06 अक्टूबर : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

तीन डीसमील के बदले धोखे से लिखवा ली 72 डीसमील जमीन

आरा : भोजपुर जिले के सहार थानान्तर्गत मोजफ्फरपुर गांव निवासी पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार धीरज के भाई शशिभूषण यादव पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने तथा ज़मीन हड़पने के मामले में सहार थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है| उन पर दिमागी रूप से बीमार चल रहे एक शख्स से तीन के बदले धोखे से 72 डीसमील जमीन लिखवा लेने और विरोध करने पर दंपती को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है।

एक अन्य भाई अशोक कुमार यादव पर उसे सहयोग करने का आरोप लगाया गया है।अशोक कुमार यादव फिलहाल ट्रक चालकों से अवैध वसूली में जेल में बंद है। उसे जून माह में अरवल से गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से करीब सात लाख रुपये भी बरामद किये गये थे। उस मामले में सहार के तत्कालीन थानाध्यक्ष आनंद कुमार फरार चल रहे हैं। उसे बर्खास्त भी कर दिया गया है। बता दें कि पिछले 21 सितंबर को ही सिपाही नरेंद्र कुमार धीरज और उनके परिजनों के सभी ठिकानों पर एक साथ आर्थिक अपराध इकाई टीम ने छापेमारी की थी।

swatva

उस दौरान आईओयू टीम को सिपाही और उनके परिजनों के पास करीब साढ़े नौ करोड़ की संपत्ति होने का सबूत मिला था। उस मामले में सिपाही और उनके परिजनों के खिलाफ मामला भी दर्ज है। सहार थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी नारायण पांडेय की पत्नी रूपा देवी की ओर से जमीन हड़पने की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पांच अक्टूबर 2021 को दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि 2018 में मोजफ्फरपुर निवासी शशिभूषण यादव से तीन डीसमील जमीन की बात हुई थी। लेकिन उन्होंने खेसरा नंबर बदल धोखे से 72 डीसमील जमीन लिखवा ली गयी।

रूपा देवी द्वारा कहा गया है कि उनके पति की 2016 से ही दिमागी इलाज चल रहा है। इसी बीच शशिभूषण यादव द्वारा उनसे जमीन खरीदने की बात की गयी। उसके बाद शशिभूषण यादव अपने भाई अशोक कुमार यादव के साथ उनके पति को बीमारी हालत में बोलेरो से जगदीशपुर ले गये और अधिक जमीन लिखवा ली। इसकी जानकारी मिलने पर उसने विरोध किया, तो दरवाजे पर आकर उठवा लेने और जान से मरवा देने की धमकी दी गयी। बहरहाल पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गयी है।

डूबने से दो किशोर समेत पांच की मौत

आरा : भोजपुर जिले के पीरो, कोईलवर, गीधा, करनामेपुर थाना क्षेत्रों में नदी और भागड़ में डूबने से नालंदा के किशोर सहित पांच लोगों की मौत हो गयी। नालांदा के रहने वाले किशोर की सुबह शौच करने में नदी में गिरने से जान चली गयी। जबकि तीन लोग पिछले 24 घंटे से लापता थे। मरने वालों में कुछ रोज पहले ही गांव लौटे थे। वह करीब 15 साल पहले गांव छोड़ चले गये थे।

पुलिस द्वारा सभी शवों का पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया| आरा के नगर थानान्तर्गत धरहरा गांव में मुन्ना चौहान की सुबह पानी में डूबने से मौत हो गई। परिजन ने बताया कि वह सोमवार शाम करीब 4 बजे खेत में खाद छिंटने गए थे पर देर शाम तक घर नहीं लौटे, तो खोजबीन शुरू की गयी। लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। आज सुबह खोजबीन करने खेत की ओर गए, तो नदी किनारे उनकी चप्पल मिली। उसके बाद नदी में खोजबीन की गयी।

काफी प्रयास के बाद उनके शव को पानी से बाहर निकाला गया। टाउन थाना पुलिस को सूचना दी गयी। पीरो थानान्तर्गत पीरो गांव स्थित नहर से किशोर का शव बरामद हुआ है। वह सोमवार की सुबह से ही घर से लापता था। मृत किशोर पीरो वार्ड नंबर-11 निवासी स्व. राजू साह का 12 वर्षीय पुत्र पिंटू साह था। किशोर के दादा के अनुसार सोमवार की सुबह करीब 8 बजे वह घर से निकला था। शाम तक वह घर नहीं लौटा, तो खोजबीन शुरू की गयी।

लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था। इसी बीच करीब 5 बजे सुबह पीरो गांव स्थित नहर में मछली मार रहे मछुआरों के जाल में उसका शव फंस गया। मछुआरों द्वारा शव को पानी से बाहर निकालने के बाद इसकी सूचना दी गयी। बताया जाता है कि किशोर के माता-पिता करीब 10 साल पूर्व छोड़कर कहीं चले गये थे। उसके बाद वह दादा-दादी के साथ ही गांव पर रहता था। कोईलवर थानान्तर्गत गीधा गांव स्थित नदी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। शौच के दौरान पैर फिसलने से वह सोरहा नदी में डूब गया।

मृत किशोर नालंदा जिले के हिलसा थानान्तर्गत नदवर गांव निवासी रामेश्वर चौहान का 16 वर्षीय पुत्र साहेब कुमार चौहान था। वह अपने परिवार के साथ गीधा गांव स्थित चिमनी पर मजदूरी करता था। बताया जाता है कि सुबह में वह शौच करने सोराहा नदी के पास गया था। उसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिर कर डूब गया और उसकी मौत हो गई। मौजूद लोगों की सूचना पर परिजन पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से उसके शव को पानी से निकाला गया। उसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी।

करनामेपुर ओपी क्षेत्र के ईश्वरपुरा गांव निवासी एक युवक की भागड़ में डूबने से मौत हो गयी। युवक रविवार की दोपहर को घर से निकला था। उसका शव सुबह गांव में ही स्थित भागड़ से बरामद किया गया है। मृत युवक ईश्वरपुरा गांव निवासी काशीनाथ गोंड़ का 22 वर्षीय पुत्र लाल साहेब गोंड़ था। घटना की सूचना मिलने पर करनामेपुर ओपी इंचार्ज मनोज कुमार अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। कोईलवर थानान्तर्गत सकड्डी डालडा फैक्ट्री के समीप सड़क किनारे स्थित पानी भरे गड्ढे में डूबने से एक अधेड़ की मौत हो गई।

मृतक अधेड़ चांदी थाना क्षेत्र के नरही गांव निवासी स्व.सीताराम सिंह के 50 वर्षीय पुत्र हरेंद्र सिंह है। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह आज सुबह कोईलवर थाना क्षेत्र के सकड्डी गांव अपनी बहन के घर जा रहे थे। इसी बीच सकड्डी डालडा फैक्ट्री के समीप सड़क किनारे स्थित पानी भरे गड्ढे में असंतुलित होकर गिर कर डूब गए जिससे उनकी मौत हो गई। स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह 15 वर्ष पूर्व गांव छोड़कर चल गए थे और कोई अता-पता नहीं था। वे कुछ दिन पूर्व ही वह वापस गांव लौटे थे। तभी यह हादसा हो गया।मृतक ने शादी नहीं की थी।

धनजी यादव का शूटर चार साथियों संग गिरफ्तार

आरा : भोजपुर पुलिस ने हत्या और गोलीबारी में दो वांटेड सहित पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पांचों अपराधियों को मुफस्सिल थानान्तर्गत बसंतपुर गांव के पास लूटपाट की साजिश करते पकड़ा गया था। इनके पास से दो देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद किये गये हैं। पकड़े गये अपराधियों में नगर थानान्तर्गत शीतल टोला निवासी विक्की यादव, रघुटोला का उमेश यादव, धनुपरा का नन्हें उर्फ सुधीर कुमार, नवादा थानान्तर्गत करमन टोला निवासी धनंजय सिंह और बंटी कुमार शामिल है। इनमें विक्की यादव जेल में बंद कुख्यात धनजी यादव का शूटर बताया जा रहा है।

विक्की यादव भाकपा माले नेता सह पूर्व वार्ड पार्षद गोपाल प्रसाद के पुत्र विजय कुमार की हत्या में वांटेड था। इसके अलावा वह उमेश यादव के साथ धोबहां ओपी क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी और भावी सरपंच उम्मीदवार मनोज यादव को गोली मारने में भी शामिल था। भोजपुर एसपी विनय तिवारी बताया कि उमेश यादव और विक्की यादव ने साथियों के साथ मनोज यादव को गोली मारने की बात स्वीकार की है। एसपी ने बताया सोमवार को बसंतपुर गांव के समीप हथियार के साथ कुछ अपराधियों द्वारा लूटपाट की साजिश किये जाने की सूचना मिली।

उसके आधार पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह सदर एसडीपीओ हिमांशु के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गयी। उस दौरान पांचों अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया। हथियार बरामदगी के मामले में पांचों बदमाशों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और आपराधिक षड़यंत्र के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुये जेल भेज दिया गया। पांचों को फिलहाल इस मामले में जेल भेजा जा रहा है। विक्की यादव को हत्या और मनोज यादव को गोली मारने और उमेश यादव को भी गोली मारने में रिमांड किया जायेगा।

बता दें कि 22 सितम्बर को भाकपा माले गोपाल प्रसाद के बेटे विजय कुमार की गोली मार हत्या कर दी गयी। सदर अस्पताल के मुख्य गेट के पास अपराधियों ने माले नेता के बेटे को ताबड़तोड़ चार गोलियां दाग कर छलनी कर दिया गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी थी। उस मामले में 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी की गयी थी। उसमें विक्की यादव सहित अबतक नौ आरोपित जेल पहुंच चुके हैं। हत्या के मामले में पुलिस ने दसवें आरोपित मोहित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

बता दें कि धनजी यादव सहित दो आरोपित पहले से जेल में थे।हत्या की रात दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। कुर्की को लेकर इश्तेहार चिपकाये जाने के बाद सोमवार को चार आरोपितों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। बीते 19 सितंबर को धोबहा ओपी क्षेत्र के सलेमपुर गांव में भावी सरपंच उम्मीदवार मनोज यादव को गोली मार दी गयी। दरवाजे पर बैठे भावी उम्मीदवार को बाइक सवार बदमाशों द्वारा ताबड़तोड़ दो गोलियां मारी गयी। इसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये। उस मामले में पुलिस ने एक आरोपित को पहले ही जेल भेज दिया है।

हथियारबंद बदमाशों ने दो को मारी गोली, एक की मौत

आरा : भोजपुर जिले के उदवंतनगर थानान्तर्गत जगजीवन हाल्ट के समीप मंगलवार की देर शाम हथियारबंद बदमाशों ने दो लोगों को गोली मार दी जिसमे एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया है। घटना का स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है मृतक को काफी नजदीक से गोली मारी गयी थी| मृतक गजराजगंज ओपी अंतर्गत चौकीपुर गांव निवासी बसंत पासवान का 32 वर्षीय पुत्र सोनू पासवान है जबकि जख्मी उसी गांव के निवासी नथुनी चौधरी का 34 वर्षीय पुत्र अनिल चौधरी है। दोनों पेशे से वाहन चालक हैं।

जख्मी अनिल चौधरी ने बताया कि वह दोनो आज देर शाम जब जगजीवन हाल्ट पर टहल रहे थे तभी चार की संख्या हथियारबंद अपराधी वहां आ धमके और सोनू पासवान पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान उसे दो गोली लग गई| उसे बचाने के लिए अनिल चौधरी गया और उनका विरोध करने लगा, तो हथियारबंद अपराधियों ने उसे भी गोली मार दी जिससे दोनों जख्मी हो गए। दोनो को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था तभी सोनू पासवान ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

बावजूद इसके परिजन दोनों को सदर अस्पताल ले आये, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया जबकि जख्मी अनिल चौधरी को प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया था।हालांकि परिजन उसे शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल ले गए।अनिल चौधरी ने विक्रम नामक युवक सहित चार लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

भोजपुर जिले के जगजीवन हाल्ट के समीप हथियारबंद अपराधियों द्वारा चालक की हत्या के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया। ग्रामीणों शव के साथ पासवान चौक के समीप आरा-बक्सर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। शव लेकर गए एंबुलेंस का शीशा तोड़ दिया गया। इस दौरान चालक ने किसी तरह भागकर जान बचाई। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी कर यातायात बाधित कर दिया तथा जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की|

इसके बाद हत्यारों की गिरफ्तारी एवं मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की भी मांग की। हंगामे की सूचना पाकर स्थानीय थाना मौके पर पहुंच लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई। एसपी विनय तिवारी ने बताया कि गोली मारने वाले अपराधियों की पहचान कर ली गई है। मृतक के परिजनों से बातचीत की जा रही है। मृतक के आश्रित को तुरंत मुआवजा देने का हेतु पहल किया जा रहा है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाकर छापेमारी की जा रही है।

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here