25 अक्टूबर : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

मोटरसाइकिल के लिए नवविवाहिता की हत्या

आरा : भोजपुर जिले के पीरो थानान्तर्गत हीरा टोला गांव में बाइक के लिये एक नवविवाहिता की रस्सी से गला घोंट कर हत्या कर दी गई। मृतिका हीरा टोला गांव निवासी गुड्डू चौधरी की 19 वर्षीया पत्नी पार्वती देवी थी। स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल से शव बरामद कर उसका पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया।

मृतिका के चाचा उदवंतनगर थानान्तर्गत गुलाबचंद चौधरी ने दहेज में बाइक की मांग को लेकर ससुराल वालों पर रस्सी से गला घोंट भतीजी की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि पार्वती की शादी इसी साल 26 जून को पीरो थानान्तर्गत हीरा टोला गांव निवासी नेपाली चौधरी उर्फ रवीन्द्र चौधरी के पुत्र गुड्डू चौधरी से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही उसके पति सहित ससुराल वाले दहेज में बाइक की मांग को लेकर उसे अक्सर प्रताड़ित करते थे। इसी बीच दोपहर उनकी बड़ी बेटी की रिश्तेदार ने फोन से पार्वती देवी की मौत होने की सूचना दी।

swatva

परिजन हीरा टोला गांव पहुंचे, तो देखा कि भतीजी की सास को छोड़ बाकी सभी लोग घर से फरार थे। उसके बाद थाने को इस घटना दी गयी। उन्होंने पार्वती के पति गुड्डू चौधरी, सास, ससुर और ननद पर रस्सी से गला घोंट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस की मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार मृत महिला के गले में काला निशान पाया गया है और फांसी लगाने के कारण मृत्यु होना प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

किशोरी से छेड़खानी में आरोपित गिरफ्तार

आरा : भोजपुर जिले के पवना थानान्तर्गत खोपिरा गांव में घास काटने गयी एक किशोरी के साथ छेड़खानी किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपित पावना थानान्तर्गत भगवानपुर गाँव के हीरा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है| इसे लेकर हीरा सिंह के खिलाफ थाने में छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

पवना थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोरी खेत में घास काट रही थी तभी आरोपित आ धमका और छेड़खानी करने लगा। किशोरी के शोर मचाने पर वह भाग गया। बाद में परिजनों ने स्थानीय थाने को सूचना दी गयी। इसके बाद महिला थानाध्यक्ष लक्ष्मी पटेल और पवना थानाध्यक्ष रीतेश दूबे के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपित पुलिस से बचने के लिये एक घर में छुप गया था। आरोपित के परिजनों वालों के अनुसार वह थोड़ा कमजोर बुद्धि का है। उसने किशोरी को थप्पड़ जड़ दिया था।

उल्टी व दस्त से दो बच्चों की मौत, तीन आक्रांत

आरा : भोजपुर जिले में उल्टी और दस्त से दो बच्चों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य आक्रान्त हैं| मृतकों में चरपोखरी थानान्तर्गत सेमरांव गांव निवासी राकेश राम का 8 वर्षीय पुत्र अभिनंदन कुमार और पटना जिला के मनेर थानान्तर्गत हल्दी छपरा गांव निवासी प्रमोद महतो का 10 वर्षीय पुत्र कल्लू कुमार थे। आक्रांत लोगों में कल्लू की मां रीता देवी, 12 वर्षीया बहन सुमन कुमारी और नालंदा जिले के पावापुरी थानान्तर्गत तेतराव गांव निवासी रामेश्वर पंडित की 75 वर्षीया पत्नी लालो देवी शामिल है।

सेमरांव गांव निवासी मृतक अभिनंदन कुमार के पिता राकेश राम ने बताया कि उसे उल्टी और दस्त से उसकी हालत खराब होने लगी तो उसे ग्रामीण डॉक्टर को दिखाया गया जिसने डायरिया बता उसे आरा सदर अस्पताल भेज दिया जहां उसकी इलाज़ के दौरान मौत हो गयी| दोनों बच्चों की मौत डायरिया से होने की आशंका जताई जा रही है हालांकि फिलहाल डॉक्टरों द्वारा इसकी पुष्टि नहीं की गई थी।

पटना जिले की हल्दी छपरा निवासी आक्रांत रीता देवी ने बताया कि अपने बेटे कल्लू कुमार और बेटी सुमन कुमारी के साथ भोजपुर के कृष्णागढ़ थाने के इटहना गांव स्थित ब्रह्म बाबा के पास झाड़-फूंक कराने आयी थी। तभी तीनों को उल्टी और दस्त होने लगी। देखते ही देखते सभी की हालत काफी बिगड़ गई। उसके बाद स्थानीय लोग आरा सदर अस्पताल लाये जहां इलाज के दौरान कल्लू कुमार ने दम तोड़ दिया। नालांदा की लालो देवी ने बताया कि वह अपनी बेटी की ससुराल इटहना आयी थी। दोनों सुबह इटहना ब्रह्म स्थान गयी थी। तभी तबीयत खराब हो गयी और उल्टी-दस्त होने लगी।

राजीव एन अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here