।

घंटों रण क्षेत्र बना रहा सदन

बैठक में प्रमुख को योजना के क्रियान्वयन को लेकर पक्ष विपक्ष आपस में उलझ गये और घंटों सभागार परिसर रणक्षेत्र में तब्दील रहा। आमलोग सदन में बैठक में घुसकर हंगामा करने लगे। बाद में पुलिस के बुलाने के बाद मामला शांत हुआ।

पतियों को पत्नियों पर नही दिखा भरोसा

पंचायत समिति की बैठक में यह पहला मौका था जिसमें पत्नियों के साथ उनके पति भी बैठक में मौजूद रहे और इन्हीं पतियों के कारण सदन में जमकर हंगामा हुआ। लेदहा, बलिया बुजुर्ग, बड़ैल,पांती पंचायत के महिला मुखिया के साथ उनके पति भी बैठक में दिखे और मुखिया की जगह उनके पति ही पदाधिकारियों से सवाल जबाव करते रहे।

ऐसा देखकर भी वहां मौजूद बीपीआरओ सौरव कुमार मूकदर्शक बने रहे। लोगों ने जमकर पंचायती राज की धज्जियाँ उड़ाई। एक समय ऐसा हुआ कि सदन में पांच सौ से अधिक लोग बैठक में घुसकर हंगामा करने लगे तब पदाधिकारियों ने पुलिस बुलाकर लोगों को हटाया। बैठक में अनुपस्थित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण किया गया। मौके पर उपप्रमुख सिंधु कुमारी, बीइओ शशिकला कुमारी, चिकित्सक डा. संजीत कुमार,मुखिया रामस्वरूप यादव,विनीत कुमार,शीला देवी,संजय राजवंशी पसंस संजय सिंह,अरविंद कुमार आदि मौजूद थे।

पूर्व मंत्री ने सीतारामपुर गांव में पेयजल समस्या का हल करने का दिया आश्वासन

नवादा : भारत सरकार के पूर्व मंत्री सह विधान पार्षद दिग्गज राजनेता संजय पासवान ने नारदीगंज प्रखंड के हंडिया पंचायत की सीतारामपुर गांव में पानी की घोर समस्या का समाधान करने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता सह पूर्व मुखिया अरविंद मिश्रा से दूरभाष पर वार्तालाप किया। उन्होंने पहले इस आंदोलन के लिए बधाई दिया, और इस मुद्दे पर बिहार सरकार के पीएचडी मंत्री व पीएचडी के प्रधान सचिव से लेकर डीएम से बात कर जल्द से जल्द समाधान करने की बात कही।

बता दें कि संजय पासवान नवादा से सांसद रह चुके थे,उसके बाद केंद्र में मंत्री भी बने। जब नवादा में सांसद रहे तब उनके द्वारा काफी विकास का कार्य हुआ था, आज भी नवादा की हर समस्याओं पर सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनता से जुड़े रहते हैं, और उनका समाधान का भरसक प्रयास रहता है, जन समस्याओं के समाधान करवाना है।

सामाजिक कार्यकर्ता पूर्व मुखिया श्री मिश्रा व पूर्व लोकसभा प्रत्याशी बुंदेल मांझी ने माननीय पूर्व मंत्री श्री पासवान का आभार प्रकट किया। इधर,पूर्व मुखिया श्री मिश्रा के पहल पर शुक्रवार को सीतारामपुर गांव में पानी की समस्या का तत्काल समाधान के लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से पानी ट्रंकलोरी भेजा गया।

इस कार्य के लिए विधायक विभा देवी, विधान पार्षद अशोक यादव, पीएचडी कार्यपालक अभियंता प्रदीप कुमार, बीडीओ अमरेश कुमार मिश्र को पूर्व मुखिया श्री मिश्रा ने आभार प्रकट करते हुए कहा कि आपसबों के सहयोग से पानी ट्रंकलोरी 29 अप्रैल से भेजने का कार्य शुरू हुआ है।

पानी की ट्रंकलोरी पहुँचते ही ग्रामीण पानी लेने के लिए जुट गये। यह सकारात्मक पहल है। कहा गया कि जबतक गांव में ओडेक्स मशीन से बोरिंग नहीं होगा,तबतक जूता चप्पल नहीं पहनेंगे। उन्होंने कहा अहले सुबह गांव पहुंच कर पानी की समस्या पर ग्रामीणों से बस्तु स्थिति की जानकारी लिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here