05 नवंबर : मधुबनी की मुख्य खबरें

0
swatva samachar

स्वास्थ्य विभाग के साथ इनकार परिवार को मनाने पहुंची यूनिसेफ टीम, मिली सफलता

मधुबनी : जिले के बासोपट्टी में कोविड वैक्सीनेशन में स्वास्थ्य विभाग को उस समय बड़ी कामयाबी मिली, जब यूनिसेफ की टीम के द्वारा वैक्सीन लेनें से मना कर रहे लोगों को मनाने उसके घर पहुंच गया।

बताते चले कि स्थानीय प्रखंड अन्तर्गत डामु पंचायत के चानन गांव के अल्पसंख्यको के द्वारा कोरोना का टीका लेनें से मना कर दिया गया था। स्थानीय स्वास्थ्य आधिकारियों के द्वारा कई बार टीका लेनें के लिए जागरूक किया गया, परंतु संतोष जनक परिणाम नहीं निकल रहा था। फिर चिकित्सा प्रभारी डा० सुमन्त कुमार के द्वारा इसकी सूचना जिला को दिया गया।

swatva

इनकार परिवार की सूचना मिलते ही जिला से यूनिसेफ की टीम एसएमसी प्रमोद कुमार झा के नेतृत्व में डामु पहुचकर इनकार अल्प संख्यकों को समझाने लगे। टीका के प्रति उनका जो भी भ्रम था, उसे दूर करने लगे। इसका असर भी सकारात्मक रहा और सौ से ऊपर इनकार लाभार्थियों ने अपना टीकाकरण करवाया।

यूनिसेफ टीम में एसएमसी प्रमोद कुमार झा के साथ बीएमसी आफताब आलम एवं दिनेश सिंह मौजूद थे।वही स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रखंड स्वास्थ्य प्रभारी डा० सुमन्त कुमार, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक रंजीत कुमार मंडल, केयर इंडिया से छेदी कुमार, एमओ डा० अरुण कुमार मंडल, एएनएम मीणा कुमारी एवं स्थानीय आशा कर्मी, सेविका मौजूद थी।

बेनीपट्टी थाना के अवर निरीक्षक वीरेंद्र तिवारी का निधन

मधुबनी : जिला के बेनीपट्टी थाना के अवर निरीक्षक वीरेंद्र तिवारी का निधन हो गया। वे मूल रूप से बक्सर जिले के रहने वाले थे। वे बेनीपट्टी थाना में एक साल से अपनी ड्यूटी दे रहे थे। इतने कम समय में लोगों के विच एक अच्छे पदाधिकारी के रूप में अपना पहचान बना चुके अवर निरीक्षक वीरेंद्र तिवारी के असमय निधन से उन्हें जानने वालों में सोक और मायुसी देखा जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह में वे अपने किराए के आवास पर चाय पी रहे थे। चाय पीने के बाद अचानक उनके सीने में दर्द शुरू हो गया, जिसके बाद उन्हें स्थानीय पीएचसी ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए मधुबनी के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि मधुबनी के लिए उन्हें ले जाते समय रास्ते में ही उनका निधन हो गया।

बताया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ है। उनके निधन से पूरे थाना क्षेत्र के साथ ही उनको जानने बालों में शोक की लहर है। मृतक पुलिस पदाधिकारी को मधुबनी सदर अस्पताल में पोसटमार्टम के लिए ले जाया गया है। उनके परिजनों को विभागीय स्तर से घटना के संवध में सूचना दे दिया गया है। परिजन को आते ही शव को घर भेज की प्रक्रिया किया जाएगा।

आज मनाया जा रहा देश भर में गोवर्धन पूजा, दिवाली के अगले दिन क्यों की जाती है गोवर्धन पूजा, बेहद खास है वजह

मधुबनी : गोवर्धन पूजा दिवाली के अगले दिन मनाया जाता है। मधुबनी जिले में भी देहात क्षेत्र में धूमधाम से हर्षोल्लास के साथ आज गोवर्धन पूजा की जा रही है। कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को गोवर्धन उत्सव मनाया जाता है। इस दिन लोग घर के आंगन में गोबर से गोवर्धन पर्वत का चित्र बनाकर गोवर्धन भगवान की पूजा करते हैं। इस दिन गायों की सेवा का विशेष महत्व है। इस दिन के लिए मान्यता प्रचलित है कि भगवान कृष्ण ने वृंदावन धाम के लोगों को तूफानी बारिश से बचाने के लिए पर्वत अपने हाथ पर ऊठा लिया था।

हिंदू धर्म के अनुसार, भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पूजा की थी और इंद्र देवता अहंकार तोड़ा था। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र की पूजा की बजाय गोवर्धन की पूजा शुरू करवाई थी। ऐसी मान्यता है कि इस दिन गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर उसकी पूजा की जाती है।

गोवर्धन पूजा का प्रचलन आज से नहीं, बल्कि भगवान कृष्ण के द्वापर युग से चला आ रहा है। द्वापर युग में पहले ब्रजवासी भगवान इंद्र की पूजा किया करते थे। मगर भगवान कृष्ण का तर्क था कि, देवराज इंद्र गोकुलवासियों के पालनहाल नहीं हैं। बल्कि उनके पालनहार तो गोवर्धन पर्वत हैं। क्योंकि यहीं ग्वालों के गायों को चारा मिलता है, जिनसे लोग दूध प्राप्त करते थे। इसलिए भगवान कृष्ण ने गोकुल वासियों को कहा कि, हमें देवराज इंद्र की नहीं बल्कि गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए।

भगवान कृष्ण ने कहा कि, गोवर्धन पर्वत तो हमारे सामने है हमें इतना कुछ देते हैं लेकिन इंद्र को तो हमने देखा भी नहीं और अगर हम उनकी पूजा न करे तो वह नाराज हो जाते है। उनकी बात मान कर सभी ब्रजवासी इंद्र की जगह गोवर्धन पर्वत की पूजा करने लगे। देवराज इन्द्र ने इसे अपना अपमान समझा और प्रलय के समान मूसलाधार वर्षा शुरू कर दी। तब भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठा कर ब्रजवासियों की भारी बारिश से रक्षा की था।

कला संस्कृति मंत्री बोले जल्द होगा बाबा कपिलेश्वर स्थान मंदिर का विकास, सरकार प्रयास करेगी

मधुबनी : आज उत्तराखंड स्तिथि बाबा केदारनाथ मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आदि शंकराचार्य जी के प्रतिमा का शिलान्यास किया गया। इस उपलक्ष्य में संपूर्ण भारत में जहां-जहां आदि शंकराचार्य पहुंचे थे, वहां-वहां आज कार्यकर्म आयोजित किया गया।

बिहार में भी कुल सात जगह पर आदि शंकराचार्य पहुंचे थे, उन जगहों पर आज कार्यकर्म का आयोजन किया गया। इसी क्रम में मधुबनी जिले के रहिका प्रखंड मुख्यालय स्तिथ बाबा कपिलेश्वरनाथ मंदिर परिसर में बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के कला संस्कृति एवं खेल मंत्री आलोक रंजन झा पहुंचे। मंत्री ने सबसे पहले बाबा कपिलेश्वरनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। उसके बाद एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। मंदिर परिसर में सैंकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

वहीं, बिस्फी विधायक हरी भूषण ठाकुर बचोल, एमएलसी घनश्याम ठाकुर, निवर्तमान एमएलसी सुमन कुमार महासेठ सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओ ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। संबोधन सुनने के बाद कला संस्कृति मंत्री आलोक रंजन झा ने कहा आज मैं इस पावन भूमि पर पहुंच कर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।

जिस आदि शंकराचार्य जी की मूर्ति का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा केदारनाथ धाम में की जा रही है, वह शंकराचार्य जी ने इस मिट्टी का भी तिलक लगाया था। आदि शंकराचार्य जी इस मंदिर में भी पहुंचे थे, इसीलिए इस मंदिर को पर्यटन दृष्टि से आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा मंदिर के विकास के लिए बिहार सरकार प्रयास करेगी। इस कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रभांशु झा, प्रशांत ठाकुर, पिंटू यादव, सुनील झा, प्रभात रंजन, प्रभु जी झा, श्रीराम यादव सहित सैंकड़ों लोग उपस्थित रहें।

स्टेशन पर लगे एटीएम नही हुआ चालू, यात्रियों एवं आम लोगों को हो रही भारी परेशानी

मधुबनी : जिले के जयनगर शहर में सभी बैंकों की एटीएम सेवा बुरी तरह से प्रभावित है। बैंक पदाधिकारियों के सभी दावों पर पानी फेरते हुए शहर के लगभग सभी एटीएम मशीन से कैश खत्म होने की वजह एटीएम का आधा शटर गिरा हुआ, तो कहीं पूरी तरह से बंद है। पिछले कई दिनों शहर में एटीएम व्यवस्था चरमराई हुई है। लोग दिन भर एटीएम मशीन के चक्कर लगाते नजर आ रहे हैं। शहर के किसी भी एटीएम में पैसा नहीं है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बैंक पदाधिकारियों का कहना है कि पैसे की आपूर्ति नहीं होने की वजह से परेशानी हो रही है। सूत्रों की माने तो एटीएम में पैसे नहीं होने के पीछे दो कारण है पहला पंचायत चुनाव और दूसरी लोगों के एटीएम से कैश निकालने का भारी दवाब हैं। सूत्रों की माने बैंकों में कैश कम आ रहे है, जिससे एटीएम में कैश की कमी हो गई है।

वहीं, जयनगर रेलवे स्टेशन परिसर में पंजाब नेशनल बैंक के नवनिर्मित एटीएम एभी तक चालू नही हो पाई है, जिस कारण दूर जाने एवं आने वाले रेल यात्रियों के साथ-साथ आम लोगों को पर्व की खरीददारी करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन, वीर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, साथ ही गरीब बच्चों के साथ मनाई दीवाली, बांटी मिठाई

मधुबनी : माँ अन्नपूर्णा कम्युनिटी किचन ने आज दीपावली पर्व के मद्देनजर जयनगर रेलवे स्टेशन परिसर में गरीब, अहसहाय, निर्धन, जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीवाली मनाई। इस दौरान माँ अन्नपूर्णा कम्युनिटी किचन के द्वारा गरीबों को मिठाई भी बांटे गए।

आपको बता दें कि ये संस्था पिछले लगभग 500दिनों से जयनगर शहर में जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरण कर रही है। साथ ही समय-समय पर कभी मेडिकल कैम्प, हेल्थ चेक अप जांच, सूखा राशन वितरण, ठंड में कंबल, शॉल एवं गर्म कपड़े वितरण, या फिर बाढ़ और सूखाड़ में सुखा राशन वितरण या फिर अन्य कोई सामाजिक कार्य करती रहती है।

आज दीपावली के पावन अवसर पर दीये जलाकर माँ अन्नपूर्णा कम्युनिटी किचन जयनगर के सदस्यों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी है। इस कार्यक्रम में जयनगर रेल जीआरपी के प्रभारी मनोज कुमार एवं उनके सहकर्मी भी मौजूद रहे।

सबसे पहले सदस्यों ने शहीदों के नाम का दीया जलाकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सदस्यों ने बारी-बारी से सामने आकर शहीदों के नाम का दीया जलाया। इस मौके पर संस्था के संस्थापक सदस्य समाजसेवी भाई अमित कुमार राउत ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन पिछले वर्षों से किया जा रहा है। इसके आयोजन का मुख्य उद्देश्य दीपावली के दिन शहीदों को याद करना है।

शहीदों की शहादत की बदौलत ही लोग सुरक्षित दीपावली व अन्य पर्व मना पा रहे हैं। सुरक्षा बल दिन रात देश की सुरक्षा में जुटे हैं। इसी प्रयास में कई शहीद हो चुके हैं। इस दिन संदेश दिया जा रहा है कि शहीदों के परिवार खुद को अकेला न समझें। पूरा देश उनके साथ है। इस मौके पर कई लोग मौजूद थे।साथ ही दीपावली के अवसर पर यहां जयनगर रेलवे स्टेशन परिसर में गरीब बच्चों के साथ पटाखे छोड़ एवं मिठाई खिला कर उनके साथ खुशियां बांटी और उनके साथ दीपावली मनाई।

जिस कारण उन गरीब बच्चों के चेहरे पर खुशी देखी गयी। इसके बाद जयनगर रेलवे स्टेशन परिसर में रोज की भांति आज भी भोजन वितरण किया गया, जिसमें सर्वप्रथम उनके बीच मिठाई, लड्डू एवं बच्चों में चॉकलेट बांटा गया, साथ ही खाना भी खिलाया गया। इस मौके पर संस्था के मनोज सिंह, सुरेंद्र महतो, सियाराम महतो, लक्षमण यादव, गौरव सिन्हा, अंकित कुमार, अमित महतो, सुमित कुमार एवं अन्य कई सदस्य मौजूद रहे।

पुरुष नसबंदी अधिक सुरक्षित व सरल है :- प्रभारी सिविल सर्जन

मधुबनी : जिले में जनसंख्या स्थिरीकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग ने निर्णय लिया है कि जिले में पुरुष नसबंदी पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने पत्र जारी कर सभी जिले के जिलाधिकारी व सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है।

जारी पत्र में निर्देश दिया गया है कि जिले में 15 नवंबर से 4 दिसंबर तक पुरुष नसबंदी पखवाड़ा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस वर्ष पुरुष नसबंदी पखवाड़ा का थीम “पुरुषों ने परिवार नियोजन अपनाया सुखी परिवार का आधार बनाया” दिया गया है। पखवाड़ा दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में 15 से 21 नवंबर तक “दंपति संपर्क सप्ताह” एवं 22 नवंबर से 4 दिसंबर तक “परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा” का आयोजन किया जाएगा।

योग्य दंपति को मिलेगी परिवार नियोजन की जानकारी:

पखवाड़ा के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले योग दंपति को गर्भनिरोधक के संबंध में परामर्श देते हुए इच्छित गर्भ निरोधक साधन अथवा सेवा इच्छा अनुसार उपलब्ध करायी जाएगी। पखवाड़े के दौरान आशा द्वारा कंडोम गर्भनिरोधक गोलियों के वितरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लाभार्थी को बार-बार केंद्रों पर आने एवं बार-बार संपर्क से बचने के लिए कंडोम और गर्भनिरोधक गोली के अतिरिक्त पैकेट आपूर्ति की जा सकती है।

अधिक सरल है पुरुष नसबंदी:

प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. आर. के. सिंह ने बताया पुरुष नसबंदी मामूली शल्य प्रक्रिया है। यह महिला नसबंदी की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और सरल है। इसके लिए न्यूनतम संसाधन, बुनियादी ढांचा और न्यूनतम देखभाल की आवश्यकता है। पुरुष नसबंदी को लेकर समाज में कई प्रकार का भ्रम फैला हुआ है। इस भ्रम को तोड़ना होगा छोटा परिवार सुखी परिवार की अवधारणा को साकार करने के लिए पुरुष को आगे बढ़कर जिम्मेदारी उठाने की जरूरत है।

दो चरणों में पूरा होगा पखवाड़ा : 

जिले में दो चरणों में पुरुष नसबंदी पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। 15 से 21 नवंबर तक मोबिलाइजेशन तथा 22 से 04 दिसंबर तक सेवा प्रदान किया जाएगा। मोबिलाइजेशन के दौरान आशा कार्यकर्ता वालंटियर योग दंपतियों को परिवार नियोजन के साधनों को अपनाने के लिए जागरूक करेंगे तथा परिवार नियोजन कार्यक्रम के बारे में विस्तार से चर्चा करेंगे। जिसके बाद दूसरे चरण में इच्छुक दंपतियों को इच्छा अनुसार परिवार नियोजन की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला/राज्य स्तरीय खेल आयोजन समिति की बैठक समाहरणालय के सभाकक्ष में की गई

मधुबनी : 17 से 19 दिसंबर 2021 के दौरान जिले में कला संकृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में खेलों के विभिन्न विधाओं के खेल संपन्न होने हैं। इन खेलों की विधाओं में कबड्डी, खोखो, बॉलीबॉल, क्रिकेट, फुटबॉल, रग्बी, वूशू, कराटे, हैंडबॉल एवं बैडमिंटन के खेलों का आयोजन होना है। इसमें बालक एवं बालिका दोनों संवर्गों के अंडर 14, अंडर 17 एवं अंडर 19 आयुवर्ग के प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे।

जिलाधिकारी ने इस बैठक में खेलों से जुड़े जिले के विभिन्न संगठनों से आए प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की और खेल की गतिविधियों का हाल जाना। इस क्रम में जिला स्तरीय खेल के आयोजन के लिए विभिन्न विधाओं के अनुरूप आयोजन स्थलों के चुनाव एवं संसाधनों पर गहन चर्चा की गई और संबंधित विशेषज्ञों से सुझाव सुने गए।

इस क्रम में चिकित्सीय व्यवस्था, सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था सहित विभिन्न समितियों जैसे उद्घाटन समिति, स्वागत समिति एवं समापन समितियों के बारे में व्यापक निर्देश जारी किए गए। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि खेलों के आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए अभी से तैयारी शुरू की जाय। उन्होंने कहा कि चूंकि 03 से 05 जनवरी 2022 में मधुबनी में राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता (पुरुष) का भी हमें सफल आयोजन करना है, इसलिए हमारी पूरी तैयारी रहनी चाहिए।

जिले में चल रही खेल गतिविधियों के बारे में भी जिलाधिकारी ने पूर्ण संज्ञान लिया और कहा कि कोरोना काल में सभी क्षेत्र प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन, मधुबनी जिले में खेल के उन्नत विकास हेतु प्रतिबद्ध है, और शीघ्र ही सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। विभिन्न खेलों को समर्पित आयोजन स्थलों के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव विभाग को भेज दिए गए हैं, जिनपर शीघ्र ही कार्य आरंभ होने हैं।

उपस्थित आयोजन समिति का आह्वान करते हुए जिलाधिकारी ने जिले में आयोजित होने वाले खेल प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दी और अपेक्षा की कि जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रौशन करेंगे।

बैठक में विशाल राज, उप विकास आयुक्त, मधुबनी, विजय कुमार पंडित, खेल पदाधिकारी, मधुबनी, अश्वनी कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मधुबनी, प्रभाकर तिवारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, मधुबनी के साथ साथ आयोजन समिति से जुड़े सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री मोदी के साथ सांसद, विधायक सहित अन्य कई बड़े नेता ने किया बाबा उग्रनाथ महादेव का ऑनलाइन दर्शन

मधुबनी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सबेरे बाबा केदारनाथ धाम पहुँचकर बाबा के दर्शन किये और उसके बाद उन्होंने कई शिवालयों का दर्शन ऑनलाइन किया।

इसी क्रम में मधुबनी ज़िला के पंडौल प्रखण्ड अन्तर्गत बाबा उग्रनाथ मन्दिर परिसर में स्थानीय सांसद, विधायक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर झा के साथ देवेंद्र यादव, जीवछ यादव, राधा देवी, प्रमोद कुमार सिंह एवं स्थानीय कई नेता, कार्यकर्त्ता तथा स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। इस मौके पर मिथिला परमपराओं अनुसार सांसद एवं विधायकों का सम्मान भी किया गया।

सुमित कुमार की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here