07 अप्रैल : नवाद की मुख्य ख़बरें

0

अशोक यादव ने दलीय उम्मीदवारों को दी पटखनी, बने विजेता, औपचारिक एलान होना बाकी

नवादा : स्थानीय निकाय कोटे के एमएलसी चुनाव के लिए नवादा में वोटों की गिनती का काम अंतिम चरण में है। निर्दलीय अशोक यादव करीब 500 वोटों के अंतर से प्रतिद्वंद्वी पर बढ़त बना रखे हैं। मोटे तौर पर उनकी जीत पक्की हो गई है। औपचारिक ऐलान होना बाकी है।

चुनावी मैदान में रहे जदयू के सलमान रागिब मुन्ना और राजद के श्रवण कुशवाहा को हार मिली है। लगातार चौथी जीत से चूक गए जदयू प्रत्याशी समर्थकों के साथ मतगणना केंद्र से बाहर निकल चुके हैं। निर्दलीय अशोक को प्रथम वरीयता का करीब 1300 वोट और राजद-जदयू को करीब सात-सात सौ वोट मिलने की सूचना है। कुल 2875 में 2862 वोट पड़े थे।

swatva

कौन हैं अशोक यादव 

अशोक यादव पूर्व मंत्री राजबल्लभ प्रसाद के भतीजे हैं। पिता कृष्णा प्रसाद भी नवादा से विधायक रहे हैं। 1990 में भाजपा के टिकट पर जीते थे। बाद में राजद में शामिल हो गए थे। मां प्रमिला देवी राजद कोटे से एमलसी रह चुकी हैं। चाची विभा देवी इन दिनों राजद से नवादा सदर विधायक हैं। अशोक खुद अपने गृह पंचायत भदोखरा से मुखिया रह चुके हैं। फिलहाल नारदीगंज से जिला पार्षद है।

जिला पार्षद का इनका दूसरा कार्यकाल है। राजद से टिकट नहीं मिलने पर बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़े थे, और जीत गए। जदयू के सलमान रागिब जीत का चौका लगाने में नाकामयाब रहे। राजद के श्रवण कुशवाहा को जीत के लिए अभी और इंतजार करना होगा। पिछले छह वर्षों में एमएलए व एमएलसी का पांच चुनाव लड़े, जीत नहीं मिली।

जीत के बड़े मायने 

अशोक की जीत ने एक बात साबित कर दिया कि नवादा में राजद का मतलब राजबल्लभ परिवार है। इस जीत के बड़े मायने हैं। आने वाले दिनों में जिले की राजनीत पर इसका व्यापक असर पड़ने वाला है। एक तो अशोक यादव युवा हैं। उपर से राजबल्लभ परिवार से आते हैं। सबसे बड़ी बात ये कि सभी वर्गों का व्यापक समर्थन हासिल करने में कामयाब रहे।

एनडीए के परंरागत वोटरों में बड़ी सेंधमारी और राजद का आधार वोट का इन्हीं के साथ जुड़ाव अशोक की बड़ी जीत का कारण बना। एनडीए का पूरा कुनबा यहां बिखरा रहा। राजद के उम्मीदवार श्रवण कुशवाहा को एनडीए के परंपरागत वोटरों का बड़ा समर्थन मिला, लेकिन राजद का आधार वोट नहीं मिला। ऐसे में नुकसान एनडीए को हुआ।

नोट :- यह ऑफिसियल डाटा नहीं है, अगले खबर में अधिकारिक ब्योरा दिया जाएगा।

प्रथम वरीयता के वोटों में तीसरे स्थान पर खिसक गए जदयू प्रत्याशी सलामन रागिब

नवादा : तीन बार के एमएलसी सलमान रागिब मुन्ना की इस बार दुर्गति हो गई। जर्बदस्त एंटी इंकैबेंसी का सामना करना पड़ा। प्रथम वरीयता के वोटों की गिनती में तीसरे स्थान पर रहे। मतलब साफ रहा कि पंचायत राज के प्रतिनिधियों की पसंद वे नहीं थे। तीन बार लगातार एमएलसी रहे सलमान रागिब जीत का चौका लगाने मैदान में उतरे थे। लेकिन, अरमान धूल-धुसरित हो गया। अधिकारिक आंकड़े के अनुसार अशोक यादव को प्रथम वरीयता का 1274, राजद के श्रवण कुशवाहा को 738 अौर जदयू के सलमान रागिब को 704 वोट मिले। कांग्रेस की निवेदिता सिंह को महज 15 मत मिले।

इस प्रकार अशोक को प्रथम वरीयता में 536 वोटों की बढ़त मिली। वहीं जदयू प्रत्याशी राजद से 34 वोटों से पिछड़कर तीसरे स्थान पर चले गए। कुल 2861 वोटों की गिनती हुई। जिसमें 2756 वोट वैध व 105 वोट अवैध घोषित हुआ। इस प्रकार प्रथम वरीयता में जीत के लिए अशोक यादव को वैध वोटों 2756 का आधा से एक ज्यादा यानि 1379 वोट नहीं मिले। ऐसे में दूसरे वरीयता के वोटों की गिनती शुरू हुई। वैसे प्रथम वरीयता का मार्जिन ही इतना ज्यादा रहा कि अन्य प्रत्याशियों का बढ़त बनाना मुश्किल है। यही वजह है कि औपचारिक ऐलान के पूर्व ही अशाेक यादव के समर्थक जश्न मना रहे हैं।

प्रथम वरीयता का मतगणना परिणाम

कुल मतदान:- 2861

रद्द मत: – 105

कुल वैध मत: -2756

अशोक कुमार:1274

श्रवण कुमार:-  738

सलमान रागिब:-704

बहुमत प्राप्ति के लिए मत:- 1378+1=1379

द्वितीय चरण की मतगणना में अशोक कुमार को 105 मत की जरूरत…

राजद विधायक ने 26 सरकारी विद्यालयों के विकास के लिए उपलब्ध करायी राशि

नवादा : जिले के गरीब, दलित और पिछड़े बच्चों के लिए सरकारी विद्यालयों में वही शिक्षा और संसाधन उपलब्ध होना चाहिए जो उच्चस्तरीय निजी विद्यालयों में उपलब्ध होता है। इसके लिए श्री राज कृष्णा एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के माध्यम से एक अभियान चला रखा है जिसका सुफल अब मिलने लगा है। गुरुवार को स्व जेहल प्रसाद बीएड कॉलेज सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नवादा राजद विधायक विभा देवी ने उपर्युक्त बातें कही।

25 सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों, समाजसेवियों और शिक्षाविदों की विशेष बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि फ़िलहाल ट्रस्ट द्वारा चिन्हित 26 सरकारी विद्यालयों के लिए न्यूनतम जरूरतें पूरी करने हेतु एक-एक लाख रूपये प्रदान कर रही हूँ, जबकि जिले के अन्य विद्यालयों के लिए 25 लाख रूपये अलग से दिए जायेंगे । यह राशि दो अलग-अलग कम्पनी विभा राज कंस्ट्रक्शन लि. और एकलव्य माइंस स्टोन कंपनी से अनुदान के रूप में प्राप्त हुए है।

बैठक की अध्यक्षता करते हुये शिक्षाविद् अवधेश कुमार ने ट्रस्ट द्वारा संचालित शिक्षा जागरूकता अभियान की प्रासंगिता को सिद्ध किया तो प्रो नरेशचन्द्र शर्मा ने शिक्षा के प्रति उदासीनता की सूक्ष्म विवेचना की और ट्रस्ट के अभियान को मील का पत्थर बताया। नंदकिशोर वाजपेयी ने ट्रस्ट के इस कारवां को आगे बढ़ते रहने की कामना की और कहा कि इन 25 विद्यालयों से अन्य विद्यालय प्रेरणा ले सकेंगे।

शम्भु विश्वकर्मा ने ट्रस्ट की सामाजिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य संबंधी क्रियाकलापों की चर्चा करते हुए बताया कि कोविड काल से लेकर आज तक भोजन वितरण, स्वास्थ्य सेवाएं, जनवितरण प्रणाली, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र आदि क्षेत्र के सरकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने के लिए यह ट्रस्ट हर संभव प्रयास करता रहेगा।

मौके पर दर्जन भर से अधिक शिक्षकों, समाजसेवियों और शिक्षा के प्रति समर्पित लोगों को विधायक विभा देवी ने शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में प्रो० नरेशचन्द्र शर्मा, अमित सरकार, अवधेश कुमार, पवन कुमार, चंदेश्वर प्रसाद, नंदकिशोर बाजपेयी के अलावे विभिन्न सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और संबंधित क्षेत्र के जनसेवक शामिल थे जिन्होंने ट्रस्ट के क्रियाकलापों और माननीय विधायक के इस महति भूमिका की सराहना की।

बैठक में सभी 25 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, राजद नेत्री रेणु सिंह, अनिल प्रसाद सिंह, संजय मारुती, लालकेश्वर प्रसाद राय, नकुल पासवान, दयाल यादव, दिनेश यादव आदि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन ट्रस्ट के अधिकारी शशिभूषण शर्मा ने किया जबकि स्वागत गीत कुमारी प्रेमलता ने गाया। इसके अलावे चंदेश्वर प्रसाद ने शिक्षा जागरूकता गीत गाकर दर्शक दीर्घा की तालियां बटोरी।

शांतिपूर्ण हुआ एमएलसी का मतगणना, निर्दलीय प्रत्याशी अशोक कुमार विजयी

नवादा : बिहार विधान परिषद निर्वाचन 2022 के लिए 05 नवादा स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 07 अप्रैल 2022 केएलएस कॉलेज में मतगणना स्वच्छ, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुआ। मतगणना कार्य के एल एस कॉलेज में 8:00 बजे पूर्वाहन से प्रारंभ किया गया।

यशपाल मीणा जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी और संतोष कुमार मल्ल, प्रधान सचिव सूचना प्रौद्योगिकी बिहार सरकार ने संयुक्त रूप से मतगणना केंद्र पर लगातार 8 घंटे अपने निर्देशन और मार्गदर्शन में मतगणना का स्वच्छ ,निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया। मतगणना केंद्र के अंदर और बाहर रक्षा, सुरक्षा और प्रतिरक्षा का व्यापक व्यवस्था की गई थी। बिना पास के कोई भी व्यक्ति को अंदर प्रवेश नहीं दिलाया गया।

कॉलेज के एक बड़े से हॉल में कुल 14 मतदान केंद्रों के लिए 14 टेबल लगाया गया था, जिसमें पर्याप्त संख्या में मतगणना कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। पांच नवादा स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र से बिहार विधान परिषद का वार्षिक निर्वाचन 2022 के तहत प्रथम गणना के उपरांत निवेदिता सिंह 15 श्रवण कुमार सोनू बीघा 738 मत , सलमान रागव 704 अशोक कुमार 1274 मत प्राप्त हुए। कुल मतों की संख्या 2861 हुई। इनवेलिड मतपत्रों की संख्या 105 कुल वैध मतों की संख्या 2756 हुई। प्रथम गणना में किसी भी व्यक्ति को विजय के लिए कोटा प्राप्त नहीं हुआ। उम्मीदवार को विजय होने के लिए 1379 मतों की आवश्यकता थी ।

एकल संक्रमणीय मत पद्धति के तहत मतगणना कराई गई। निर्वाचन आयोग के द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार 11 गणना में जाकर परिणाम फाइनल हुआ। 11 वें राउंड के परिणाम फाइनल हुआ। 11 वें राउंड के परिणाम के उपरांत निवेदिता सिंह 15 ,श्रवण कुमार सोनू बीघा 789 ,सलमान राजीव 707, अशोक कुमार पथरा इंग्लिश 1434 मत प्राप्त हुआ। इस प्रकार निर्वाचन आयोग की अनुमति से अशोक कुमार को विजय घोषित किया गया।

संतोष कुमार मल्ल प्रेक्षक सह प्रधान सचिव सूचना प्रौद्योगिकी बिहार सरकार और यशपाल मीणा निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी नवादा ने संयुक्त रूप से विजय उम्मीदवार अशोक कुमार को प्रमाण पत्र प्रदान किया। जिलाधिकारी और प्रेक्षक महोदय के द्वारा लगातार 8 घंटे मतगणना केंद्र में रहकर सारी व्यवस्था को सूक्ष्म तरीके से अपने निर्देशन और और मार्गदर्शन में मतगणना को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया।

मतगणना केंद्र पर मीडिया सेंटर की स्थापना की गई थी, जिससे पल-पल की सूचना मीडिया के माध्यम से आम जनों को दी जा रही थी। लाउडस्पीकर के माध्यम से भी आवश्यक सूचना केंद्र में और केंद्र के बाहर दी जा रही थी। मतदान केंद्र के बाहर और अंदर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं सशस्त्र पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।

जिलाधिकारी के आदेश के आलोक में स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की निष्पक्ष, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित ढंग से मतगणना के लिए उज्जवल कुमार सिंह अपर समाहर्ता, डॉक्टर कारी प्रसाद महतो अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, उमेश कुमार भारती अनुमंडल अधिकारी नवादा सदर, आदित्य कुमार पीयूष अनुमंडल अधिकारी रजौली, मोहम्मद जफर हसन डीसीएलआर रजौली संनतन कुमार सिंह अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सत्येंद्र प्रसाद जिला सूचना जनसंपर्क अधिकारी, चंद्रप्रकाश सिंह जिला कल्याण पदाधिकारी श्रीनिवास उप निर्वाचन पदाधिकारी, विश्वजीत कुमार वरीय उप समाहर्ता, अमु अमला वरीय उप समाहर्ता, संतोष कुमार झा निदेशक डीआरडीए मोहम्मद अबु बरकात उप निर्वाचन पदाधिकारी, श्री राजीव कुमार डीआईओ, मोहम्मद जमाल मुस्तफा डीपीओ , प्रखंड विकास अधिकारी क्रमश: रजौली, पकरीबरावां, नरहट, अकबरपुर, काशीचक, गोविंदपुर के साथ-साथ कई अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here