07 जून : नवादा की मुख्य खबरें

0

लोडेड पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार, 17 कारतूस व एक खोखा बरामद

नवादा : जिले के रूपौ थाना की पुलिस ने दीपनगर मोड़ के पास से 6 जून रविवार की सुबह एक युवक को संदेहास्पद स्थिति में गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी ली गई तो एक लोडेड देसी कट्ठा, 17 कारतूस व एक खोखा बरामद हुआ। युवक जमुई जिला के सिकंदरा थाना क्षेत्र के रिसड़ी गांव निवासी कामेश्वर सिंह का पुत्र सपन कुमार बताया गया है।

रूपौ थाना के एसएचओ अजय कुमार ने बताया कि युवक किसी घटना को अंजाम देने की तैयारी में था। घटना को अंजाम देने के पूर्व ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि उसकी योजना क्या थी और कौन सी बड़ी घटना को अंजाम देना था इसके बारे में पुलिस फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं बता रही है। इतना बताया गया कि आरोपी के विरुद्ध सिकन्दरा थाने में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह फरार चल रहा था। इन दिनों जैला गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहा था।

swatva

दुकान में अगलगी से पीड़ित जिला भाजपा उपाध्यक्ष के घर पहुंच सांसद ने बंधाया ढांढस

नवादा : सांसद चंदन सिंह 6 जून रविवार को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता के घर पहुंचे। सांसद ने भाजपा नेता व उनके स्वजनों से मुलाकात कर दुकान में हुई अगलगी की घटना के बारे में जाना। पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया तथा उनके आंसू पोछे। इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया। सांसद ने पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों से बात कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई करनेे की मांग की। कहा कि जिन अपराधियों द्वारा दुकान को जलाने का कुकर्म किया है, उसे प्रशासन जरूर ढूंढ निकालकर सजा दिलाएगी।

बाद में सांसद सद्भावना चौक पर भाजपा नेता के जले हुए दुकान को देखा। भयावह स्तिथि देख तो वो भी भावुक हो गए। मौके पर सांसद प्रतिनिधि शशिभूषण बब्लू, भाजपा नेता मनोज पचाढा, अजय कुमार इत्यादि मौजूद थे। बता दें कि गुरुवार की रात सद्भावना चौक पर भाजपा नेता के निर्माणाधीन मिठाई दुकान में किसी ने आग लगा दिया था। घटना में 40-50 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने की बात भाजपा नेता श्रीगुप्ता द्वारा कही गई थी।

मृगशिरा का प्रवेश मंगलवार को

नवादा : कृषि कार्य के लिये महत्वपूर्ण माना जाने वाला मृगशिरा नक्षत्र का प्रवेश मंगलवार दिन के 12 बजकर 36 मिनट पर होगा। रोहिणी नक्षत्र के प्रवेश के साथ बारिश होने से कृषि को काफी नुकसान हुआ है। सर्वाधिक नुकसान सब्जी व मूंग फसल को हुआ। अब किसानों को मृगशिरा नक्षत्र से उम्मीद है। कृषि पंडित घाघ कहते हैं:- रोहिणी तबे,मृगशिरा जले,कुछ-कुछ आर्द्रा जाय।

“कहे घाघ सुन घाघिन, श्वान भात न खाय” यानी कि रोहिणी नक्षत्र से कहीं अधिक मृगशिरा के तपने से धान की पैदावार अच्छी होती है। मृगशिरा नक्षत्र के प्रवेश के साथ मानसून के आने की संभावना है। ऐसे में मृगशिरा तपेगा इसकी संभावना काफी है। फिर भदई फसल पर संकट उत्पन्न हो सकता है। मृगशिरा नक्षत्र के प्रवेश के अगले दिन यानी बुधवार को महिलाएं वट बृक्ष की पूजा करेगी। इसके साथ ही बरसाती सब्जियां की रोपाई का कार्य सब्जी उत्पादक किसानों द्वारा की जाएगी जिसकी तैयारियां आरंभ कर दी गयी है।

दो गांव के लोग आपस में इस कदर भिड़े कि डीएम-एसपी को संभालना पड़ा मोर्चा

नवादा : जिले के रोह थाना इलाके के मरूई व काजीचक के ग्रामीण आपस में इस कदर उलझे की हालात को संभालने के लिए डीएम-एसपी को पहुंचाना पड़ गया। कई थानों की पुलिस का कैंप करना पड़ा। सुबह दोनों गांव के लोगों के बीच हिंसक झड़प हुई। 10-15 राउंड गोलियां चली। रोड़े-पत्थर बरसाए गए। वैसे, पुलिस गोलीबारी से इंकार कर रही है, लेकिन दोनों गांवों के बीच तनाव गहरा बना हुआ है।

पुलिस दोनों ओर के करीब दो दर्जन उपद्रवियों को हिरासत में ली है। प्रशासन स्थिति के नियंत्रण में होने का दावा कर रही है। लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी है। पत्थरबाजी में कुछ लोग चोटिल हुए हैं, लेकिन सामने नहीं आ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार दो दिनों पूर्व दोनों गांव के कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। रविवार की सुबह सुंदरा गांव में मुखिया जी के पास पंचायत बुलाई गई थी। दोनों पक्ष के कुछ चुनिंदा लोगों को पंचायत में शामिल होना था। बैठक में शामिल होने के लिए काजीचक के लोग जा रहे थे। रास्ते में मरूई गांव के कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा उन लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

पंचायत में जा रहे लोग गांव लौट आए। कुछ देर बाद मरूई गांव के दर्जनों की संख्या में लोग हैरवे-हथियार से लैस होकर काजीचक गांव पर चढ़ाई करने के लिए पहुंच गए। देखते ही देखते फायरिंग व पथराव होने लगा। एक धर्मस्थल को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

दोनों ओर से गोलीबारी की घटना में दुर्गापुर निवासी रामेश्वर ठाकुर की बछिया की मौत हो गई। इस बीच सूचना पुलिस को मिल गई। भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास की। लेकिन कामयाबी नहीं मिली। मरूई गांव की ओर से असमाजिक तत्वों के द्वारा रोड़ेबाजी व गोलीबारी होती रही।

दोपहर बाद डीएम यशपाल मीणा, एसपी डीएस सांवलाराम, एसडीएम रजौली चंद्रशेखर आजाद, एसडीपीओ रजौली सदर संजय कुमार पांडेय, एसडीपीओ पकरीवरावां मुकेश कुमार साहा, रोह थानाध्यक्ष संतोष कुमार, रूपौ थानाध्यक्ष अजय कुमार सहित कादिरगंज थानाध्यक्ष दलबल के साथ पहुंचे। उसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका। बात आगे न बढ़े इसके लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। इधर, घटना के बाद काजीचक गांव के लोग घरों को छोड़कर पलायन करने लगे हैं। फिर से हमले व पुलिस की कार्रवाई वजह बताई जा रही है।

घर के आगे लगी बाइक की चोरी, पीड़ित पंहुचा थाना

नवादा : जिला मुख्यालय सहित देहात में बाइक चोर गिरोह की सक्रियता बढ़ गई है। आए दिन बाइक चोरी की वारदातें सामने आ रही है, पर पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र के गढ़ पर मोहल्ले की है।

मुकेश कुमार केशरी के घर के आगे लगी हौंडा सीबी साइन BR- 27D- 5666 बाइक को चोरो ने सरेआम अपने साथ लेकर बेखौफ चंपत हो गए ।घटना से हताश पीड़ित मुकेश केसरी ने घर के आगे लगी बाइक चोरी की लिखित सूचना नगर थाना की पुलिस को दिया। पुलिस मामला दर्ज कर तहकीकात में जुट गई है। बता दें इसके पूर्व न्यू एरिया मुहल्ले से दो मोटरसाइकिल की चोरी हो चुकी है।

कंप्यूटर दुकान में अचानक लगी आग, लाखों की संपत्ति जल कर खाक

नवादा : नगर थाना क्षेत्र के न्यू एरिया मोहल्ले में स्थित आरएमडब्लू कॉलेज के समीप एक कॉमन सर्विस सेंटर कंप्यूटर की दुकान में अचानक आग लगने से दुकान में रखें सारा सामान जल खाक हो गया।

आसपास रहे लोगो ने घटना की सूचना अग्निशामक को दिया। ससमय पंहुची अग्निशामक ने आग पर काबू पाया तब तक दुकान में रखा सारा सामान जल कर खाक हो गया। बता दें इसके पूर्व सद्भावना चौक के पास जिला भाजपा उपाध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता की नवनिर्मित होटल में आग लगने से 50 लाख रूपये मूल्य से अधिक का सामान जलकर खाक हो गया था। अग्निकांड के कारणों का पता नहीं चल सका है।

384 दुकानों को किया सील, वाहन जांच में 34.79 लाख रुपए वसूला जुर्माना

नवादा : जिला पदाधिकारी यश पाल मीणा के आदेशानुसार दिनांक 05.05.2021 से 06.06.2021 तक लॉकडाउन अवधि में नवादा जिलान्तर्गत विभिन्न कार्रवाई की गयी है। नवादा सदर अनुमंडल में 246 एवं रजौली अनुमंडल में 102 कुल 348 दुकानों को सील किया गया है। वाहन जॉच में नवादा अनुमंडल में 25.76 लाख रूपया एवं रजौली अनुमंडल में 09.03 लाख रूपया कुल 34.79 लाख रूपये की दण्ड की वसूली की गयी है।

नवादा सदर अनुमंडल में 07 एवं रजौली अनुमंडल में 04 कुल 11 प्राथमिकी दर्ज की गयी है। नवादा सदर अनुमंडल अन्तर्गत 1964 लोगों से 98200 रूपये एवं रजौली अनुमंडल अन्तर्गत 559 लोगों से 27950 रूपये मास्क दण्ड की वसूली की गयी है। जिले के सभी प्रखंडों में सामुदायिक किचेन द्वारा अबतक 77041 (दिनांक 06.05.2021 से 06.06.2021 तक) लोग लाभान्वित हुए हैं। जिले में आज तक टोटल ऐक्टिव केस की संख्या 71 हैं। जिले में 18 वर्ष से अधिक आयु वाले वर्ग को 42098 लोगों का टीकाकरण किया गया है। दिनांक 06.06.2021 को जिले में कोविड पॉजिटीवीटी रेट 0.40 प्रतिशत (दिनांक 06.06.2021 को जिले में कुल लगभग 2800 लोगों की टेस्टिंग की गयी, जिसमें से मात्र 01 पॉजिटिव पाया गया।

उज्ज्वल कांत ने जिले का बढ़ाया मान, बीपीएससी की परीक्षा में 162 वां रैंक लाकर जिले का नाम किया रौशन

नवादा : जिले के नारदीगंज प्रखंड के मसौढा पंचायत की डोमावर निवासी राजकुमार प्रसाद कुशवाहा का 29 र्वषीय पुत्र उज्ज्वलकांत ने बीपीएससी की 64 वीं परीक्षा में 162 वां रैंक लाकर जिले का नाम रौशन किया,और परिवार व समाज का मान सम्मान को बढाया। रविवार की रात में परीक्षाफल प्रकाशित होते ही सभी परिवार के सदस्य गदगद हो गये। सफलता की खबर मिलते ही स्वजनों के साथ रिश्तेदार व शुभचिंतकों ने शुभकामनाएं देने में लगें रहें।

आयोजित परीक्षा में उज्ज्वल ने प्रथम प्रयास में ही यह मुकाम हासिल किया है। उसका चयन आरडीओ (रूरल डेवलपमेंट पदाधिकारी)के पद पर किया गया है। बताया गया कि इसके पूर्व उन्होंने एनआईएफएफटी रांची से बीटेक कर पंजाब में र्वष 2014 से 2018 तक असिन्टेट मैनेजर के पद पर कार्य किया,उसके बाद मुखर्जी नगर दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी करने लगा,इसी बीच बीपीएससी का फार्म भरा,और प्रथम प्रयास में ही आरडीओ के पद पर सफलता प्राप्त किया। प्रारंम्भिक शिक्षा इंटर विधालय नारदीगंज से शुरू हुई।

पिता सम्राट अशोक कुशवाहा धर्मशाला, राजगीर के सचिव है,और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में समाज के उत्थान में लगे रहते है। उनकी माता कांति सिन्हा मध्य विद्यालय ओडो में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। दो भाई में सबसे छोटा है। उसके बड़े भाई राजकांत राजू रांची में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।कहा कि माता पिता,बडे भाई व भाभी व गुरुजनों के आशीर्वाद से सफलता प्राप्त हुई है।

इस अवसर पर ओडो पंचायत के पूर्व मुखिया सह समाजसेवी अरविन्द मिश्र, पूर्व मुखिया संजय कुमार, सम्राट अशोक कुशवाहा धर्मशाला, राजगीर के अध्यक्ष कमलेश कुमार कुशवाहा, महेश कुशवाहा, पैक्स अध्यक्ष कृष्ण चंद्र चक्रवर्ती, जगदेव प्रसाद कुशवाहा, अशोक कुमार,गंगा शरण कुशवाहा, डा0 विनोद कुमार कुशवाहा,डा0 पंकज कुमार,डा0 सोनिका मेहता,रामकृण प्रसाद,सुमा कुमारी शिक्षक मो0 मोज़फ्फर सबा, अन्य लोगों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना किया है।

इसके अलावा कुशवाहा सेवा समिति नवादा के संरक्षक अर्जुन कुशवाहा,उपाध्यक्ष यमुना प्रसाद,प्रख्ंड अध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा,सचिव इन्द्रपाल जॉनसन,प्रेम सिन्हा समेत अन्य लोगों ने उनके आवास पहुंचकर शॉल व गुलदस्ता देकर शुभकामनाएं दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here