30 दिसंबर : नवादा की मुख्य खबरें

0

महिलाओं के साथ गलत काम कर रहा नवादा का ये गैंग, फिंगर प्रिंट लेने के बाद शुरू होता है असली खेल

नवादा : जिले में एक गैंग महिलाओं को अपना शिकार बना रही है। महिलाओं को झांसे में लेकर उनके साथ गलत काम किया गया है। उग्रवाद प्रभावित सिरदला प्रखंड के सांढ़ पंचायत की जयनगर गांव में दर्जनों महिलाओं के जमा खाता से आधार कार्ड के जरिये अवैध तरीके से रुपये निकासी का मामला सामने आया है।

सिरदला थाना में लिखित आवेदन देकर कुसुम देवी ने बताया कि सीएसपी ब्रांच बरदाहा के खाता से पचास हजार रुपये की निकासी की गई है। इसी तरह गांव के सोनी देवी के खाता से 41 हजार, सुनीता देवी के खाता से 33  हजार, मीणा देवी के खाता से 22 हजार, शांति देवी के खाता से 14 हजार की निकासी कर ली गई है।

swatva

संजू देवी के खाता से 10 हजार, संगीता देवी के खाता से चार हजार, किरण देवी के खाता से चार हजार, सुनीता देवी दो के खाता से 2200, रिंकू देवी के खाता से एक हजार, दौलती देवी के खाता से 2300 रुपये, गौरी देवी के खाता से दो हजार रुपये, नुमिता देवी के खाता से 900 रुपये,  बेबी देवी के खाता से 800 रुपये, एवं झुनिला देवी के खाता से  500 रुपये की निकासी अवैध तरीके से कर लिया गया है।

फिंगर प्रिंट लेने के बाद हुआ खेल

बताया जाता है कि छह माह पूर्व तीन व्यक्ति जीविका सीएम मथुरा सिंह की पत्नी सारो देवी,  संतोष सिंह, पुकार मांझी तीनों मंझगवां निवासी सभी महिलाओं को हिसुआ लेकर गए थे। सभी को गाय और बकरी का लोन सब्सिडी के आधार पर दिलाने को कह ले गए थे। सभी का आधार कार्ड, बैंक पासबुक,  निर्वाचन का आईडी, सभी तरह के दस्तावेज के साथ बुलवाया गया।

जहां फिंगर प्रिंट लेकर सभी को वाहन के साथ भेज दिया गया। जिसके बाद से ही महिलाओं के खाते से रुपये निकलने लगा। थानाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि तीनों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई आरंभ की गई है। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि हमलोग कई दिनों से थाना और दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक बरदाहा का चक्कर काट रहे हैं।

गर्भवती महिलाओं की सांस फूले तो हो जाएं सावधान : डॉ. सावित्री शर्मा

नवादा : दिसम्बर माह के अंतिम चार दिनों के पूर्व हुई वारिस के कारण सर्दी का प्रकोप बढ गया है। ऐसे में अगर आप के घर पर कोई गर्भवती महिला है तो सावधान हो जाएं। क्योंकि ठंड आपकी परेशानी को बढ़ा सकती है, जिससे आपको और आपके शिशु दोनों को दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। उक्त बातें विशेष बातचीत के दौरान वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डाक्टर सावित्री शर्मा ने विशेष बातचीत के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि अधिक सर्दी होने के दौरान गर्भवती महिलाओं को कान और पैर खासतौर से सेफ रखना चाहिए। सर्दी लगने का मुख्य कारण अधिकांश यही तो स्थान होते है। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के वजन में भी परिवर्तन हो जाता है। इसलिए शरीर थोडा भारी होता है। सर्दी के मौसम में महिलाएं इस बात की भी ध्यान रखें कि चलने-फिरने के दौरान उनकी सांस तो नहीं फूल रही है। अगर ऐसा महसूस होता है तो तत्काल अपना बीपी चेक कराएं।

क्योंकि, अधिकांश सर्दी के मौसम में महिलाओं की सांस फूलने की समस्या खडी हो जाती है। अगर ब्लड प्रेशर अप-डाउन कर रहा है तो तत्काल अपने चिकित्सक से सम्पर्क करें। डाक्टर शर्मा ने बताया कि गर्भवती महिलाएं सर्दी के मौसम में खानपान पर विशेष ध्यान दें। इस मौसम की सभी हरी सब्जियों का उपयोग करें। ताजे फलों व जूस का सेवन करें। शरीर को गरम रखने के लिए चाय और मूंगफली का उपयोग करें, जिससे मौसम परिवर्तन का असर जल्दी शरीर को न हो।

उन्होंने जिलावासियों को सलाह देते हुए कहा कि अगर सामान्य दिनों की अपेक्षा सर्दी आने पर कोई शरीर में परिवर्तन या परेशानी महसूस करते है तो तत्काल अपने चिकित्सक से बातचीत करें और सलाह अनुसार कार्य करें। उन्होंने कहा कि समय-समय पर अपनी और बच्चे के ग्रोथ का चेकअप कराते रहें । जिससे दोनों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पडे। खासतौर पर सर्दी के मौसम में गरम चीजों का उपयोग करे और ठंडी वस्तुओं को दूर रखें।

गांजा बरामदगी मामले में दो गिरफ्तार

नवादा : जिले के अकबरपुर पुलिस ने फरहा गांव में छापामारी कर गांजा का पौधा बरामदगी मामले में दो को गिरफ्तार किया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में कोरोना जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पूर्व में फरहा गांव में की गयी छापामारी में घर के बगल खेत में गांजा उपजाये जाने की गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर गांजा का हरा पौधा बरामद किया गया था। इस क्रम में उत्पादक फरार होने में सफल रहा था। दोनों मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। दोनों के घर पर होने की गुप्त सूचना मिलते ही कांड संख्या 772/21 के आरोपी भागवत यादव व कांड संख्या 776/21 के आरोपी रणविजय प्रसाद उर्फ रामू महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

रोह में रिंकु व हिसुआ में श्रवण बने प्रमुख

नवादा : जिले के रोह व हिसुआ प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख चुनाव क्रमशः रजौली व सदर अनुमंडल सभागार में संपन्न हुआ। इसके पूर्व निर्वाचित सदस्यों का शपथग्रहण कराया गया। रजौली एसडीओ आदित्य कुमार पियूष ने बताया कि सभी 20 नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने सर्वसम्मति से रिंकु देवी को प्रमुख व मो सद्दाम को उप प्रमुख निर्वाचित घोषित किया। इस प्रकार चुनाव कराने की कोई आवश्यकता नहीं हुई। दोनों को प्रमाण पत्र उपलब्ध करा पद व गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी।

दूसरी ओर हिसुआ प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख चुनाव सदर अनुमंडल सभागार में एसडीओ उमेश कुमार भारती द्वारा कराया गया। प्रमुख पद के लिये कराये चुनाव में श्रवण पासवान ने विपिन पासवान को 7-6 से हराकर पद पर कब्जा जमाने में सफल रहे। उप प्रमुख पद के लिये रंजन शाही व पुकार सिंह को 7-7 मत प्राप्त हुआ था जिसके कारण कराये गये लाॅटरी में किस्मत पूर्व उप प्रमुख पुकार का साथ दिया और उन्हें निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इस प्रकार जिले के सभी प्रखंडों में प्रमुख व उपप्रमुख का चुनाव शांति पूर्ण संपन्न हुआ।

कौन कहां बना प्रमुख व उपप्रमुख

नवादा सदर:-
नवादा सदर प्रखंड:- सरीता देवी- गजयंती देवी
नारदीगंज:- शोभा भारती- अमित कुमार
हिसुआ:-श्रवण पासवान-धर्मराज उर्फ पुकार सिंह
वारिसलीगंज:- रवि देवी-अरूणा देवी
काशीचक:-पंकज कुमार-आफ़रीन प्रवीण
पकरीबरांवा:-रंजू देवी-धर्मराज सिंह
कौआकोल:- रीना राय-अनंत कुमार उर्फ नवीन यादव
रजौली अनुमंडल:-
रजौली:- सरोज देवी- विनोद राजवंशी
मेसकौर:- संतोष कुमार-सोनी देवी
सिरदला:-अर्चना कुमारी गुप्ता- शिल्पी कुमारी
नरहट:-किरण देवी-अर्जुन चौधरी
अकबरपुर:-आशा देवी- सिंधु देवी
गोविन्दपुर:- रिंकु कुमारी-कौशल्या देवी
रोह:- रिंकु देवी- मो सद्दाम।

पथ के घंटों जाम रहने से बाजारवासी परेशान

नवादा : जिले के अकबरपुर मेन रोड गुरुवार को घंटों जाम रहा। खुरी नदी पर बने पुल पर दोनों तरफ से वाहनों की जगह लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिसके कारण आमलोगों को काफी फजीहत झेलनी पड़ी।

बताया जाता है कि प्रखंड मुख्यालय में पेंशनधारियों के बंद हुए पेंशन में सुधार को ले शिविर का आयोजन किया गया था। इसी को लेकर प्रखंड के 19 पंचायतों के सैकड़ों वृद्ध महिला पुरुष गुरुवार सुबह से प्रखंड कार्यालय पहुंचना शुरु कर दिया। इसी को लेकर अकबरपुर बाजार पुरी तरह जाम हो गया। भीड़ का आलम यह था कि लोग घंटों पुल पर लोगों की भीड़ से पुल जाम हो गया।

भीड़ को हटाने के लिए पुलिस के भी छक्के छूट गये। लोगों की भीड़ के कारण पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। लोगों को पैदल चलना मुश्किल हो गया था। सुबह से शाम तक सड़क पर यही स्थिति बनी रही। बता देंअकबरपुर में खुरी नदी पर बने पुल के संकीर्ण रहने के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

चार कोरोना संक्रमितों की रिपोर्ट आयी नेगेटिव, सभी स्वस्थ्य

नवादा : सदर अस्पताल में जांच के दौरान 4 लोगों कोरोना के संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद सभी लोगों का सैंपल स्वास्थ्य विभाग को भेजा गया। दोबारा जांच करने के बाद चारों कोरोना संक्रमितों कि रिपोर्ट नेगेटिव आ गयी है। फिलहाल सभी स्वस्थ है।

उपाधीक्षक डॉ. अजय कुमार ने बताया कि 4 लोगों का रैपिड एंटीजन टेस्ट जांच के दौरान पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद हम लोगों ने तुरंत उनकी आरटीपीसीआर जांच के लिए विभाग को सैंपल भेजे थे। यहां पर चारों लोगों का नेगेटिव पाया गया है। उन्होंने बताया कि लोगों से अपील जरूर करते हैं कि सरकार के आदेश का पालन जरूर करें।

उन्होंने कहा कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। डरने की जरूरत नहीं है और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की जरूरत है। सभी लोगों से अपील है कि कोविड टीका जरूर लें। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में लंबी कतार में खड़े होकर कोरोना की जांच प्रतिदिन 300 से 400 लोग करवाते हैं।

त्रिवेणी बने सरपंच संघ अध्यक्ष

नवादा : जिले के गोविन्दपुर प्रखंड सरपंचों की बैठक बकसोती बाजार में अरूण कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। सभी नौ पंचायतों के सरपंचों की आपस में परिचय के बाद अग्रेतर कार्रवाई आरंभ हुई।

सर्वसम्मति से प्रखंड सरपंच संघ गठन का निर्णय लिया गया। कराये गये चुनाव में सर्वसम्मति से पूर्व अध्यक्ष त्रिवेणी सिंह से पुनः अध्यक्ष पद संभालने का अनुरोध किया जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

दूसरी ओर सभी पदों पर निर्वाचन सर्वसम्मति से हुआ। उपाध्यक्ष पद पर अरूण कुमार शर्मा, सचिव कालो देवी, उपसचिव हाजरा खातुन, कोषाध्यक्ष दिलीप सिंह व मीडिया भोला राम निर्वाचित घोषित किये गये। मौके पर महेश राम,राजेश कुमार, मो मुमताज खान,बबिता देवी आदि उपस्थित थे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here