13 फ़रवरी : मधुबनी की मुख्य खबरें

0
swatva samachar

बिस्फी के नए थाना प्रभारी आर के राय ने किया पदभार ग्रहण

मधुबनी : जिले के बिस्फी थाना अध्यक्ष के रूप में राज कुमार राय ने अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के पश्चात उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि थाना क्षेत्र में विधि व्यवस्था संधारण करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी, जिससे कि लोग अमन चैन से रह सके।

उन्होंने कहा कि शराब बंदी कानून को अक्षरसः लागू करना व अपराधियों पर नकेल कसना मेरी पहली प्राथमिकता में से एक होगी। इस हेतु उन्होंने लोगों एवं मीडिया से समन्वय स्थापित करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि पुलिस का पहला कर्तव्य होता है कि क्षेत्र में अमन चैन स्थापित करना, जिससे कि लोग सही से अपना जीवन व्यतीत कर सके। नव पदस्थापित थाना अध्यक्ष राजकुमार राय ने बताया कि क्राइम मुक्त क्षेत्र बनाने के लिए मेरी प्रयास रहेगी।

swatva

वही मौजूद लोगों ने निवर्तमान थाना अध्यक्ष संजय कुमार के द्वारा उनके कार्यकाल में किये गए कार्य को काफी सराहा। इस मौके पर निवर्तमान थाना अध्यक्ष संजय कुमार, एसआई सुभाष सिंह, माया शंकर सिंह, महेश सिंह, राहुल कुमार, एएसआई रबिन्द्र चौधरी, सुरेश चौधरी, हरिंदर राय, उदय सिंह सहित पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

नव निर्माण संकल्प सम्मेलन का आयोजन, चार बार मुखिया पद को सुशोभित कर चुके गुणानंद यादव लड़ेंगे मेयर पद पर चुनाव

मधुबनी : नगर के सहुआ वास्तु बिहार के सामने रविवार को नगर क्षेत्र के जागरूक नागरिकों व बुद्धिजीवियों के साथ मधुबनी नवनिर्माण संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर को नगर परिषद से नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद स्वच्छ व सुविधा युक्त शहर बनाने को लेकर नव निर्माण करने का संकल्प लेने को लेकर हजारों लोगों के साथ संकल्प लिया गया। यह संकल्प सम्मेलन प्रसिद्ध समाजसेवी सह पूर्व बसुआड़ा पंचायत के मुखिया गुणानंद यादव के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रसिद्ध समाजसेवी व पूर्व मुखिया गुणानंद यादव ने कहा कि अपने शहर को नगर निगम का दर्जा मिला है। अब इसे बिहार के गौरव व मिथिला क्षेत्र की हदय स्थली बनाने का समय है। अपने नगर को स्वक्ष्ता, सुन्दरता और विकास के पैमाने पर राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ-साथ एक सुव्यवस्थित शहर के निर्माण का संकल्प लिया गया है।

अगर नगर के लोगों कि ओर से हमें मेयर पद के लिय बुलाया जाएगा तो हम शहर को हर समस्या से मुक्ति दिलाते हुए सुन्दर व सुविधा युक्त शहर बनाने का कार्य करेंगे। इसको लेकर हमनें शहर के लिए अभिशाप बन चुकी जाम कि समस्या, जल निकासी, वाहनों के लिए पार्किग, ऑटो व रिक्सा के लिए स्थायी स्टैण्ड का निर्माण, कर टैक्स प्रणाली को सहज व पारदर्शी तरीके से लागू कराने, नगर निगम क्षेत्र में नए रोजगार का श्रृजन कर बेराेजगारी की समस्या दूर करने, नगर प्रशासन में व्याप्त भ्रष्ट्राचार को दूर कर जन-जीवन को सुलभ बनाने, सरकार को जन सरोकारों के प्रति उत्तरदायी बनाने के साथ-साथ ऐसे तमाम समस्या को दूर करने का निर्णय व प्लान तैयार किया है।

अगर नगर के जनता कि ओर से हमें मेयर चुना जाता है, तो हम हरहाल में एक आदर्श व विकसित शहर बनाने का कार्य करेंगे। इस कार्यक्रम में उपस्थित हजारों नगर के नागरिकों व बुद्धिजीवियों प्रसिद्ध समाजसेवी गुणानंद यादव जैसे समर्पित समाजसेवी व चिंतनशील राजनेता को अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी की बात कही। इस मौके पर अपने संबोधन में गुणानंद यादव ने कहा कि मैं पिछले दो दशक से अधिक समय से समाज सेवा का कार्य कर रहा हुं।

आगे भी आजीवन लोगों की सेवा में ही जीवन बिताने का संकल्प है। लोगों के कहने पर आगे का निर्णय लूगा। इस कार्यक्रम में विरेन्द्र कुमार निधि, रत्नेश्वर यादव, संजीत भंडारी, छेदी राम, सुरेन्द्र यादव, मनी देवी, साधना देवी, टिंकू चौधरी, फखरूल इसलाम, मुन्ना, जावेद आलम, सुरेन्द्र दास सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहें।

प्रेम प्रसंग में महिला की संदेहास्पद मौत, प्रेमी युगल से विडियो कॉलिंग में बातचीत के दौरान लगायी फांसी, प्रेमी युगल को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मधुबनी : जिले के हरलाखी प्रखंड के खिरहर थाना क्षेत्र के पहरा गांव में एक महिला की संदेहास्पद मौत हो गयी है। वहीं घटना स्थल से पुलिस ने कथित प्रेमी युवक को गिरफ्तार की है। मृतिका की पहचान मो० शकील राईन की करीब 22 वर्षीय पत्नी हबीला खातुन के रूप में किया गया है। वहीं गिरफ्तार युवक की पहचान हरलाखी थाना क्षेत्र के बेता परसा गांव निवासी मो० सलाउद्दीन के करीब 20 वर्षीय पुत्र मो० ईरफान के रूप में बताया गया है।

मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। पुलिस के पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने बताया कि उक्त महिला की शादी से पहले से ही हम दोनों एक दूसरे से प्यार करते थे। उसके बाद करीब तीन साल पहले मृतिका की शादी पहरा गांव में हो गयी, लेकिन दोनों के बीच दूरी नही बन सका और एक दूसरे के साथ चोरी छुपे प्यार करते आ रहे थे। इसी बीच शनिवार की रात करीब दस बजे उक्त युवक और महिला के बीच विडियो कालिंग से बात हो रही थी।

इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी होने लगा, जिसके बाद महिला ने फांसी लगकर जान देने की धमकी देकर मोबाईल को कमरे में ही एक जगह पर रख दी। उसके बाद वे दोपटा से फांसी लगाने लगी। चूंकि विडियो कॉलिंग चालू था, इसलिए महिला को फांसी लगाने का दृश्य को देख युवक हतास हो गया और आनन फानन में बाइक चलाकर रात में ही उक्त महिला के घर पहुंच कर खुली खिड़की के रास्ते घर में प्रवेश किया, तो देखा कि फांसी से लटकी उक्त महिला की मौत हो गयी थी, जिसे देख युवक फूटफूट कर रोने लगा।

इधर प्रेमी युवक की रोने का आवाज सुनकर मृतिका की दियादनी को लगा कि घर में चोर घुस आया है। फिर उन्होंने चोर- चोर की चीख पुकार करने लगी, जिसके बाद ग्रामीण जुटे तो देखा कि युवक शव के पास विलाप करते हुए खुद भी आत्महत्या का प्रयास कर रहे थे। ग्रामीणों ने उक्त युवक को पकड़ कर बाहर निकाला और बिजली के खंभे से बांधकर जमकर पिटाई की। इधर घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और रात में ही उक्त युवक को हिरासत में ले लिया गया।

सुबह पुलिस मृतिका की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दी। मृतिका के पति प्रदेश में है, तथा उनका डेढ़ वर्ष का एक पुत्र भी है। इधर घटना को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं हो रही है। वहीं युवक के पास से पुलिस ने एक मोबाईल जब्त की है, जिसमें युवक ने घटना से पहले विडियो कॉलिंग के जरिए हुई महिला के साथ बातचीत व फांसी लगने तक का करीब 35 मिनट का स्क्रीन रिकॉर्डिंग है।इस बाबत थानाध्यक्ष अंजेश कुमार ने बताया कि महिला के परिजन के बयान पर प्राथमिकी दर्ज के बाद गिरफ्तार युवक को जेल भेजा जाएगा।

हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त लोगों के लिए वरदान बना ट्रॉमा सेंटर :- संजय झा (मंत्री,बिहार सरकार)

मधुबनी : जिले में रविवार को बिहार सरकार के मंत्री संजय झा ने अररिया-संग्राम में एनएच-57 के किनारे नवनिर्मित ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन किया। उनके साथ मधुबनी के जिलाधिकारी अमित कुमार एवं सिविल सर्जन सुनील कुमार झा भी थे। उद्घाटन के बाद मंत्री ने कहा कि इस अस्पताल में डॉक्टर सहित कुल 73 पदों की स्वीकृति कैबिनेट से मिल चुकी है। जिले का पहला ऑक्सीजन गैस प्लान्ट अब चालू हो गया है।

हाईवे पर किसी भी दुर्घटना में घायल व्यक्ति को न्यूनतम समय में इलाज की सुविधा मिले, इसे ध्यान में रखकर मैंने और मेरे रिश्तेदारों ने यह ज़मीन दान में दिया, जिस पर सरकार द्वारा यह ट्रॉमा सेंटर बनाया गया है। आम लोगों को भी इससे इलाज में काफी सुविधा मिलेगी। कुल 55 बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा, साथ ही हम यह भी प्रयास करेंगे कि यहाँ से ऑक्सीजन लेकर जिला के दूसरे अस्पतालों में भी आपूर्त्ति हो सके।

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी के कॉमरेड राजेन्द्र नारायण ठाकुर को किया गया सम्मानित

मधुबनी : भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी जिला सचिव कॉमरेड मनोज कुमार यादव के नेवतृत्व में पूर्व राज्य कमिटी सदस्य कॉमरेड रामजी यादव, जिला कमिटी सदस्य सुनील कुमार मिश्र, शशिभूषण प्रसाद, बाबूलाल महतो, कुमार राणा प्रताप सिंह ने कॉमरेड राजेन्द्र नारायण ठाकुर घोरबकी के आवास पर पहुच उन्हें मिथिला के रीति रिवाज के अनुसार उन्हें पार्टी के जिला मंत्री कॉमरेड मनोज कुमार यादव ने पाग दोपट्टा के साथ सम्मानित किया, साथ ही स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने बताया कि मधुबनी जिला के संस्थापक सदस्य में से एक रहे है, वे अपने संघर्ष के बदौलत मधुबनी जिला के कोने कोने में पार्टी विस्तार के लिए जन सगठनों को मजबूत कर गरीब गुरबों को बसाने का काम किया है। वे पार्टी के एक वफादार सिपाही के तौर पर काम किए है, पर आज वे बीमार होने के बाबजूद पार्टी साथियों के हरेक गतिविधियों पर नजर बनाए हुए रहते है। हमेशा पार्टी विस्तार के लिए साथियों को प्रेरित किया करते रहते हैं।

मधुबनी के यूनिवर्स कोचिंग सेन्टर में मैट्रिक के छात्रो के लिए विदाई समारोह का आयोजन

मधुबनी : नगर के गांधी चौक पर स्थित युनिवर्स कोचिंग सेंटर में मैट्रिक के छात्रों का विदाई समारोह आयोजित किया गया। विदाई के मौके पर संस्थान के शिक्षक व छात्र-छात्राएँ भावुक दिखे। इस अवसर पर पूर्व में आयोजित मेगा टेस्ट सीरीज का रिजल्ट जारी किया गया। जिसमें प्रथम स्थान, रौशन कुमार, पंकज कुमार, साक्षी कुमारी, द्वितीय स्थान पर नितेश कुमार व आयशा निगार, वहीं, तृतीय स्थान पर पवन सिंघानिया, अनिकेत कुमार व सोनी कुमारी ने प्राप्त किया। टेस्ट में सफल सभी छात्र-छात्राओं को पुरूष्कृत किया गया।

इस अवसर पर सूड़ी युवा शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह समाजसेवी प्रहलाद पूर्वे, मधुबनी नगर निगम के डिप्टी मेयर भावी प्रत्याशी काजोल पूर्वे व संस्थान के निदेशक बब्लु राउत, शिक्षक राजकुमार प्रसाद, लालबाबू, सन्नी राज, फेकनाथ झा, आयुश कुमार, राधा कुमारी, स्वाति कुमारी, आरती कुमारी, पवन कापड़ी (जीनियस कामर्स क्लासेज), शेष नारायण (डा. कुमार इंफोटेक), मनोज कुमार (कंपीटिटीव जोन), ओ.पी. गुप्ता(ओ.पी.गुप्ता कामर्स क्लासेज), जी.के. साह (माडर्न इंग्लिश क्लासेज), एस. प्रकाश (लिंगुआ फ्रैंका), राजु इंजीनियर(मैथ्स क्लासेज), रिषीकेष कर्ण(करण केमेस्ट्री क्लासेज), मुनिँद्र कुमार (फिजिक्स क्लासेज), सचिन मुरारका(ज्ञानालय क्लासेज), एस. के ठाकुर (प्रतिभा इंग्लिश क्लासेज), एस. के. सिंह (इंग्लिश क्लासेज) सहित कई अन्य शिक्षकों ने उपस्थित होकर बच्चों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दी।

वहीं इस मौके पर संस्थान के निदेशक बब्लु राउत ने कहा कि विगत् 15 वर्षों से इस संस्थान के बच्चे बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करते रहे हैं, व आगामी परीक्षा में भी संस्थान के गुरूजनों के बेहतर मार्गदर्शन में सफलता का परचम लहराते रहेंगे।

राजद ने शुरू किया राष्ट्रीय सदस्यता अभियान, एक करोड़ सदस्य बनाने का है लक्ष्य

मधुबनी : जिला में नगर से राजद विधायक समीर कुमार महासेठ ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर उनके निजी आवास पर पार्टी सदस्यता अभियान चलाया गया, जिसमें आज के दिन सैकड़ों लोगों को विधायक ने अपने माध्यम से लोगों ने राजद की सदस्यता ग्रहण करवाई।सदस्यता अभियान कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक ने खुद की। इस मौके पर सदस्यता अभियान का शुभारंभ करते हुए नगर विधायक समीर कुमार महासेठ ने कहा कि उनकी पार्टी, राजद की नीति व सिंद्धान्त, महात्मा गांधी, राम मनोहर लोहिया के विचारों को मानने वाली पार्टी है।

उन्होंने कहा कि आज से राजद के सदस्यता अभियान की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष के हाथों से हो गया है, जिसमें मधुबनी विधानसभा के प्रत्येक पंचायत, वार्ड एवं बूथ से लेकर पूरे जिले में युद्ध स्तर तक समाज के सभी वर्गों को वर्ष 2022 से 2025 तक के लिए बिहार के सभी जिलों में मधुबनी को अव्वल दर्जे पर लाना है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया गया है, जो आगामी जुलाई तक चलेगा। इसके बाद सांगठनिक ढाचों की अधिसूचना जारी होगी।

मौके पर तय किया गया कि सदस्यता अभियान को जिले से लेकर प्रखंड, पंचायत, वार्ड व बूथ स्तर तक धारदार बनाने को लेकर पार्टी के कार्यकर्ता जमीनी स्तर से जुड़कर इस कार्य को करेंगें। मधुबनी विधानसभा के विभिन्न प्रखंड में बूथ को केन्द्र बिंदु मानकर सदस्यता शिविर का आयोजन किया जाएगा। एक बूथ पर 75 प्राथमिक सदस्य तथा अनिवार्य रूप से तीन क्रियाशिल सदस्य बनाये जाएंगे। इस दौरान कई शीर्ष नेताओं सहित अन्य दर्जनों कार्यकर्ता मौजुद थे।

वार्ड सदस्य संघ ने उप-मुखिया के निधन पर जताया शोक

मधुबनी : जिले के खजौली प्रखंड के दतुआर पंचायत के उप-मुखिया सोनू कुमार सिंह के निधन पर प्रखंड वार्ड सदस्य संघ द्वारा रविवार को स्थानीय मध्य विद्यालय खजौली के प्रांगण में एक शोकसभा का आयोजन किया गया।

संघ के पूर्व सचिव संतोष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शोकसभा में उपस्थित वार्ड सदस्यों एवं जन प्रतिनिधियों ने दो मिनट का मौन रख मृतक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही उपस्थित जन प्रतिनिधियों ने उप मुखिया स्व. सिंह के मौत की निष्पक्ष जांच की मांग भी प्रशासन से की।

इस मौके पर उप मुखिया सुबोध कुमार श्रीवास्तव, भरत कुमार यादव, उपेन्द्र सिंह, रोहित यादव, शैलेन्द्र कुमार झा, राजदेव पासवान, सुरेश प्रसाद, राजेश कुमार भंडारी, मो० कलाम एवं अन्य कई लोग उपस्थित थे।

सुमित कुमार की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here