12 जनवरी : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

पिता ने पुत्र को मारी गोली

आरा : भोजपुर जिले में बिहिया थानान्तर्गत वरुणा गाँव में पिता ने आज सुबह अपने ही पुत्र को गोली मार जख्मी कर दिया। उसका इलाज आरा शहर के निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। जख्मी युवक बिहिया थानान्तर्गत बरुणा गांव निवासी अभिमन्यु सिंह का 20 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार सिंह है।

शिवम कुमार सिंह ने बताया कि आज सुबह वह बाइक से ट्यूशन पढ़ने जा रहा था तभी वरुणा गांव स्थित पोखरा के समीप एक बाइक पर सवार दो हथियारबंद लोग आ धमके और उसे पीठ में पीछे से गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसके बाद उसे इलाज के लिए शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया। दूसरी तरफ पुलिस सूत्रों के अनुसार युवक को उसके पिता ने ही गोली मारी है। हालांकि जख्मी को उसके पिता ने क्यों गोली मारी, इसका कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

swatva

बिहिया थाना इंचार्ज शशि भूषण कुमार घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन कर रहे हैं| थानाध्यक्ष ने बताया कि बाप-बेटे के बीच किसी कारण आज सुबह विवाद हुआ था। जिसके बाद उसके पिता ने उसे गोली मार दी है।

धरहरा गांव के पास सड़क हादसे में एक की मौत चार जख्मी

आरा : भोजपुर जिले के बिहिया चौरास्ता-बिहटा स्टेट हाईवे 102 पर बिहिया थानान्तर्गत धरहरा गांव के समीप मंगलवार की देर शाम ट्रक, ट्रैक्टर व ऑटो की टक्कर में 30 वर्षीय एक युवक की मौके पर हीं मौत हो गयी तथा 4 अन्य लोग जख्मी हो गये। मृतक युवक की पहचान नहीं हो पायी है। तीन जख्मी लोगों में बक्सर जिला के लालाचक गांव निवासी भुअर यादव व इटाढ़ी थानान्तर्गत सिंहवटना गांव निवासी जज यादव और रोहतास जिला के दहीगना निवासी संजय कुमार सिंह शामिल हैं|

जख्मियों का निजी क्लिनिक में इलाज कराया जा रहा है जबकि गंभीर रूप से जख्मी ट्रैक्टर के चालक जगदीशपुर थानान्तर्गत खदरा गांव निवासी नागा यादव के पुत्र टुनटुन यादव का बिहिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल आरा रेफर कर दिया गया है।

बिहिया थानान्ध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार की देर शाम बिहिया से चौरास्ता की तरफ जा रहे ट्रक ने धरहरा गांव के समीप सड़क किनारे खड़े धरहरा निवासी तुफानी राम उर्फ भुअर के खाली ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो में टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ने चौरास्ता की तरफ से बिहिया की ओर जा रहे धान लदे ट्रैक्टर में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।ट्रक व ट्रैक्टर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गये तथा ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया व उसका चक्का टूटकर सड़क पर जा गिरा।

इस दौरान ट्रक ने सड़क किनारे स्थित दोघरा निवासी सत्यनारायण शर्मा की गुमटीनुमा दुकान भी तोड़ दिया।हादसे के बाद ट्रक चालक व खलासी मौके से फरार हो गये। घटना में मृतक व जख्मी चारों लोग ट्रैक्टर पर हीं सवार थे। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गयी और घायलों को निकालकर अस्पताल भेजवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया| साथ ही सड़क पर से वाहनों के मलबे को हटवा कर यातायात बहाल करवाया|

देर रात पार्टी मनाकर दोस्तों के संग लौट रहा था युवक, बदमाशों ने मारी गोली

आरा : भोजपुर जिले के तरारी थानान्तर्गत कोसडीहरा नहर रोड पर सेदहां गांव के पास देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार कर जख्मी कर दिया जिसे बिक्रमगंज के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है| जख्मी सेदहां गांव निवासी कृष्ण रंजन सिंह का 18 वर्षीय पुत्र निखिल कुमार है।

तरारी थानान्ध्यक्ष ने बताया कि निखिल कुमार अपने दोस्तों के साथ पार्टी में बगल के गांव बक्संडा गया था। रात करीब साढ़े दस बजे तीनों बाइक से गांव लौट रहे थे। उस दौरान कोसडीहरा नहर रोड पर सेदहां से कुछ पहले बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधी खड़े थे। बदमाशों की बाइक खड़ी थी और इंडिकेटर जल रहा था। नजदीक पहुंचने पर अपराधियों ने तीनों दोस्तों को रोकने का इशारा किया। इस पर बाइक सवार तीनों दोस्त तेजी से भागने लगे। तभी बदमाशों ने गोली चला दी, जो पीछे बैठे निखिल के पीठ में जा लगी। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।

पीरो एसडीपीओ राहुल सिंह ने बताया कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है। गोली मारने वालों की पहचान की कोशिश की जा रही है। धरपकड़ के लिये छापेमारी भी की जा रही है। जल्द ही मामला क्लीयर हो जायेगा। पर अभी तक इस मामले में आवेदन नहीं दिया गया है।

बताया जा रहा है कि निखिल के दोस्तों को गोली लगने की भनक नहीं लगी। अपराधियों द्वारा रोके जाने के बाद उसके दोस्तों ने बाइक नहीं रोकी और करीब आधे किलोमीटर दूरी तय कर सेदहां गांव पहुंच गये। गांव पहुंचने और बाइक से उतरने के बाद निखिल जमीन पर गिर तड़पने लगा।

तब दोस्तों को गोली लगने की जानकारी हुई और जख्मी के परिजनों को सूचना दी गयी तथा उसे बिक्रमगंज के करुणा अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों ने ऑपरेशन कर युवक के सीने से बुलेट को बाहर निकाली। हांलाकि जख्मी की अभी भी स्थिति गंभीर बनी है। इधर, सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद पहुंचे और युवक के दोस्तों से घटना के बारे में पूछताछ की।

तरारी थाना क्षेत्र के सेदहां और आसपास का इलाका अपराधियों के लिये सेफ बनता जा रहा है। महज 13 दिनों में सेदहां के समीप दो लोगों को गोली मार दी गयी। बता दें 29 दिसंबर को भी सेदहां के समीप दिनदहाड़े लूट के दौरान अपराधियों ने बंधन बैंक के एक कर्मी की गोली मार कर हत्या की थी। पुलिस अभी बैक कर्मी की हत्या के मामले का खुलासा करने में जुटी थी कि रात उसी गांव के समीप बाइक सवार युवक को गोली मार दी गयी। एसडीपीओ ने बताया कि इस इलाके में गश्त बढ़ा दी गयी है। थानेदार को खुद पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया है। वह खुद रात में निकल रहे हैं।

भारत माता की आराधना का संदेश दिया स्वामी विवेकानंद ने

आरा : स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय जनसंघ के तत्त्वावधान में ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें देश के प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जनसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य भारतभूषण पाण्डेय ने कहा कि भारत माता की चैतन्य मूर्ति का दर्शन स्वामी विवेकानंद जी ने किया था। उन्होंने भारतीय मनीषा और अद्वैत वेदांत के प्रकाश से न केवल विश्व को चमत्कृत कर दिया था बल्कि आत्मा की अमरता, स्वतंत्रता और समानता के विज्ञान से देश की आजादी का मार्ग भी प्रशस्त कर दिया था।

जनसंघ अध्यक्ष ने कहा कि स्वामी जी के आदर्शों पर भारत माता की उपासना करने वाला दल एकमात्र जनसंघ ही है। उन्होंने कहा कि राजनीति देश की एकता-अखण्डता, सेवा और सुरक्षा के लिए होती है न कि सत्ता-सुविधा-स्वार्थलिप्सा के लिए। प्रदेशों में चुनावों की घोषणा के बाद मची भगदड़ सिद्धांत विहीन सत्ता के भूखे भेड़ियों की दौड़ है। राजनीति की इस विकृति को दूर कर तथा इसे राष्ट्र देवता की पूजा बना कर स्वामी विवेकानंद जी के सपनों के भारत को प्रकट किया जा सकता है। आचार्य पाण्डेय ने कहा कि युवा शक्ति ब्रह्मचर्य, स्वाध्याय, स्वावलम्बन, सेवा और समर्पण के द्वारा देश को वैभव के शिखर पर और विश्व को शांति के मार्ग पर ले जा सकते हैं।

नई पीढ़ी स्वामी विवेकानंद के जीवन-दर्शन से परिचित और प्रेरित हो इसकी पूरी व्यवस्था करनी है। कार्यक्रम में स्वागत भाषण अंजनी तिवारी (काशी), संचालन जगदीश शास्त्री (मुम्बई) और धन्यवाद ज्ञापन देश कुमार कौशिक (दिल्ली) ने किया। वक्ताओं में विभावसु शर्मा (हैदराबाद), प्रमोद सोती (दिल्ली), अनिल शर्मा (जयपुर), दिनेश जिन्दल (कुरुक्षेत्र),मधेश्वर नाथ पाण्डेय (आरा),घनश्याम पाण्डेय एवं सतीश कुमार (प्रयागराज) अरविंद सहाय,विनोद श्रीवास्तव,मृत्युंजय शुक्ल (गोंडा) आदि प्रमुख थे।

राजीव एन अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here