16 सितंबर : आरा की मुख्य खबरें

0
आरा की मुख्य ख़बरें

पुलिस के जवान की मौत

आरा : सड़क हादसे में घायल भोजपुर पुलिस के जवान चंदन कुमार की पटना के पीएमसीएच में इलाज़ के दौरान बिगत रात्री मौत हो गयी| सिपाही चंदन कुमार बीते 1 सितंबर की सुबह बाइक द्वारा अपने घर से वापस जगदीशपुर थाना आ रहा था। इसी बीच आरा-मोहनिया नेशनल हाईवे पर धनगाई थाना के समीप अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया था।जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उन्हें आरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया था पर डॉक्टरों ने चिंताजनक स्थिति में उसे पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया था, जहां इलाज के दौरान बिगत रात्री रात चंदन कुमार ने दम तोड़ दिया।

उसके साथी ने बताया कि चंदन काफी खुशमिजाज व्यक्ति था। लोगों से उनके काफी अच्छे संबंध रहते थे। हमेशा लोगों के बीच रहते और लोगों को हंसाते रहते थे पर आज वो हम सभी को रुलाकर चले गए। आज चंदन कुमार का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के बाद आरा पुलिस लाइन लाया जाएगा, जहां उसे सलामी देने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। बता दें कि सिपाही चंदन कुमार मूल रूप से बिहार के भभुआ जिले का रहने वाला था, जो फिलहाल भोजपुर पुलिस के सीआईटी टीम जगदीशपुर में तैनात था। बताया जाता है कि मृतक जवान वर्ष 2013 में बिहार पुलिस में जवान के रूप में बहाल हुआ था|

swatva

पुलिस हिरासत में महिला की मौत मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष सहित पांच पुलिस कर्मियों पर केस दर्ज

आरा : भोजपुर जिला के पीरो थाना परिसर में पुलिस हिरासत में महिला की मौत मामले में मृतिका शोभा देवी के पुत्र प्रकाश कुमार उर्फ़ नीतू के बयान पर पीरो थाना तत्कालीन थानाध्यक्ष अशोक कुमार चौधरी, दरोगा राम कुमार हेम्ब्रम, महिला सिपाही नैना, प्रियंका, खुशबु पर नामज़द प्राथमिकी दर्ज की गयी है। दर्ज प्राथमिकी में प्रकाश कुमार ने आत्मग्लानि और लोक-लाज के कारण मां द्वारा खुदकुशी किये जाने की बात कही है। उसने इनपर मारपीट करने खाना नही देने का भी आरोप लगाया है|

प्रकाश कुमार ने प्राथमिकी में कहा कि कहा गया है कि आठ सितंबर की रात 12 बजे सभी पुलिस कर्मी दीवार फांदकर उसके घर में घुस गये और दोनों मां-बेटे को पकड़ लिया गया। मोबाइल छीन लिया गया और गंदी-गंदी गालियां दी गयी। उसके बाद दोनों को थाने लाया गया, जहां शोभा देवी द्वारा बिना वारंट पकड़ कर लाये जाने की बात कहने पर उसके साथ मारपीट की गयी। दो-तीन दिन तक खाना नहीं दिया गया। दवा भी नहीं दी जा रही थी। दवा मांगने पर महिला सिपाहियों गाली दे रही थी। परिवाद में मारपीट कर और गमछा से गला में फंदा डाल शोभा देवी की हत्या करने का आरोप लगाया गया है।

प्रकाश कुमार ने कहा कि 12 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे महिला सिपाही ने बताया गया कि उसकी मां ने खुदकुशी कर ली है। इस पर वह अन्य पुलिस कर्मियों के साथ महिला बैरक में पहुंचा। वहां देखा कि उसकी मां ने गमछा के सहारे महिला बैरक के बाथरूम की खिड़की से फांसी लगा ली है। उसके बाद सभी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तबतक उसकी मां की सांस थम चुकी थी।

बता दें कि मोथी गांव निवासी मुन्ना प्रसाद की पत्नी शोभा देवी द्वारा पुलिस हिरासत में खुदकुशी किये जाने के बाद से ही हंगामा मचा है। पुलिस पर हत्या करने का आरोप लगा विभिन्न संगठन के लोगों द्वारा प्रदर्शन किया। लोग दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। इस बीच भोजपुर एसपी ने थानाध्यक्ष और ओडी अफसर सहित पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। मोथी गांव निवासी शोभा देवी से पूछताछ से पुलिस ग्रामीण चिकित्सक हत्या कांड में काफी अहम क्लू मिले हैं। शोभा देवी के पुत्र प्रकाश कुमार द्वारा दर्ज यूडी केस से इस बात की पुष्टि हो रही है। यूडी केस के अनुसार ग्रामीण चिकित्सक की हत्या में पूछताछ के लिये मां-बेटे को थाने में लाया गया था।

पूछताछ में उसकी मां ने चिकित्सक से संबंध होने सहित कुछ अहम जानकारी दी गयी थी। उस आधार पर पुलिस कुछ अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिये लायी थी। बता दें कि पुलिस द्वारा शुरू से ही चिकित्सक की हत्या में शोभा देवी की संलिप्तता की बात कही जा रही है। शोभा देवी का शव रविवार की सुबह करीब पांच बजे पीरो थाना के महिला बैरक के बाथरूम की खिड़की से लटका मिला था। महिला ने गमछा के सहारे खिड़की के ग्रिल से फांसी लगा ली थी। चार दिन तक पुलिस कस्टडी में रखे जाने के बाद महिला द्वारा फांसी लगा लिये जाने से लोग भड़क उठे थे। पीरो से लेकर सदर अस्पताल तक हंगामा किया गया था।

लोहवा पुल के समीप बड़ी लूट

आरा : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा मुफस्सिल थानान्तर्गत सनदियां के समीप लोहवा पुल के नजदीक मुंबई से लौट रहे एक युवक और उसके घर वालों से कुछ हथियारबंद अपराधियों ने 85 नकद, सोने की चेन, मंगलसूत्र, जियुतिया लूट कर भाग गए| पुलिस मामले की छानबीन कर रही है साथ ही अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी भी कर रही है| घटना बुधवार सुबह करीब पांच बजे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अगरसंडा गांव निवासी मोहित प्रसाद के साथ हुई है।

मुफ्फस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि मुफस्सिल थानान्तर्गत अगरसंडा निवासी मोहित प्रसाद मुंबई में रहकर मसाला बेचता है। वह अपने परिवार के साथ गांव आ रहा था। परिवार के साथ लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस ट्रेन से आरा स्टेशन फर सुबह करीब तीन बजे उतरा। उसके बाद स्टेशन से ऑटो रिजर्व कर गांव चल दिया। रास्ते में लोहवा पुल के समीप पहले से खड़े दो लोगों ने ऑटो रोकवा दिया तथा बाद हथियार का भय दिखा कर पैसे और जेवर लूट लिये गये। घटना में पुलिस ऑटो चालक की भूमिका भी संदिग्ध मानकर चल रही है। इसके लिये पुलिस आरा रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।

लूटपाट के शिकार मोहित प्रसाद के अनुसार रास्ते में दूर से ही उसे पिस्‌टल लेकर खड़े दो लोग दिखाई पड़ रहे थे। इस पर उसने चालक से कहा कि ऑटो रोकना मत। लेकिन चालक कहने लगा कि नहीं रोकने पर सब बवाल मचा देगा। उसके बाद चालक ने बदमाशों के हाथ देने पर ऑटो रोक दिया। मोहित के अनुसार घटना के बाद एक और ऑटो पीछे से आया और कुछ दूर आगे जाने के बाद फिर आरा की ओर लौट गया। इससे पुलिस को ऑटो की ओर भी शक की सुई घूम रही है।

ओजोन दिवस पर पौधारोपण

आरा : यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया भोजपुर इकाई के तत्वावधान में गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण को ले यूथ हॉस्टलएसोसिएशन ऑफ इंडिया,भोजपुर इकाई के तत्वाधान में मोती टोला में पौधारोपण किया गया। मौके पर फलदार पौधे आम, जामुन सहित 35 फलदार पौधों का रोपण किया गया।

इस मौके पर बोलते हुए अध्यक्ष डॉ एसके रूंगटा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाना तो जरूरी है लेकिन लगाने के बाद इस को संरक्षित करना भी हमारा उद्देश्य होना चाहिए। इस दिशा में हमारी संस्था निरंतर कार्य कर रही है। संस्था की चेयरमैन डॉक्टर अर्चना सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण आवश्यक है। आज ओजोन दिवस भी है सभी से आग्रह है कि बरसात में एक पौधा हर वर्ष अपनी ओर से अवश्य लगाएं|

पेड़ है तभी जीवन है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष रीता सिंह, सचिव विष्णु शंकर , सुनील नैयर, सचिव बाल हिंदी पुस्तकालय विजय कुमार सिंह, दिनेश कुमार, सरोज सुमन, दिनेश कुमार सिन्हा, शशि भूषण, अनुराग कुमार, अभिषेक, गंगासागर, दीपक कृष्णा राज सहित कई अन्य सदस्य भी मौजूद थे।

राजीव एन० अग्रवाल की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here