19 सितंबर : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

नौकरी का सपना दिखा ठगी करने वाला मुखिया पति गिरफ्तार

आरा : नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने के आरोपित दो साल से फरार मुखिया पति अजीमाबाद थानान्तर्गत ब्रह्मपुर ग्राम निवासी राम जनम शर्मा के पुत्र गौरी शंकर  शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। भोजपुर जिला के अगिआंव प्रखंड के करबासिन पंचायत की निवर्तमान मुखिया आशा रानी उनकी पत्नी हैं। गौरीशंकर शर्मा भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के नगर थानान्तर्गत चरखंभा गली में मकान बना अपने परिवार के साथ रहता हैं। उन पर आधा दर्जन भर लोगों से नौकरी लगाने के नाम पर करीब 13 लाख रुपये ठगी करने का आरोप है। इस सम्बन्ध में नवादा थानान्तर्गत कतीरा की निशा कुमारी सहित अन्य के आवेदन पर आरा नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी।

भोजपुर एसपी विनय तिवारी ने बताया कि 2014 को भोजपुर समाहरणालय में 80 आदेशपाल के पद पर नियुक्ति होने वाली थी। इसको लेकर नौकरी दिलाने के नाम पर गौरी शंकर शर्मा ने दर्जनों लोगों से लाखों रुपए की ठगी की थी। जगदीशपुर थानान्तर्गत वार्ड न. 10 के छोटेलाल राम के पुत्र बीम बिहारी लाल ने आरा नगर थाने में गौरी शंकर शर्मा के खिलाफ नामज़द प्राथमिकी दर्ज कराई थी| मुखिया पति गौरी शंकर ने अपने नगर थाना क्षेत्र स्थित चारखम्भा गली स्थित घर और जमीन बेचने के नाम पर अलग-अलग लोगों से करीब लाखों रुपए ठगे थे। इसका मामला आरा व्यवहार न्यायालय में चल रहा है। ठगी मामले में नगर थाना में कांड संख्या 57/18 दर्ज किया गया था।

swatva

ठगी के मामले में आवेदक द्वारा लिखित शिकायत किया गया था कि गौरी शंकर शर्मा एवं उनकी पत्नी आशारानी अपने स्कॉर्पियो गाड़ी से हमारे यहां 5 मई 2014 को घर जगदीशपुर में आए और कहने लगे कि हमारा संपर्क जिलाधिकारी भोजपुर से है और भोजपुर समाहरणालय में 80 आदेशपाल के पद पर नियुक्ति होने वाली है। हम लोग आप लोगों के लड़कों को चपरासी में बहाली करवा देंगे। इसके लिए आप लोग 2 लाख का इंतजाम कीजिए। आप लोग छोटे जाति से हैं इसलिए 2 लाख में ही आपके लड़कों की नौकरी हो जाएगी। इसके पहले भी हमने सैकड़ों मास्टर की बहाली करवाई है। पीड़ित ने झांसे में आकर 15 जुलाई 2014 को आरोपी गौरी शंकर शर्मा के चारखम्भा गली स्थित उनके आवास पर 4 लोगों ने नौकरी के नाम पर रुपए दिए।

उन्होंने बताया कि  जिलाधिकारी भोजपुर ने सितंबर 2014 को 80 आदेशपाल की नियुक्ति की थी। इस बहाली में हम लोगों के किसी भी लड़के या लड़की की नियुक्ति नहीं हो सकी। तब हम लोगों ने उनसे नियुक्ति नहीं होने का कारण पूछा तो वह बोलने लगे कि यह नियुक्ति रद्द हो जाएगी। आप लोगों की सचिवालय से नई नियुक्ति हो जाएगी। इन सब बातों में फंसाकर उन्होंने हम लोगों को 15 जुलाई 2016 को मदन जी पटवा की पत्नी अनीता देवी के नाम पर 5 लाख का चेक दिया जो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गया। उसके बाद भी हम लोगों को लगातार आश्वासन देते रहे कि आप लोग घबराइए नहीं मैं सभी का पैसा वापस कर दूंगा। उनके आश्वासन पर हम लोगों ने चेक बाउंस का केस नहीं किया| फिर जब उनके नए मकान पर जाते तो गाली-गलौज कर वापस लौटा देते थे। इस घटना के बाद हम लोगों ने 29 जनवरी 2018 को एसपी और जिलाधिकारी को आवेदन दिया| जिसके बाद नगर थाना में मामला दर्ज हो गया।

नवादा नवादा थानान्तार्गत कतीरा की निशा कुमारी सहित आधा दर्जन बेरोजगार युवक व युवतियों ने उन्हें आवेदन देकर गौरीशंकर शर्मा पर नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने और पैसे मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया था। उनके आदेश एक अप्रैल को गौरीशंकर शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी थी। उसके बाद से ही गौरी शंकर शर्मा भूमिगत हो गये थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रात में  गौरीशंकर शर्मा को अजिमाबाद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

स्थानीय सूत्रो के अनुसार गौरीशंकर शर्मा  के खिलाफ गलत तरीके से अकूत संपत्ति अर्जित करने की जांच भी की जा रही है। इसकी शिकायत पुलिस मुख्यायल और आर्थिक अपराध इकाई से की गयी थी। उसे लेकर तत्कालीन एसपी हरकिशोर राय की ओर से अप्रैल माह में पीरो एसडीपीओ से रिपोर्ट की मांग की गयी थी। एसपी ने अपने पत्र में एसडीपीओ से पूछा था कि मुख्यालय को पता चला है कि गौरी शंकर शर्मा के खिलाफ कई कांड दर्ज हैं। उनके द्वारा गलत तरीके से अकूत संपत्ति भी दर्ज की गयी है। ऐसे में पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट दी जाये। इस संबंध में एसडीपीओ ने रिपोर्ट भेज भी दी है। वहीं करीब चार साल पहले चरखंभा गली स्थित उनके घर पर फायरिंग भी की गयी थी जिसमे घर के लोग बाल-बाल बच गये थे।

भोजपुर के एकवारी गाँव निवासी बीरेंद्र शर्मा ने बताया कि इसके अतिरिक्त मुखिया पति ने कई लोगों से एक ही जमीन और घर को बेचने के लिए मोटी रकम वसूल की थी। जमीन और घर खरीदने के लिए गौरी शंकर को नगर थाना क्षेत्र के चरखम्बा गली स्थित उसके घर और जमीन लेने के लिए 3 लोगों ने मिलकर 70-75 लाख रुपए दिए थे, लेकिन रुपए देने के बाद भी न ही जमीन मिली न ही घर। बीरेंद्र शर्मा ने कहा कि 25 लाख रुपए देने के बाद जब मुखिया पति के द्वारा वापस नहीं किया गया, जिसके चलते हमारी पत्नी उर्मिला देवी का देहांत 2016 में हो गया। हमलोगों ने आरा व्यवहार न्यायालय में केस किया है। आरोपी मुखिया पति गौरी शंकर की गिरफ्तारी के बाद हमें न्याय की पूरी उम्मीद है।

आरा नगर थानाध्यक्ष शम्भू कुमार भगत ने बताया कि नगर थाना में मुखिया पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई गई थी। इसके बाद से ही गौरी शंकर शर्मा फरार चल रहा था। हम लोगों को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने गांव ब्रह्मपुर आया है। सूचना मिलते ही ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुखिया पति गौरी शंकर शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।

डबल मर्डर कांड में आठ लोगों पर प्राथमिकी

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के नगर थानान्तर्गत रघुटोला डबल मर्डर कांड में रघु टोला के ही आठ लोगों के खिलाफ मृतक रमेश यादव के पिता राम बाबु यादव के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है। नामज़द लोगों में गांव के ही श्रीभगवान यादव, बद्री यादव, बुधराम यादव तीनों (भाई) विक्की यादव, शंभू यादव, कमलेश यादव, दीपक यादव और राहुल को आरोपित किया गया है। इनमें विक्की यादव बद्री यादव, तो कमलेश यादव बुधराम यादव का पुत्र है।

विक्की यादव और शंभू यादव पर गोली मारने का आरोप लगा है। प्राथमिकी में कहा गया कि शनिवार की सुबह उनका बेटा कमलेश यादव रोड की तरफ गया था। उस दौरान बद्री यादव ने उसकी जेब से पैसे निकालने का प्रयास किया था। कमलेश द्वारा विरोध किया गया था। उसे लेकर बद्री यादव ने धमकी दी थी। उसके बाद करीब 11 बजे सभी हथियार लेकर उनके दरवाजे पर धमक गये और गाली-गलौज करने लगे। इस पर रमेश यादव ने विरोध किया, तो उसे गोली मार दी।

भोजपुर एसपी विनय तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सिर्फ सौ रुपये के विवाद में हत्या करने की बात सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि रमेश यादव ने ऑटो खरीदी थी। जिसपर राहुल यादव की भी नजर थी और वह उसे खरीदना चाहता था। वह रमेश यादव द्वारा ऑटो खरीदे जाने से नाराज था। उसके एवज में वह रमेश यादव से सौ रुपये मांग रहा था। इसीपर उसका रमेश यादव से विवाद हुआ था। उसी विवाद में शनिवार की सुबह वह कुछ लोगों के साथ रमेश यादव के दरवाजे पर पहुंचा और झगड़ा करने लगा। इसी क्रम में गोली मार दी गयी।

एसपी ने बताया कि अभी तक जांच में पता चला है कि राहुल यादव पर उसके ही पक्ष के लोगों ने चलायी गोली थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में राहुल यादव और बद्री यादव को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिये भी छापेमारी की जा रही है।बताया जा रहा है कि रमेश यादव के किसी रिश्तेदार ने कबाड़ से ऑटो खरीदी थी।

प्राथमिकी के अनुसार गोली की आवाज सुन बगलगीर जनार्दन यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। उन्होंने गोली मार रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया, तो उनको ही गोली मार दी गयी।  उसके बाद सभी आरोपित फायरिंग करते भाग निकले। स्थानीय लोग दोनों को असपताल लाये जहां डॉक्टर दोनों को मृत घोषित कर दिया। रघुटोला निवासी रमेश यादव और जनार्दन यादव के शव का मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया गया।

सरपंच के भावी उम्मीदवार को मारी गोली

आरा : भोजपुर जिले के धोबहा ओपी अंतर्गत सलेमपुर गांव में रविवार की सुबह बाइक सवार हथियारबंद लोगो ने इचरी पंचायत से सरपंच पद के भावी उम्मीदवार रामप्रवेश यादव के 35 वर्षीय पुत्र मनोज यादव को गोली मार दी। उसे काफी नजदीक से दो गोली मारी गई है। जिससे वह गंभीर रुप से जख्मी हो गया। उसे एक निजी अस्पताल में लाया गया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।

जख्मी मनोज यादव ने बताया कि वह आज सुबह बधार से शौच कर घर के दरवाजे पर अपने भाई के साथ बैठा था। तभी दो बाइक पर सवार छह हथियारबंद लोग वहां आ धमके और फायरिंग शुरू कर दी जिसमे उसे गोली लग गई। जख्मी मनोज यादव ने गांव के ही नारद यादव समेत छह लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। डॉक्टर ने बताया कि युवक को दो गोली लगी है। उसके डैमेज पार्ट को रिपेयर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मरीज की स्थिति बिल्कुल स्थिर है।बहरहाल उसे अभी एक सप्ताह तक ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा।

शराबी युवक ने पुलिसकर्मियों के गाल पर जड़े थप्पड़

आरा : सदर अस्पताल के इमरजेंसी परिसर में शनिवार की रात नशे मे धूत युवक ने जमकर उत्पात मचाया गया। उसने पुलिसकर्मियों के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की बल्कि गाल पर थप्पड़ भी जड दिए। इस घटना का वीडियो आसपास के लोगो ने अपने मोबाइल के कैमरे से बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जानकारी के अनुसार शराब के नशे में धूत उक्त युवक उदवंतनगर थानान्तर्गत कसाप गांव निवासी राणा सिंह है।

बता दें कि नवादा थाना क्षेत्र के कतीरा मोड़ स्थित कचरे में उक्त युवक शराब के नशे में धूत होकर गिरा पड़ा था। रास्ते से गुजर रहे नवादा थाना की गश्ती पुलिस ने उठा कर उसे थाने ले आई। इसके बाद पुलिसकर्मियों द्वारा उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया था। राणा सिंह को इलाज के बाद जब पुलिसकर्मी उसे वापस थाने ले जा रहे थे तभी युवक उत्पात मचाने लगा। उसने पुलिसकर्मियों के साथ गाली- गलौज एवं मारपीट भी की। जिसके बाद उसे किसी तरह शांत कराया गया। इसके बाद उसे वापस थाना ले जाया गया।

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here