18 फरवरी : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

ट्रैक्टर चालक की इलाज़ के दौरान मौत

आरा : घायल ट्रेक्टर ड्राईवर की पटना के निजी अस्पताल में इलाज़ के दौरान गुरुवार की शाम मौत हो गयी| मृतक रवीश चौधरी बड़हरा थानान्तर्गत बखोरापुर गांव निवासी रामलायक चौधरी के पुत्र थे। भोजपुर जिला के बड़हरा थानान्तर्गत महोदई -नथमलपुर बांध पर 13 फरवरी की रात को अज्ञात अपराधियों ने ट्रैक्टर चालक को गोली मार दी थी। जिससे ट्रैक्टर चालक गंभीर जख्मी हो गया था उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया था। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि वह 4 साल से बखोरापुर निवासी अशोक सिंह के ट्रैक्टर चलाते थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल में कराया गया।

13 फरवरी के शाम को बालू बेचने के लिए नथमलपुर गए थे। लौटने के दौरान अज्ञात अपराधियों ने ट्रैक्टर लूटने के दौरान रवीश चौधरी को गोली मार दी। रवीश चौधरी की शादी 2020 में पुतुल देवी के साथ हुई थी। इस मामले में बड़हरा थाना की पुलिस ने बताया कि अज्ञात अपराधियों पर एफआईआर दर्ज की गई थी। अपराधियों को गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है|

swatva

पति की हत्या में पत्नी गिरफ्तार

आरा : भोजपुर जिला के उदवंतनगर थानान्तर्गत सरथुआ गांव में पति की हत्या मामले में पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार महिला सरथुआ निवासी मृतक दयानन्द सिंह की पत्नी ममता देवी है। जिसे पुलिस रात में गिरफ्तार कर थाने ले आई थी।सरथुआ गांव में बुधवार के दिन पति व पत्नी के बीच आपस मे विवाद हुआ था। जिसके बाद गुस्साई पत्नी ने अपने दो भाई व मां की मदद से अपने पति की ह्त्या करवा दी थी|

दादी के बयान पर मृतक की पत्नी, सास व दो साले के विरुद्ध उदवंतनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इस मामले में फिलहाल एक कि गिरफ्तारी बाकी तीन पुलिस गिरफ्त से बाहर है। मृतक के 8 वर्षीय नाबालिग पुत्र सूरज ने बताया कि वह सोया हुआ था जब उसके मम्मी पापा आपस में लड़ रहे थे| उनकी आवाज़ से उसकी नींद खुल गयी| गुस्से में मां ने मायके वालों को फोन कर अपनी मां और दो भाइयों को बुला लिया। कुछ देर बाद दो मामा और नानी घर पहुंचे और पापा पर बरस पड़े। उनके सीने पर चढ़ कर पिटाई की।

पिटाई से पापा काफी जख्मी हो गए थे। उन्हें गाँव के ही एक क्लिनिक में भर्ती कराया गया जहां इलाज़ के दौरान बुधवार की देर शाम उनकी मौत हो गयी| भगन साव का 26 वर्षीय पुत्र मृतक दयानंद साव गाँव में ही रहकर राज मिस्त्री का काम करता था| पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव का पोस्ट मार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया|

विधि-व्यवस्था में कोताही बर्दाश्त नहीं-प्रभारी एसपी भोजपुर

आरा : भोजपुर एसपी विनय तिवारी के अवकाश पर जाने के बाद भोजपुर की प्रभारी एसपी स्वप्ना मेश्राम ने प्रभार ग्रहण करते ही अपनी प्राथमिकता जिले में अपराध पर नियंत्रण और विधि व्यवस्था बनाये रखना बनाया। उन्होंने कहा कि शराबबंदी अक्षरशः होगी। पूरे जिले में नियमित रूप से रात्रि चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

प्रभारी एसपी ने कहा कि बिहार सरकार ने महिला पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए सभी बिहार सशस्त्र पुलिस बल की इकाई में क्रैच होम यानि शिशु पालना घर खोलने की योजना बनाई गई है। महिला पुलिस अपनी ड्यूटी का निर्वहन सही ढंग से कर सके और उन्हें किसी तरह की समस्या उत्पन्न नहीं हो। इसके लिए यह सुविधा दी जाएगी। पुलिस फोर्स में ज्यादा संख्या में महिलाएं उपलब्ध हैं। आने वाले दिनों में भी इसमें और बढ़ोतरी होगी।

महिला कर्मियों के लिए बच्चों की देखभाल करना भी बड़ी जिम्मेदारी है। इस परेशानी को समझते हुए सभी जिला और बीएमपी में यह व्यवस्था की जा रही है। शिशु गृह बनाने के पीछे का मकसद है कि ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मी अपने बच्चों को यहां रख सकती हैं। शिशु गृह में बच्चों की पूरी देखभाल और उनके खेलने की व्यवस्था की गई है। देर शाम प्रभारी एसपी द्वारा जिले के पुलिस अफसरों के साथ बैठक की गयी। उसमें आवशयक निर्देश दिया गया।

मैट्रिक का परीक्षार्थी जख्मी

आरा : भोजपुर जिले के आरा-बक्सर नेशनल हाईवे पर बिहिया थानान्तर्गत अमराई नवादा के समीप गुरुवार की देर शाम स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो दोस्तों को ठोकर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जख्मियो में शाहपुर थानान्तर्गत शाहपुर पट्टी वार्ड नंबर -8 निवासी विंध्याचल साह का पुत्र प्रकाश कुमार एवं उसी गांव के निवासी स्व.राजेंद्र प्रसाद का पुत्र रोहित कुमार है। प्रकाश कुमार और रोहित दोस्त है और एक साथ मोटर बाइक से आरा परीक्षा केंद्र से लौट रहे थे।

बताया जाता है कि दोनों शाहपुर स्थित घर से गुरुवार की सुबह मैट्रिक का परीक्षा देने मोटर बाइक से आरा के लिए निकले आरा आ रहे थे। गुरुवार की शाम जब दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। उसी दौरान आरा-बक्सर नेशनल हाईवे पर अमराई नवादा के समीप स्कॉर्पियो ने उनके बाइक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक से गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए|

मोबाइल ऑन होते ही भोजपुर पहुंची हरियाणा स्पेशल ब्रांच पुलिस

आरा : हरियाणा के एक आइपीएस अधिकारी के घर से चोरी गये लाखों के जेवर और नगदी की बरामदगी को ले स्पेशल ब्रांच की टीम गुरुवार को भोजपुर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने सिकरहट्टा थानान्तर्गत रन्नी गांव निवासी ब्रजेश कुमार उर्फ कुनु के घर तलाशी ली। भोजपुर पुलिस की मदद से हरियाणा स्पेशल ब्रांच द्वारा आरोपित ब्रजेश से उसके आंगन की खुदाई भी करायी गयी। लेकिन जेवर और नगदी की बरामदगी नहीं हो सकी। पुलिस आरोपित ब्रजेश को लेकर वापस हरियाणा लौट गयी।

सिकरहटा थानाध्यक्ष आशीष कुमार साह ने बताया कि रन्नी गांव निवासी रामगोविंद राय के पुत्र बृजेश कुमार उर्फ कुनू दो माह पहले ही हरियाणा में प्राइवेट नौकरी करने गया था। वह हरियाणा में आईबी के आईपीएस अधिकारी के घर गार्ड की नौकरी कर रहा था। उसी दौरान मौका पाकर वह अधिकारी के घर से 22 लाख के जेवर और करीब 3 लाख नगदी चोरी कर फरार हो गया। उस संबंध में स्थानीय थाना में लिखित शिकायत के बाद से ही पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी में जुट गई।

करीब एक माह बाद हरियाणा पुलिस ने उसे पीरो थाने के इब्राहिमपुर के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया। उसने पूछताछ में अपने घर के आंगन में जेवर और पैसे छुपाने की बात कही थी। उस आधार पर हरियाणा पुलिस उसे लेकर गुरुवार को जिले के रन्नी गांव पहुंची। उसके बाद आंगन की खुदाई भी करायी गयी। लेकिन जेवर और पैसे नहीं मिल सके।

पुलिस के अनुसार हरियाणा के आइबी अधिकारी के घर चोरी की घटना के बाद ब्रजेश अपने गांव आ गया था। उसने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया था और रिश्तेदारों के घर रहने लगा था। घटना के करीब एक माह बाद उसने अपना मोबाइल चालू किया। इधर, सर्विलांस के जरिये उस पर नजर गड़ाये बैठी हरियाणा पुलिस मोबाइल ऑन होते ही एक्टिव हो गयी। उसके बाद पीरो पुलिस के सहयोग से मोबाइल सर्विलांस लोकेशन के आधार पीरो में जाल बिछा कर उसे दबोच लिया था। उस समय वह ब्रजेश अपनी बहन के घर रोहतास से बाइक पर सवार होकर लौट रहा था।

पुलिस ने मोबाइल लूट कांड में फरार दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

आरा : भोजपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मोबाइल लूट कांड में फरार चल रहे दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से मोबाइल और एक खिलौना वाला बंदूक बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी शाहपुर थानान्तर्गत परसंडा गांव निवासी नरेंद्र मिश्रा का पुत्र हरे कृष्णा मिश्रा उर्फ लालबाबू तथा दूसरा नगर थानान्तर्गत मीरगंज निवासी योगेश कुमार गुप्ता का पुत्र सत्यम राज है।

पुलिस ने हरे कृष्ण मिश्रा को चंदवा मोर से वहीं सत्यम राज को मीरगंज उसके आवास से गिरफ्तार किया है। इस मामले में नवादा थानाध्यक्ष ने बताया कि गुप्त सूचना मिली की दोनों मोबाइल लूटकांड के आरोपी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ करने के बाद मेडिकल जांच करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

बड़ौली गांव स्थित ईट भट्टा से दो लोग गिरफ्तार

आरा : भोजपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अगिआंव थानान्तर्गत बड़ौली गांव स्थित ईट भट्टा पर छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी कर एक देसी कट्टा, तीन गोली व एक कार बरामद किया है। गिरफ्तार युवक गोपाल जी पांडे जगदेव नगर निवासी गिरिजा नंदन पांडे का पुत्र है। वहीं दूसरा प्रिंस कुमार अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के तेलार गांव निवासी स्व हरीश राय का पुत्र है।

पीरो एसडीपीओ राहुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस कई मामलों में फरार चल रहे अपराधी छोटू सिंह को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की थी लेकिन छोटू सिंह वहां से फरार हो गया। छापेमारी के दौरान ईट-भठ्ठा पर कार्य कर रहे दो युवक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ईंट भट्ठा पर मुंशी के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है।

चार माह बाद भी अपहृत नाबालिग को खोजने में पुलिस विफल

आरा : भोजपुर पुलिस की लापरवाही के कारण गैंगरेप की पीड़िता अगवा हो गई और भोजपुर पुलिस उसके पिता को दौड़ाती रही। समाज के सबसे पिछड़े वर्ग से संबंधित पीड़िता चार माह से गायब है और उस नाबालिग को पुलिस अबतक नहीं ढूंढ पायी है। पीडिता के माता-पिता पुलिस कार्यालयों का चक्कर लगाते लगाते थक गए है पर किसी ने उनकी मदद अभी तक नही की है|

मामला चरपोखरी थाना क्षेत्र का है। वर्ष 2018 में रेप की पीड़ित नाबालिग बच्ची सितंबर 2021 को नित्य क्रिया के लिए बाहर गई थी पर घर लौट कर नहीं आई। परिजनों ने अपनी पुत्री को खोजने का हर संभव प्रयास किया पर असफल रहे। पीड़ित परिवार चरपोखरी थाना भी गए पर पुलिस ने मदद करने से इंकार कर दिया। बाद में एसपी के आदेश से मामला दर्ज हो सका| इससे पूर्व वर्ष 2018 में भी परिवार को काफी दौड़ाया गया।

तत्कालीन एसपी के आदेश पर महिला थाना में एफआईआर दर्ज हुआ। इधर परिवार का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने उनकी पुत्री के साथ गैंगरेप कर उसे गर्भवती कर दिया। इसके बाद ही मेरी पुत्री पर जबरन दबाव बनाकर गर्भपात करवा दिया गया। हमने इस मामले में पुलिस को शिकायत की। मगर कोई फायदा नहीं हुआ।पीड़ित परिवार का कहना है कि बच्ची अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करती थी।

वही उसी गांव के एक शिक्षक ने उनकी पुत्री के साथ गैंगरेप किया। उसके बाद उसका गर्भपात करवा दिया। जब पुत्री अपने घर आई तब इस बात का खुलासा हुआ। इस मामले में पॉक्सो एक्ट 3-18 मुकदमा दर्ज किया गया। इस कांड में गवाही बाधित करने के लिए बालिका का दोबारा अपहरण कर लिया गया।

पीड़िता के अधिवक्ता ने बताया कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है। पुलिस अधीक्षक को इस मामले में अपने स्तर से जांच करवाना चाहिए। यह मामला समाज के अत्यंत वंचित तबके की एक किशोरी से जुड़ा हुआ है। अगर पुलिस एक किशोरी को सुरक्षा नहीं दिला सकती और उसके साथ न्याय मिलने में इस तरीके की अड़चनें आएंगी।

गुरुवार को सिविल कोर्ट आरा में पॉक्सो कोर्ट में नाबालिग के पिता का गवाही थी पीडिता के पिता ने कहा कि वे अपनी पुत्री की स्थिति को लेकर काफी नर्वस हुं। हम गवाही देने की स्थिति में नहीं है। मेरे पुत्री को किसी तरह बचा लिया जाए, उसकी जान को खतरा है। कोर्ट में गवाही नोट की गई। इस मामले में महिला थाना के प्रभारी एसआई अपराजिता कुमारी ने बताया कि मैं थाने में नई आयी हुं। मुझे इस केस के बारे में जानकारी नहीं है।

वाट्सएप ग्रुप यूजर्स तीन लोग आरा में गिरफ्तार

आरा : भोजपुर पुलिस ने व्हाट्सएप ग्रुप के दुरूपयोग को लेकर तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है| वाट्सएप ग्रुप बनाना और तरह-तरह की चीजें शेयर करना आजकल हर किसी का शगल है। कोई मनोरंजन की बातों के लिए तो कोई राजनीति के लिए, कोई हंसी-मजाक के लिए तो कोई नफरत फैलाने के लिए, कोई लोगों की भलाई के लिए तो कोई ठगी के लिए वाट्सएप ग्रुप बना लेता है। इसके लिए किसी तरह का शुल्‍क नहीं होने के कारण लोगों को यह बहुत आसान भी लगता है।

भोजपुर जिले की चौरी पुलिस ने वाट्सएप पर आपत्तिजनक पोस्ट वायरल किए जाने के मामले में नासरीगंज से ग्रुप एडमिन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत के लिए जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार साल 2018 में न्यू विद्यार्थी बाल संघ नासरीगंज वाट्सएप ग्रुप पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर किया गया था।

जिस पर तत्कालीन एसपी के निर्देश पर चौरी थाना में तत्कालीन थानाध्यक्ष सतीश कुमार द्वारा पांच लोगों पर एफआइआर दर्ज की गई थी, जिसमें पुलिस ने पूर्व में चौरी गांव निवासी विपुल कुमार एवं नीमा निवासी अजीत कुमार पांडेय को गिरफ्तार किया था| मामले में ताजा कार्रवाई के तहत अब नासरीगंज निवासी निकेतन सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत के लिए जेल भेज दिया।

चौरी थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि पूर्व के मामले में फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत के लिए जेल भेजा गया। आपको बता दें कि कुछ मामलों में हाई कोर्ट के स्‍तर से ऐसी व्‍यवस्‍था दी गई थी कि वाट्सएप ग्रुप में किसी सदस्‍य की पोस्‍ट के लिए एडमिन को सीधे तौर पर जिम्‍मेदार नहीं ठहराया जा सकता है। अब इस मामले में कोर्ट क्‍या फैसला लेता है, यह तो आगे जाकर ही पता चल सकेगा।

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here