22 मार्च : नवादा की मुख्य खबरें

0

संघर्ष की भट्ठी में तपकर निकले कलाकार व पद्मश्री ब्रहमदेव राम पंडित को किया गया सम्मानित

– पद्मश्री ब्रहमदेव ने ग्राम निर्माण मण्डल को निजी तौर पर दिए दस लाख रुपये की राशि

नवादा : जिले के कौआकोल प्रखण्ड के सोखोदेवरा गांव अवस्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण आश्रम परिसर में ग्राम निर्माण मण्डल के तत्वाधान में समारोह का आयोजन कर बिहार के लाल व जेपी के सहयोगी रहे पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित कलाकार ब्रहमदेव राम पंडित को सम्मानित किया गया।

swatva

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद बिहार खादी बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अशोक कुमार सिन्हा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अरविंद निषाद का भी ग्राम निर्माण मण्डल के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार एवं प्रधानमंत्री अरविंद कुमार द्वारा सिल्क शॉल एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

ग्राम निर्माण मण्डल के प्रधानमंत्री अरविंद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बिहार के नवादा जिले के कौआकोल प्रखण्ड के भोरमबाग गांव के मूल निवासी व पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित ब्रह्मदेव राम पंडित के सम्मान समारोह में उनके व्यक्तिव एवं लोकनायक जयप्रकाश नारायण के साथ रहे उनके मधुर संबंधों पर विस्तार से चर्चा किया।

प्रधानमंत्री अरविंद कुमार ने कहा कि पद्मश्री ब्रहमदेव पंडित का संस्था से अभिन्न जुड़ाव रहा है। संस्था से प्रशिक्षण के उपरांत लोकनायक की पहल पर उन्हें कर्नाटक भेजा गया,जहां इन्होंने अपनी लगन और मेहनत के बलबूते मिट्टी से कलाकृति बनाने में महारथ हासिल की। जहां उनकी बनाई कलाकृतियाँ पूरे देश और विदेश में सराहा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस कलाकृति के विकास को लेकर पद्मश्री द्वारा मुंबई में कार्यशाला भी चलाया जा रहा है,जहां कई कामगारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। स्वागत से गदगद पद्मश्री ब्रहमदेव राम पंडित ने इस सम्मान के लिए उन्होंने संस्था के प्रति आभार जताया और कहा कि इस सम्मान तक पहुंचने में और अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय लोकनायक जयप्रकाश नारायण और ग्राम निर्माण मण्डल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा को दिया।

वहीं उन्होंने संस्था के विकासात्मक कार्यों को देखते हुए तथा संस्था के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने निजी तौर पर दस लाख रुपये अनुदान राशि प्रदान की। जिसके लिए संस्था ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया तथा उन्हें यह भरोसा दिलाया कि संस्था आगे भी इसी तरह लोगों की प्रतिभा को प्रशिक्षण एवं अन्य तरह के सहयोग से आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।

मौके पर ग्राम निर्माण मंडल के कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार मंडल,कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ० रंजन कुमार सिंह,डॉ० जयवंत कुमार सिंह समेत ग्राम निर्माण मण्डल एवं कृषि विज्ञान केंद्र के अन्य कर्मी मौजूद थे। इसके पूर्व पद्मश्री पंडित समेत अन्य अतिथियों द्वारा परिसर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की ।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी किये गए सम्मानित

नवादा : जिले में परिवार नियोजन कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने वाले कौआकोल पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को नवादा स्वास्थ्य विभाग द्वारा सम्मानित किया गया है। रविवार को जिला मुख्यालय में आयोजित समारोह में नवादा के सिविल सर्जन विमल प्रसाद सिंह ने महिला बंध्याकरण एवं पुरूष नसबंदी कार्यक्रम की सफलता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कौआकोल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी रामप्रिय सहगल को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया एवं उनके नेतृत्व में किये गए कार्यों की प्रशंसा की।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० सहगल ने इस पुरस्कार का श्रेय अपने अधीनस्थ चिकित्सक,एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं को दिया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों के साझा सहयोग से ही कौआकोल पीएचसी को यह पुरस्कार मिल सका है।

विधायक मो. कामरान ने कहा पश्चिमी संस्कृति को अपनाने से युवा करें परहेज

नवादा : जिले के रोह प्रखंड के कुंजैला में पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित हुआ। युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की संस्था नेहरू युवा केंद्र नवादा के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए गोविंदपुर विधायक मो. कामरान ने कहा कि पश्चिमी संस्कृति को अपनाने से युवा परहेज करें। नारी पूजनीय है, लेकिन आजकल आए दिन जो कुछ घटनाएं होती रहती है, उसकी देन पश्चिमी संस्कृति भी है। विधायक ने कहा कि समाज को नई दिशा देने में युवाओं की भूमिका अहम है।

विधायक ने युवाओं को सबल बनाने को लेकर कहा कि सरकारी स्तर पर कई योजनाओं का भी सृजन किया गया है। उन योजनाओं को अपनाकर युवा आर्थिक रूप से सक्षम हो सकते हैं। इसके पूर्व श्रम ज्योति महिला समिति कुंजैला के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक के साथ जिला पार्षद अनिरूद्ध सिंह, डुमरी पंचायत की मुखिया सरोज सिंह, आदर्श प्राथमिक विद्यालय के प्रधानध्यापक अविनाश कुमार निराला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रतियोगिता में प्रिंस राज, निशा कुमारी, अलका कुमारी, पूजा रानी व रेशम कुमारी को पुरस्कृत किया गया। निर्णायक मंडल में शिक्षक सुरेंद्र राउत, श्यामराज वर्मा शामिल थे। मौके पर उप सरपंच संगीता सिन्हा, बिन्देश्वरी प्रसाद, दशरथ प्रसाद कुशवाहा, पूर्व मुखिया गीता सिंह, प्रगास राम, राजेश चौधरी, आलोक रविदास आदि उपस्थित थे।

भाजपा समर्थित जिला र्पाषद उम्मीदवार को जीतने पर चर्चा

नवादा : भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को जिले के नारदीगंज प्रखंड के ननौरा व कहुआरा गांव में आयोजित किया गया। अध्यक्षता भाजपा प्रखंड अध्यक्ष विपिन कुमार ने किया।

बैठक में नवादा विधानसभा के पंचायत चुनाव प्रभारी विनय सिंह,भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप रंजन की मौजूदगी में किया गया। इसके अलावा नारदीगंज प्रखंड के जिला र्पाषद भाग 1 के संयोजक राजाराम सिंह व भाग 2 के संयोजक नीतिनंदन भी मौजूद रहें। इस बैठक का मुख्य बिषय यह रहा कि भाजपा समर्थित जिला र्पाषद उम्मीदवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जीताना है,इसके लिए किसे समर्थन दिया जाय।

बैठक में प्रखंड के सभी पदाधिकारी उम्मीदवार है,जो आवेदन दिये है,उसमें नारदीगंज भाग 1 के जिला र्पाषद उम्मीदवार कृष्णदेव सिंह उर्फ सुकन है। वही नारदीगंज भाग 2 के लिए जिला र्पाषद उम्मीदवार निशा चौधरी,जेपी चौधरी,चक्रवर्ती कुमार है। कहा गया कि वर्तमान समय में उम्मीदवार के नाम की घोषणा करने के पूर्व पार्टी के सभी बुथ अध्यक्षों,शक्ति केंद्र प्रमुखों से भी राय शुमारी के बाद निर्णय लिया जायेगा।

केंचुआ खाद से बढ़ती है मिट्टी की उर्वरा शक्ति :-कल्पना

-मंझिला पंचायत के किसानों को कराया गया परिभ्रमण

नवादा : जिले के कृषि विज्ञान केंद्र,ग्राम निर्माण मंडल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा द्वारा कौआकोल प्रखण्ड के मंझिला पंचायत के किसानों का बदलती जलवायु में केंचुआ खाद की प्रासंगिकता विषयक एक दिवसीय प्रशिक्षण सह परिभ्रमण कार्यक्रम का आयोजन जेपी आश्रम परिसर में किया गया।

जिसका उद्घाटन कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ० रंजन कुमार सिंह एवं वैज्ञानिक कल्पना सिन्हा ने किया। किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंचुआ खाद द्वारा एवं अन्य जैविक खाद के द्वारा खेती करने पर हम अपने जलवायु को सही रख सकते हैं। जैविक खाद आज के समय में पानी,मिट्टी और भोजन को प्रदूषित होने से रोकने में बहुत सहायक सिद्ध हो रहा है।

उन्होंने किसानों को सलाह देते हुए कहा केंचुआ खाद खेतों की मिट्टी में लगातार मिलाते रहने मिट्टी की नमी और उर्वरा शक्ति में बढ़ोतरी होगी,जिससे फसल अच्छी होगी तथा इसके प्रभाव से स्वास्थ्य अच्छा होगा तथा जलवायु भी अच्छी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान किसानों को केंचुआ खाद उत्पादन करने की तकनीक पर वीडियो फिल्म दिखाई गई। किसानों को खाद उत्पादन का प्रायोगिक ज्ञान दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद सभी किसानों को अच्छी खेती करने हेतु कृषि विज्ञान केंद्र के इकाईं जैसे-केंचुआ खाद उत्पादन इकाईं,अजोला उत्पादन इकाईं, मशरूम उत्पादन इकाईं,पशुपालन विभाग में मुर्गी पालन इकाईं,गौ पालन इकाईं तथा बकरी पालन इकाईं का भी परिभ्रमण कराया गया। मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ० धनंजय कुमार, डॉ० जयवंत कुमार, विकास कुमार,रविकांत चौबे, रौशन कुमार, अनिल कुमार, सुमिताप रंजन ,नीलम कुमारी, शशिकांत कुमार, पिंटू पासवान समेत दर्जनों किसान मौजूद थे।

विश्व जल दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन कर जल संचयन करने की अपील

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित कौआकोल प्रखंड के सोखोदेवरा गांव अवस्थित जेपी आश्रम परिसर में सोमवार को विश्व जल दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र,ग्राम निर्माण मण्डल के सौजन्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ० रंजन कुमार सिंह ने किया।

इस अवसर पर मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और जल के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है। विश्व के हर नागरिक को पानी की महत्ता से अवगत कराने के लिए ही संयुक्त राष्ट्र ने विश्व जल दिवस मनाने की शुरुआत की थी। वैश्विक जल संकट को देखते हुए संरक्षण के वास्तविक क्रियाकलापों को प्रोत्साहन देने के लिये विश्व जल दिवस मनाया जाता हैं। उन्होंने कहा कि जल दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य विश्वभर में पानी की महत्ता को समझाना एवं लोगों के बीच पीने की शुद्ध पानी की आपूर्ति करवाना है।

वैज्ञानिकों ने चिंता जताते हुए कहा कि आज भारत सहित दुनिया में पीने का पानी का स्रोत कम होता जा रहा है। जिसका मुख्य कारण सही ढंग से जल का संचयन नहीं होना है। वैज्ञानिकों ने कहा कि जल संचयन हेतु एवं पानी की बर्बादी को रोकने के लिए लोगों को जागरूक होना होगा। वैज्ञानिकों ने किसानों को कृषि कार्य में सिंचाईं के दौरान जल की खपत कम करने के लिए फव्वारा या टपकन विधि को अपनाने की सलाह दी। किसानों को जल संचयन के अन्य तकनीकों की भी जानकारी दी गई। मौके पर कृषि वैज्ञानिक कल्पना सिन्हा,डॉ० धनन्जय कुमार आदि मौजूद थे।

जिला पार्षद सहित अन्य लोगों ने लगवाया कोरोना वैक्सीन

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित कौआकोल प्रखण्ड में कोरोना से बचाव के लिए टीका लगाने का अभियान लगातार चल रहा है। सोमवार को कौआकोल पूर्वी के जिला पार्षद अजित यादव ने दर्जनों लोगों के साथ कौआकोल पीएचसी पहुंचकर कोरोना का पहला टीका लगवाया।

उन्होंने टीकाकरण के लिए लोगों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कोविड-19 की महामारी की पूर्ण रोकथाम के लिए टीका लगवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोगों को वैक्सीन को लेकर हर प्रकार के भ्रम दूर कर लेने चाहिए। किसी प्रकार की भ्रांतियों में नहीं फंसना चाहिए। कोरोना की यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित व कामयाब है।

25 लीटर महुआ शराब जब्त

नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित कौआकोल पुलिस ने तरौन कर्बला के पास से एक गैलन में रखे लगभग 25 लीटर महुआ शराब को जब्त किया है। पुलिस को देखते ही धंधेबाज शराब छोड़कर भागने में सफल रहा।

एसआई अखिलेश सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि धंधेबाज तरौन-पहाड़पुर पथ से शराब लेकर जा रहा है। मौके पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। परन्तु दूर से ही पुलिस को देखते ही धंधेबाज शराब छोड़कर भागने में सफल हो गया। बाद में पुलिस द्वारा शराब को जब्त कर थाना लाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here