12 अगस्त : मधुबनी की मुख्य खबरें

0
swatva samachar

दवा की प्राप्ति एवं वितरण की सतत निगरानी के लिए डीवीडीएमएस को लागू करने के ईडी ने दिया निर्देश

मधुबनी : स्वास्थ्य विभाग एवं राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत मुफ्त दवा कार्यक्रम को प्रभावी बनाने एवं राज्य के सरकारी अस्पतालों में आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों के भंडार प्रबंधन एवं आपूर्ति शृंखला को स्वचालित करने के लिए डीवीडीएमएस के तहत जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों को वितरित की जा रही है सभी प्रकार की औषधियों की वास्तविक खपत का संधारण अथवा प्रविष्टि संजीवनी प्रणाली के तहत दवा वितरण काउंटर पर भी किए जाने का निर्देश कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने पत्र जारी कर सिविल सर्जन को दिया है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्देश दिया गया है कि जिला अंतर्गत सभी स्वास्थ्य संस्थानों में ईडीएल (आवश्यक दवाओं) की सूची में चिन्हित औषधि एवं शल्य की सामग्रियों का स्टॉक जांचते हुए इसका ऑनलाइन सुनिश्चित किया जाए दवाओं एवं सामग्रियों की प्राप्ति के बाद उनका ई औषधि पोर्टल पर अनुपालन भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

swatva

दवा व उपकरण आपूर्ति शृंखला प्रबंधन में आएगा सुधार :

जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, उपस्वास्थ्य केन्द्रों में आवश्यक दवाओं और उपकरणों की आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन प्रणाली में सुधार के लिए – डीवीडीएमएस (ड्रग्स एंड वैक्सीन डिस्ट्रीब्यूशन मैनेजमेंट सिस्टम) नामक सॉफ्टवेयर है, जो केयर इंडिया और सीडीएसी द्वारा तकनीकी रूप से समर्थित है. यह देखा गया था कि इस सॉफ्टवेयर के बावजूद भी आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन प्रणाली में स्वास्थ्य केंद्रों को परेशानी का सामना किया जा रहा था। इसलिए अब इस सॉफ्टवेयर में उन्नत सुविधाएँ जोड़ी गयी हैं. ताकि आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन सुचारू रूप से हो सके. अब सभी अस्पतालों को दवाएँ व उपकरणों की समस्या से शीघ्र निजात मिल सकेगा और नियमित समय पर सामग्री अस्पताल में उपलब्ध होगी।

अनुपलब्ध साधनों के लिए मिलेगा प्रमाणपत्र :

जिला कार्यक्रम प्रबंधक दया शंकर निधि ने बताया पहले किसी भी दवा या उपकरणों की अनुपलब्धता की स्थिति में स्वास्थ्य केंद्रों द्वारा स्थानीय स्तर पर उसकी खरीद कर ली जाती थी। पर अब यह नहीं हो सकेगा. अब दवाएँ या उपकरणों की अनुपलब्धता की स्थिति में बिहार मेडिकल सर्विस एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा अनुपलब्धता प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा. उसके बाद ही स्थानीय स्तर पर उसकी खरीददारी की जा सकेगी.

निश्चित समय में उपलब्ध रहेगी मांग :

सिविल सर्जन डॉ. सुनील कुमार झा ने कहा कि डीवीडीएमएस सॉफ्टवेयर के अपडेट होने से अब प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों को कागजी प्रक्रिया से छुटकारा मिल सकेगा. अब स्वास्थ्य केंद्र प्रखंड से ही सॉफ्टवेयर के माध्यम से अपनी अगले तीन महीने की मांग भेज देगी. तय समय में ही प्रखंड में जरूरी मांग अनुरूप दवा या उपकरण उपलब्ध करा दिया जाएगा.

दीवाल गिरने से दबकर 8 वर्षीय बच्ची की मौत

मधुबनी : जिले के कलुआही थाना क्षेत्र के शुभंकरपुर गांव में फुस के घर का मिट्टी का दीवाल गिरने से राजेश मंडल की 8 वर्षीय पुत्री साक्षी कुमारी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। राजेश मंडल के 8 वर्षीय पुत्री साक्षी कुमारी एवं उसके भाई प्रेम मंडल एवं प्रिंस मंडल तीनो भाई बहन घर से निकल कर सड़क पर खेलने के लिए जा रहा था। घर से थोड़ा आगे जाने पर जर्जर स्थिति में लखन मंडल के घर का मिट्टी का भीत गिर गया, जिसमें दबकर 8 वर्षीय साक्षी कुमारी की मौत घटनास्थल पर ही हो गया।

इस घटना में उसका दो भाई प्रेम मंडल और प्रिंस मंडल दोनों बाल-बाल बच गया। घटनास्थल पर उपस्थित साक्षी कुमारी के दादा विंदेश्वर मंडल ने बताया की साक्षी तीनों भाई बहन खेलने के लिए घर से सरक जा रहा था, इसमें प्रेम मंडल 5 वर्ष एवं प्रिंस मंडल दीवाल को गिरते हुए देखकर प्रेम ने प्रिंस का हाथ पकड़ कर पीछे हट गया, जिससे वह बाल बाल बच गया और साक्षी कुमारी आगे बढ़ गई थी, जिससे वह नहीं निकल पाई और भीत का दीवाल गिर गया और उसमें दब कर उसकी मौत हो गई।

घटना की खबर सुनते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया, घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। साक्षी की मां रोने बिलखने लगी। लोग उसे सांत्वना देने लगा। घटना की सूचना मिलने पर कलुआही थाना की पुलिस एवं कलुआही के सी आई घटनास्थल पर पहुंचा इन दोनों के समक्ष पंचनामा बनाकर बच्चे का दाह संस्कार करवा दिया।

ईधर मृतक के परिजन का कहना है कि अंचल कार्यालय से आए सीआई, पुलिस एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि पोस्टमार्टम करने से मना किया जिसके चलते पोस्टमार्टम नहीं कराए। सीओ रसिकलाल टूड्डू एवं थानाध्यक्ष राजकुमार मंडल ने बताया की मृतक के परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया, जिसके चलते पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। फिलहाल मृतक परिजनों को किसी प्रकार की सहायता राशि नहीं दी गई है।

सरपंच झड़ी लाल यादव के असामयिक निधन पर शोक सभा का आयोजन तैल चित्र पर पुष्प अर्पण कर दी गई श्रद्धांजलि

मधुबनी : जिले के बिस्फी प्रखंड क्षेत्र के सिमरी ग्राम पंचायत कचहरी के सरपंच झड़ी लाल यादव के असामयिक निधन पर गुरुवार को शोक सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने यादव के तैल चित्र पर पुष्प अर्पण कर श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अभिजीत पासवान ने किया। इस मौके पर दो मिनट का मौन धारण कर मृतक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।

भाजपा के जिला अध्यक्ष शंकर झा, उपाध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद यादव ने स्वर्गीय यादव के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि यादव एक सच्चे जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी थे। उनके अपने कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण फैसले देखकर पंचायत को शांति बनाए रखने में कदम उठाया। भाजपा परिवार में रहकर भी कई पदों को सुशोभित किया एवं अपने कर्तव्य निष्ठा दिखाया उनके निधन से क्षेत्र को काफी क्षति पहुंची है।

उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि भगवान उनकी आत्मा को शांति दे तथा उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में इस दुख को सहने की क्षमता दे। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता कुशेश्वर प्रसाद कुशवाहा, सतीश मेहता मंडल, अध्यक्ष अभिजीत पासवान, डॉ० रंजीत कुमार राणा, डॉ० रमाशंकर मेहता, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष कलीमुद्दीन शम्स, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला महासचिव अशोक पासवान, महामंत्री सुभाष चंद्र झा, अखिलेश झा, विनय झा, मुकेश कुशवाहा, मुन्ना ठाकुर लक्ष्मी कुशवाहा सुरेंद्र मंडल, दिलीप मंडल, श्याम बिहारी, अनिल झा, सुभाष कामत सहित कई लोग उपस्थित थे।

एक दर्जन से अधिक पंचायतों का सड़क जर्जर सभी गॉव का यातायात अवरुद्ध

मधुबनी : जिले के बिस्फी प्रखंड क्षेत्र के रघेपूरा, परसौनी उत्तरी,एव दक्षिणी, नाहस रूपौली उत्तरी, एवं दक्षिणी, तीसी नरसाम उत्तरी एवं दक्षिणी सहित एक दर्जन से अधिक पंचायतों का सभी गॉव का यातायात अवरुद्ध हो गया है। इन पंचायतों के सभी गांव के लोगों को जिला अनुमंडल प्रखंड जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

वही जरूरतमंद सामानों की यातायात भी बंद हो गई है। गैस सिलेंडर एवं अनाज साग सब्जी की गाड़ी भी इन क्षेत्रों नहीं पहुंच रही है। जन वितरण विक्रेता के माध्यम से मिलने वाली अनाज की गाड़ी भी गांव में नहीं जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर अनाज मिलना भी मुश्किल हो गया है। तबीयत खराब मरीजों को चार चक्का से ले जाना मुश्किल सी हो गई है।

जरूरतमंद सामान भी लोग बेहटा बाजार नहीं जा रहे हैं। इन पंचायतों में जाने वाली मुख्य सड़क तीसी- बलिया-दामोदरपुर मुख्य सड़क एक महीनों से बंद है वही सिमरी-परसौनी-अंघरी-बेनीपट्टी मुख्य सड़क कई जगह टूट जाने से दो माह से बंद है और अरेर- ईटहर- तिसी- नरसाम जाने वाली सड़कों पर कई जगहों पर गड्ढे हो जाने से यातायात बंद हो गई है। सड़क में गड्ढा की गड्ढे में सड़क है, यह मालूम करना कठिन हो गया है। यह मुख्य मार्ग अवरुद्ध होने से इन क्षेत्र के लोगों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

लोग आक्रोशित दिख रहे हैं, तो वही सड़क जाम कर आंदोलन करने की भी तैयारी कर रहे हैं। एक दशक पहले यह प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत अरेर से परसौनी तक बनाई गई थी, जो पूरी तरह जर्जर एवं गड्ढा नुमा होने से यातायात करना मुश्किल हो गई है। स्थानीय विधायक हरि भूषण ठाकुर बचोल ने बताया कि इन सभी सड़कों की मरम्मत करने को लेकर विभाग को लिखा गया है। यातायात बहाल करने को लेकर कदम उठाने की मांग विभाग से की गई है।

पंखे से झूलता मिला विवाहिता गुंजेश्वरी का शव, मायके वाले ने दहेज प्रताड़ना मे हत्या का लगाया आरोप

मधुबनी : दहेज दानवों द्वारा दहेज के लिए बेटियो की हत्या किए जाने का मामला बढ़ता ही जा रहा है। इसके लिए समाज मे की जा रही जागरूकता एवं कठोर कानून के बावजूद दहेज प्रताड़ना मे विवाहिताओं की हत्या करने का सिलसिला रुकने का नाम नही ले रहा है। मधुबनी नगर के लहेरियागंज की रहने वाली किशोर कुमार खंडेलवाल की लाडली छोटी बेटी गुँजेश्वरी देवी का दहेज प्रताड़ना मे उसके ससुराल वालो ने हत्या कर देने की का एक बड़ा मामला प्रकाश मे आया है। पटना के खाजेकला थाना क्षेत्र के मोगलपुरा इलाके मे विवाहिता गुँजेश्वरी का शव उसके ससुराल के कमरे मे झूलता मिला है।

आत्महत्या करने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करने के लिए भेज कर जाँच शुरू कर दी है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही विवाहिता गुँजेश्वरी के मायके वाले पहुंचे औऱ दहेज प्रताड़ना मे 27वर्षीया बेटी गुँजेश्वरी देवी की हत्या की जाने का आरोप लगाया। परिजनो के आरोपो के बाद पुलिस ने विवाहिता का पति मधुबनी जिले के फूलपरास मे साँख्य्की विभाग का कर्मी निशिकांत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मृतिका विवाहिता गुँजेश्वरी देवी का भाई अमरनाथ अमर का कहना है की आत्महत्या की सूचना पर जब वहाँ पहुंचा, तो उसकी बहन पंखे के हुक से झूल रही थी।

लेकिन उसका पैर पलंग पर था। उसका आरोप है की ससुराल वालो ने दहेज प्रताड़ना मे उसकी हत्या कर शव को पंखे के हुक से टांग दिया है। पुलिस का कहना है की कमरे से प्रताड़ना से जुड़ा सुसाइड नोट बरामद किया गया है, जिसमे ससुराल वालो पर प्रताड़ित करने की बात लिखी गई है। पुलिस सभी पहलुओ पर छानबीन कर रही है। घटना के संबंध मे मृतिका गुँजेश्वरी देवी के पिता किशोर कुमार खंडेलवाल एवं माँ गीता देवी ने बताया की घर की सबसे छोटी बेटी गुँजेश्वरी का पांच साल पहले धूमधाम से पटना के निशिकांत कुमार जो साँख्य्की विभाग मे कार्यरत है। उनसे विवाह किया था।

विवाह के बाद दो संतान हुई थी, जिसमे एक लड़का जिसका उम्र 11माह एवं एक लड़की जो 04साल की है। मानसिक रूप से स्वस्थ्य नही है, इसी बच्ची के ईलाज के लिए हमेशा राशि की मांग की जा रही थी। जो हमसे बन रहा था वह राशि हम खर्च भी कर रहे थे। लेकिन इसकी आर मे दामाद के द्वारा अधिक राशि की मांग की जाने लगी, जो देने हमलोग असमर्थ थे। इस कारण विवाद बढ़ता गया।

मेरी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। ससुराल वालो का दिल नही पसीजा औऱ मेरी बेटी की हत्या कर दी। मेरी बेटी ने भविष्य को देखते हूए मायके मे रहकर ही एसटीईटी की परीक्षा भी पास कर ली थी। जिंदा रहती तो शिक्षिका बन कर दोनो बच्चो का परवरिश करती जो अब सपना बन गया। बरहाल देखना हो गया कि इस मामले में कब तक न्याय मिल पाता है।

जेडीयू की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक हुई संपन्न, लिए गए कई निर्णय

मधुबनी : शहर के एक निजी होटल के सभागार में जदयू युवा मधुबनी जिला अध्यक्ष संतोष साह की अध्यक्षता में जिला युवा की टीम का समीक्षात्मक बैठक किया गया। इस बैठक में बिहार प्रदेश पदाधिकारी के रूप में राहुल झा उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री साह ने बताया कि जेडीयू के केंद्रीय इस्पात मंत्री सह पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के मंत्री बनने पर पहली बार प्रदेश में आगमन हो रहा है। इसको लेकर मधुबनी जिला के सभी युवा कार्यकर्ता उनके स्वागत में पटना जाने की तैयारी की समीक्षा किया गया। साथ ही इस मौके पर तीन कार्यकर्ता आरजेडी छोड़ जेडीयू एवं एक कार्यकर्ता बीजीपी छोड़ जेडीयू ज्वाइन किए। उनका भी स्वागत किया गया।

आजादी के 75वीं वर्षगांठ को ले एसएसबी ने मनायी अमृत महोत्सव, एसएसबी ने फिट इंडिया मूवमेंट कार्यक्रम के तहत योगा के लिए लोगों को किया प्रेरित।

मधुबनी : आजादी की 75वीं वर्षगांठ को लेकर 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ई कम्पनी एसएसबी गंगौर कैम्प में अमृत महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में एसएसबी के द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट के तहत योगा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां फुलहर, गंगौर, अखराहरघाट के एसएसबी कैम्प जवानों ने एक साथ योगा करते हुए स्वस्थ भारत का संदेश दिए। इस दौरान गंगौर कैम्प के इंचार्ज इंस्पेक्टर टूना सिंह ने योग के महत्त्व के बारे में बताते हुए कहा कि योग हमारी प्राचीन परंपरा की देन है।

योगा करने से मन-मस्तिष्क तथा शरीर काफी स्वस्थ रहता है। योग के नियमित अभ्यास से रोग हमारे समीप नहीं आते है। स्वस्थ जीवन के लिए हमें योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग हमारे भारत की अमूल्य निधि है, जिसे आज सारा विश्व अपना रहा है। प्रतिदिन योग का अभ्यास हमें स्वस्थ रखने में सहायता करता है। इसके महत्त्व को जानकर अपने घर परिवार में योग का नियमित अभ्यास कर रोग से कोसों दूर रह सकते हैं।

कार्यक्रम में योग के विभिन्न आसनों को करने की विधि तथा संतुलित आहार के बारे में भी लोगों को बताया गया। इस कार्यक्रम में फुलहर कैम्प के एसआई जीडी हंसराज, अखराहरघाट तापनदास समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने योग के बारे में बताकर ग्रामीणों को जागरूक किया।

अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति हेतु निर्णय के बिंदु पर जिला चयन समिति की हुई बैठक

मधुबनी : जिला पदाधिकारी, मधुबनी अमित कुमार के अध्यक्षता में अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति हेतु निर्णय के बिंदु पर जिला चयन समिति की बैठक जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में संपन्न हुईl

इस दौरान उप विकास आयुक्त, मधुबनी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी,मधुबनी, जिला नजारात उप समाहर्ता, मधुबनी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, मधुबनी इत्यादि उपस्थित थेl बैठक के क्रम में अनुकम्पा प्रस्ताव त्रुटिपूर्ण रहने के कारण निर्णय लिया गया कि वैसी त्रुटियां जो दृष्टिगोचर हुई है, के निराकरण के पश्चात अगली बैठक करने का निर्णय लिया गयाl

15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के सफल बनाने को लेकर जिला पदाधिकारी की हुई बैठक

मधुबनी : जिला पदाधिकारी, मधुबनी अमित कुमार के अध्यक्षता में 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के सफल आयोजन हेतु जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी के साथ बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक, मधुबनी, अनमुण्डल पदाधिकारी, सदर मधुबनी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, नगर आयुक्त, नगर निगम, मधुबनी, जिला नजारत उप समाहर्त्ता, मधुबनी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के क्रम में 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के सफल आयोजन हेतु जिला पदाधिकारी, मधुबनी द्वारा विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा किया गया तथा संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये। उक्त समारोह के आयोजन कोविड-19 के सभी नियमों का पालन करते हुए करने का निदेश दिया गया एवं जिला लोगो के चयन उपरांत विजेता को उचित सम्मान दिये जाने का निर्णय लिया गया।

सुमित कुमार की रिपोर्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here