03 जनवरी : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

अपराधियों ने ट्रक चालक को मारी गोली

आरा : भोजपुर जिले के आरा-छपरा फोरलेन पर बड़हरा थानान्तर्गत बबूरा पुल स्थित ब्राडसन कंपनी के चेक पोस्ट के समीप रविवार की मध्य रात्रि बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने लूट के दौरान वैशाली के ट्रक चालक को गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जख्मी ट्रक चालक वैशाली जिले के गुरौल थानान्तर्गत गुरौल गांव निवासी रामेश्वर सहनी का 22 वर्षीय पुत्र मुन्ना सहनी है। ट्रक मालिक शहनवाज अंसारी ने बताया कि चालक चांदी थानान्तर्गत जलपुरा गांव स्थित महाबलीपुर बालू खदान से ट्रक पर बालू लोड कर हाजीपुर जा रहा था।

swatva

इसी बीच बड़हरा थानान्तर्गत बबूरा पुल स्थित ब्राडसन कंपनी के चेक पोस्ट के समीप अपाची बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधी आ धमके और ट्रक चालक से पैसे और मोबाइल लूटने लगे। विरोध करने पर उन्होंने उसे गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन कर रहा है।

महिला अत्याचार रोकने और न्याय दिलाने को काम करेगा महिला डेस्क

आरा : भोजपुर एसपी विनय तिवारी ने महिला थाने के नए भवन का उदघाटन करते हुए कहा कि जिले भर में महिला पर होने वाले अत्याचार रोकने और न्याय दिलाने के लिये महिला डेस्क काम करेगा। उन्होंने कहा कि महिला डेस्क के साथ थाना इंचार्ज सहित पूरी टीम हमेशा काम करेगी। जिले भर की महिलायें अपनी किसी भी समस्या की शिकायत दर्ज करा सकती है।

जांच करने के बाद उसका त्वरित निष्पादन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि महिला थाना के स्टाफ को लॉ एंड आर्डर की डयूटी नहीं लगाया जाता है। ऐसे में शिकायत दर्ज कराने वाली महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने पर ही पूरा फोकस रहेगा। इसे लेकर थानाध्यक्ष सहित अन्य अफसरों को निर्देश भी दिया गया है।

नये थाना भवन के उद्घाटन के मौके पर नारी सम्मान के साथ महिला सशक्तिकरण की झलक देखने को मिली। उद्घाटन के बाद एसपी ने घूम-घूमकर पूरे थाना भवन को देखा। इस असवर पर एएसपी हिमांशु, हेड क्वार्टर डीएसपी विनोद कुमार, मेजर रामविलास चौधरी, नवादा थाना इंचार्ज अविनाश कुमार और महिला थाना इंचार्ज लक्ष्मी पटेल समेत अन्य अफसर मौजूद थे।

आरा सदर अस्पताल के उपाधीक्षक बने डॉ. अरुण कुमार

आरा : असैनिक शल्य सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रामप्रीत सिंह ने आरा सदर अस्पताल के कार्यों के सुचारू रूप से संचालन हेतू चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार को उपाधीक्षक बनाया गया है। उन्हें पत्र निर्गत की तिथि से अगले आदेश तक के लिए सदर अस्पताल का उपाधीक्षक घोषित किया गया है।

सिविल सर्जन द्वारा दिए गए आदेश में डॉ. अरुण कुमार चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे अविलंब उपाधीक्षक सदर अस्पताल आरा के रूप में प्रशासनिक एवं अस्पताल के कार्यों का निष्पादन करना सुनिश्चित करें। डॉ. अरुण कुमार के सदर अस्पताल के उपाधीक्षक बनाए जाने पर लोगों में हर्ष का माहौल है। कई लोगों ने उन्हें बधाइयां दी है।

विदित रहें भोजपुर के नये सिविल सर्जन डॉ. रामप्रीत सिंह ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में पदभार ग्रहण किया था। निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. एलपी झा की जगह पर उनकी नियुक्ति हुयी है। भोजपुर के सिविल सर्जन बनने से पूर्व वे लखीसराय में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के पद पर तैनात थे। मुंगेर में चिकित्सा पदाधिकारी के पद पर कार्य कर चुके है।

राजीव एन अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here