18 फरवरी : नवादा की मुख्य खबरें

0

इलाज के दौरान गोलीबारी में जख्मी महिला की मौत

नवादा : जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर राजा देवर के निकट मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पति-पत्नी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसी दौरान 7 तारीख को पति-पत्नी को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था। गुरुवार को पत्नी ज्योति सिन्हा की पटना के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। इसके बाद शव नवादा लाया गया। यहां शव देखते ही गांव में लोगों का रोना धोना शुरू हो गया। फिलहाल पति की हालत ठीक है। 7 जनवरी की देर शाम गोली लगने के बाद दोनों को आनन फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सदर अस्पताल से चिंताजनक हालत में दोनों को पटना रेफर किया गया था।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि फरहा गांव के रहने वाले रवि रंजन प्रसाद व उनकी पत्नी ज्योति सिन्हा पर गोली चलाई गई थी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये थे। चिंताजनक हालत में दोनों को पटना रेफर किया गया था। पत्नी के पेट में एक गोली लगी थी, जबिक पति को सीने में दाहिनी तरफ गोली लगी थी। घायल पति ने बताया कि जमीन को लेकर पिछले कई सालों से विवाद चल रहा था। इसको लेकर गोलीबारी की गई थी।

swatva

3 घंटे मोमबत्ती के भरोसे रहा नवादा सदर अस्पताल

नवादा : सदर अस्पताल में बीती शाम करीब तीन घंटों तक बिजली गुल रही। इस वजह से मरीजों व उनके तीमारदारों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। शाम ढलते ही इमरजेंसी, सर्जिकल वार्ड, महिला वार्ड आदि में अंधेरा पसर गया। नतीजतन मरीजों को वार्ड में कैंडिल जलाकर रहना पड़ा। मोमबत्ती व टार्च की रोशनी में चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी मरीजों का इलाज करते नजर आए।

अस्पताल में भर्ती मरीजों व तीमारदारों ने बताया कि कई घंटे से बिजली नहीं है। काफी परेशानी हो रही है। मोबाइल की रोशनी में मरीजों को सूई व सलाइन चढ़ाया जा रहा है। इधर अस्पताल कर्मियों से मिली जानकारी के अनुसार दिन से ही बिजली की मरम्मत का काम चल रहा है। प्रभारी प्रबंधक बाबू सिंह ने बताया कि प्रसूता वार्ड की तरफ जेनरेटर और बिजली का बोर्ड लगाने का काम किया जा रहा है, जिसके चलते यह परेशानी हुई है।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किया जागरूक

नवादा : यश पाल मीणा जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में जिला जन सम्पर्क कार्यालय के कला जत्था द्वारा बाल विवाह दहेज उन्मूलन, नशामुक्ति तथा बृद्धजन पेंशन से संबंधित नुक्कड़ नाटक का प्रर्दशन जिला के जनजाति क्षेत्र (कौआकोल प्रखंड में महुडर पंचायत में झिल्लार, गाय घाट और महुलिया टांड़ ग्राम) में किया गया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्थानीय लोगों को बाल विवाह के कुरीतियों के संबंध में गीत-संगीत एवं नाटक के माध्यम से जागरूक किया गया। नाटक में बताया गया कि बच्चों को पढ़ा लिखाकर योग्य नागरिक बनायें। बिहार सरकार के द्वारा बच्चों को पठन-पाठन के लिए सभी प्रकार की सुविधा प्रदान की जा रही है।

03 से 05 वर्ष के बच्चों को आंगनबाड़ी केन्द्र से लेकर माध्यमिक, इंटर तक पठन-पाठन के लिए बिहार सरकार के द्वारा हर सुविधा सुलभ करायी जा रही है। आज विशेष रूप से अनुसूचित जाति से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कई आवश्यक जानकारी दी गयी।

मद्य निषेध के बारे में बताया गया कि नशामुक्ति से परिवार में परिवार में खुशहाली आयी है और बदहाली दूर हुई है। कुछ पल का नशा और जीवन भर की सजा मिलती है। बिहार राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू है। शराब से संबंधित किसी प्रकार की सूचना टॉल फ्री नम्बर 18003456268 पर या 15545 या 100 नम्बर पर दी जा सकती है। इसके अलावे विभाग के द्वारा मोबाईल नम्बर भी दी गयी है जो 9473400600 पर भी सूचना दी जा सकती है। सभी प्रकार की सूचना गुप्त रखी जायेगी।

बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम और सतत् जीविकोपार्जन के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गयी है। कला जत्था के लीडर विनोद कुमार सिंह, राजकुमार, शंकर राज, रंजीत कुमार, अखिलेश कुमार, मुन्नी कुमारी, कृति कुमारी, सपना कुमारी, मनोज कुमार आदि कलाकारों ने भाग लिया। दिनांक 18.02.2022 को पहड़पुर पंचायत के मच्छंदरा, पीराटांड़ एवं जवाड़ में नुक्कड़ नाटक का प्रर्दशन किया जायेगा।

भूमि विवाद के सात के सात मामले निष्पादित

नवादा : यश पाल मीणा जिला पदाधिकारी के आदेश के आलोक में आज सभी अंचलों के चयनित 03 पंचायतों में भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कुल 07 मामले दर्ज किये गए। सभी मामलों की सुनवाई की गई सभी प्राप्त 07 मामले को ऑन स्पॉट निष्पादित कर दिया गया। सबसे अधिक मामले पकरीबरावां उत्तरी पंचायत में 05 मामले आये जिसमें सभी को ऑन स्पॉट निष्पादन कर दिया गया।

वारिसलीगंज अंचल के मकनपुर पंचायत में एवं अकबरपुर अंचल के बलिया बुजुर्ग पंचायत में एक-एक मामले शिविर में आये जिसमें सभी का ऑन स्पॉट निवारण कर दिया गया। जिले के 11 अंचलों के सभी पंचायतों में भूमि विवाद निवारण शिविर समाप्त हो गया है। आज 03 अंचलों में वारिसलीगंज, अकबरपुर और पकरीबरवां में निर्धारित पंचायतों में निःशुल्क और ऑन स्पॉट समस्याओं का समाधान किये जा रहे है। सभी भूमि विवाद पंचायत शिविरों में थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, पंच, कचहरी सचिव, न्यायमित्र, अधिकारीजन प्रतिनिधि उपस्थित होकर भूमि विवाद मामलों की सुनवाई कर निवारण कर रहे हैं।

इससे जिले के भूमि विवाद से संबंधित झगड़े, आपसी कलह, पारिवारिक कलह आदि समाप्त होंगे, जिससे लोगों का जीवन अमन-चैन रहेगा और जिले का विकास तेजी से होगा। इसके अलावा एक माह में दो बार संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी के स्तर से भी भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन नवादा भूमि विवाद की समस्या को निवारण के लिए कृत संकल्पित है। 18 फरवरी 2022 को अकबरपुर अंचल के बकसंडा पंचायत में भूमि विवाद निवारण से संबंधित शिविर का आयोजन होगा।

कार की टक्कर से युवक की मौत

नवादा : जिले के वारिसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र के महिला महाविद्यालय के पास कार की टक्कर से युवक की मौत घटनास्थल पर हो गयी। मृतक सब्जी लेकर रोड क्रॉस कर रहा था।

मृतक की पहचान मुरलाचक गांव के वार्ड संख्या 6 के उपेन्द्र राउत के 19 वर्षिय पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। सूचना के आलोक में पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है.घटन के बाद परिजनों व ग्रामीणों में शोक की लहर छा गयी. परिजनों के क्रन्दन से माहौल गमगीन हो गया.

अकबरपुर थाने की गाड़ी गड्ढे में पलटने से थानाध्यक्ष समेत कई जख्मी

नवादा : राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर अकबरपुर थाना क्षेत्र के फुलमा गांव के पास अकबरपुर थाना प्रभारी की गाड़ी गड्ढे में पलटने से थानाध्यक्ष अजय कुमार समेत वाहन में सवार कई पुलिस के जवान जख्मी हो गये. जख्मी को ईलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के अनुसार सभी खतरे से बाहर हैंं।

बताया जाता है थानाध्यक्ष अजय कुमार अपने अन्य जवानों के साथ अकबरपुर से नवादा जा रहे थे. फोरलेन कंपनी के द्वारा पथ निर्माण के कारण पथ पर गड्ढे व धूल के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरा. स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी को ईलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बता दें इसके पूर्व वाहन पर 33 हजार का तार गिरने से जख्मी हुए थे. तीन महीने के अंदर यह दूसरी घटना है.

अनियन्त्रित ट्रक की चपेट में आ स्कूली छात्र जख्मी

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित गोविन्दपुर-अकबरपुर पथ पर शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे गोविन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के दनियार गांव के पास अनियंत्रित  ट्रक की चपेट में आ स्कूली छात्र जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों के सहयोग से जख्मी को इलाज के लिए अकबरपुर सासामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद सदर अस्पताल भेजा है। चालक पुरैनी मोङ के पास ट्रक छोङ फरार हो गया।

दनियार गांव के उप सरपंच पति विपिन कुमार ने बताया कि पुरैनी गांव के विकास पंडित का पुत्र आठ वर्षीय मोहित कुमार माॅडर्न इंग्लिश स्कूल दनियार से पढकर घर वापस लौट रहा था। गोविन्दपुर की ओर से आ रही अनियंत्रित ट्रक चालक ने दनियार मस्जिद के पास पीछे से जोरदार धक्का मार दिया जिससे बिंयां पैर क्षतिग्रस्त हो गया। तत्काली उसे टेम्पो से अकबरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने सदर अस्पताल भेजा है।स्थानीय लोगों के पीछा किये जाने के बाद चालक पुरैनी मोङ के पास वाहन छोड़ फरार होने में सफल रहा। सूचना गोविन्दपुर पुलिस को दी गयी है।

जिला स्तरीय भूमि विवाद शिविर 21 को

नवादा : यश पाल मीणा जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक डीएस सावलाराम द्वारा संयुक्त रूप से 21 फरवरी 2022 (सोमवार) को 11ः00 बजे पूर्वा0 में समाहरणालय परिसर में जिला स्तरीय भूमि विवाद निवारण शिविर का आयोजन किया जायेगा। जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर उमेश कुमार भारती द्वारा इस शिविर में विधि-व्यवस्था संधारण हेतु दो स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को निदेश दिया गया है कि उक्त तिथि को 10ः00 बजे पूर्वा0 में अपने निर्धारित स्थल पर उपस्थित होकर शांतिपूर्ण विधि-व्यवस्था संधारण हेतु अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवादा सदर को निर्देश दिया गया है कि प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के साथ निर्धारित तिथि को पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल, महिला बल प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे। जिलेवासियों के लिए यह सुनहरा मौका है कि, अबतक भूमि विवाद का समस्या समाधान नहीं हुआ है, वे इस शिविर में लेकर अवश्य आएं समाधान के लिए हर संभव कदम उठाया जायेगा।

दिव्यांग शिविर का आयोजन 19 से 24 तक

नवादा : जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय, बिहार पटना के निर्देश के आलोक में जिले के सभी प्रखंडों में ऑफलाइन प्रमाणिकृत दिव्यांगजनों का न्क्प्क् कार्ड बनाने हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया जाना है। यश पाल मीणा जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि आजादी का अमृत महोत्सव समारोह के मद्देनजर अगस्त 2022 तक सभी प्रमाणीकृत दिव्यांगजनों को शत्-प्रतित यूडीआईडी देने का लक्ष्य रखा गया है। जिसको लेकर दिनांक 19.02.2022 से 24.02.2022 तक की तिथि निर्धारित की गई है।

नवादा सदर प्रखंड हेतु दिनांक 19.02.2022 को नवादा प्रखंड कार्यालय परिसर में शिविर का आयोजन किया जायेगा। इसी प्रकार प्रखंड नारदीगंज, हिसुआ, काशीचक, वारिसलीगंज, कौआकोल तथा पकरीबरावां हेतु दिनांक 21.02.2022 एवं 22.02.2022 को बुनियाद केन्द्र हिसुआ (नवादा) कार्यालय परिसर में तथा प्रखंड रोह, रजौली, अकबरपुर, सिरदला, गोविन्दपुर, नरहट तथा मेसकौर हेतु दिनांक 23.02.2022 एवं 24.02.2022 को बुनियाद केन्द्र रजौली (नवादा) कार्यालय परिसर में ऑफलाइन प्रमाणिकृत दिव्यांगजनों का यूडीआईडी कार्ड बनाने हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।

यूडीआईडी कार्ड बनाने हेतु आवयक दस्तावेज यथा – दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आवासीय प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, फोटो एवं उनकी विवरणी दिव्यांगजनों से प्राप्त किये जायेंगे। आवासीय एवं पहचान से संबंधित भारत सरकार/बिहार सरकार द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र यथा-मतदाता पहचान पत्र, विद्यालय पहचान पत्र, राशन कार्ड, ड्राईविंग लाईसेंस, आधार, पैन कार्ड, बैंक पासबुक इत्यादि अथवा किसी सक्षम पदाधिकारी द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र मान्य होंगे। शिविर में प्रमाणीकृत दिव्यांगजनों के यूडीआईडी बनाने हेतु वांछित दस्तावेजों का सत्यापन शिविर में प्रतिनियुक्त चिकित्सा पदाधिकारी, सहायक निदेक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, नवादा द्वारा किया जायेगा।

यूडीआईडी बनाने हेतु अंतिम रूप से पोर्टल पर ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन किया जायेगा जिसके लिए प्रति लाभार्थी शुल्क दस रूपये निर्धारित है। वैसे प्रमाणीकृत दिव्यांगजन जो शिविर में आने में असमर्थ हैं, उनका आवेदन विकास मित्र द्वारा जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, नवादा में समर्पित किया जायेगा। शिविर का समय पूर्वा0 10ः00 बजे से अप0 05ः00 बजे तक होगा। शिविर स्थल पर कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here