01 अक्टूबर : मधुबनी की मुख्य खबरें

0
swatva samachar

सदर अस्पताल में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय बुजुर्ग दिवस, लोगों की की गई जांच

मधुबनी : अंतर्राष्ट्रीय बुजुर्ग दिवस के मौके पर जिले के सदर अस्पताल में स्वास्थ्य जांच सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विदित हो की प्रत्येक वर्ष 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के रूप में मनाया जाता है। वृद्धावस्था में शरीर के कमजोर होने के साथ ही कई प्रकार की बीमारियां विशेषकर मधुमेह, उच्च रक्तचाप, गठिया, पर्किंसन्स, अल्जाइमर, हृदय रोग, कान, आंख इत्यादि रोगों से ग्रसित होने की संभावना बढ़ जाती है। इस को ध्यान में रखते हुए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस का आयोजन किया गया।

स्वास्थ्य जांच व जागरूकता शिविर का होगा आयोजन:

swatva

एनसीडीओ डॉ. एस. पी. सिंह ने बताया 1 से 7 अक्टूबर तक जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों जैसे सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सभी हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर पर वृद्ध एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच व जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक दवाओं का वितरण करने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य जांच शिविर में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, गठिया, पार्किंसंस, अल्जाइमर, हृदय रोग, कान-नाक -गला रोग एवं नेत्र आदि बीमारियों की जांच के साथ ही बीमारियों से बचाव के उपाय एवं खानपान से संबंधित उचित सलाह भी दी जाएगी।

बुढ़ापे में प्रतिरोधक क्षमता हो जाती है कम, तंबाकू उत्पाद से बनाएं दूरी:

सीड्स कार्यक्रम के कार्यक्रम पदाधिकारी मनोज कुमार झा ने बुजुर्गों को सलाह दिया कि तंबाकू उत्पाद  का सेवन बुजुर्गों के लिए घातक साबित हो सकती है क्योंकि बुजुर्गावस्था में लोगों की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है तथा कई तरह के गैर संक्रामक रोग होने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए बुजुर्गों को तंबाकू तथा तंबाकू से बने पदार्थ बीड़ी, सिगरेट आदि से दूर रहना चाहिए. उन्होंने बताया तंबाकू में मौजूद 4000 जहरीले तत्व  बालों का झड़ना, मोतियाबिंद, दांत का सड़न, फेफड़ों का कैंसर, दिल की बीमारी, पेट का अल्सर बदरंग उंगलियां, विकृत शुक्राणु जैसी बीमारियों का कारण बनता है।

गांधी जयंती पर कोविड-19 टीकाकरण महा मेगा अभियान आज, तैयारी पूरी

मधुबनी : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर आगामी 02 अक्टूबर को जिले में विशेष कोरोना टीकाकरण अभियान का संचालन किया जायेगा। अभियान के तहत जिले में 02 लाख लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित है। अभियान की सफलता को लेकर जिलाधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को संबंधित अधिकारियों की विशेष बैठक आयोजित की गयी। बैठक में गांधी जयंती पर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत लोगों का टीकाकरण करने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक पंचायत में कम से कम एक सत्र स्थल बनाया जाएगा। इस तरह जिले के 388 पंचायतों में एक एक सत्र स्थल का निर्माण किया गया है। इसके अलावा सभी पंचायतों समेत अन्य स्थलों सहित कुल 600 से अधिक सत्र स्थल बनाए गए हैं।

सामूहिक प्रयास से लक्ष्य प्राप्ति का करें प्रयास :

सिविल सर्जन डॉ सुनील कुमार झा ने बताया राज्यव्यापी अभियान के तहत जिले को 02 लाख लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। टीकाकरण मामले की बेहतर उपलब्धि को देखते हुए राज्य स्तर से मधुबनी से काफी उम्मीद है। लिहाजा समय-समय पर जिले को पर्याप्त मात्रा में टीका व अन्य जरूरी सहायता मिलती रही है। उन्होंने बताया अभियान की सफलता को लेकर हर मुमकिन तैयारियों को निर्देश दिया गया है। सीएस ने कहा इस बार 600 से अधिक सत्र के संचालन का निर्णय लिया गया है। प्रखंडवार टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया सामूहिक प्रयास से लक्ष्य को हासिल किया जाएगा।

सघन प्रचार अभियान संचालित कर लोगों को किया गया जागरूक:

सीएस ने कहा कि चयनित सत्रों के पुनर्मूल्यांकन  की जरूरत है। वैसे इलाके जहां अब तक टीकाकरण का प्रतिशत कम रहा है। वहां प्राथमिकता के आधार पर सत्र  संचालित किया गया है। पंचायत चुनाव को देखते हुए अभियान में जन प्रतिनिधियों को शामिल नहीं किया जा सकता है। इसे लेकर सभी प्रखंडों में सघन जागरूकता अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया है। कहा जीविका, आशा, आंगनबाड़ी सेविका सहित शिक्षक, आवास सहायक, विकास मित्र सहित अन्य को जागरूकता अभियान में शामिल किया गया है। टीकाकरण के दौरान एईएफ के  बेहतर प्रबंधन सहित सत्र पर लाभुकों के 30 मिनट ठहराव सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।

मोबिलाइजरों के लिये लाभुकों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित निर्धारित क्षेत्र के आधार पर उत्प्रेरकों (मोबिलाइजर की गतिविधियों को संचालित करने का निर्देश उन्होंने दिया। उन्होंने कहा कि सभी आशा, जीविका, आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रति सत्र के आधार पर लाभुकों के टीकाकरण का निर्धारित लक्ष्य दिया गया है। हर हाल में इसकी उपलब्धि सुनिश्चित करायी  जानी  चाहिये। सभी आशा, जीविका व सेविका को अपने स्तर से टीकाकरण के लिये लाभुकों को सत्र स्थल तक लाना है। कोविन पोर्टल पर लाभुकों के पंजीकरण को लेकर उचित इंतजाम सुनिश्चित कराने का निर्देश है | उन्होंने कहा कि टीकाकरण कार्यों में नर्स एवं वेरिफायर को उपलब्ध (हायर) करने का निर्देश दिया गया है जिसके लिए प्रत्येक प्रखंड को तीन से चार लाख रुपए उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

बेहतर रणनीति के तहत अभियान की सफलता का करें एकजुट प्रयास :

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ एस.के विश्वकर्मा ने अभियान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अभियान  की सफलता को लेकर एकजुट प्रयास करना होगा। बेहतर समन्वय व एकजुट प्रयास से निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिये कर्मियों को प्रेरित किया गया है । प्रखंड स्तर पर सघन प्रचार अभियान संचालित किये जा रहे हैं। टीका के पहले व दूसरे डोज से वंचित लोगों से कर्मी संपर्क स्थापित कर उन्हें अभियान की जानकारी देते हुए उन्हें टीकाकरण के लिये प्रेरित करने के कार्य में जुटे हैं। उन्होंने सामूहिक प्रयास के दम पर निर्धारित लक्ष्य प्राप्ति का भरोसा दिलाया।

अरविंद पूर्वे के नेतृत्व में मनेगी लोजपा के संस्‍थापक व पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की जयंती

मधुबनी : लोजपा के संस्‍थापक रामविलास की जयंती मनाने के मधुबनी जिले के लोजपा कार्यकर्ता के निर्णय को राजनीतिक गलियारे हलचल बढ़ा दी है। आगामी सात जुलाई को लोक जनशक्ति पार्टी की के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्व० रामविलास पासवान की जयंती मधुबनी जिले में धूमधाम से लोजपा जिलाध्यक्ष अनुपम राजा एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अरविंद नायक के नेतृत्व में लोजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा धूमधाम से मनाई जाएगी।

आज इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर लोजपा नेताओं ने लोजपा कार्यालय मधुबनी में लोजपा नेता गुरुदेव पासवान की अध्यक्षता में बैठक की, वहीं मंच संचालन अरविंद पूर्वे ने की। इस बैठक में विस्तार से पार्टी की मजबूती एवं संगठन विस्तार की चर्चा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रम के लिए रणनीति बनाई गयी।

इस कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अरविंद पूर्वे, जिलाध्यक्ष अनुपम राजा, गुरुदेव पासवान (जिलाध्यक्ष, दलित सेना मधुबनी), संजय कुमार सिंह(प्रदेश महासचिव), संतोष कुमार पासवान(वरीय उपाध्यक्ष), ललितेश्वर पासवान(बिस्फी प्रखंड अध्यक्ष), श्रीनारायण सिंह कुशवाहा(जिलाध्यक्ष किसान सेल), अजितनाथ मिश्र(जिला प्रवक्ता), शिवजी पासवान (पंडौल प्रखंड अध्यक्ष), रोशन पासवान (रहिका प्रखंड अध्यक्ष), प्रदीप पासवान(जयनगर प्रखंड अध्यक्ष), राजेन्द्र पासवान (कलुआही प्रखंड अध्यक्ष), विजय पासवान, मनोज पासवान(लौकही प्रखंड अध्यक्ष), मुक्ति राम(खुटौना प्रखंड अध्यक्ष), जसो पासवान(फुलपरास अध्यक्ष), राजेश पासवान (मधेपुर प्रखंड अध्यक्ष), लक्ष्मी नारायण राम(लोजपा वरिष्ठ नेता,बिस्फी) एवं अन्य दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा “वृद्धावस्था को सुखी बनाइए : राम प्रसाद राऊत

मधुबनी : माज कल्याण विभाग बिहार सरकार के द्वारा संचालित बुनियाद केंद्र जयनगर के सभागार में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस एवं अमृत महोत्सव के अवसर पर, मुख्य अतिथि बिहार ग्राम रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष राम प्रसाद राऊत ने वृद्ध जनों को सम्मानित करते हुए कहा है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा “वृद्धावस्था को सुखी बनाइए” का नारा देकर सबके लिए स्वास्थ्य अभियान शुरू किया उसके बाद संयुक्त राष्ट्र संघ के द्वारा 1991 में अंतरराष्ट्रीय बुजुर्ग दिवस की शुरुआत के बाद 1999 को अंतरराष्ट्रीय बुजुर्ग दिवस के रूप में मनाया गया था* उस दिन को पूरी तरह से बुजुर्गों के लिए समर्पित किया गया है। उनके लिए वृद्ध आश्रम में भी कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, और उनकी खुशी व सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाता है। खासतौर से उनकी सुविधाओं और समस्याओं पर विचार किया जाता है एवं उनके स्वास्थ्य के प्रति गंभीरता से ध्यान दिया जाता है।

बुजुर्ग हमारे लिए ईश्वर का अवतार होते हैं, जिनके आशीर्वाद से हमारा पालन-पोषण होता है। उनके प्रति मन में सम्मान और अटूट प्रेम होना स्वाभाविक बात है, लेकिन इसके भी महत्वपूर्ण बात है। उस अवस्था में उनके साथ होना जब वह असहाय और अक्षम होते हैं क्योंकि उसी अवस्था में सारी बीमारियों का आक्रमण भी होने लगता है। यही उनके प्रति हमारे प्रेम और सच्ची श्रद्धा होती है। भले ही समय अभाव में यह हमेशा संभव ना हो लेकिन जितना संभव हो सके बुजुर्गों की सेवा हम सबों को करनी चाहिए बुजुर्गों का आशीर्वाद भाग्यशाली व्यक्ति को ही मिलता है।

श्री राऊत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ‘नौजवान इस बात पर थोड़ा ध्यान दें अपने बुजुर्गों को समय और सम्मान दें’ का नारा दिया, जिसे उपस्थित व्यक्तियों ने ताली बजाकर इस नारे का स्वागत किया।इस कार्यक्रम में बुनियाद केंद्र जयनगर के केंद्र प्रबंधक पवन कुमार राय, श्रवण चिकित्सक राज किरण सिंह, फिजियोथैरेपिस्ट रितेश कुमार, काउंसलर अभिषेक कुमार उपस्थित वृद्ध जनों को अंग वस्त्र और माला से भव्य स्वागत किए।

महिला विकास मंच ने असहाय लड़की को पंहुचाया घर, लड़का सूरत में छोड़ कर घर(जयनगर) भाग आया था

मधुबनी : महिला और पुरुषों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करने वाली एक अग्रणी संगठन महिला विकास मंच ने किया एक और सराहनीय कार्य। ताजा मामला मधुबनी जिले के जयनगर प्रखंड अन्तर्गत खैरामाठ गाँव का है। उक्त गाँव का निवासी श्रवण यादव पिता का नाम-स्व० किशुन्न यादव जो सूरत में रहकर नौकरी करता था, इसी दौरान उसकी मुलाकात निशा कुमारी पिता का नाम-गणेश ताती से हुई। दोनो में प्रेम प्रसंग शुरु हुआ और फिर आपसी सहमति से दोनों ने सूरत में ही विवाह कर लिया। इस बात की जानकारी श्रवण के घरवाले को भी थी। शुरुआत में घर के सभी सदस्य को निशा स्वीकार थी।

लड़की के कथनानुसार कुछ दिनों के बाद श्रवण के परिवारवाले श्रवण पर उस लड़की को छोड़ने का दबाब बनाने लगे जिसके बाद   लड़का श्रवण निशा को सूरत में ही छोड़कर चुपचाप घर भाग गया, जिसे ढूंढते हुए लड़की मधुबनी पंहुची और पूरे मामले की जानकारी आवेदन के माध्यम से स्थानीय प्रशासन एवं महिला विकास मन्च को दी। जिसके बाद प्रशासन के सहयोग से महिला विकास मंच की अध्यक्षा दीपशिखा सिंह, सचिव विमल गुप्ता, उपाध्यक्ष राधा अग्रवाल, कार्यकरणी शोभा देवी एवं प्रशांत सुरेखा व अन्य सदस्यों के द्वारा लड़की को उसके पति के घर खैरामाठ पंहुचा दिया गया। मौके पर से लड़का और उसकी माता वहाँ से गायब थी। लड़के की दादी एवं वहां उपस्थित ग्रामीणों के सहयोग से लड़की को सकुशल खैरामाठ श्रवण यादव के घर पंहुचा दिया गया।

बिहार स्टेट फूड कॉरपोरेशन के श्रमिक अपने पारिश्रमिक राशि का सरकार एवम् ठेकेदारों द्वारा हो रहे शोषण को लेकर सरकार से लगाई गुहार

मधुबनी : बिहार स्टेट एंड फूड कॉरपोरेशन ऑफ बिहार के श्रमिको ने सरकार एवम् ठेकेदारों के द्वारा अपने ऊपर हो रहे शोषण को लेकर मधुबनी नगर परिषद सभागार मधुबनी में कोविड-19  प्रोटोकॉल का पालन करते हुए एक बैठक आयोजन किया। जिसमे जिला के सभी एसएफसी गोदाम के लेबर सरदार मौजूद थे। वहीं एसएफसी लेबर यूनियन के जिला प्रतिनिधि प्रदीप कुमार पासवान ने बताया कि अगर हमलोगों को ठेकेदार एवम् एसएफसी कर्मियों द्वारा बार-बार शोषण का शिकार होना पड़ता है।

हम लोगों को उचित पारिश्रमिक राशि का भी भुगतान नहीं किया जाता। हम लेबरों के साथ हमेशा झूठ बोला जाता है, जितनी हमारी राशि सरकार और ठेकेदार पर बकाया है। उस राशि का आधा भी नही भुगतान किया जा जाता है। इसके लिए उच्च पदाधिकारियों से भी कई बार आवेदन के माध्यम से गुहार लगाई गई, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं। अगर हमारी बातों को सरकार द्वारा अनदेखा किया गया तो हम लोग मजबूर होकर सरकार के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य हो जाएंगे।

सुमित कुमार की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here