01 जनवरी : नवादा की मुख्य खबरें

0

उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ने हंडिया गांव स्थित ऐतिहासिक व द्वापरकालीन सूर्यमंदिर में किया पूजा अर्चना

नवादा : पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संजय करोल शुक्रवार को जिले के ऐतिहासिक व द्वापरकालीन हंडिया गांव सूर्यमंदिर में आगमन हुआ। वे तकरीबन 2 बजे दोपहर में अपने परिवार सहित मंदिर परिसर पहुंचे। मंदिर के निकट विशाल सरोबर में पावनता के साथ हाथ पैर धोकर मंदिर की ओर उनका पग बढा,और परिवार के साथ मंदिर के गर्भगृह में जाकर भगवान भास्कर की प्रतिमा का दर्शन किया। तत्पश्चात तकरीबन आधे घंटे तक विधिवत पूजा अर्चना किया।

मौके पर मंदिर के पुजारी गिरिज बिहारी पांडेय,अरविन्द पाण्डेय,विवेकानंद पाण्डेय ने पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश संजय करोल व उनके परिवार को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान सूर्यदेव नारायण का पूजा अर्चना कराया ,तदोपरांत मंदिर की महता व पौराणिक गाथा के विषय में विस्तृत जानकारी दिया।

swatva

मंदिर में पूजा अर्चना के बाद मुख्य न्यायाधीश व उनके परिवार काफी प्रफुल्लित हुए। मंदिर के चारों ओर परिक्रमा कर एक एक चीजें को बारिकी से देखा । मंदिर के चारों ओर स्वच्छता व सुन्दरता को देखकर न्यायमूर्ति करोल का मन प्रसन्न हो गया,और उपस्थित ग्रामीणों की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए कहा की काफी रमणीक स्थल पर मंदिर है,और पर्यटक स्थल भी है। इसे विकसीत करने की जरूरत है। उन्होंने मंदिर में भगवान सूर्यदेव का दर्शन करने के लिए पुन: आने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया। इस दौरान मुख्य न्यायधीश ने पूजा अर्चना के उपरांत प्रसाद वितरण किया।

उन्होंने कई स्कूली छात्रों को प्रसाद व नगद राशि 10 रूपये देकर पढ़ लिखकर अच्छे इंसान बनने की नसीहत दी। बच्चों ने भी पढकर अच्छा बनने का आश्वासन दिया। मौके पर ग्रामीणों ने मुख्य न्यायाधीश को अंग वस्त्र,बुके देकर सम्मानित किया।

बताया गया कि यह मंदिर ऐतिहासिक व द्वापरकालीन मंदिर है। मान्यता है कि इस मंदिर में सच्चे मन से पूजा अर्चना करने वाले याचक की सभी मन्नतें पूरी होती है। मंदिर के निकट विशाल सरोवर है,इस सरोवर में स्नान करने वाले को कुष्ठ रोग समेत अन्य चर्म रोग से मुक्ति मिलती है।

किवदंतियां है कि मगध सम्राट जरासंध की पुत्री धन्यावती प्रतिदिन इस सरोवर में स्नानकर भगवान भास्कर की पूजा अर्चना करती थी। तत्पश्चात ऐतिहासिक व द्वापरकालीन धनियावां पहाड़ी स्थित अपने अराध्यदेव भगवान महादेव की पूजा अर्चना करने के लिए जाया करती थी। कार्तिक व चैती छठपूजा के अवसर पर गांव के अलावा आसपास के साथ दूसरे प्रदेश के लोग भगवान भास्कर की पूजा अर्चना करने के साथ अर्ध्यदान करने के लिए आते है।

ऐसे प्रत्येक रविवार को पूजा अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओ की भीड़ बनी रहती है मौके पर उनके सुरक्षा में जगह जगह पुलिस पदाधिकारी तैनात रहें। इस दौरान जिला जज रामनारायण सेवक पांडेय,सीजीएम अविनाश कुमार,बीडीओ अमरेश कुमार मिश्र,सीओ अमिता सिन्हा,बीएओ अमरनाथ मिश्र,थानाध्यक्ष मोहन कुमार समेत अन्य कर्मी व पुलिसबल मौजूद रहें।

पूर्व जिला पार्षद कृष्णदेव सिंह व अन्य ग्रामीणों ने आये हुए अतिथिओं का भव्य स्वागत किया। मौके पर नाजीर जैकी हैदर अली,पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विपिन कुमार, अधिवक्ता अरविन्द कुमार शर्मा, पूर्व मुखिया प्रमोद कुमार, उपमुखिया संतोष कुमार,अनुप कुमार सिंन्हा, अनिल सिंह समेत काफी संख्या मे गणमान्य लोंग मौजूद रहें। बता दें इसके पूर्व गुरुवार को उन्होंने काशीचक प्रखंड क्षेत्र के इन्द्रशाल गुफा व रोह प्रखंड क्षेत्र के रूपौ चामुंडा मन्दिर का दौरा कर गहन अवलोकन किया था।

डीएम ने की कोविड वैक्सिनेशन की समीक्षा

नवादा : यश पाल मीणा जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में 15 वर्ष से 18 वर्ष आयु वर्ग की किशोर और किशोरियों का कोविड-19 टीकाकरण के संबंध में समीक्षात्मक बैठक हुई। उन्होंने कहा कि कोविड-19 टीकाकरण कोरोना वायरस से बचाव का एक सशक्त माध्यम है। कोविड-19 टीकाकरण में लक्ष्य के अनुरूप जिले के नागरिकों को प्रथम एवं द्वितीय डोज से आच्छादित किया गया है। शत प्रतिशत टीकाकरण के लिए जिला प्रशासन के द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है।

वैसे किशोर/किशोरी जो 15 से 18 वर्ष के हैं अर्थात जिनका जन्म 2007 या उसके पूर्व हुआ है, इस आयु वर्ग के टीकाकरण के लिए दिनांक 01 जनवरी 2022 से कोविन पोर्टल पर उपलब्ध लाभार्थियों द्वारा ऑन लाईन पंजीकरण की सुविधा होगी। इसके साथ ही 03 जनवरी 2022 से टीकाकरण के लिए निर्धारित सत्रों में वाक् इन (भ्रमण) कर भी टीकाकरण से आच्छादित किया जायेगा। टीकाकरण के सत्रों का आयोजन प्राथमिकता के आधार पर उच्च एवं इंटरमीडिएट विद्यालय के स्तर पर किया जायेगा। भारत सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोर और किशोरियों को केवल कोवैक्सिन टीका का दो खुराक 28 दिन के अंतराल पर दिया जायेगा।

टीकाकरण के सफल संचालन के लिए प्रखंड स्तर पर सूक्ष्म कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया गया जिससे कि सभी लक्षित लाभार्थियों को आच्छादित किया जा सके। जिले के प्रत्येक प्रखंड के किसी भी एक विद्यालय में दिनांक 03 जनवरी 2022 को बृहत स्तर पर इस कार्यक्रम का शुभारम्भ किया जायेगा। विद्यालयों में टीकाकरण सत्र के आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया।

15 से 18 वर्ष के किशोर और किशोरियों की संख्या 01 लाख 83 हजार 809 है। इसमें सर्वाधिक संख्या नवादा सदर प्रखंड का 26 हजार 604 है और सबसे कम संख्या काशीचक प्रखंड का 5985 है। इसके अलावे कौशल विकास केन्द्र जिला निबंधन-सह-परार्मश केन्द्र, प्राइवेट कोचिंग संस्थान/निजी उच्च और इंटरमीडिएट विद्यालय में भी सम्पर्क करने का निर्देश दिया गया। डायट में भी अध्ययनरत किशोर/किशोरियों को टीकाकरण से आच्छादित किया जायेगा।

03 जनवरी 2022 को सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में इस कार्यक्रम का शुभारम्भ किया जायेगा। बैठक में डा निर्मला कुमारी सिविल सर्जन, अखिलेश मोहन एसीएमओ, डॉ0 अशोक कुमार डीआईओ, संजय कुमार चौधरी जिला शिक्षा पदाधिकारी, सत्येन्द्र प्रसाद डीपीआरओ, जमाल मुस्तफा डीपीओ के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी डॉक्टर एव बीएचएम आदि उपस्थित थे।

फसलों को बर्बाद कर रही नीलगाय

नवादा : जिले के नारदीगंज प्रखंड के विभिन्न गांवों के किसान रतजगा करने को विवश हैं । किसानों के खेत में रबी फसल लगी हुई है। अपनी फसल की रक्षा के लिए किसान कमर कसे हुए है क्योंकि उनके फसल को जंगली जानवार बर्बाद कर रहे है। खासकर जंगली जानवर नीलगाय से किसानों की परेशानी बढ़ी हुई है। किसानों के माध्यम से खेतों में उत्पादित फसलों को आये दिन चट कर जा रहे हैं ।

शुक्रवार की रात भी यही स्थिति बनी रही। तस्वीरें बयां कर रही है कि किस तरह झुंड के झुंड नीलगाय खेतों में उतर किसानों के उत्पादित फसल को बर्बाद कर रही है। किसान के सारे सपने चकनाचुर हो रहा है,और प्रशासन चुप्पी साधे बैठी है।

नीलगाय से निजात पाने के लिए स्थानीय किसानों ने कई दफा प्रशासन से मांग किया,लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। हालत यह है कि राजगीर की पहाड़ी व जंगल से रात के अंधेरे में झुंड के झुंड नीलगाय उतर कर गांव चले आते है,और खेत में लगी रबी फसल को बर्बाद कर दे रहे हैं । जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है । इस परिस्थिति में किसान रतजगा कर अपने खेतों में लगे फसल की रखबाली कर रहे हैं।

जंगली पशु होने के कारण किसान उसे मारने मेंं भी डरते हैं। पहाडतली के किनारे बसे गांव चौरमा,सीतारामपुर, डोहरा, मधुवन, मोतनाजे, केौरिया, बनगंगा के अलावा हंडिया, नंदपुर, पसई, दरियापुर, समेत कई गांवों के किसान परेशान है। इन सभी गांव के किसानों के खेत में लगे चना, मसूर, गेहूं के फसलों को बर्बाद कर दे रहे हैं। किसान रविन्द्र सिंह, सुरेश राजबंशी, मनोज यादव, शिवालक यादव , अजय सिंह, कृष्ण सिह, सियाशरण मांझी, रविन्द्र सिंह समेत अन्य किसानों ने समस्या का समाधान करने के लिए जिला प्रशासन से मांग किया है।

कोरोना महामारी से निजात के लिए ग्रामीणों ने किया हवन

नवादा : नवर्वष के अवसर पर शनिवार को बस्तीबिगहा बाजार स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में हवन पूजा कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणें ने कोरोना वायरस,ओमीक्रोन के नाश करने व जनकल्याण के लिए सुख,समृद्धि की कामना की। हवन पूजा के उपरांत प्रसाद का वितरण किया गया।

मौके पर श्री दुर्गा नाट्य कला परिषद के अध्यक्ष सदानंद प्रसाद यादव,पंकज कुमार सिंह,कैलाश प्रसाद यादव,मुकेश कुमार गुप्ता,मिथिलेश कुमार सिंह,सपना कुमारी,गौरी पंडित समेत अन्य लोग पूजा अर्चना में शरीक हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here