21 नवंबर : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

मुखिया हत्याकांड में गिरफ्तारी वारंट मिला

आरा : भोजपुर जिले के चरपोखरी प्रखंड के चरपोखरी थानान्तर्गत बाबूबांध पंचायत के मुखिया संजय सिंह की हत्या में पुलिस ने छापेमारी के साथ कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है। गिरफ्तारी वारंट मिलने के बाद पुलिस अब इश्तेहार की तैयारी में जुट गयी है। सोमवार तक इश्तेहार भी मिल जाने की उम्मीद है। वहीं गिरफ्तारी वारंट मिलने के बाद छापेमारी तेज हो गयी है। फरार आरोपितों के हर ठिकानों पर दबिश बढ़ा दी गयी है।

एसपी विनय तिवारी ने बताया कि गिरफ्तारी वारंट मिल चुका है। तामिला करा दिया गया है। सोमवार तक इश्तेहार मिल जायेगा। उसी दिन तामिल भी करा दिया जायेगा। उसके बाद कुर्की की कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि फरार आरोपितों की धरपकड़ को छापेमारी भी की जा रही है।

swatva

उन्होंने बताया कि 15 नवंबर की दोपहर करीब दो बजे चरपोखरी थानान्तर्गत प्रीतमपुर और भलुआना गांव के बीच बजेन गांव निवासी मुखिया संजय सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी। उसके बाद से एसपी विनय द्वारा गठित स्पेशल टीम आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी है। हत्या के बाद लाइनर समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया गया था। लेकिन मुख्य आरोपित पूर्व प्रमुख अनिल सिंह और उनके बेटों सहित छह अभियुक्त अभी भी फरार चल रहे हैं।

मुखिया हत्याकांड में पुलिस अपराधियों को संरक्षण देने वालों की सरगर्मी से खोज रही है। सूत्रों की मानें तो हत्या के बाद अपराधियों और कुछ आरोपितों को भगाने मे मदद एवं संरक्षण देने वालों को पुलिस ने चिन्हित भी कर लिया है। इसके लिये रास्ते में लगे सीसीटीवी और मोबाइल सर्विलांस की मदद ली जा रही है। कहा जा रहा है कि रास्ते में लगे कुछ सीसीटीवी फुटेज में आरोपितों के भागने के क्लू मिले हैं।

उसमें भगाने वालों की पहचान भी कर ली गयी है। अब उस आधार पर पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस की मानें तो हत्या के समय घटनास्थल पर मौजूद अपराधियों की भी पहचान हो गयी है। सूत्रों के अनुसार हत्या में कुछ अन्य लोगों की संलिपत्ता भी आ सामने आ सकती है। पुलिस भी इससे इनकार नहीं कर रही है।

शादी समारोह में आये बक्सर के युवक की सड़क हादसे में मौत

आरा : आरा-बक्सर नेशनल हाईवे पर गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बड़कागांव और बामपाली गांव के बीच शनिवार की देर शाम सड़क हादसे में बक्सर के स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गयी जब वह आरा रेलवे स्टेशन अपने दोस्त को लेने जा रहा था। मृतक बक्सर औद्योगिक थानान्तर्गत छोटकी सारिमपुर निवासी स्व. देवमुनी दास का 23 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार दास था।

परिजनों ने बताया कि वह अपने जीजा अंकित कुमार के भाई अनुदीप की शादी समारोह में भाग लेने भोजपुर के शाहपुर गांव आया था। शनिवार को हल्दी और 22 को बारात थी। शनिवार की शाम वह दोस्त को लाने स्कूटी से आरा रेलवे स्टेशन आ रहा था। इसी बीच बामपाली और बड़कागांव के बीच एक वाहन ने उसे रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस शव का पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया।

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here