24 फरवरी : आरा की मुख्य ख़बरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

आरा मंडल कारागार में छापेमारी

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा में मंडल कारा में गुरुवार की सुबह भोजपुर जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा एवं प्रभारी एसपी स्वप्ना मेश्राम के नेतृत्व में औचक छापेमारी की गई| डीएम व प्रभारी एसपी के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन की टीम गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे मंडल कारा पहुंची। मंडल कारा के सभी वार्ड, रसोईघर, अस्पताल एवं सेल आदि की जांच की गई हालांकि अभी यह क्लियर नहीं हो पाया है कि जांच के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामान मिला है कि नहीं?

आरा मंडल कारागार में तकरीबन दो घंटे तक चली छापेमारी के दौरान बंदियो में अफरा-तफरी मची रही। छापेमारी में सदर एसडीओ लाल ज्योतिनाथ शाहदेव, एएसपी सह सदर एसडीपीओ हिमांशु, जगदीशपुर एसडीपीओ श्याम किशोर रंजन, नगर थानाध्यक्ष रामविलास चौधरी, नवादा थानान्ध्यक्ष अविनाश कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल शामिल थे।

swatva

बिजली करंट से प्लंबर मिस्त्री की मौत

आरा : भोजपुर जिला के नारायणपुर थानान्तर्गत खेड़ी बाजार पर बुधवार की शाम करंट की चपेट में आने से एक प्लंबर मिस्त्री की मौत हो गई तथा उसके साथ काम कर रहा दूसरा मिस्त्री घायल हो गया। मृतक अजीमाबाद थानान्तर्गत बड़गांव गांव निवासी स्व. श्यामदेव राम का 32 वर्षीय पुत्र मुन्ना कुमार है एवं वह पेशे से पलंबर मिस्त्री था जबकि घायल उसका साथी संदेश थाना क्षेत्र के रामासाढ़ गांव निवासी जितेंद्र यादव है।

मृतक के सहयोगी बबन ने बताया कि बुधवार की शाम जब तीनो खेड़ी बाजार स्थित कुचन यादव के बन रहे नवनिर्मित मार्केट के पास चापाकल लगा रहे थे तभी मुन्ना कुमार ने जैसे ही लोहे का पाइप उठाया, वह लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से स्पर्श कर गया। जिससे वह एवं उसका साथी जितेंद्र यादव करंट की चपेट मे आ गए और जिससे दोनों घायल हो गए। गंभीर हालत में मुन्ना कुमार को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था पर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

अज्ञात महिला का शव बरामद

आरा : भोजपुर जिले के कोईलवर थानान्तर्गत धनडीहा गांव स्थित खेत से एक अज्ञात 25 वर्षीया एक महिला का शव बरामद हुआ। सुचना पर स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया। पुलिस शव की पहचान करने एवं मामले की छानबीन में जुट गई है।

कोइवर थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका की मौत सर पर वार करके हत्या करना प्रतीत होता है। सिविल सर्जन ने चार सदस्यीय डॉक्टरों का टीम गठित किया गया जिसमें डॉ सूर्यकांत निराला, महिला चिकित्सक डॉ. प्रगति एवं दो अन्य चिकित्सक शामिल थे। जिसके पश्चात विजाइनल स्वाब कर शव का पोस्टमार्टम किया गया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। बहरहाल पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है।

आरा के सुपारी किलर ने उगला राज

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के नगर थानान्तर्गत मोती टोला निवासी सुशील यादव की एक लाख रुपये की सुपारी देकर पूर्व की रंजिश और प्रतिशोध में करायी गयी थी। सुशील यादव के दो विरोधियों ने सुपारी दी थी| हत्या कांड के मेन शूटर और मुख्य साजीशकर्ता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने यह खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल एक देसी पिस्टल और दो गोली बरामद की गयी है। गिरफ्तार अपराधियों में नगर थानान्तर्गत अंबेदकर कॉलोनी निवासी वीरा राम और मोती टोला के विकास यादव शामिल हैं। दोनों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है। साथ ही दो लाइनर का काम करने वाले दो लोगों के नाम भी बताया है।

एएसपी हिमांशु ने पत्रकारों से वार्ता के क्रम में बताया कि सुशील यादव की विकास यादव और चरखंभा गली निवासी धर्मेंद्र यादव के बीच पहले से ही विवाद था। इसे लेकर पहले भी मारपीट और गोलीबारी की घटना हो चुकी थी। उसमें सुशील यादव और विकास यादव को गोली भी लगी थी। इसलिए धर्मेंद्र यादव और विकास यादव ने सुशील यादव की हत्या के लिये वीरा राम को एक लाख की सुपारी दी थी। वीरा राम ने अपने दो साथियों के साथ मंगलवार की सुबह अंबेदकर कॉलोनी में सुशील यादव की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। उन्होंने बताया कि हत्या में शामिल अन्य अपराधियों और दोनों लाइनरों की गिरफ्तारी के लिये लगातार छापेमारी की जा रही है।

एएसपी ने बताया कि प्रभारी एसपी स्वप्ना मेश्राम के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और मोबाइल सर्विलांस के जरिये वीरा राम के बक्सर में होने की सूचना मिली। मंगलवार की रात ही पुलिस ने वीरा राम को बक्सर से गिरफ्तार कर लिया गया जबकि विकास यादव को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं वीरा राम की निशानदेशी पर उसके घर की छत से हत्या में इस्तेमाल देसी पिस्टल भी बरामद कर लिया गया।

एएसपी ने बताया कि हत्या की घटना के बाद वीरा राम ने अपने घर की छत पर पिस्टल फेंक दिया और छुप गया। बाद में वह बक्सर अपनी बुआ के घर चला गया था। एएसपी ने बताया कि कुछ रोज पहले वीरा की हेरोईन भी पुलिस ने पकड़ ली थी। इससे वीरा को लगा कि सुशील यादव ने ही पुलिस को हेरोईन की खबर दी गयी है| उसके बाद वीरा राम द्वारा धर्मेंद्र यादव और विकास यादव के कहने पर अपने दो साथियों के साथ मिल कर सुशील यादव को टपका दिया गया।

बता दें कि मंगलवार की सुबह करीब पौने ग्यारह बजे अंबेदकर कॉलोनी के पास गली में मोती टोला निवासी सुशील यादव की गोली मार हत्या कर दी गयी थी। उस मामले में सुशील यादव के भाई सुधीर कुमार के बयान पर वीरा सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी।

एसपी के आदेश की अवहेलना कर थानाध्यक्ष ने भू माफियाओं का दिया साथ

आरा : भोजपुर एसपी विनय तिवारी की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उनकी अपराधियों पर पकड़ ढीली हो गई है और थाना भी उनके नियंत्रण से लगभग बाहर हो रहे हैं। उन्होंने इस रिपोर्ट को जिला लोक शिकायत निवारण को एक मामले की सुनवाई के दौरान भेजा है। एसपी विनय तिवारी ने जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को भेजे अपने प्रतिवेदन में कुछ ऐसी बात का जिक्र किया है जो किसी जिले के पुलिस अधीक्षक के लिए उनके अधिकारों पर सवाल खड़ा करता है।

यह मामला जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के यहां चल रहे एक परिवाद में एसपी के प्रतिवेदन से उजागर हुआ है। इसमें परिवादी मुकेश कुमार सिन्हा है जिन्होंने तत्कालीन नगर थाना अध्यक्ष शंभू भगत एवं दरोगा डीके निराला सहित कुछ भू-माफियाओं और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी।

मुकेश सिन्हा का मामला पिछले एक वर्ष से लंबित है। उन्होंने अपने पुश्तैनी जमीन, मकान और देवता स्थान पर गलत कागजात के आधार पर कब्जा करने का प्रयास करने, उनका कार्यालय तथा मकान ध्वस्त करने तथा इस काम में तत्कालीन थाना प्रभारी शंभू भगत एवं दरोगा डीके निराला द्वारा विपक्षी को लाभ पहुंचाने, जिलाधिकारी, भोजपुर का आदेश अनसुना करते हुए पद और पावर का नाजायज फायदा उठाकर अपूरणीय क्षति पहुंचाने के मामले में कार्रवाई के लिए आवेदन मुख्यमंत्री को भेजा था।

मुख्यमंत्री के यहां से इस मामले को सुनवाई के लिए जिला लोक शिकायत निवारण, भोजपुर को भेज दिया गया। उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई का निर्देश पुलिस पदाधिकारियों को जारी कर दिया गया। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने अपना प्रतिवेदन संख्या 365/लोक शिकायत निवारण भोजपुर को 14 फरवरी 2022 को कोषांग में समर्पित कर दिया। यह प्रतिवेदन नगर थाना प्रभारी आरबी चौधरी के प्रतिवेदन 469/2022 के आधार पर तैयार है और पुलिस अधीक्षक द्वारा अपने हस्ताक्षर के साथ भेजा गया है।

इसमें पुलिस अधीक्षक ने लिखा है कि विपक्षी शंकर कुमार गुप्ता तथा शहाब तनवीर ने पुलिस द्वारा कागजात की मांग किए जाने के बाद भी देने से इंकार कर दिया। एसपी के आदेशों की धज्जियां उड़ाने वाले पुलिस कर्मियों एवं कानून के साथ खिलवाड़ कर किसी का जमीन कब्जा करने वाले भू माफियाओं और कब्जाधारियों को कानून के साथ खिलवाड़ करने के जुर्म में अब तक किसी तरह की कार्रवाई क्यों नही हुई।

बहन की विदाई कराने आए भाई ने जीजा व उसके बाप को मारी गोली

आरा : भोजपुर जिला के तीयर थानान्तर्गत हेतमपुर गांव में बुधवार की शाम कहथियारबंद लोगो ने बाप-बेटे को गोली मार दी। जख्मियों को आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जख्मियो में तीयर थानान्तर्गत हेतमपुर गांव निवासी 56 वर्षीय श्रीराम सिंह यादव एवं उनका 21 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार यादव है। श्रीराम सिंह यादव ने बताया कि उनके बेटे सोनू कुमार यादव की शादी गड़हनी थानान्तर्गत इंग्लिशपुर गांव में हुयी है। बुधवार की सुबह बहू का भाई अपने चाचा व अन्य साथियों के साथ उनके घर पर आया और बोला कि मैं अपनी बहन को आज ही ले जाऊंगा।

श्रीराम सिंह यादव ने कहा कि सूचना देकर आने पर रीति रिवाज से विदाई करूंगा, इसी बात को लेकर उनके साथ नोकझोंक हुई। जिसके बाद उन लोगों ने पहले लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। बीच बचाव के दौरान उन्होंने फायरिंग कर दी जिसमे वे और उनका बेटा घायल हो गए| श्रीराम सिंह यादव ने सत्येंद्र सिंह पर खुद को गोली मारने एवं मुकेश पर अपने बेटे को गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

जिला परिषद की 32 दुकानों का लॉटरी से हुआ आवंटन, धांधली का आरोप

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय के आरा शहर में जिला परिषद की 32 दुकानों का आवंटन लॉटरी से किया गया ,जिसमे शहर के कतीरा मार्केट कंपलेक्स के उत्तर 12 दुकान, आरा डेयरी कतीरा के सामने चपरासी क्वार्टर के पीछे 10 दुकान और जिला परिषद स्टाफ क्वार्टर कतीरा की दक्षिण के दस दुकान का आवंटन किया जाएगा।

इस आवंटन कई लोगों ने धांधली का आरोप लगाया, राजद नेता ने कहा कि बिना सूचना के ही आज सुबह में लॉटरी दुकानों का आवंटन के लिए करा दिया गया। जिसमें जो लोग फॉर्म नहीं भरे थे उनको पैरवी के आधार पर एक व्यक्ति के दो ,तो किसी के तीन दुकानें मिली है यह जांच का विषय है।

अज्ञात युवती का शव बरामद पुलिस छानबीन में जुटी

आरा : भोजपुर जिला के कोईलवर थानान्तर्गत धण्डीहा गांव के समीप सड़क मार्ग से चांदी जाने वाली सड़क किनारे एक बांस के बगीचे में हत्या कर बोरा में बंद एक अज्ञात 35 वर्षीय युवती का शव पुलिस ने बरामद किया है। पहचान के लिए भीड़ इकट्ठा हो गई।

मृत युवती के शरीर पर जिंस व टी-शर्ट पहन रखा था जो कि शव देखने पर गंभीर चोट व मुंह से खून निकल रहा था।स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी पुलिस ने मौके पर पहुंच मृत युवती का शव बरामद करने के साथ ही छानबीन में जुटी हुई है।

पुलिस ने घर से एक पिस्तौल और एक गोली की बरामद

आरा : भोजपुर जिला अंतर्गत नगर थाना की पुलिस ने बलबतरा मोहल्ले में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक युवक के घर से एक पिस्तौल और एक गोली बरामद किया है। गिरफ्तार युवक असलम खान बलबतरा मुहल्ले निवासी सोहेल खान का पुत्र है। इस मामले में टाउन थाना की पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि असलम खान के घर में अवैध हथियार रखा हुआ है।

जिसको लेकर मंगलवार की देर रात में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान एक पिस्तौल और एक गोली बरामद किया गया। इस मामले में असलम से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

शाहपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर बाजार में 2016 को हुई थी घटना, 9 गवाहों की गवाही के बाद कोर्ट ने सुनाया अहम फैसला

आरा : सिविल कोर्ट आरा के जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने हत्याकांड में प्रयुक्त दो दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है तथा 5000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया। लोक अभियोजक नागेश्वर दुबे ने बताया कि 28 अक्टूबर 2016 शाहपुर थानान्तर्गत दामोदरपुर बाजार अभियुक्त राजेश ठाकुर ने राजेंद्र राय की गोली मारकर ह्त्या कर दी थी|

घटना के सूचक भूपेंद्र कुमार राय के ऊपर नारद ठाकुर ने राइफल से गोली चलाया, जो गोली उसके दाहिने हाथ में लगी। जिससे वह जख्मी हो गए। इस कांड में 5 लोगों को अभियुक्त बनाया गया। जिसमें राजेश ठाकुर, नारद ठाकुर, विकास ठाकुर, भीमबली ठाकुर, विनोद ठाकुर है। सूचक के फर्द बयान पर बहोरनपुर ओपी में पांचों अभियुक्त पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

जिस पर भारतीय दंड विधान सहित 307/34, 27 आर्म्स एक्ट लगाया गया। कोर्ट ने दोनों को हत्याकांड में दोषी पाते हुए राजेश ठाकुर और नारद ठाकुर को उम्र कैद की सजा सुनाई है। दोनों दोषी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र चक्की नौरंगा गांव के रहने वाले हैं। अन्य तीन आरोपियों पर कोर्ट में और सुनवाई होगी। इसके बाद उन लोगों को सजा सुनाया जाएगा।

इस कांड को लेकर सूचक के फर्द बयान पर शाहपुर थाना क्षेत्र के बहोरनपुर गोपी में 279/ 16 कांड दर्ज किया गया। कोर्ट में सेशन ट्रायल 11/18 था। घटना के संबंध में बताया गया कि हत्याकांड के कुछ दिन पहले दामोदरपुर बाजार पर वीरा पासवान और राजेश ठाकुर के बीच झगड़ा हो रहा था। बाजार के मालिक होने के नाते राजेंद्र राय ने दोनों को डांट डपट कर झगड़ा समाप्त करा दिया। इसके प्रतिशोध में राजेश ठाकुर अपने सहयोगियों के साथ आकर राजेंद्र राय को गोली मार दी। जिससे उनकी मौत हो गई। कोर्ट ने दोषी पाते हुए उम्र कैद की सजा सुनाई है।

राजीव एन अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here